Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Author: admin
panchayattantra24.-रायपुर। राजधानी रायपुर के नागरिकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने आज शहर के तीन प्रमुख स्थलों पर तीन नए ओवरपास का शिलान्यास किया। इन ओवरपास के निर्माण पर कुल 117 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। इसी तरह ठक्कर बापा वार्ड में 19.60 करोड़ पानी टंकी और दानवीर भामाशाह वार्ड, शुक्रवारी बाजार में 3.37 करोड़ रुपए की लागत से बने नए शाला भवन का भी भूमिपूजन किया गया।उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि इन ओवरपास का निर्माण राजधानी में बढ़ती जनसंख्या और यातायात के दबाव को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “इन पुलों के बनने से न केवल यातायात की समस्या कम होगी, बल्कि नागरिकों को समय की बचत और रोजमर्रा की यात्रा में सुविधा भी मिलेगी। यह क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांगों में से एक थी और आज हम इसे पूरा करने में सफल हुए हैं।”
बता दें कि रिंग रोड क्रमांक-2 पर बनने वाले इन ओवरपास से शहर के व्यस्त मार्गों पर यातायात सुगम और सुरक्षित होगा। पुलों का विवरण इस प्रकार है: जरवाय मार्ग (बंगाली होटल के पास): 23 करोड़ 89 लाख 49 हजार रुपए हीरापुर चौक: 49 करोड़ 40 लाख 10 हजार रुपए सरोरा चौक (रिलायंस पेट्रोल पंप के पास): 43 करोड़ 76 लाख 48 हजार रुपए अरुण साव ने यह भी बताया कि पिछले चार महीनों में रायपुर नगर निगम को 400 करोड़ रुपये से अधिक की राशि विकास कार्यों के लिए दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले 20 महीनों में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं, 700 से अधिक टेंडर जारी किए जा चुके हैं, और इस वर्ष सड़कों के कायाकल्प पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।उप मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “हमारा संकल्प है – सबका विकास, सबका साथ, सबका विश्वास और सबका प्रयास। हमने यह संकल्प लेकर सरकार में कदम रखा है और इसे साकार करने में लगातार काम कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ का यह रजत जयंती वर्ष है और हम इसे विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में एक मील का पत्थर बनाएंगे।”
panchayattantra24.-रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका से आज राजभवन में हार्टफुलनेस संस्थान के डायरेक्टर त्रिलोचन चॉवला ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने राज्यपाल को संस्थान के प्रमुख कमलेश डी. पटेल (दाजी) द्वारा जैन तीर्थंकरों पर लिखी पुस्तक भेंट की। भेंट के दौरान चॉवला ने छत्तीसगढ़ में संस्थान द्वारा संचालित आध्यात्मिक और सामाजिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने राज्यपाल को प्रदेश में नशामुक्ति अभियान के लिए संस्थान की कार्ययोजना से भी अवगत कराया। राज्यपाल डेका ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज निर्माण की दिशा में ऐसे प्रयास अनुकरणीय हैं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होंगे।
panchayattantra24.-नई दिल्ली: नवरात्रि के शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सांस्कृतिक आयोजनों की रौनक बढ़ गई है। इसी कड़ी में सोमवार सुबह बॉलीवुड की दो जानी-मानी हस्तियां रायपुर पहुंचीं। मशहूर गायिका अनुराधा पौडवाल और अभिनेत्री अदा शर्मा मुंबई से रायपुर आईं। दोनों ही कलाकार नवरात्रि के पर्व पर आयोजित गरबा महोत्सव में शामिल होने के लिए रायपुर में हैं। एयरपोर्ट पर दोनों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उनकी एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों की भीड़ जमा हो गई।
अनुराधा पौडवाल लंबे समय से भक्ति संगीत और फिल्मी गीतों के लिए जानी जाती हैं। उनका शांत और आध्यात्मिक व्यक्तित्व लोगों को हमेशा से आकर्षित करता आया है। इस बार नवरात्रि के अवसर पर वह रायपुर में एक गरबा आयोजन में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी और भक्ति संगीत से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगी। उनका कार्यक्रम रायपुर के एक प्रमुख सांस्कृतिक स्थल पर आयोजित होगा। वहीं, दूसरी ओर अभिनेत्री अदा शर्मा भी गरबा महोत्सव में शामिल होने रायपुर पहुंची हैं। अदा शर्मा को फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ में दमदार अभिनय के लिए काफी सराहना मिली थी। उनकी खासतौर पर युवा वर्ग में काफी लोकप्रियता है। अदा भी गरबा नाइट में विशेष मेहमान के रूप में हिस्सा लेंगी।
