Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Author: admin
panchayattantra24.-दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की वेबसाइट सोमवार को हैक हो गई। पाकिस्तानी हैकर्स ने डीयू की वेबसाइट को हैक कर पीएम मोदी को गाली लिखी पोस्टर अपलोड कर दिया। जब छात्रों ने वेबसाइट खोली तो सामने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे चिपके नजर आए।
हैकर्स ने पोस्ट डालकर भारत का मजाक उड़ाया। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिससे विश्वविद्यालय प्रशासन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। हर बार की तरह इस बार भी न तो विश्वविद्यालय प्रबंधन को इसकी भनक लगी और न ही वेबसाइट संभालने वाली निजी एजेंसी को। छात्रों ने जब वेबसाइट खोली तब जाकर खुलासा हुआ।
परीक्षा रिजल्ट और एडमिशन से जुड़ा हर काम इसी वेबसाइट पर निर्भर है। लगातार हैकिंग से छात्रों को बार-बार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार शाम तक वेबसाइट हैकर्स के कब्जे में रही। शाम के बाद इसे सुधारा गया। इस बीच वेबसाइट के स्क्रीन शॉट तेजी से वायरल हो गए। छात्रों का कहना है कि, ये सिर्फ पढ़ाई का मामला नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा से भी जुड़ा सवाल है।

panchayattantra24.-रायपुर। विशेष बच्चों की शिक्षा, संस्कार और आत्मनिर्भर जीवन की ओर बढ़ते कदम पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज ये बातें कहीं। श्रीमती राजवाड़े विश्रामपुर स्थित ज्ञानोदय श्रवण बाधित विशेष विद्यालय की 30वीं वर्षगांठ पर आयोजित भव्य समारोह को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार विशेष बच्चों की शिक्षा, प्रशिक्षण और पुनर्वास के लिए निरंतर प्रयासरत है। समाज और परिवार के सहयोग से ही इन बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सकता है। श्रीमती राजवाड़े ने विद्यालय परिवार को हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय का अवलोकन किया और शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी भी प्राप्त की। मंत्री ने विद्यालय की तीन दशक की सेवाओं को सराहते हुए कहा कि ज्ञानोदय विद्यालय ने विशेष बच्चों के लिए शिक्षा और संस्कार का एक मजबूत आधार तैयार किया है, जिसकी चमक आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचेगी।
कार्यक्रम में नगर के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अभिभावक तथा विद्यालय परिवार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। उनके आत्मविश्वास और प्रतिभा ने वातावरण को प्रेरणादायी बना दिया। विद्यालय की 30 वर्ष की गौरवशाली यात्रा को समाजसेवियों और अभिभावकों ने भी सराहा और भविष्य में इसे और सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
मुख्यमंत्री सौर ऊर्जा जागरूकता और प्रोत्साहन अभियान में हुए शामिल, उत्कृष्ट वेंडरों को किया सम्मानित
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत राज्य सरकार की 1.85 करोड़ रुपये की सब्सिडी का ऑनलाइन अंतरण
मुख्यमंत्री ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में व्यापक जागरूकता के लिए सूर्य रथ को दिखाई हरी झंडी

panchayattantra24.-रायपुर। प्रदेश में सौर ऊर्जा के उपभोक्ता अब केवल ऊर्जा उत्पादक ही नहीं, बल्कि ऊर्जा दाता भी बन रहे हैं। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जैसी महत्वाकांक्षी पहल के माध्यम से प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा के लक्ष्य की प्राप्ति के संकल्प को तीव्र गति से पूर्ण करने की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित सौर ऊर्जा जागरूकता और प्रोत्साहन अभियान को संबोधित करते हुए यह बात कही।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर सौर ऊर्जा के फायदों, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और इसके अंतर्गत मिलने वाली सब्सिडी के विषय में लोगों को जानकारी देने और जागरूक करने के उद्देश्य से सूर्य रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने 618 उपभोक्ताओं के खातों में प्रत्येक को 30 हजार रुपये की दर से कुल 1.85 करोड़ रुपये की राज्यांश सब्सिडी का ऑनलाइन अंतरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और लगातार बढ़ता प्रदूषण हम सभी के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2070 तक नेट-जीरो कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य निर्धारित किया है और छत्तीसगढ़ इस लक्ष्य की प्राप्ति में पूरे समर्पण और क्षमता के साथ अपनी भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देते हुए हॉफ बिजली बिल से आगे बढ़ते हुए मुफ्त बिजली की ओर ले जाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने इसे हर्ष का विषय बताते हुए कहा कि प्रदेशवासी इस योजना के महत्व को समझते हुए स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आमजन से आग्रह किया कि वे अपने आसपास के लोगों को भी इस योजना से जोड़ें और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में प्रदेश को अग्रसर बनाने में योगदान दें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उपभोक्ताओं को सब्सिडी उपलब्ध करा रही हैं। साथ ही बैंकिंग व्यवस्था के माध्यम से आसान वित्तीय सुविधा भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उपभोक्ताओं को पूर्ण रूप से मुफ्त बिजली का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत आज लाभार्थियों को लेटर ऑफ अवार्ड प्रदान किए गए हैं। इन योजनाओं से उपभोक्ता स्वयं सौर ऊर्जा का उत्पादन कर बिजली का विक्रय कर रहे हैं और साथ ही सस्ती बिजली का लाभ भी प्राप्त कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने सौभाग्य योजना के माध्यम से हर घर बिजली पहुँचाने का संकल्प लिया था। उस समय देश के 18 हजार गाँव अंधेरे में थे और आज उन सभी गाँवों तक बिजली पहुँच चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अब देश स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ में बिजली उत्पादन क्षमता केवल 1,400 मेगावाट थी, जबकि आज प्रदेश 30,000 मेगावाट का उत्पादन कर रहा है और पड़ोसी राज्यों को भी बिजली उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने बताया कि नई उद्योग नीति के अंतर्गत ऊर्जा क्षेत्र में 3.50 लाख करोड़ रुपये के एमओयू संपादित हुए हैं और आने वाले समय में प्रदेश की ऊर्जा उत्पादन क्षमता और भी बढ़ जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाएँ और स्वच्छ ऊर्जा के लक्ष्य की प्राप्ति में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएँ।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के समक्ष राजनांदगांव से आए कक्षा 12वीं के छात्र श्री प्रथम सोनी ने सौर ऊर्जा की विशेषताओं और शासन द्वारा इसे बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘इम्पैक्ट ऑफ डिस्ट्रीब्यूटेड रिन्यूएबल एनर्जी ऑन ग्रिड स्टेबिलिटी’ तथा ‘एग्रीवोल्टाइक्स परफार्मर हैण्डबुक’ का भी विमोचन किया।
इस अवसर पर पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में विशेष भूमिका निभाने वाले उत्कृष्ट वेंडरों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विधायक श्री मोतीलाल साहू, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, क्रेडा के चेयरमैन श्री भूपेंद्र सवन्नी, ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, क्रेडा के सीईओ श्री राजेश राणा, भारतीय सौर ऊर्जा महासंघ के अध्यक्ष श्री सुमन कुमार, तीनों पॉवर कंपनी के प्रबंध निदेशक सहित बड़ी संख्या में सौर ऊर्जा के उपभोक्ता उपस्थित थे।
panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ गया। जशपुर जिले के पाँच जनजातीय युवा पर्वतारोही हिमाचल प्रदेश स्थित दुहंगन ग्लेशियर क्षेत्र के लिए रवाना हो गए हैं। यह 18 दिवसीय उच्च हिमालयी प्रशिक्षण एवं पर्वतारोहण अभियान केवल साहस और रोमांच का अनुभव ही नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के उस विज़न का हिस्सा है, जिसके तहत उन्होंने जनजातीय युवाओं को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने और उन्हें वैश्विक पहचान दिलाने का संकल्प लिया है।
जशपुर से निकलकर हिमालय की चोटियों तक
साजन टोप्पो, संजीव कुजूर, प्रतीक एक्का, मनीष नायक और अजीत लकड़ा यह पाँचों युवा जशपुर की जनजातीय पृष्ठभूमि से आते हैं। इनका हिमालय की ओर बढ़ता साहसिक कदम यह साबित कर रहा है कि गाँव और जंगल की मिट्टी से निकले सपने भी दुनिया की सबसे कठिन चोटियों को छू सकते हैं। यह अभियान न केवल जशपुर, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणादायी संदेश है कि अवसर और जज़्बा हो तो कोई मंज़िल दूर नहीं।
मुख्यमंत्री का आशीर्वाद और राज्य सरकार का सहयोग
