
पंचायत तंत्र-रायपुर । तालाबों के शहर के रूप में ख्यातिलब्ध रायपुर के तालाबों को संरक्षित करने व सर्व सुविधायुक्त बनाने महापौर एजाज़ ढेबर की पहल पर इस दिशा में कई प्रबंध किए गए हैं।
रायपुर स्मार्ट सिटी लि. के प्रबंध संचालक सौरभ कुमार के निर्देश पर शहर के आमा पारा तालाब, साबुन डबरा तालाब, गांव डबरी तालाब, पुराना तालाब, चिरौंजी तालाब, गोपिया डबरी तालाब, गुढिय़ारी के कुकरी तालाब, शीतला तालाब, चंगोराभाठा के नया तालाब का कायाकल्प जैविक पद्धति से किए जाने हेतु कार्य प्रारंभ किया गया है। इसके अलावा अमलीडीह अपना तालाब, करबला तालाब, खम्हारडीह के बड़ा तालाब के कायाकल्प हेतु काम शुरू कर दिया गया है। जल संरक्षण के साथ ही इन्हें आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से भी सौंदर्यीकरण कार्य रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। स्मार्ट सिटी लि. के महाप्रबंधक तकनीकी एस.के. सुंदरानी ने बताया कि वर्तमान में 2 करोड़ रूपये की लागत से नरैय्या तालाब का सौंदर्यीकरण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। तालाबों में प्रदूषित जल का प्रवाह एक बड़ी समस्या है। रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा तेलीबांधा में एस.टी.पी. (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) स्थापित किया गया है।
इसके अलावा बूढ़ातालाब में एस.टी.पी. लगाने का कार्य प्रगति पर है। शहर के तीन अन्य प्रमुख तालाब नरैय्या, कारी और बंधवा (प्रहलदवा और खो-खो तालाब को शामिल कर) में एस.टी.पी. स्थापित किए जाने हेतु निविदा आमंत्रित की जा चुकी है।
