Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Author: admin
धार । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच मार्च को दोपहर 2.50 बजे भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित करने के लिए धार आ रहे हैं।
उनके आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के खासे इंतजाम किए हैं। प्रधानमंत्री की सभा के लिए जो मंच बनाया गया है वह देश भक्ति पर आधारित है।
सभा की तैयारी को अंतिम रूप देने के भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेशसिंह सोमवार को धार पहुंचे। इस आयोजन को लेकर पिछले पांच दिनों से विशेष रूप से जिला मुख्यालय पर तैयारियां चल रही हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी 16 फरवरी को धार आने वाले थे, लेकिन पुलवामा हमले के कारण उनका यह दौरा निरस्त हो गया था।
प्रधानमंत्री इंदौर से दोपहर 2.25 निकलकर दोपहर 2.50 बजे धार हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां 1 घंटे रुकने के बाद दोपहर 3.55 पर इंदौर के लिए रवाना होंगे।
धार में प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी करेंगे पटवारी
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को धार दौरे पर आएंगे। उनकी अगवानी और विदाई के लिए सरकार ने खेल एवं युवक कल्याण मंत्री जीतू पटवारी को मिनिस्टर इन वेटिंग घोषित किया है। पटवारी इंदौर विमानतल पर प्रधानमंत्री की अगवानी करेंगे और विदाई के समय भी मौजूद रहेंगे।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उद्यमियों के लिए इनाम जीतने का मौका है। आंत्रप्रोन्योर ऑफ द ईयर अवार्ड के लिए छत्तीसगढ़ के मूलत: वे उद्यमी जो अपने स्वयं का बिजनेस करते हैं, आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए नाम आमंत्रित करने की प्रक्रिया 1 मार्च से शुरु हो गई है। आवेदन की आखिरी तारीख 31 मार्च तक चलेगी। बता दें कि रायपुर में लगातार दूसरी बार यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। पुरस्कार वितरण समारोह 4 मई को होगा। पुरस्कार का चयन एक्सपर्ट द्वारा किया जाएगा।
आंत्रप्रोन्योर्स ऑर्गेनाइजेशन के बारे में –
आंत्रप्रोन्योर्स संगठन (ईओ) एक वैश्विक और गैर लाभकारी संगठन है। जिसके साथ 13000 से भी अधिक इंटरप्रेनर्स जुड़े हुए है। संगठन का कामकाज 181 चेप्टर के माध्यम से 57 देशों में फैला हुआ है। 1987 में स्थापित ईओ, अग्रणी आंत्रप्रोन्योर्स को सीखने एवं बढऩे के लिए उत्प्रेरक के तौर पर काम करता है जिससे वे ना सिर्फ व्यवसाय बल्कि उससे परे भी बेहतर सफलता हासिल कर सकें।
रायपुर । छत्तीसगढ़ के सीएम मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फेसबुक पर एक खुला पत्र लिखा है। सीएम ने यह पत्र छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए लिखा है। सीएम ने लिखा है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बने लगभग 60 दिन से अधिक हो चुके हैं. इन 60 दिनों में मैंने अपना हर एक पल छत्तीसगढ़ की जनता के लिए उपलब्ध रहने और ‘नवा छत्तीसगढ़’ गढ़ने के संकल्प को पूरा करने की प्रक्रिया में समर्पित करने का प्रयास किया है.मैं भी आप सभी की तरह एक साधारण किसान परिवार से संबंध रखता हूं
छत्तीसगढ़ के युवा साथियो
आज आप सबसे अपनी दिल की बात साझा कर रहा हूं. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बने लगभग 60 दिन से अधिक हो चुके हैं. इन 60 दिनों में मैंने अपना हर एक पल छत्तीसगढ़ की जनता के लिए उपलब्ध रहने और ‘नवा छत्तीसगढ़’ गढ़ने के संकल्प को पूरा करने की प्रक्रिया में समर्पित करने का प्रयास किया है.मैं भी आप सभी की तरह एक साधारण किसान परिवार से संबंध रखता हूं. एक किसान का बेटा होने के कारण मैंने भी युवा अवस्था में कई तरह की चुनौतियों का सामना किया है. कॉलेज में दाखिले से लेकर अच्छे अंक प्राप्त करने तक, किसी भी प्रतिस्पर्धा में शामिल होकर उसमें सफलता प्राप्ति के प्रयास तक एवं अध्ययन उपरांत अपनी रोजी-रोटी के लिए संघर्ष से लेकर, पारिवारिक जिम्मेदारी को सम्भालने तक, लगभग हर स्तर पर संघर्ष से मेरी मुलाकात होती रही है. इसलिए आप सबके दर्द और संघर्ष को मैं बखूबी समझता हूँ और मुझे ऐसा लगता है कि बदलते सामाजिक परिवेश के चलते आपका संघर्ष और समर्पण मेरी उस समय की परिस्थितियों की तुलना में और भी कठिन होगा.
