
पंचायत तंत्र – रायपुर। राजधानी में लगातार लोगों के बाहर निकलने की वजह से शनिवार शाम 4 बजे से लागू किए गए अघोषित कफ्र्यू की वजह से पुलिस रविवार को सुबह से ऐसी सख्त हुई कि पूरे शहर में सन्नाटा पसर गया। पुलिस की जगह-जगह जांच और दुकानें बंद होने से अधिकांश लोग घरों से नहीं निकले। सुबह निकलनेवालों से पुलिस ने जगह-जगह इतनी सख्ती से पूछताछ की, उन्हें लौटाया या उठक-बैठक करवाई, तो दोपहर 12 बजे के बाद कोई घर से निकला ही नहीं। ट्रैफिक सिग्नल दिनभर बंद रहे और चौक-चौराहों पर पुलिस आक्रामक रही। प्रशासन-पुलिस अफसरों ने साफ किया कि सोमवार को भी दवाई, दूध और पेट्रोल पंप को छोड़कर कोई दुकान नहीं खुलेगी और इतनी ही सख्ती की जाएगी। प्रशासन के आदेश के बाद रविवार को शहर में केवल दूध, दवा और पेट्रोल पंप ही खुले। पेट्रोल पंपों में भी इक्का-दुक्का लोग ही पहुंचे, वह भी इमरजेंसी में। अफसरों ने बताया कि यह व्यवस्था सोमवार को जारी रहेगी। इसके बाद भी लोगों ने निकलना और जगह-जगह झुंड लगाकर तमाशबीन की तरह खड़े रहना नहीं छोड़ा तो सख्ती और बढ़ा दी जाएगी। प्रशासन ने तय कर लिया है कि लोग घरों में नहीं रहे, तो दूसरे जिलों की तरह सब्जी और किराना का सामान खरीदने के लिए केवल कुछ घंटों का समय दिया जाएगा। इस तय समय के बाद बाहर घूमने वालों से सख्ती के साथ निपटा जाएगा।