बताया जा रहा है कि वह गरबा की पारंपरिक पोशाक में नजर आएंगी और स्टेज पर परफॉर्म भी करेंगी। आयोजकों ने बताया कि अदा शर्मा के कार्यक्रम के दौरान युवाओं के बीच गरबा प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। दोनों ही कलाकारों की मौजूदगी से रायपुर में गरबा महोत्सव की रौनक कई गुना बढ़ जाएगी। शहर के अलग-अलग इलाकों में आयोजित हो रहे नवरात्रि कार्यक्रमों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। खास बात यह है कि इन कार्यक्रमों में सिर्फ स्थानीय लोग ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से भी श्रद्धालु और दर्शक पहुंच रहे हैं। आयोजकों ने सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों को लेकर प्रशासन के सहयोग से पुख्ता इंतजाम किए हैं।
panchayattantra24.-रायपुर. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सलियों के युद्धविराम को लेकर जारी किए गए पत्र को भ्रामक बताया. उन्होंने कहा जो नक्सली आत्मसमर्पण करना चाहते हैं, तो स्वागत है. लेकिन कोई सीजफायर नहीं होगा. इसी को लेकर नक्सलियों के साथ युद्ध विराम पर अब गृहमंत्री विजय शर्मा ने बड़ा बयान दिया है. गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह पूर्व निर्धारित योजना है. युद्ध विराम की कोई बात नहीं है. जितने भी नक्सलियों ने पत्र लिखा है, जिनका भाव ऐसा है कि बस्तर में वर्तमान में खून खराबा बंद होना चाहिए. अगर किसी के मन में यह भाव है. उनके पास समय कम है, आगे बढ़े. लाल कार्पेट बिछाकर आपका स्वागत करने तैयार है.
रायपुर से नक्सलियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई को लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पिछले दो सालों में जब से वहां पर काम शुरू हुआ था. उन्होंने नए बेस बनाने की तैयारी की थी. स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) बहुत अच्छा काम कर रही है. रायपुर और कोरबा समेत अन्य शहरों में ऐसा नेटवर्क मिला है. जांच एजेंसी इसकी भी पूरी प्रोफाइलिंग करके नक्सलियों के शहरी नेटवर्क को ध्वस्त करने का काम कर रही हैं.
panchayattantra24.-सुकमा। सुकमा में 74 बटालियन CRPF के जवानों ने टीम इंडिया की एशिया कप 2025 में शानदार जीत का जश्न बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया। भारतीय क्रिकेट टीम ने दुबई के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एशिया कप के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर नौंवीं बार एशियाई चैंपियनशिप अपने नाम कर इतिहास रच दिया। इस ऐतिहासिक जीत से पूरे देश में क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ देश के जवानों के बीच भी खुशी की लहर दौड़ गई है।
इस जीत पर सुकमा के 74 बटालियन CRPF के जवानों ने अपने-अपने ठिकानों पर राष्ट्रीय उत्साह से टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया। जवानों ने इस सफलता को देश के लिए गर्व का क्षण बताया और इसे अपने मनोबल और प्रेरणा का स्रोत माना। जवानों ने देशभक्ति के गीत गाए और नारे लगाकर भारतीय टीम को सलाम किया।
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के देवपुरी स्थित गोदड़ीवाला धाम पहुंचे, जहाँ उन्होंने संत शिरोमणि बाबा हरदास राम साहिब जी की 34वीं बरसी महोत्सव में शामिल होकर संत परंपरा को नमन किया। मुख्यमंत्री साय ने गोदड़ीवाला धाम में स्थापित संत गेला राम साहिब जी की प्रतिमा के समक्ष मत्था टेककर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा – “यह मेरा परम सौभाग्य है कि मुझे संत शिरोमणि बाबा हरदास राम साहिब जी की बरसी महोत्सव में शामिल होने का अवसर मिला। यहाँ देशभर से आए पूज्य संतों के दर्शन का लाभ मिल रहा है। मेरी कामना है कि छत्तीसगढ़ पर संतों का आशीर्वाद सदा बना रहे और घर-घर में खुशहाली एवं समृद्धि हो।”
मुख्यमंत्री ने बरसी महोत्सव में पधारे देशभर के संत-महात्माओं का छत्तीसगढ़ की पावन भूमि पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि श्री गोदड़ीवाला संत बाबा हरदास राम जी का संपूर्ण जीवन मानव सेवा, त्याग और समर्पण का प्रेरणास्रोत रहा है। उनके चरण पड़ने से छत्तीसगढ़ की यह धरा धन्य हुई है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि धाम परिसर में समय-समय पर आयोजित नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर, स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान शिविर संत बाबा हरदास राम जी की शिक्षाओं और आदर्शों का जीवंत उदाहरण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बरसी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भक्ति, एकता और सामाजिक सेवा का उत्सव है।
