Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Author: admin
रायपुर । देश में आज तीसरे चरण का मतदान हो रहा है. हर वर्ग बढ़ चढ़ कर इस महापर्व में हिस्सा ले रहा है. लोकतंत्र को मजबूत करने तृतीय लिंग समुदाय ने भी अपने मताधिकारों का प्रयोग किया ।
राजधानी रायपुर में रहने वाले तृतीय लिंग समुदाय के लोग मतदान केन्द्र पहुंचे. जहां उन्होंने अपने मताधिकारों का प्रयोग करते हुए वोट डाला. आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में तीसरे एवं अंतिम चरण का मतदान आज हो रहा है ।
प्रदेश में लोकसभा की 11 सीटें हैं, शुरुआत के दो चरणों में प्रदेश में चार सीटों पर मतदान हो चुका है. शेष सात सीटों में आज वोट डाले जा रहे हैं ।
रायपुर । लोकतंत्र के इस महापर्व में अपने सहयोग देने बुजुर्ग भी पीछे नहीं है. सीएसआईडीसी के पूर्व अध्यक्ष छगन मूंदड़ा के 100 वर्षीय़ पिता केदार नाथ मूंदड़ा ने अपने परिवार के साथ बीटीआई ग्राऊंड बूथ क्रमांक 92 में पहुंचकर मतदान किया है ।
केदार नाथ मूंदड़ा ने मतदान के बाद कहा कि देश की ज़रूरत मोदी है. देश के विकास के लिए मोदी का साथ ज़रूरी है. मोदी ही सिर्फ देश के लिए काम कर रहे हैं. मोदी फिर से देश के प्रधानमंत्री बनेंगे ।
लोरमी । खुशी के माहौल में तो सभी लोकतंत्र के इस महापर्व का हिस्सा मानते है, लेकिन एक परिवार दुख की घड़ी में भी मतदान करने पहुंचा है. मुंगेली जिले के लोरमी में एक बार फिर मतदाता जागरुकता को लेकर एक ही परिवार के 15 लोगों ने वोट कर मिसाल पेश किया है ।
जिले के लोरमी तहसील अंतर्गत टेकनपारा मतदान केंद्र क्रमांक 205 में बेटे का अंतिम संस्कार कर परिवार के लोगों ने मतदान किया. वहीं एक परिवार में रहने वाले अजब ध्रुव 16 वर्ष पिता मुरारी ध्रुव जो लंबे समय से कैंसर से पीड़ित था, जिसकी मौत आज सुबह ही हुई है. जिसके बाद परिवार के लोगों द्वारा बेटे का अंतिम संस्कार किया. जिसके बाद घर में 15 मतदाताओं द्वारा वोट डाला गया ।
रायपुर । पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल दोपहर बाद जयस्तंभ चौक स्थित गुजराती स्कूल मतदान केन्द्र पहुंचे. बृजमोहन अग्रवाल ने अपने परिवार के दर्जन भर सदस्यों के साथ मतदान किया ।
मतदान करने वालों में बृजमोहन अग्रवाल के पिता, उनकी पत्नी, बेटा-बेटी और भाई सहित अन्य सदस्य थे. मतदान के बाद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पूरी तरह से मोदी लहर का असर है. इसमें कोई शक या शंका वाली बात नहीं कि प्रदेश में सभी 11 सीटें बीजेपी जीत रही है ।
उन्होंने विधानसभा चुनाव के नतीजे और प्रदेश में सत्ता परिवर्तन को लोकसभा चुनाव में बेअसर बताया. भाजपा नेता का कहना है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व का कोई परिणाम इस चुनाव में नहीं दिखेगा. इस दौरान उन्होंने ईवीएम को लेकर आई शिकायतों पर कहा कि चुनाव आयोग को और गंभीरता के साथ अपनी तैयारियों पर ध्यान देना चाहिए ।