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने रवाना होने से पूर्व पर्वतारोहण टीम को शुभकामनाएँ और आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के जनजातीय युवाओं की ऊर्जा और क्षमता को वैश्विक मंच तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता है। राज्य सरकार के सहयोग और प्रतिष्ठित राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के मार्गदर्शन से यह अभियान संभव हो पाया है।
अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहियों का साथ
इस यात्रा में स्पेन, अमेरिका और भारत के विख्यात पर्वतारोही और गाइड टीम के साथ रहेंगे। युवा पर्वतारोही बर्फीली चोटियों, ग्लेशियरों और दुर्गम चट्टानों पर चढ़ाई करते हुए नए पर्वतारोहण मार्गों को तलाशेंगे। यह अनुभव आगे चलकर छत्तीसगढ़ के युवाओं को प्रोफेशनल एडवेंचर स्पोर्ट्स और साहसिक पर्यटन की दिशा में सशक्त करेगा।
यह टीम हिमालय की ऊँचाइयों तक पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ भारत मिशन का संदेश लेकर जाएगी। अभियान की शुरुआत से पहले पर्वतारोहियों ने जशपुर के प्रसिद्ध मधेश्वर धाम में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
यह केवल हिमालय की चढ़ाई नहीं, बल्कि जनजातीय युवाओं की शक्ति, मुख्यमंत्री के विज़न, पर्यावरणीय जागरूकता और रोमांच का संगम है। आने वाली पीढ़ियों के लिए यह एक प्रेरणा बनेगा कि यदि हौसला बुलंद हो तो न केवल हिमालय, बल्कि सपनों की हर ऊँचाई को छुआ जा सकता है।

panchayattantra24.-सुकमा। गरीबी और कठिनाइयों से जूझ रही सुकमा जिले के गादीरास पंचायत निवासी मुन्नीबाई पेद्दी पति पेंटा पेद्दी की ज़िंदगी में प्रधानमंत्री आवास योजना ने नई रोशनी भर दी है। पहले जहां उनका परिवार मिट्टी की कमजोर झोपड़ी में रहता था, वहीं अब वे अपने दो कमरों के पक्के मकान में गरिमा और सुरक्षा के साथ जीवन जी रही हैं। मुन्नी बाई, जो परिवार की मुखिया हैं, मेहनत-मजदूरी और खेती-किसानी से बच्चों का पालन-पोषण करती रही हैं। पुराने कच्चे घर में हर मौसम उनके लिए चुनौती था। बरसात में टपकती छत, गर्मी में तपता टीन, और सर्दियों में कड़कड़ाती ठंड। बच्चों को कई बार बरसात में भीगकर बीमार होना पड़ता था।
वर्ष 2024-25 में जब सरपंच ने उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी दी और आवेदन करवाया, तब उनकी उम्मीदों को नए पंख मिले। योजना के तहत स्वीकृत राशि से उन्होंने एक पक्का मकान तैयार कराया, जिसमें रसोईघर, शौचालय और बिजली की सुविधा भी है। खुशी से झूमती हुई मुन्नी बाई कहती हैं पहले हमारा घर सिर्फ बारिश और धूप से बचाव के लिए था, अब ये हमारे आत्मसम्मान की पहचान बन गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद कि उन्होंने हमें पीएम आवास बनवाने के लिए राशि प्रदान की। यह कहानी सिर्फ मुन्नी बाई की नहीं, बल्कि सुकमा जैसे दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में निवासरत हजारों परिवारों की कहानी है जिन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना ने कच्चे घर से पक्के घर तक का सफर तय कराया है। जिला प्रशासन का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य सिर्फ छत उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों के जीवन में सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व की नींव रखना है।
panchayattantra24.-बलौदाबाजार। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने रविवार को बलौदाबाजार प्रवास के दौरान ग्राम पंचायत सकरी में 49.9 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया। विकास कार्यों में 16 लाख रुपए की लागत से किसान कल्याण उत्पादक सह समिति कार्यालय का भूमिपूजन एवं 5 लाख रुपए की लागत से गली क्रांकिटीकरण,3 लाख रुपए की लागत से रंगमंच निर्माण (महामाया मंदिर),6.9 लाख रुपए की लागत से योगा शेड का निर्माण,16 लाख रुपए की लागत से महतारी सदन, 3 लाख रुपए की लागत से रंगमंच भवन निर्माण (बाजार चौक) का लोकार्पण शामिल है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि हमारी सरकार शहर एवं गांव में विकास कार्य को आगे बढ़ा रही है। जनता से किये गये वायदे को कम समय में ही पूरा किया गया है। सरकार के जनहितैषी निर्णय से प्रदेश में चारों तरफ समृद्धि और खुशहाली है। महतारी सदन में समूह की महिलाएं बैठक एवं अन्य सामुदायिक कार्यक्रम का आयोजन कर सकेंगी। विकास के कार्य निरंतर जारी रहेगा, हम सभी को गांव के विकास में सहभागी बनना होगा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।