संत समाज को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या का मायका और भगवान श्रीराम का ननिहाल है। उन्होंने कहा कि राजिम में भगवान श्रीराम और माता सीता द्वारा स्थापित कुलेश्वर महादेव आज भी विराजमान हैं। भगवान श्रीराम ने अपने 14 वर्षों के वनवास में से लगभग 10 वर्ष छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर व्यतीत किए। प्रदेशवासी भगवान श्रीराम को आज भी अपना भांजा मानते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के दर्शन कराने हेतु ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ चला रही है। इस योजना के अंतर्गत पिछले वर्ष 22 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने अयोध्या पहुंचकर श्रीरामलला के दर्शन किए।
panchayattantra24.-बिलासपुर। बिलासपुर में दुर्गोत्सव की धूम है। यहां सेलिब्रिटिज के साथ गरबा-डांडिया शो के बाद आकर्षक पंडाल और झांकियां देखने के लिए भारी भीड़ जुट रही है। मसानगंज के नवयुवक दुर्गोत्सव समिति ने हर साल की तरह इस बार भी सबसे अलग गुपचुप थीम पर पंडाल सजाया है, जिसमें देवी मां गुपचुप पर विराजित हैं। वहीं, 5 लाख गुपचुप, चौकी-बेलन और कढ़ाई-झारा से पंडाल सजाया गया है। रेलवे परिक्षेत्र के कंस्ट्रक्शन कॉलोनी में रांची मेंटल हॉस्पिटल थीम का आकर्षक पंडाल बना है।
नवरात्र पर्व के छठवें दिन से बिलासपुर में उत्सव का माहौल शुरू हो गया है। हालांकि, यहां प्रदेश के सबसे बड़े पंडाल आदर्श दुर्गोत्सव समिति गोंड़पारा में पहले दिन से मेला लग रहा है। रोज हजारों की संख्या में श्रद्धालु 25 फीट ऊंची देवी प्रतिमा का दर्शन करने पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति ने इस आयोजन की भव्यता का प्रचार-प्रसार एक महीने से किया, जिसकी वजह से छत्तीसगढ़ में इसकी खूब चर्चा है। यही वजह है कि जिले के साथ ही प्रदेश भर से लोग इसकी भव्यता को देखने पहुंच रहे हैं। रविवार को नवरात्र पर्व पर सड़कों पर भीड़ का रेला लग गया। हर जगह जाम की स्थिति बनी रही। यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस के पसीने छूट गए। दोपहर से लेकर रात 3 बजे तक गोंड़पारा स्थित पंडाल में भीड़ लगी रही।
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज दोपहर 3:30 बजे राज्य मंत्रीपरिषद (कैबिनेट) की बैठक मंत्रालय (महानदी भवन) अटल नगर, नवा रायपुर मे आयोजित होगी।
छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन ओपन काउंसलिंग से शिक्षकों की पदोन्नति और नियुक्ति कार्य सम्पन्न छत्तीसगढ़ लोक शिक्षण संचालनालय के आदेशानुसार राज्य के कुल 1227 प्रधान पाठक (प्राथमिक शाला) और बी.एड. प्रशिक्षित स्नातकोत्तर शिक्षक (एल.वी.) को व्याख्याता/व्याख्याता (एल.बी.) टी. संवर्ग में पदोन्नत करने हेतु ऑनलाइन ओपन काउंसलिंग का आयोजन किया गया। यह काउंसलिंग 25 से 28 सितम्बर तक शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, शंकर नगर, रायपुर में संपन्न हुई। काउंसलिंग के पहले तीन दिनों में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों के लिए चौथे दिन यानि 28 सितम्बर को विशेष काउंसलिंग आयोजित की गई। इसमें संस्कृत, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, भूगोल और गणित विषय के 5 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग कराई गई। इसके अतिरिक्त 165 अनुपस्थित अभ्यर्थियों को लॉटरी के माध्यम से उनके संबंधित जिले/संभाग की शालाओं में रिक्त पदों पर स्थान आवंटित किया गया।
कुल 1102 अभ्यर्थियों में से 937 अभ्यर्थी काउंसलिंग में उपस्थित रहे, जिससे उपस्थित रहने का प्रतिशत 85.03 प्रतिशत रहा। काउंसलिंग में चयनित सभी अभ्यर्थियों को उनके द्वारा चयनित विद्यालयों में पदस्थापना के लिए नोडल अधिकारी द्वारा नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए हैं।
panchayattantra24.-बिलासपुर. नवरात्र की षष्ठी तिथि पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की ध्वजा यात्रा ने 200 किलोमीटर की दूरी पूरी कर समाप्त हुई. रविवार की रात यह यात्रा रतनपुर पहुंची, जहां मां महामाया के दर्शन कर इसका समापन हुआ. इस अवसर पर प्रदेश के वनमंत्री केदार कश्यप भी पदयात्रा में शामिल हुए और पदयात्रियों के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना की.
