
पंचायत तंत्र -रायपुर। सरकार की घोषणा के अनुरूप प्रदेश में शनिवार और रविवार को पूर्ण लॉकडाउन रखा जा रहा है। राजधानी में शुक्रवार शाम से ही बेवजह घूमने वालों पर सख्ती शुरू हो गई है। शनिवार को सुबह सड़कों पर सिर्फ सब्जी और फलों के ठेले नजर आए। जबकि किराना दुकानें भी आज बंद हैं। शुक्रवार की रात 11 से सोमवार को सुबह 6 बजे तक केवल दवा, दूध, सब्जी, फल, गैस और पेट्रोल पंपों को ही छूट दी जाएगी। इसके अलावा किसी भी तरह की दुकानें नहीं खोली जाएगी। बिना किसी गंभीर कारणों के घर से बाहर निकलने वालों पर सीधे एफआईआर करने के निर्देश दिए गए हैं।
केंद्र और राज्य सरकार की गाइडलाइन के आधार पर कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन ने शुक्रवार को राजधानी के लिए नई गाइडलाइन जारी की। 17 मई तक के लॉकडाउन के दौरान जिन दुकानों और सेवाओं को बंद रखा गया था वे अभी भी बंद रहेंगे। केवल मोबाइल रीचार्ज और उसके सर्विस सेंटर को ही छूट दी गई है। यह दुकानें भी सोमवार से खुलेंगी। राजधानी में जैसी स्थिति है वैसी ही बनी रहेगी। सभी सार्वजनिक परिवहन सेवाएं, जिसमें निजी बसें, टैक्सी, ऑटो रिक्शा, बसें, ई रिक्शा, रिक्शा आदि बैन रहेगा। राज्य सरकार के अगले आदेश तक पब्लिक ट्रांसपोर्ट शुरू नहीं किया जाएगा। इस दौरान इमरजेंसी मेडिकल सेवा वाले व्यक्तियों को ही गाडिय़ों की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा ऐसी निजी गाडिय़ां जोअतिआवश्यक सेवाओं के परिवहन में लगी हैं, उन्हें ही छूट रहेगी। सभी तरह के धार्मिक संस्कृति एवं पर्यटन स्थल आम लोगों के लिए पूर्ववत बंद रहेंगे।
पुलिस का फ्लैग मार्च, लहराईं लाठियां : राजधानी में 48 घंटे का सख्त लॉकडाउन शुरू होने के पहले शुक्रवार की शाम कलेक्टर डा. एस भारतीदासन और एसएसपी आरिफ एच शेख ने फोर्स के साथ फ्लैग मार्च किया। इस दौरान कुछ जगह पर लाठियां लहराकर लोगों को खदेड़ा गया। फ्लैग मार्च के दौरान लोगों से अपील की गई है कि घर पर ही रहें और जरूरी काम पर ही बाहर निकलें। कलेक्टर-एसएसपी का काफिला सिविल लाइंस से होते हुए कोतवाली पहुंचा। उसके बाद सभी सीएसपी अपने-अपने इलाके में मार्च किया। बस्तियों और कॉलोनियों के भीतर से पुलिस का काफिला गुजरा और चेतावनी दी जाती रही कि पूर्ण लॉकडाउन में किसी ने दुकान खोली या बेवजह घूमते पाया गया तो उसे जेल भेज दिया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्र में भी फ्लैग मार्च : शहर के अलावा राजधानी के उरला, आजादचौक, सिविल लाइन, नवा रायपुर, मंदिर हसौद, आरंग, खरोरा, विधानसभा, अभनपुर, गोबरा नवापारा समेत सभी सीएसपी के सब डिवीजन में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को यह संदेश दिया गया कि पूर्ण लॉकडाउन का सख्ती से पालन करे। बेवजह सड़क पर घूमने वालों डंडे भी बरसेगे। फ्लैग मार्च में तीन एडिशनल एसपी, चार डीएसपी, 8 थाना प्रभारी, पुलिस लाइन का बल और वाहन आदि शामिल थे।
तत्काल कार्रवाई का आदेश : कलेक्टर ने पुलिस प्रशासन से कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर एपिडेमिक एक्ट 1897, धारा 188, धारा 144(1), पब्लिक एक्ट 1949, छत्तीसगढ़ एपिडेमिक डिसीजेज कोविड-19 विनिमय 2020 के तहत तत्काल कार्रवाई की जाए। यह कार्रवाई मूलत: बिना इजाजत दुकान खोलकर कारोबार करने वालों और बेवजह घूमने वालों पर की जाएगी।
राजधानी में शुक्रवार रात से दो दिन के लिए पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान केवल अति आवश्यक सेवाएं ही संचालित होगी। लोगों को बेवजह घर से नहीं निकलने की समझाने के लिए पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला।
आरिफ शेख, एसएसपी, रायपुर