panchayattantra24.-रायपुर। सर्किट हाउस कर्मचारी के साथ वन मंत्री की कथित गाली-गलौच और मारपीट का विरोध करते हुए शहर जिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को राजधानी में प्रदर्शन किया। वे केदार के इस्तीफे और हटाए जाने की मांग को लेकर मंत्री निवास घेरने निकले। इस दौरान पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा जवानों के साथ मारपीट की और बंगले में तोड़फोड़ भी की। इसमें एक महिला सुरक्षा कर्मी को सिर पर चोट आई जिसे सहकर्मियों ने अस्पताल पहुंचाया। वहीं कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पुलिस ने उनके कार्यकर्ताओं पर भी हमला किया।
भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि चरण दास महंत जी ने बताया था कांग्रेसी चमचे है?गुंडागर्दी भी करते है तोड़फोड़ भी करते है उपद्रवी है नहीं बताया था।क्या हार की निराशा इंसान को ऐसा बना देती है,महिला पुलिस कर्मी से बदतमीजी और हिंसा साथ ही मंत्री के कार्यालय में की गई तोड़फोड़ निंदनीय है। कांग्रेस का यह कृत्य घृणित कृत्य है। प्रदर्शन के नेतृत्व कर्ता पूर्व विधायक जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे उधोराम वर्मा ने बताया कि शहर कांग्रेस भवन से निकले कांग्रेस के कार्यकर्ता पुलिस ने बलपूर्वक रोकने का प्रयास किया और बैरिकेटिंग लगाकर मोतीबाग के पास रोका कांग्रेस के नेताओं को चोटे भी आई।
panchayattantra24.-रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय की एक टीम सोमवार दोपहर शंकर नगर स्थित पीसीसी मुख्यालय राजीव भवन पहुंची। बताया गया कि इसमें शामिल अफसरों ने महामंत्री प्रशासन मलकीत सिंह गैदू से मुलाकात की, और उन्हें एक चालान की कॉपी सौंपी। इसमें सुकमा जिला कांग्रेस भवन के निर्माण को लेकर तथ्यों का उल्लेख है। इस भवन के निर्माण में हुए खर्च को लेकर ईडी ने पीसीसी से लिखित में हिसाब भी मांगा था। यह हिसाब महामंत्री गैदू ने ही ईडी को सौंपा था। यहां बता दें कि इस भवन को ईडी ने अटैच कर रखा है। ईडी के मुताबिक इस भवन का निर्माण कांग्रेस काल में हुए शराब घोटाले से प्राप्त राशि से किया गया था। तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा की निगरानी में भवन का निर्माण हुआ था। कवासी इस समय ईडी की गिरफ्त में आने के बाद रायपुर जेल में हैं। ईडी ने पूछा है कि सुकमा जिले के कांग्रेस कार्यालय के निर्माण में लगे पैसों कहां से आए? पीसीसी से पैसा जारी किया गया है क्या? यदि ऐसा हुआ है तो रकम कब और कैसे दी गई है।
panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रगति को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि देश देख रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास के मूल मंत्र पर लगातार कार्य कर रहे हैं और 140 करोड़ नागरिकों की चिंता कर रहे हैं। साय ने दावा किया कि बीते 11 वर्षों में भारत ने आर्थिक क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाई है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब देश आर्थिक रूप से स्थिर पड़ गया था और वैश्विक स्तर पर 10वें स्थान पर था। लेकिन नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत लगातार प्रगति करता गया और आज चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व स्तर पर भारत का सम्मान जिस तरह से बढ़ा है, वह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आज भारत न केवल आर्थिक क्षेत्र में बल्कि वैश्विक मंचों पर भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। साय ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी नीतियों के कारण भारत पिछड़ रहा था, लेकिन 2014 के बाद मोदी सरकार की प्राथमिकताओं और योजनाओं ने देश को नई दिशा दी है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि आज देश की विकास दर, निवेश माहौल और बुनियादी ढांचे में सुधार ने भारत को दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल कर दिया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्रों में योजनाओं के जरिए समाज के हर वर्ग को जोड़ने का काम किया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत आज तकनीकी, स्टार्टअप्स, डिजिटल सेवाओं और अंतरराष्ट्रीय व्यापार में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता और निर्णायक नीतियों को दिया। साय ने कहा कि दुनिया भर में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ने से विदेशी निवेशकों का भरोसा भी मजबूत हुआ है और इसका सीधा फायदा देश की अर्थव्यवस्था को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत और तेजी से प्रगति करेगा और वैश्विक मंच पर अग्रणी भूमिका निभाएगा।