साथियो, हमारे महान छत्तीसगढ़ प्रदेश का जन्म वर्ष 2000 में हुआ. यह छत्तीसगढ़ महतारी का आशीर्वाद ही था जिसने कि नवजात शिशु रुपी प्रदेश को प्रारम्भिक 3 साल के लिए कांग्रेस पार्टी के द्वारा इसके पालन-पोषण की जिम्मेदारी को पूरा किया जाना आदेशित किया. उसके उपरांत लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अनुरूप प्रदेश में 15 साल तक भाजपा की सरकार रही है. उनके कार्यकाल में जिस तरह से आप सबके अधिकारों का दोहन हुआ है, उससे न केवल मैं वाकिफ हूं, बल्कि आप सब भी भली भांति जानते एवं समझते हैं.
वर्ष 2018 प्रदेश में बदलाव की एक नई उम्मीद लेकर आया. यह वो वक्त था जब हमारा नवजात शिशु रुपी प्रदेश 18 वर्ष की आयु को पूर्ण कर वयस्क अवस्था में आ रहा था. वयस्क होने के साथ साथ जिस प्रकार से हर मनुष्य की नई आशाएं, नये सपने, नई आकांक्षाएं होतीं हैं, ठीक उसी प्रकार से हमारे छत्तीसगढ़ प्रदेश को भी नये बदलाव की आवश्यकता थी.
इस बार पुनः उसी लोकतांत्रिक प्रक्रिया ने वयस्क छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी कांग्रेस पार्टी के कन्धों पर दी. जनादेश इतना प्रचंड था कि मानों छत्तीसगढ़ महतारी का संदेश स्पष्ट हो कि इस नये छत्तीसगढ़ की आकांक्षाएं, आशाएं एवं सपने केवल कांग्रेस पार्टी ही पूरा कर सकती है.
नवा छत्तीसगढ़ की नयी सरकार अपने प्रथम दिन से ही युवाओं के सशक्तिकरण हेतु गंभीरता से दिन-रात काम कर रही है. हम जल्द ही प्रोफेसर,चिकित्सक, शिक्षकों के खाली पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने जा रहे हैं. युवा खिलाड़ियों को भी उत्तम सुविधा उपलब्ध कराने हेतु हमने नयी नीति पर काम करना शुरू किया है. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रवेश परीक्षा में सुधार हेतु आपसे लिए गए सुझावों का हमने क्रियान्वयन प्रारम्भ कर दिया है. इतना ही नहीं देश एवं विश्व पटल पर हमारा नवा छत्तीसगढ़ चिकित्सा, कृषि एवं तकनीकी क्षेत्र में सफलता के नये आयाम स्थापित कर सके, इसके लिए भी हमने प्रदेश में सॉफ्टवेयर पार्क, औषधि प्लांट एवं फूड पार्कों को स्थापित करने का निर्णय लिया है. मेरा आप सभी से वादा है कि देश एवं प्रदेश की अर्थव्यवस्था की प्रमुख नींव किसान एवं प्रकृति के रक्षक आदिवासियों की मजबूरी भरे जीवन को मजबूती भरे जीवन में बदलने की प्रक्रिया प्रारम्भ करने के बाद अब आगे का पूरा समय प्रदेश के युवाओं को सशक्त एवं सक्षम बनाने की दिशा में समर्पित होगा.
