कोरबा। आदतन अपराधी चीना पांडेय उर्फ दीपक को पुलिस ने एक बार फिर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दो माह पहले वह गरियाबंद जेल से हत्या के प्रयास के मामले में जमानत पर छूटा था। पुलिस ने उसके पास से एक बटन वाला चाकू जब्त किया है। इसके अलावा एससी-एसटी एक्ट के एक प्रकरण में भी वह फरार था।
पुरानी बस्ती निवासी चीना पांडेय के खिलाफ कोरबा जिले के थाना व पुलिस चौकियों के अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी कई गंभीर अपराधिक मामले पंजीबद्ध है। करीब दो साल पहले गरियाबंद जिले में एक शादी समारोह के दौरान उसने गोली चला दी थी। हत्या के प्रयास के इस मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। इस मामले में करीब दो माह पहले ही उसे जमानत मिली थी। बताया जा रहा है कि वह वापस कोरबा अपने पुरानी बस्ती स्थित घर पहुंच गया था।
पुलिस की माने तो वह पुनः अपराधिक घटनाओं में संलिप्त हो रहा था। वह किसी बड़ी घटना को अंजाम देता, इसके पहले कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अजाक थाना कोरबा में दर्ज एक प्रकरण में भी उसकी तलाश पुलिस को थी। पुलिस ने अवैध रूप से हथियार रखने का मामला 25 आर्म्स एक्ट के तहत पंजीबद्ध किया है। न्यायालय में प्रस्तुत करने के दौरान पुलिस ने उसे हथकड़ी लगा कर शहर के बीच पैदल मार्च करते हुए ले गई। आम लोगों के बीच चीना का दहशत है, उसे कम करने पुलिस ने ऐसा किया। पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने पदस्थापना के बाद ही दो टूक कह दिया था कि जिले में सिर्फ कानून का राज चलेगा। किसी भी कीमत में गुंडे बदमाशों को बक्शा नहीं जाएगा।
उनका यह भी संदेश है कि जो अपराधी समाज की मुख्य धारा में शामिल होकर शांतिपूर्वक जीवन यापन करना चाहते हैं, उन्हें पुलिस माफ करने की योजना भी बनाएगी। उन्होंने कहा है कि जिन अपराधियों के आदत में सुधार नहीं आ रहा, उनके विरूद्ध जिला बदर एवं राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई का इस्तगाशा पेश किया जाएगा।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.