कोरबा। लोकतंत्र की मजबूती के लिए वोट देना कितना महत्वपूर्ण होता है। यह शायद जिले के दिव्यांग मतदाता बखूबी जानते हैं। लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का जज्बा लेकर दिव्यांग लक्ष्मी नारायण निषाद, रुकमणी बरेठ और सुनीता गुप्ता ने मंगलवार सुबह होते ही अपनी-अपनी ट्रायसिकल निकाली और बिना देर किए अपना बहुमूल्य वोट डाल आईं। आमतौर पर जहा कुछ सामान्य मतदाता जो आज के दिन अपना वोट डाल कर घर में आराम फरमाते है, ऐसे में इन दिव्यांग मतदाताओं द्वारा खुद अपना फर्ज निभाकर अपने दिव्यांग साथियों को वोट डालने की अपील अपने आप में प्रेरणादायक है।
कोरबा जिले के दिव्यांग लक्ष्मी नारायण निषाद ने अपना वोट अपने मतदान केंद्र पंप हाउस कॉलोनी में डाला। बचपन से ही पैर निःशक्त होने के बावजूद उसने कभी भी मतदान करना नहीं छोड़ा। हर बार अपना वोट जरूर डालते है। उसने बताया कि कई दिव्यांग साथियों को मतदान केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी नहीं होती, ऐसे साथियों को मतदान केंद्र में व्हील चेयर, रैम्प आदि व्यवस्था के संबंध में बताते हैं।
पोड़ी बाहर वार्ड की सुनीता गुप्ता ने बताया कि वह भी दोनों पैर से निःशक्त हैं। जब से उसे मालूम हुआ कि मतदान करने से लोकतंत्र मजबूत होता है और दिव्यांगो के लिए विशेष व्यवस्था होती है तब से वह वोट डालने से नहीं चूकती। अपने ट्रायसिकल से मतदान केंद्र पहुंचकर न सिर्फ वोट डालती हैं। घूम-घूम कर वह अपने साथियों को मतदान करने प्रेरित भी करती हैं।
बुधवारी वार्ड निवासी रुकमणी बरेठ ने बताया कि उसने अब तक तीन बार मतदान किया है। आज अंधरी कछार स्कूल के बूथ में मतदान करने पहुंची रुकमणी ने बताया कि वोट डालकर एक अलग खुशी का अहसास हुआ।
कोरबा जिले में कुल 4799 दिव्यांग मतदाता हैं। इनके लिए जिले में चार दिव्यांग मतदान केंद्र संडेल, झगरहा, अमरपुर और माचाडोली लालपुर में बनाया गया है। लोकतंत्र के निर्माण में जिले के दिव्यांग मतदाताओं की अहम भागीदारी है। दिव्यांग युवा मतदाता लक्ष्मीनारायण निषाद, सुनीता गुप्ता और रूकमणी बरेठ द्वारा शारीरिक रूप से दिव्यांग होने के बावजूद भी अपने स्वयं की ट्राइ सायकल में मतदान करने दी जा रही जागरूकता का यह संदेश सराहनीय है।
रायपुर । रायपुर लोकसभा के कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद दुबे ने आनंद समाज लाइब्रेरी ब्राह्मण पारा पहुंचकर मतदान किया है. उनके साथ उनकी पत्नी ने भी वोट डाला है. वोट करने के बाद उन्होंने प्रदेश सहित राजधानी के मतदाताओं से वोटिंग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि मतदान के इस महापर्व में अपनी भागीदारी निभाएं. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सभी जनता कांग्रेस के साथ है हम ही केंद्र में सरकार बनाएंगे.लोकसभा सीट के कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद दुबे ने अपने परिवार के साथ वोट डाला. वोट डालने के बाद स्वराज एक्सप्रेस से हुई खास बातचीत में प्रमोद दुबे ने कहा कि धड़कने नहीं बढ़ीं है ये मेरे लिए रूटीन का काम है. मैं 9 चुनाव लड़कर जीत चुका हूं. जो स्कॉर्पियो चलाना जानता है वो इनोवा चलाना भी जानता ही है ।
