panchayattantra24.-दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले को तकनीकी विकास और रोजगार के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए सिविल लाईन्स स्थित आईटी पार्क का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होने से पूर्व आईटी पार्क का उद्घाटन किया।
सिविल लाईन्स स्थित यह आईटी पार्क लगभग 3,900 वर्ग मीटर भूमि पर निर्मित किया गया है, जिसका कुल निर्मित क्षेत्रफल 2,907.26 वर्ग मीटर है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस आईटी पार्क में 40 बड़े ऑफिस रूम, पांच बड़े हॉल, मैस सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। पूरा परिसर बाउंड्रीवॉल से घिरा हुआ है, जिसमें यहां कंपनियों के संचालन के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया गया है। देश के विभिन्न 40 आई टी कम्पनियों ने यहां एमओयू के मुताबिक कार्य आरंभ कर दिया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि आईआईटी भिलाई और प्रदेश शासन के सहयोग से इस आईटी पार्क निर्माण किया गया है। वर्तमान में 40 आईटी कम्पनियां कार्यरत है तथा भविष्य में 100 कम्पनियों के साथ कार्य करने हेतु अपनी सहमति जताई है। विगत वर्ष की गई घोषणा आज आईटी के शुभारंभ के साथ पूरी हुई है। इससे युवाओं के लिए तकनीकी ज्ञान एवं विकास की राह आसान होगी।
आईटी पार्क की स्थापना को जिले में रोजगार, कौशल विकास और तकनीकी निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल, अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, साजा विधायक ईश्वर साहू, छत्तीसगढ़ खादी बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, महापौर श्रीमती अलका बाघमार, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव आयुक्त जनसंपर्क रजत बंसल, छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसाइटी (चिप्स) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रभात मलिक, कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसएसपी विजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन आईआईटी भिलाई के निदेशक डॉ. राजीव प्रकाश ने किया।