लेकिन इन सबके बीच मेरी आपसे अपील है कि आप उनलोगों की राजनीति में ना फंसे जिन्होंने आपके हक़ एवं अधिकार पर पिछले 15 सालों तक डाका मारा है. जिन्होंने छत्तीसगढ़ के युवाओं को मजदूर बनाने का काम किया हो, वो किस मुंह से आज हम पर सवाल उठा रहे हैं? क्या वे योगेश साहू को भूल गये??
और जहां तक आदिवासियों के हक़ की लड़ाई लड़ते-लड़ते नक्सलियों की गोली से शहीद हुए महेन्द्र कर्मा के पुत्र आशीष कर्मा की बात है तो मैं आप सभी को यह बताता चलूं कि हमने किसी भी सामान्य युवा का अधिकार छीनकर उन्हें नहीं दिया है. शहीद पुत्र को अनुकंपा पर नौकरी देने का वादा भाजपा की सरकार ने ही किया था. हमने बस उसे पूरा किया है. इसके कारण छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की आगामी प्रवेश परीक्षा में सीटों में कोई कटौती नहीं होने वाली है.
अंत में यही कहना चाहूंगा कि नवा छत्तीसगढ़ गढ़ने की चुनौती बहुत बड़ी है और यह मैं अकेले आप सबके सहयोग के बिना नहीं कर सकता. मेरा सपना है कि नवा छत्तीसगढ़ में किसान कर्जमुक्त रहें, आदिवासी आत्मनिर्भर बनें ताकि वे अपनी जरूरत के सामान चप्पल, टिफिन, साड़ी खुद खरीद सकें और युवाओं को कोई भी सरकार मोबाइल देकर उन्हें अपमानित करने की जुर्रत न कर सके. मैं छत्तीसगढ़ के लाखों युवाओं से आह्वाहन करता हूं कि वे आरोप-प्रत्यारोप छोड़ कर आगे आएं और नवा छत्तीसगढ़ के सपने को हम सब मिलकर साकार करें. किसी भी प्रदेश के विकास के लिए वहां के युवाओं में एक फौलादी जिगर, दृढ इच्छा शक्ति, पराक्रम, धैर्य और संयम की सख्त जरूरत होती है. कृपया आप मुझे अपना धैर्य और संयम प्रदान करें.मैं आप सबको विश्वास दिलाता हूं कि सरकार संविधान के अनुरूप सबको समान अधिकार देकर सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की दिशा में कार्य करना जारी रखेगी.
जय जोहार
जय छत्तीसगढ़
आपका अपना
भूपेश बघेल
देवभोग । राजिम मेले का नाम बदले जाने को लेकर पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने नाराजगी जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि इसका नाम बदलने से लोगों में भ्रम पैदा हुआ है। नाम बदलने के कारण ही इस बार लोगों की भीड़ भी नहीं जुट पाई। पूर्व मंत्री ने कहा कि हमने कानून बनाकर मेले का नाम कुंभ कल्प मेला रखा था, जिसको लेकर मेले का एक अलग ही आकर्षण था। हालांकि उन्होंने सरकार द्वारा परंपरा बनाए रखने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि सरकार आगे भी इस परंपरा को जीवित रखेगी।
रायपुर । झीरम कांड में मारे गए कांग्रेसी नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेन्द्र कर्मा के बेटे को अनुकंपा नियुक्ति देने का मामले में मचे बवाल के बाद सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि पिछली सरकार में शहादत को अपमानित करने का काम हुआ था. महेंद्र कर्मा और नद कुमार पटेल के परिवार को पिछली सरकार ने चतुर्थ श्रेणी में नौकरी देने का पत्र डाक से भेजा था.
सीएम भूपेश ने कहा कि सिर्फ आशीष कर्मा को ही नहीं, नक्सल हमले में शहीद पूर्व आईजी मरावी के परिजनों को भी हमने अनुकम्पा राज्य प्रशासन में दिया है. ये दूसरी नियुक्ति है. उन्होंने इस मामले में भाजपा द्वारा आपत्ति दर्ज कराने पर कहा कि शहीदों की वर्दी को कूड़ा में फेंकने वाले शहीदों का सम्मान क्या जाने.
आपको बता दें महेन्द्र कर्मा के बेटे आशीष कर्मा को डिप्टी कलेक्टर के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने का फैसला कैबिनेट की बैठक में भूपेश सरकार ने लिया था. इस मामले को लेकर भाजपा ने सरकार पर जमकर निशाना साधा था. पूर्व आईएएस और भाजपा नेता ओपी चौधरी ने भी सरकार के इस निर्णय पर कई सवाल उठाए थे.
