
रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को अपने निवास कार्यालय में बैठक लेकर छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की ।
छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित हो रहे राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव तीन दिनों का होगा. राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 27, 28 और 29 दिसम्बर को होगा. आयोजन के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया है, जिसमें तमाम मंत्रियों को शामिल किया गया है ।
आयोजन के दौरान प्रतियोगिता भी होगी, जिसमें विवाह या मांगलिक अवसर पर होने वाले नृत्य, कृषि आधारित जैसे फसल कटने के समय, तीसरा देश के विभिन्न राज्यों में पारंपरिक त्यौहारों, विशेष अवसरों पर होने वाले नृत्य और खुली प्रतियोगिता के रूप में रखा गया है. इसमें एक राज्य से 4 ग्रुप शामिल होंगे. हर ग्रुप में 15 कलाकारों की टीम होगी ।
महोत्सव के दौरान प्रदर्शनी, हस्तशिल्प, कुटीर उद्योग, बस्तर एवं सरगुजा के कला प्रदर्शनी, हर्बल उत्पाद, नरवा, गरवा, घुरूवा, बारी की थीम पर प्रदर्शनी, छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की प्रदर्शनी एवं विक्रय केन्द्रों के स्टाल लगाये जाएंगे. कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के अलावा देश के दूसरे राज्यों से 2500 कलाकार शामिल होंगे ।
