
रायपुर । इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमेन सोनमणि बोरा ने रेडक्रॉस भवन में रेडक्रॉस जिला सचिवों की बैठक ली। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस समिति द्वारा संचालित दवा दुकानों में दवाईयां कम से कम दरों में मिलना सुनिश्चित करें। यह दुकाने मूलत: गरीबों को ध्यान में रखकर संचालित की जाती है, अत: इसे बिना लाभ-हानि के आधार पर चलाया जाए। इसमें से ली जाने वाली सहयोग राशि की दर न्युनतम रखी जाएगी। उल्लेखनीय है कि इस निर्णय के पश्चात् कुछ दवाओं की कीमतें लगभग 50 से 90 प्रतिशत तक कम हो जाएंगे। श्री बोरा ने कहा कि यह एक पुण्य कार्य है अत: हम आम जनता को जितनी सस्ती दवाई दे सकेंगे उतना ही अच्छा होगा। यह प्रयास करें की सभी दवाईयां उपलब्ध हो, चाहे जिन दवाईयों में लाभांश का प्रतिशत न्युनतम हो या उनकी बिक्री की दर कम हो। श्री बोरा ने निर्देश दिया कि हर जिलों में न्युनतम दो और हर विकासखंड में एक-एक दवा की दुकानें प्रारंभ करें और दवा दुकानों की संख्या 33 से बढ़ाकर 100 की जाए। बोरा ने कहा कि सभी जिलों तथा प्रदेश मुख्यालय को मिलाकर रेडक्रॉस समिति द्वारा रक्त संग्रहण की क्षमता 12 हजार यूनिट है, इसे बढ़ाकर 25 हजार यूनिट तक किया जाए।