नई दिल्ली । देश में जहां पाकिस्तान के खिलाफ वायुसेना की एयर स्ट्राइक में मारे गए आतंकियों की संख्या को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है वहीं वायुसेना ने कहा है कि उसने मारे गए आतंकियों की संख्या को लेकर कुछ नहीं कहा है।
सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए वायुसेना चीफ बीएस धनोआ ने एयर स्ट्राइक से जुड़े कईं सवालों का जवाब देते हुए साफ कहा कि वायुसेना यह गिनती है कि उसने दुश्मन के कितने ठिकानों को निशाना बनाया, मारे गए आतंकियों के शव नहीं।
वहीं विपक्षी दलों और पाकिस्तान द्वारा एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाए जाने और यह दावा किए जाने कि वायुसेना के ऑपरेशन में आतंकियों की बजाय पेड़ों को नुकसान पहुंचा है। एयरफोर्स चीफ ने कहा कि अगर जंगल में बम गिरे होते तो पाकिस्तान जवाब नहीं देता। हमारा हमला सही निशाने पर लगा और इसी का नतीजा है कि पाकिस्तान का जवाब आया। निशाने तबाह हुए तभी तो पाकिस्तान बौखलाया।
पाकिस्तान से लौटे विंग कमांडर अभिनंदन को लेकर उन्होंने कहा कि उनका फिलहाल इलाज जारी है। वो फिर से उड़ेंगे या नहीं यह उनकी रिपोर्ट्स पर निर्भर है। एजेक्ट के बाद शरीर को बड़ा झटका लगता है इसलिए उनके टेस्ट जारी हैं। रिपोर्ट्स अगर ठीक आती हैं तो वो अभिनंदन जल्द ही उड़ान भरने के लिए लौटेंगे।

खरगोन । उज्जैन में प्रवाहित होने वाली शिप्रा नदी से वे दुर्लभ सिक्के मिले हैं, जिनमें शिव विवाह के दृश्य को अंकित किया गया है। शहर का एक युवक सिक्के एकत्रित करने का शौकीन है। हजारों सिक्कों में इनके पास शिव विवाह व अन्य दृश्यों के सिक्के शामिल हैं।
मुद्रा संग्राहक मिलन कुमार महाजन (36) ने बताया कि उनके पास भगवान शिव से जुड़े 40 से अधिक प्राचीन दुर्लभ सिक्के हैं। शिव-पार्वती विवाह का प्राचीन सिक्का उन्होंने उज्जैन के एक व्यक्ति से लिया था, जो शिप्रा से निकला था। इस सिक्के पर भगवान शिव और पार्वती साथ में हैं। यह पहली शताब्दी का है। इसके अलावा उनके पास ऐसे सिक्के हैं, जिन पर भगवान शिव, नंदी, त्रिशूल, डमरू, बिल्वपत्र आदि अंकित हैं। उनके पास चोल, पांड्य, मौर्य, शुंग, कुषाण राजवंश सहित अवंति, पुरु जनपद और गुजरात, मालवा, दिल्ली, बहमनी सल्तनत काल के भी सिक्के हैं।
180 देशों की मुद्राओं का संग्रह
मिलन ने बताया कि उन्होंने 180 देशों की मुद्राओं का संग्रह किया है। इनके अलावा भारत सहित कई देशों के पुराने सिक्के हैं। बचपन में उन्हें दादाजी ने ब्रिटिश इंडिया कंपनी का सिक्का दिया था। तभी से वे शौकिया तौर पर इस कार्य में जुटे हैं। इंदौर, भोपाल, रतलाम आदि स्थानों पर घूमकर उन्होंने मुद्राएं एकत्रित की है। उन्हें इंदौर में आयोजित मुद्रा उत्सव में सम्मानित किया जा चुका है। वे नई पीढ़ी को इतिहास व सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराने के लिए यह कर रहे हैं।
महाकाल के समर्पित थे ये सिक्के
पहली सदी में उज्जयनी में ऐसे सिक्के प्रचलित थे जो महाकालेश्वर मंदिर में मनाए जाने वाले महाशिवरात्रि पर्व को समर्पित थे। इन पर शिव और पार्वती का मानवीय रूप अंकित किया गया। शिप्रा तट पर शिव-पार्वती एक-दूसरे का हाथ पकड़कर खड़े हैं। विवाह के लिए जाते समय स्त्री पुरुष के दाहिनी ओर ही खड़ी रहती है। शादी के बाद वामांगी हो जाती है। पुराणों में इसे शिव-पार्वती का कल्याण सुंदर रूप कहा गया है- डॉ. आरसी ठाकुर, अध्यक्ष, अश्विनी शोध संस्थान, महिदपुर
