
पंचायत तंत्र – रायपुर । बूढ़ापारा इनडोर स्टेडियम स्थित फूड सप्लाई सेंटर से सौ बोरी चावल महापौर एजाज ढेबर के घर ले जाकर उतारने के मामले में सियासत गरमा गई है।
भाजपा पार्षद और पूर्व नेता प्रतिपक्ष सूर्यकांत राठौर का दावा है कि दानदाताओं से मिली खाद्य सामग्री में हेराफेरी की गई। पोल खुलने पर महापौर और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के बजाय फूड सप्लाई सेंटर की आवक-जावक रजिस्टर का रिकार्ड मिटाने की कोशिश हुई। उनका कहना है कि अब नई रजिस्टर में यहां आने-जाने वाली सामग्री का रिकार्ड दर्ज किया जा रहा है। दूसरी ओर महापौर और अधिकारी आज भी अपने बयान पर कायम हैं। इनका कहना है कि ये चावल महापौर का निजी है, जिसे उन्होंने वहां रखवाया था। भाजपाइयों का आरोप है कि खुद के वार्ड और कांग्रेसी पार्षदों के वार्डों में इसे बंटवाने के लिए रखा गया था या बेचने के लिए, कुछ कहा भी नहीं जा सकता।
शर्मनाक कारनामे पर सरकार भी मौन : राठौर : सूर्यकांत राठौर का दावा है कि सरकारी और दानदाताओं से मिली खाद्य सामग्री की हेराफेरी की गई। इस शर्मनाक कारनामे पर अधिकारी तो दूर, सरकार भी मौन है।
इससे साफ है कि कांग्रेस पार्टी अपने समर्थकों और पार्षदों के वार्डों के लोगों को ही मदद पहुंचाना चाह रही है। अन्य के साथ पक्षपात किया जा रहा है। जब सरकर ही साथ हो तो अधिकारी कैसे कुछ कर सकते हैं। कहा-दम हो तो भाजपाइयों के सात सवालों के जबाव दें।
बदनाम करने की साजिश: महापौर : महापौर एजाज ढेबर ने कहा- लॉकडाउन में दिन-रात लोगों की सेवा में जुटा हूं। मेरे लिए पूरे रायपुर की जनता एक समान है। फूड सप्लाई सेंटर से मेरे बंगले पर जो चावल आया, वह मेरा निजी है। हमने अपने स्तर पर वहां रखवाया था, जिसे मंगवा लिया। ये सब मुझे बदनाम करने की साजिश है।
अफसरों की दलील, उनका निजी चावल, कोई हेराफेरी नहीं : स्मार्ट सिटी के एमडी जनसंपर्क और सप्लाई सेंटर के नोडल अधिकारी आशीष मिश्रा ने कहा, चावल उनका निजी था। वह चावल अलग से एक कक्ष में रखवा दिया गया था। गार्ड ने गलती से आवक-जावक रजिस्टर में दर्ज कर लिया था। वे अन्य सवाल का जवाब नहीं दे पाए।