बहन के जिस तरह हम वर ढूढने निकलते है तो सारी चीजों को ठोक बजाकर देखते हैं इसी तरह जनतंत्र में एक मजबूत लोकतंत्र स्थापित करने के लिए एक बेस होना चाहिए, लेकिन ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि 5 सालों में जिसका कार्यकाल हुआ उन्हें एक श्वेत पत्र जारी करना चाहिए कि जो घोषणा पत्र जारी हुआ था उस पर कितना काम हुआ. रायपुर में जो काम हमने किया वह हमारा बेस है, भूपेश बघेल ने जो काम किया वह हमारा बेस है, मनमोहन सिंह ने जो काम किया वह हमारा बेस है ।
ये बेसलेस लोग है. हर दिन नई बात करते है. मोदी सरकार अपना काम तो बताये. मोदी जी की योजनाएं क्या थी काला धन वापस नहीं आया, स्टार्ट अप योजना बंद हो गई, मुद्रा योजना का फायदा नहीं मिला, महंगाई कम नहीं हुई. इससे आगे क्या है प्रमोद दुबे. काम पर बात करनी चाहिए. उमा भारती कहती हैं कि एक साल में गंगा सफाई नहीं हुई तो कूद कर मर जाऊंगी. यहां बीजेपी में फोटो लगाने को लेकर लड़ाई होती है. रमन सिंह की फोटो पोस्टरों से गायब है. बृजमोहन अग्रवाल फोटो लगाने लड़ रहे हैं. रायपुर में बड़ा डेवलपमेंट हुआ है. 15 नेशनल अवार्ड मिले है. मैं सुबह 6 बजे से लोगों को सुनकर काम करता हूँ. प्राथमिकता तय कर काम करता हूँ. नीति और नियत के मामले में सुनील सोनी ठीक आदमी है लेकिन गलत पार्टी में है. जिस पार्टी में है उस पार्टी में अपने नाम पर वोट नहीं मांग पा रहे. आत्मग्लानि हो रही होगी उन्हें ।
रायपुर । दुर्ग लोकसभा के तुलाराम आर्य कन्या विद्यालय में मोतीलाल वोरा ने वोट डाला और शासकीय प्राथमिक स्कूल पाऊवारा में मतदान किया है, तो वहीं विधायक सत्यनारायण शर्मा ने रायपुर के विजय नगर मतदान केंद्र में वोट किया है.
मोतीलाल और बेटे अरुण वोरा ने किया मतदान
कांग्रेस के प्रशासनिक राष्ट्रीय महामंत्री व पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा और उनके बेटे विधायक अरुण वोरा ने दुर्ग के तुलाराम आर्य कन्या विद्यालय में जाकर वोट डाला है ।
केंद्र में कांग्रेस बनाएगी सरकार
प्रदेश के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने सपरिवार शासकीय प्राथमिक स्कूल पाऊवारा पहुंचकर मतदान किया है. मतदान करने के बाद कहा कि कांग्रेस भारी मतों से जीत कर केंद्र में सरकार बनाएगी ।
सत्यनारायण ने कहा मिल रही बढ़त
रायपुर ग्रामीण विधायक सत्यनारायण शर्मा ने विजय नगर के मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया है. सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि जिस तरह से लोग अभिवादन कर रहे है उससे लगता है कांग्रेस के पक्ष में भारी मतदान हो रहा है. जहां जाइये लोग कांग्रेस के लोगों का स्वागत कर रहे है. इसी से लग रहा है कि कांग्रेस को काफी बढ़त मिल रही है ।
लोरमी (मुंगेली) । मुंगेली जिले के लोरमी विधानसभा में ग्राम पंचायत डूमरहा में गाव वालों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया है. ग्रामीण गांव में मूल-भूत सुविधाओं की कमी को लेकर खासे नाराज है. इसकी शिकायत लगातार की गई लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया. ग्रमीणों का आरोप है गांव में सड़क बदहाल है, शौचालय निर्माण में भ्रष्टाचार हुआ है. पीएम आवास में गड़बड़ी हुई है. सरपंच और सचिव के खिलाफ ढेरों शिकायत लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है. फिलहाल ग्रमीणों को मनाने के लिए अधिकारी जुटे हुए हैं लेकिन खबर लिखे जाने तक गांव वाले माने नहीं थे. जनपद पंचायत सीईओ चित्रकांत ठाकुर मौके पर पहुँचे हुए और ग्रमीणों की मांग को पूरा करने का आश्वासन दे रहे हैं. फिलहाल स्थिति विवाद की बनी हुई है. क्योंकि ग्रामीण नाराज है और नारेजाबी कर रहे हैं ।
