
रायपुर। छत्तीसगढ़ में तत्कालीन बीजेपी सरकार के समय हुए भ्रष्टाचार की जांच को लेकर सत्तारूढ़ पार्टी कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है. कांग्रेस ने बीजेपी प्रवक्ता और पूर्व आरडीए अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव पर एक बड़े भ्रष्टाचार का आरोप लगा दिया है. कांग्रेस प्रवक्ता और पूर्व महापौर किरणमयी नायक ने ईओडब्ल्यू से इस मामले की शिकायत की है. मालूम हो कि गुरुवार को किरणमयी नायक दस्तावेज लेकर ईओडब्ल्यू दफ्तर पहुंची. दस्तावेज देकर कांग्रेस ने कार्रवाई की मांग की है. तो वहीं ईओडब्ल्यू एडीजी जीपी सिंह ने इस मसले पर तथ्यों के मुताबिक कार्रवाई की बात कही है।
श्वह्रङ्ख दफ्तर पहुंचे कांग्रेसी: सूबे में 15 साल तक सत्तासीन बीजेपी की मुश्किले थमने का नाम नहीं ले रही हैं. अब एक नया मामला पूर्व आरडीए अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव और उनके संचालक मंडल के खिलाफ सामने आया है. कांग्रेस प्रवक्ता किरणमयी नायक ने ईओडब्लू में दस्तावेजो के साथ इनकी शिकायत की है। ये शिकायत आरडीए की योजना क्रमांक 32 देवेन्द्र नगर कर्मिशियल काम्पलेक्स पंडरी तराई में जमीन एलॉट कराने में घपला किए जाने को लेकर है. इसमें कांग्रेस प्रवक्ता किरणमयी नायक ने आरोप लगाते हुए कहा है कि इस भ्रष्टाचार में 78 करोड़ से ज्यादा की राशि का भ्रष्टाचार किया गया है।
जांच के लिए बनी टीम: इस मसले पर ईओडब्लू एडीजी जीपी सिंह का कहना है कि कांग्रेस की ओर से शिकायत मिली है. शिकायत की विधिवत जांच की जाएगी. उन्होंने कहा कि सभी तथ्यों के अनुसार कार्रवाई होगी. दस्तावेज प्राप्त हुए हैं. हाईकोर्ट के कुछ फैसले भी है वो सब दिए है. इसकी जांच करवाएंगे. जीपी सिंह ने कहा कि इस पूरे मामले की जांच के लिए टीम बनाई जाएगी।
हार सामने देखकर कांग्रेस का नया हथकंडा: संजय श्रीवास्तव
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने अपने खिलाफ ईओडब्ल्यू में की गई शिकायत को बदलापुर की राजनीति बताया है। श्री श्रीवास्तव ने कांग्रेस नेताओं की इस शिकायत को झूठ का एक नया दस्तावेज बताया और कहा कि कांग्रेस निकाय चुनावों में भाजपा के प्रति बढ़ते जनसमर्थन और अपनी करारी हार को सामने देखकर चरित्र-हनन के शर्मनाक हथकंडों पर उतर आई है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता, पूर्व आरडीए अध्यक्ष और रायपुर नगर निगम चुनाव में काली माता वार्ड से प्रत्याशी श्री श्रीवास्तव ने कहा कि वे हर स्तर पर अपने पूरे कार्यकाल की जांच कराने को तैयार हैं, बशर्ते सरकार निष्पक्ष जांच की इच्छाशक्ति तो दिखाए। एक साल से कांग्रेस सरकार भाजपा की पूर्ववर्ती सरकार पर घोटालों का आरोप लगा रही है और जांच के दौरान एक भी घोटाला प्रमाणित नहीं कर पाई है। इसका सीधा आशय यही है कि घोटालों का आरोप लगाकर चरित्र-हनन करना कांग्रेस की फितरत में है। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि उनका पूरा कार्यकाल पारदर्शी है। चरित्र-हनन के हथकंडों की यह राजनीति कांग्रेस को भारी पड़ेगी। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री श्रीवास्तव ने कहा कि वास्तव में उनका कार्यकाल बेदाग रहा है और उनके खिलाफ की गई शिकायतें तथ्यहीन हैं। चूंकि प्रदेश और राजधानी में निकाय चुनाव होने जा रहे हैं, इसलिए कांग्रेस बेबुनियाद आरोप लगाकर झूठ-फरेब की राजनीति कर रही है।
यदि उनके कार्यकाल में कोई घोटाला हुआ तो एक साल से प्रदेश की सरकार और कांग्रेस क्या सोई पड़ी थी? अब तक इस मामले में क्यों सरकार और कांग्रेस नेताओं ने जांच की पहल नहीं की? श्री श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा के प्रति लोगों के बढ़ते समर्थन व रूझान और अपनी तयशुदा हार को देखकर बदहवास हो गई है और इसलिए ऐन चुनाव से कुछ पहले वह झूठे आरोप लगाकर चरित्र हत्या के हथकंडों पर उतारू हो गई है। श्री श्रीवास्तव ने विश्वास जताया है कि कांग्रेस और उसके अहंकारी सत्ताधीशों के तमाम हथकंडों का माकूल जवाब न केवल राजधानी, अपितु पूरे प्रदेश के मतदाता 21 दिसम्बर को मतपत्र के जरिये देंगे।