panchayattantra24.-रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह द्वारा थाना तमनार का भ्रमण करते हुए ग्राम पंचायत कोडकेल के स्कूल प्रांगण में “युवा संकल्प – नशे से मुक्ति की पहल, नशामुक्त समाज” विषय पर एक सराहनीय एवं जनजागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता की गई। इस दौरान “युवा संकल्प” अभियान के तहत नशामुक्ति को लेकर ग्रामीणों एवं युवाओं को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के सुशांत बनर्जी, उप पुलिस अधीक्षक रायगढ़, थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर तथा 10 ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कोडकेल के ग्रामवासी शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। बच्चों द्वारा अतिथियों का तिलक, श्रीफल एवं पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री शशि मोहन सिंह द्वारा नशामुक्ति के संदेश के साथ गीत “नशा नाश की जड़ है भैया” का लोकार्पण क्लैप बोर्ड के माध्यम से किया गया। इसी गीत पर मिडिल स्कूल के बच्चों द्वारा ग्रामीणों के समक्ष सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई।
कोटरापाली की लोककला संस्था ‘अंगना के देवना’ द्वारा प्रस्तुत प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक ने नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से दर्शाते हुए ग्रामवासियों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों ने कोडकेल को नशामुक्त पंचायत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया तथा एक माह के भीतर पंचायत को पूर्ण रूप से नशामुक्त बनाने हेतु प्रतिबद्धता व्यक्त की। अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि *”अपराध की जड़ में नशा एक बड़ा कारण है और इसी को देखते हुए रायगढ़ पुलिस द्वारा शराब व अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जिलेभर में महाअभियान चलाया जा रहा है। नशा केवल शराब या गांजा जैसे पदार्थों तक सीमित नहीं है, बल्कि हर वह आदत या प्रवृत्ति भी नशा है, जो व्यक्ति के भीतर अपराध की भावना को बढ़ावा देती है। उन्होंने युवाओं से नशे को अपने जीवन पर हावी न होने देने का आह्वान किया।”
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि *”नशामुक्त रायगढ़ की दिशा में इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि सामाजिक बुराइयों को जड़ से खत्म करने के लिए आमजन की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है । उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि कहीं भी अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं — रायगढ़ पुलिस हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई करेगी।”* डीएसपी सुशांत बनर्जी ने जिले में प्रचलित विभिन्न प्रकार के नशों पर विस्तार से चर्चा करते हुए ग्रामवासियों से नशे के विरुद्ध एकजुट होकर सख्त सामाजिक माहौल तैयार करने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित थाना प्रभारी तमनार ने कोडकेल की महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि “जागृति नशामुक्ति समिति” के माध्यम से महिलाएं सैकड़ों की संख्या में संगठित होकर नशे के खिलाफ आवाज उठा रही हैं, जो समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। वक्ताओं ने कोडकेल की महिलाओं एवं पुरुषों द्वारा दिखाई गई जागरूकता की प्रशंसा करते हुए इस पहल को जिले के लिए अनुकरणीय बताया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