आपको बता दे कि लोरमी विधानसभा क्षेत्र बिलासपुर लोकसभा सीट का हिस्सा है. लोरमी जेसीसीजे विधायक धर्मजीत सिंह है. वहीं बिलासपुर सीट पर 23 साल से भाजपा के सांसद हैं ।
बैकुंठपुर । देश के सर्वोच्च त्यौहार में जिले में मतदाताओं का उत्साह देखने लायक है. मतदान में सहभागिता के लिए दो नई नवेली दुल्हनें शादी के तुरंत बाद पहले मतदान करने अपने मतदान केंद्र पहुंची हैं,फिर वोट देकर बारात के साथ विदा हुई हैं ।
जिले के खड़गवां विकासखंड के ग्राम कोचका पोस्ट देवाडाँड़ के रहने वाले बंसधारी की दो बेटियों ने मतदान की अहमियत को समझते हुए शादी के तुरंत बाद वोट डालने का निर्णय लिया ।
बता दें कि दुल्हन साधना और रचना का विवाह 22 और 23 अप्रेल की दरम्यानी रात हुआ. दोनों बहनों ने जागरूक मतदाता का परिचय देते हुए पहले मतदान बाद में विदाई का निर्णय लिया. इस पर उनके ससुराल वालों ने भी दोनों बहनों का शाथ देते हुए उन्हें विदाई से पहले मतदान करने की अनुमती दी.ग्राम पंचायत देवाडांड कोचका पोलिंग बूथ में दोनों सगी बहनों ने विदाई से पहले मतदान करते हुए सभी से मत करने की अपील भी की है ।
रायपुर । पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने रायपुर के गुजराती स्कूल एमजी रोड में वोट डाला और पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे ने भिलाई सेक्टर 9 बीसएपी स्कूल से पहुंचकर मतदान किया है. वहीं नेता प्ररिपक्ष धरमलाल कौशिक ने भी बिलासपुर के परसाद प्राथमिक स्कूल में पहुंचकर मतदान किया है. सांसद रमेश बैस ने रायपुर के जिला पंचायत में पहुंचकर मतदान किया है।
मतदान करने के बाद रमेश बैस ने कहा कि हर तरफ़ मोदी मोदी की गूँज है, सभी मतदाता मोदी सरकार लाना चाहती है. अब तक मैं लड़ता रहा अब दूसरे लड़ रहे उनका मेरा पूरा समर्थन है. रायपुर सहित सभी सीटों में जीत का दावा किया है ।
मूणत ने कांग्रेस पर बोला हमला
पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने आज मतदान के बाद कांग्रेस पर जमकर हमला बोला. मूणत ने कहा कि कांग्रेस कहती है कि सिर्फ मोदी के नाम पर बीजेपी वोट मांग रही है. क्या कांग्रेस अपना नारा भूल गई? इंडिया इस इंदिरा नारा किसका था? कांग्रेस को अपना इतिहास याद रखना चाहिए. क्या हालत हो गई थी कांग्रेस की पिछले चुनाव में 44 सीटों पर सिमट गई आखिर कांग्रेस राहुल गांधी के नाम पर वोट क्यों नहीं मांगती ।
राजेश मूणत ने कहा कि कांग्रेस ऐसा करेगी तो चुटकुला बन जाएगा. उन्होंने कहा कि ये चुनाव देश की सुरक्षा, समृद्ध भारत की कल्पना का चुनाव है. मोदी के नेतृत्व में देश ने विश्व मे कीर्तिमान बनाया है. छत्तीसगढ़ में सियासी फिजा बदलने के सवाल पर मूणत कहते हैं कि सरकारें आती जाती है. ये कांग्रेस का गढ़ था लेकिन बीजेपी ने 15 साल राज्य किया, लेकिन आज देश के एजेंडे पर ये चुनाव है. देश आगे बढ़े, खुशहाल हो, सुरक्षित रह सके. इन मुद्दों पर चुनाव है ।