रायपुर । महाशिवरात्रि के मौके पर देशभर में भगवान शिव शंकर की पूजा-अर्चना हो रही है। श्रद्धालु अपने घरों और मंदिरों में भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा कर रहे हैं। महाशिवरात्रि के मौके पर देशभर में भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं। इस मौके पर सीएम भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने ट्टिटर पर लिखा है ” समस्त प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की अनंत शुभकामनाएं। भगवान महादेव की कृपा आप सब पर बनी रहे।
वहीं पूर्व सीएम रमन सिंह ने भी प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दी है। रमन सिंह ने ट्विटर पर लिखा है ” सौराष्ट्र से काशी तक अनेक नाम एवं रूप में विराजित त्रिकालदर्शी प्रभु भोलेनाथ अपने नाम के अनुरूप निश्छल हैं। आज महाशिवरात्रि के अवसर पर कैलाशपति भगवान शंभू से प्रार्थना करता हूँ कि अपना आशीष सदैव छत्तीसगढ़ पर बनाए रखें। हर हर महादेव।
रायपुर । राजधानी के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्विद्यालय में आज 24वां दीक्षांत समारोह पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडोटोरियम में आयोजित किया गया। जहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छात्रों को उनकी डिग्री दी। दीक्षांत समारोह में 105 से ज्यादा विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल और 340 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाद्यि दी गई।
अपने नियत समय सुबह 10 बजे आयोजित दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, पूर्व गवर्नर गोपाल कृष्ण गांधी, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल शामिल हुए।
वहीं दीक्षांत समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा, भगवान शिव ने जहां योग, संगीत और नृत्य सिखाया वहीं उद्यमिता की भी सीख दी है। उन्होंने कहा गांधी जी ग्रामीण भारत की बात करते थे, यह देश गांव में बसता है। इसलिए हमने चार चिन्हारी नरवा-गरुवा-घुरुवा-बारी का नारा दिया है।
सीएम बघेल ने कहा डिग्री मिलने के बाद सबसे बड़ी समस्या रोजगार की होती है। युवाओं के सामने रोजगार बढ़ी चुनौती है। इसलिए एक साल के अंदर सॉफ्टवेयर पार्क, फुड पार्क प्रदेश में खोलेंगे। इतना ही नहीं युवाओं को स्वालंबन बनाने और रोजगार देने के लिए औषधी प्लांट खोला जाएगा ताकि यहां के लोगों को ज्यादा से ज्यादा रोजगार मिल सके। जो लोग स्वरोजगार करना चाहते हैं उनके लिए भी आगे संभावनाएं लाए जाएंगी।
बता दें वहीं दोपहर 3 बजे से कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय रायपुर का दीक्षांत समारोह शुरू होगा। जिसमें राज्यपाल के साथ उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, रायपुर ग्रामीण के विधायक शसत्यनारायण शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार ओम थानवी और महापौर नगर पालिक निगम रायपुर प्रमोद दुबे भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
रायपुर । रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र स्थित तोड़गांव में धमाके की खबर मिली है। बताया जा रहा है कि सोमवार की सुबह यहां एक बड़ा धमाका हुआ। धमाके की वजह से जमीन में गहरा गड्ढा हो गया। धमाके की आवाज सुनकर मौके पर सभी ग्रामीण पहुंच गए और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। धमाके के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार धमाका जिस दौरान हुआ उस दौरान वहां से हेलीकॉप्टर काफी नीचे से गुजरा था। ग्रामीणों को शक है कि कहीं ऊपर से बम तो नहीं गिरा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।