
रायपुर । सांसद सुनील सोनी ने जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का अधिकारी देने वाली अनुच्छेद 370 को समाप्त करने की आलोचना करने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा है. उन्होंने बघेल पर छत्तीसगढ़ का नाम केवल भारत में ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में बदनाम करने का आरोप लगाया ।
सांसद बनने के बाद रायपुर में पत्रकारों से पहली बार सीधे रु-ब-रू होते हुए सुनील सोनी ने सबसे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा. उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग कहा जाता है, अब हम भारत का हिस्सा कहेंगे. वहां आतंकवाद पनप रहा था, वहां के लोगों को भारत की योजनाओं का फ़ायदा नहीं मिल रहा था. क्या ये ग़लत नहीं था. अब इन सारे नियम, क़ानून और योजनाओं का फ़ायदा कश्मीर के लोगों को मिलेगा ।
नक्सलवाद खत्म नहीं करना चाहते बघेल
सांसद ने कहा कि जैसे कश्मीर में आतंकवाद की समस्या है वैसे छत्तीसगढ़ में नक्सल है. इसका आधार क्या है. भूपेश बघेल नक्सलवाद को ख़त्म करना नहीं चाहते, अगर चाहते हैं तो केंद्र से किस तरह से सहयोग मांगी. भाजपा ने 15 सालों से नक्सलवाद को ख़त्म करने का प्रयास किया है, उन्होंने सवाल किया कि क्या इसे भूपेश सरकार आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
बचपन का सपना अब जाकर पूरा हुआ
सुनील सोनी ने कहा कि जिस वक्त सदन में जम्मू-कश्मीर से जुड़ा बिल पेश किया गया, उस वक्त में सदन में मौजूद था. उस पल का गवाह हूं. दिल गद्गद हो उठा था. जो हम बचपन में सोचते थे आज वो पूरा हुआ है. यह मोदी सरकार ने कर दिखाया है. मोदी है तो कुछ असंभव नहीं है. उस दिन का सत्र इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है. कई बड़े अहम फ़ैसले लिए गए जो देश और देश के लोगों के हित में है।
कश्मीर से खत्म होगा आतंकवाद
उन्होने कहा कि संसद में 370 समाप्त हुआ. प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को बधाई. कश्मीर के माध्यम से विश्व मे शांति का पैगाम बढ़ेगा. लोगों में खुशी है. देश का पूर्णतः हिस्सा पहले भी था, अब आम नागरिक भी जाकर जमीन लेकर रोजगार कर सकते हैं. देश के स्वर्ग के अंदर सभी आसानी से जा सकेंगे. वहां आतंकवाद समाप्त होगा।
पहली बार इतना लंबा चला सदन
संसद की चर्चा करते हुए सांसद ने कहा कि सत्र के दौरान 36 विधेयक पास हुए. भारत के इतिहास में पहली बार 280 घंटे सदन चला. छत्तीसगढ़ के सभी सांसदों ने वहां बात रखी. यह अवसर जीवन का सबसे स्वर्णिम अवसर था. वहीं मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस बंटी हुई थी, सारे लोग बंटे हुए थे. 370, 35a समाप्त हुआ, ट्रिपल तलाक समाप्त हुआ, एनआईए मजबूत हुआ. उन्होंने कहा कि सपने में भी नहीं सोचा था कि 370 समाप्त होगा. सभी सांसद भावुक हो गए थे. केंद्र का नक्सलवाद समाप्त करना ही अब एजेंडा है।
