K. W. N. S.-रायपुर। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज सुबह 7 से रात 9 बजे तक किये गये जनता कफ्र्यू के आह्वान पर राजधानी रायपुर के लोगों ने आज स्वयं को घरों में बंद कर लिया। सुबह से ही सड़कें सूनीं और दुकानें बंद हैं। रेलवे स्टेशन और बस स्टाप में भी चंद लोग ही नजर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री के इस आह्वान को लोगों ने सहर्ष समर्थन दिया है, वहीं प्रशासन भी इसे सफल बनाने की मुहिम में जुटा है। जनता कफ्र्यू के दौरान मेडिकल और आवश्यक सेवाएं चालू रखी गई हैं।
छत्तीसगढ़ में पहला कोरोनावायरस संक्रमित सामने आने के बाद लॉकडाउन जैसी स्थिति हो गई है। राज्य सरकार ने दूसरे प्रदेशों की बस सेवाएं स्थगित करने के बाद अब बीआरटीएस, निजी बसों और सिटी बसों पर भी 29 मार्च तक रोक लगा दी है। इसके साथ ही नगरीय प्रशासन विभाग ने रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में स्थित सभी कार्यालयों को बंद करने के आदेश दिए हैं। वहीं रायपुर में पुलिस ने शनिवार सुबह भी फ्लैगमार्च किया। इसके बाद से शहर की ज्यादातर सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली 6 फ्लाइट को 22 मार्च को रद्द कर दिया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भी 171 ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। इसके अलावा 31 मार्च तक कई ट्रेनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है। नगरीय प्रशासन विभाग ने रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर नगर निगम के 75 किमी दायरे में सभी कार्यालय 31 मार्च तक बंद करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि जरूरी सेवाओं जैसे पानी, बिजली और स्वच्छता कार्यालयों को इस आदेश में शामिल नहीं किया गया है। आदेश में कहा गया है कि कार्यालय अगले एक सप्ताह तक बंद रखें जाएंगे। प्रदेश सरकार ने सभी रजिस्ट्री कार्यालयों को 23 मार्च से 25 मार्च तक बंद करने के आदेश दिए हैं। खास बात यह है कि एक अप्रैल से लागू होने वाली बढ़ी दरें अब एक माह बाद से लागू की जाएंगी। इसके साथ ही शराब दुकानें, बार, रेस्टोरेंट, होटल भी 3 दिन 26 मार्च तक बंद रखने का फैसला लिया गया है।
राजनांदगांव के लालबाग इलाके में लॉकडाउन : राजनांदगांव कलेक्टर ने शनिवार को लालबाग इलाके के लॉकडाउन करने के आदेश जारी कर दिए। इस इलाके में विदेश से आए कई लोगों के रहने की बात कही जा रही है। साथ ही यह भी कहा गया है कि यह लोग अपनी जांच नहीं करा रहे हैं। कलेक्टर ने अपने आदेश में कहा है कि विदेश से काफी संख्या में लोग लौटे हैं और वह अपनी पहचान नहीं बता रहे हैं। इसके चलते क्षेत्र को लॉकडाउन करने का निर्णय लिया गया है।
कार्य में लापरवाही बरतने पर गिरी गाज : बेेमेतरा में कार्य में लापरवाही बरतने पर कृषि उप संचालक एचएस राजपूत को निलंबित कर दिया गया है। कृषि उप सचिव ने कार्य में लापरवाही बरतने पर निलंबन की कार्रवाई की है।