panchayattantra24.-भिलाई। दुर्ग पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 388 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपये है। इसके अलावा कंटेनर वाहन और अन्य सामान की कीमत मिलाकर कुल जुमला 1 करोड़ 53 लाख रुपये का माल पुलिस ने कब्जे में लिया। इस कार्रवाई में तीन अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जिले में नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए भिलाई पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशानुसार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 7 सितंबर को मुखबीर से सूचना मिली कि कंटेनर वाहन क्रमांक NL01-AH-9524 अवैध रूप से गांजा लेकर रायपुर से दुर्ग की ओर आ रहा है।
सूचना के अनुसार पुलिस टीम ने टोल प्लाजा कुम्हारी पर नाकेबंदी की। जब कंटेनर वाहन रोककर पूछताछ की गई, तो चालक ने अपना नाम उमेश यादव, पिता शोभित यादव, उम्र 46 साल, निवासी जय नगर जिला मधुबनी, बिहार बताया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि कंटेनर आमतल्ला कोलकाता, पश्चिम बंगाल से सामान लेकर गुजरात के लिए निकला था। रास्ते में देवघर, उड़ीसा में परिचित राहुल से मुलाकात हुई, जिसने 13 बोरी गांजा नागपुर में शाहिद के पास छोड़ने को कहा। प्रत्येक बोरी के लिए 5000 रुपये देने की बात कही गई। उमेश यादव ने बताया कि कंटेनर लॉक होने के कारण उसने कंटेनर का नट निकालकर गेट खोला और गांजा भरकर नागपुर ले गया। इससे पहले भी एक खेप गांजा नागपुर के शाहिद के पास छोड़ी जा चुकी थी।
कार्यपालिका मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कंटेनर की तलाशी ली गई। तलाशी में कंटेनर के पीछे हिस्से में 13 प्लास्टिक बोरी रखी मिली। बोरी खोलने पर इनमें पॉलिथिन पैकेट में पैक 388 पैकेट गांजा पाए गए, जिनका कुल वजन 3 क्विंटल 88 किलोग्राम है। इसके अलावा कंटेनर में नगदी 95 हजार रुपये और अन्य सामान मिला। कुल कीमत के आधार पर जब्त माल की कीमत 1 करोड़ 53 लाख रुपये है। अभियुक्त की निशानदेही पर थाना कुम्हारी और एसीसीयू की संयुक्त टीम नागपुर गई और वहां ट्रेप लगाकर अन्य आरोपी मुस्ताक अहमद और फयाज अंसारी को गिरफ्तार किया। मामले में आवश्यक कार्यवाही अपराध दर्ज कर थाना कुम्हारी से की जा रही है। पुलिस ने बताया कि यह मामला अपराध क्रमांक 172/2025, थाना कुम्हारी, धारा 20 (B) iiC, 25, 27 (a) एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं: उमेश यादव, उम्र 46 साल, जिला मधुबनी, बिहार। मुस्ताक अहमद, उम्र 34 साल, जिला नागपुर, महाराष्ट्र। फयाज अंसारी, उम्र 24 साल, जिला नागपुर, महाराष्ट्र। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अंतर्राज्यीय गिरोह के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही थी। आरोपी भोले-भाले लोगों को प्रलोभन देकर इस धंधे में फंसाते थे। गिरफ्तार आरोपी नागपुर में मादक पदार्थ खरीदी और सप्लाई का काम करते थे। पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई न केवल अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि नशे के व्यापार को रोकने और समाज में सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी सहायक साबित होगी। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पहले से ही पुलिस की निगरानी में थे और उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत जुटाए गए थे।
अब आगे की जांच में यह पता लगाया जाएगा कि इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्य कौन हैं और गांजा सप्लाई का नेटवर्क कितना बड़ा था। भिलाई पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कार्रवाई के दौरान मिले सभी साक्ष्य कानूनी रूप से मान्य हैं। पुलिस का कहना है कि अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी रोकने के लिए विभिन्न राज्यों के पुलिस विभागों के साथ सहयोग किया जा रहा है। इससे न केवल अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा, बल्कि नशे के खिलाफ जागरूकता भी बढ़ेगी।