रविवार को यात्रा के छठवें दिन सेंदरी लोफंदी, अमतरा, पेंडरवा, रानीगांव और मदनपुर होते हुए रात आठ बजे रतनपुर के महामाया मंदिर पहुंची. वनमंत्री केदार कश्यप ध्वज यात्रा में शामिल होने विशेष रूप से पहुंचे. उन्होंने पदयात्रियों के साथ पैदल चलकर मंदिर में देवी का आशीर्वाद लिया. विधायक शुक्ला ने उन्हें चुनरी भेंट की. मंत्री कश्यप ने ध्वज यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि नवरात्रि काल में पदयात्रा करना कठिन साधना है. मां महामाया देवी इस यात्रा से पूरे प्रदेश में सनातन संस्कृति की अविरल धारा प्रवाहित करें, यही कामना है.
यात्रा के समापन पर विधायक शुक्ला ने कहा कि आदिशक्ति महामाया देवी प्रदेश और बेलतरा विधानसभा के सभी क्षेत्रवासियों को सुख-समृद्धि और दीर्घायु जीवन प्रदान करें. उन्होंने बताया कि लोगों के सहयोग से 171 किलोमीटर की यात्रा का संकल्प 200 किलोमीटर से अधिक पूरा हुआ. उन्होंने कहा कि विकसित बेलतरा का यह सुशासन रथ आगे भी क्षेत्र में विकास के रास्ते खोलता रहेगा.
panchayattantra24.-रायपुर। राजधानी रायपुर की सड़कों पर देर रात हुड़दंगी युवकों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात शहर के विभिन्न इलाकों में सड़क पर खतरनाक ड्राइविंग और हंगामा करने वाले युवकों की गतिविधियों का वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में दिखाया गया कि कुछ युवक कार की खिड़की और रूफटॉप पर लटककर सड़क पर हंगामा कर रहे थे, जिससे आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई। पुलिस ने इस मामले में सख्त कदम उठाते हुए 8 लग्जरी वाहनों को जब्त किया और वाहन में सवार 15 युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार सभी आरोपी रायपुर के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं। शेष वाहन मालिकों की तलाश जारी है। सिविल लाइन थाने के SSP आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो रायपुर के बूढ़ापारा, केनाल रोड, मदिर हसौद और रसनी टोल प्लाजा के आसपास के क्षेत्रों का बताया जा रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि युवकों ने रात के समय कई वाहनों में बैठकर सड़क पर धुआँ उड़ाते हुए तेज गति से ड्राइविंग की और बीच सड़क पर हंगामा किया। कुछ युवक सीधे कार की खिड़की और रूफटॉप पर लटककर खतरनाक हरकतें कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस पर सवाल उठाया कि आखिर इतनी देर तक शहर की मुख्य सड़कों पर हुड़दंगी मचाने वाले युवकों को कोई रोक क्यों नहीं पाया। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और इससे आम जनता में डर का माहौल बन गया है।
पुलिस ने बताया कि हुड़दंगी गतिविधियों के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और इनके स्टेटस ने यह सवाल और भी बढ़ा दिया कि कहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई में कोई कमी तो नहीं रही। पुलिस ने कहा कि उन्होंने पहले भी इस तरह के मामलों में कानूनी कार्रवाई की है और युवकों को चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद कुछ युवक लगातार खतरनाक गतिविधियों में लिप्त हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वायरल वीडियो और स्थानीय शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई। सभी गिरफ्तार युवकों के खिलाफ सख्त कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों पर सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए लगातार पेट्रोलिंग और गश्ती दल तैनात हैं।
यह घटना रायपुर में युवाओं द्वारा सड़क पर खतरनाक हरकतों और सार्वजनिक सुरक्षा पर ध्यान नहीं देने की गंभीर समस्या को उजागर करती है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क पर ऐसे किसी भी खतरनाक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि सुरक्षा बल तुरंत कार्रवाई कर सकें। आरोपियों के खिलाफ अब कानून के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने चेताया कि भविष्य में ऐसे मामले गंभीरता से लिए जाएंगे और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मामले से यह भी स्पष्ट हो गया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और स्टेटस युवकों को प्रोत्साहित कर सकते हैं। पुलिस ने कहा कि ऐसे मामलों में जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को सही मार्ग पर लाना भी आवश्यक है।