

रायपुर । पैसे लेने के बाद भी रजिस्ट्री न करने वाले बिल्डर्स के खिलाफ रेरा प्राधिकरण ने सख्त रवैया अपनाया है। रेरा ने बिल्डर को दो माह के भीतर ब्याज सहित उपभोक्ता की राशि लौटाने का आदेश दिया है। प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार जमनीपाली, कोरबा निवासी गौरीशंकर अग्रवाल ने ओम बिल्डर्स, अधिराज डेवलपर्स, जितेन्द्र भाटिया, संतोष कुमार श्रीवास्तव, आलोक वाजपेयी, सुदीप वाडोढकर के खिलाफ रेरा प्राधिकरण में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उपभोक्ता ने कहा था कि उसने इनके प्रोजेक्ट गोकुलधाम में आठ दिसंबर 2016 को 22 लाख रुपये में फ्लैट खरीदा था। इसकी रजिस्ट्री 31 जनवरी 2017 तक होनी थी। बार-बार बिल्डर को कहने के बाद भी फ्लैट की रजिस्ट्री नहीं कराई। उपभोक्ता ने 18 लाख 10 हजार रुपये का भुगतान बिल्डर को कर दिया था। रेरा ने जांच में पाया कि आवेदक भुगतान की गई राशि ब्याज सहित पाने का अधिकारी है। रेरा ने दूसरे नंबर के अनावेदक को ज्यादा दोषी पाया। रेरा अध्यक्ष विवेक ढांड, सदस्य नरेंद्र कुमार असवाल और राजीव कुमार टम्टा ने पैसले में कहा कि दूसरे नंबर के अनावेदक को दो माह के भीतर उपभोक्ता को 18 लाख 10 हजार रुपये देने होंगे। ब्याज के रूप में 5 लाख 20 हजार 526 रुपये भी देने होंगे।
रेरा ने सख्त रवैया अपनाना शुरू कर दिया: बताया जा रहा है कि रेरा प्राधिकरण में पंजीयन नहीं कराने वाले बिल्डरों के खिलाफ भी रेरा ने सख्त रवैया अपनाना शुरू कर दिया है। प्राधिकरण ऐसे बिल्डरों को नोटिस भिजवा रहा है। उपभोक्ताओं से अपील की जा रही है कि रेरा में जिन प्रोजेक्ट का पंजीयन नहीं है, वहां मकान-प्लॉट न खरीदें। पिछले दिनों बैंकों को भी निर्देशित किया कि जो बिल्डर रेरा में पंजीकृत नहीं हैं, उनके प्रोजेक्ट को लोन स्वीकृत न किए जाए।
रायपुर अव्वल : रेरा प्राधिकरण के पास आने वाली शिकायतों में रायपुर अव्वल स्थान पर है। बताया जा रहा है कि रेरा के पास आई कुल शिकायतों में से करीब 60 फीसद रायपुर की हैं।
