Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Author: admin
panchayattantra24.- धमतरी। बाइक को लेकर बड़े भाई ने कैंची से छोटे भाई पर हमला कर दिया। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोरिद शांति चौक निवासी आरोपी तेजराम देवांगन उर्फ चुक्कू पिता स्व. रामकुमार देवांगन उम्र 35 वर्ष का अपने छोटे भाई चंद्रकांत उर्फ पिंटू से मोटरसाइकिल को लेकर अक्सर विवाद होता था। बताया गया कि चंद्रकांत अक्सर आरोपी का मोटरसाइकिल मांगकर ले जाता था और उसे खराब हालत में वापस करता था। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कई बार विवाद हो चुका था।
06.09.2025 की रात लगभग 10:30 बजे इसी विवाद के चलते आरोपी तेजराम ने अपने छोटे भाई चंद्रकांत पर घर में रखी कैंची से पेट और पीठ पर हमला कर गंभीर चोटें पहुँचाई और घटना के बाद मौके से फरार हो गया। सूचना पर थाना कोतवाली पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गवाहों की उपस्थिति में घटना में प्रयुक्त कैंची जप्त की गई। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 109 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। आरोपी नाम – तेजराम देवांगन उर्फ चुक्कू पिता का नाम – स्व. रामकुमार देवांगन उम्र – 35 वर्ष निवासी- सोरिद शांति चौक, थाना सिटी कोतवाली धमतरी, जिला धमतरी (छ.ग.)

panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व सदस्य आनंद नगर निवासी रंजन दयाल (80 वर्ष) का सोमवार को निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार सेंट पॉल्स कैथेड्रल की की प्रभु वाटिका में आज शाम चार बजे किया जाएगा। वे स्व. सरोज दयाल के पति थे। वे संदीप दयाल और सोनिया ठाकुर के पिता तथा स्मिता दयाल के ससुर थे। बता दें कि रंजन दयाल पूर्व सीएम अजीत जोगी के कट्टर समर्थक थे, वे पहले कांग्रेस पार्टी के दमदार नेता माने जाते थे। ईसाई समुदाय के साथ रंजन दयाल की अच्छी पकड़ थी।

panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के पुलिस लाइन स्थित रायपुर की पहली महिला विधायक एवं समाजसेवी स्वर्गीय रजनी ताई उपासने के निवास पहुँचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने रजनी ताई उपासने के योगदानों का पुण्य स्मरण किया तथा शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, संतोष शर्मा, जगदीश उपासने सहित परिजन उपस्थित थे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि रजनी ताई का निधन पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
आपातकाल के कठिन दौर में उन्होंने जिस साहस और धैर्य का परिचय दिया, वह प्रेरणादायी है। अपने कार्यकाल में उन्होंने जनता के हितों और रायपुर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। सादगी, ईमानदारी और समाज से गहरे जुड़ाव के कारण उन्हें विशिष्ट पहचान मिली। वे महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए निरंतर सक्रिय रहीं। श्री साय ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उल्लेखनीय है कि रायपुर की पहली महिला विधायक और समाजसेवी रजनी ताई उपासने का हाल ही में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वर्ष 1977 में जनता पार्टी से चुनाव जीतकर उन्होंने इतिहास रचते हुए रायपुर की पहली महिला विधायक बनने का गौरव प्राप्त किया। उस दौर में जब राजनीति में महिलाओं की भागीदारी सीमित थी, ऐसे समय में जनता का विश्वास जीतना उनके साहस और संघर्ष का प्रतीक था।
panchayattantra24.-रायपुर/दिल्ली। भारत के शहरों को स्वच्छ, स्वस्थ और टिकाऊ बनाने के संकल्प के साथ रविवार को नई दिल्ली में एक अभूतपूर्व कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना,टी वी मुक्त भारत अभियान,सांसद खेलों महोत्सव कार्यक्रम, बालक संस्कृति सफ़र तथा सांसद क्षेत्र में सक्रियता के नवाचार पूर्ण विचारों सहित विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा हुई। बैठक में शहरी क्षेत्र की विकास योजनाओं सहित सांसदों द्वारा किए गए अनुकरणीय कार्यों पर चर्चा की गई। रायपुर के सांसद और वरिष्ठ नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस सत्र में असम, बिहार, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखण्ड, तेलंगाना और राजधानी दिल्ली सहित 14 राज्यों के 41 माननीय सांसदों ने भाग लिया। कार्यशाला का मुख्य केंद्र ‘स्वच्छता’ रहा, जिसमें पिछले एक दशक में शहरी भारत के कायाकल्प की नींव रखने वाली सरकारी योजनाओं और शहरों द्वारा अपनाई गई सर्वोत्तम प्रथाओं पर संसद के बालयोगी सभागार में गहन विचार-विमर्श हुआ।
कार्यशाला का संचालन करते हुए, बृजमोहन अग्रवाल ने सभी उपस्थित सांसदों का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने कहा, “पिछले 10 वर्षों में हमने अपने शहरों को बदलते देखा है, एक ऐसा बदलाव जो अभूतपूर्व है। आज हम इसी सकारात्मक बदलाव की नींव और उस पर संरचित शहरों के विकास पर चर्चा करने के लिए एकत्रित हुए हैं। हमारा विशेष फोकस स्वच्छता पर रहेगा, जो एक स्वस्थ और समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला है।” चर्चा का पहला स्तंभ उन दूरदर्शी सरकारी योजनाओं पर केंद्रित रहा, जिन्होंने शहरी भारत के कायाकल्प की नींव रखी है।
स्वच्छ भारत मिशन (शहरी): 2 अक्टूबर 2014 को शुरू हुए इस जन आंदोलन ने देश की तस्वीर बदल दी है। जहां 2014 में कचरा प्रसंस्करण मात्र 18% था, आज यह 75% से अधिक हो गया है। मिशन ने खुले में शौच से मुक्ति (ODF), ODF+, ODF++ और Water+ जैसे उन्नत प्रमाणन प्रोटोकॉल के माध्यम से स्वच्छता को एक स्थायी आदत बनाया है। 100% घर-घर कचरा संग्रहण, स्रोत पर पृथक्करण और पुराने डंपसाइटों के उपचार ने शहरों को कचरे को संसाधन में बदलने की राह दिखाई है। ‘स्वच्छता ऐप’ जैसे डिजिटल नवाचारों और ‘स्वच्छ सर्वेक्षण’ जैसी प्रतिस्पर्धी पहलों ने इस मिशन को नई ऊंचाइयां दी हैं। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP): पर्यावरण सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, यह कार्यक्रम 131 शहरों में वायु प्रदूषण को 2026 तक 40% तक कम करने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य के साथ काम कर रहा है।
पीएम-सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना: यह योजना आम नागरिक को ऊर्जा-उत्पादक बना रही है। 1 करोड़ घरों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली प्रदान करने के लक्ष्य के साथ, जुलाई 2025 तक 16.5 लाख से अधिक परिवार लाभान्वित हो चुके हैं और 58 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। टीबी मुक्त भारत अभियान: 2025 तक टीबी उन्मूलन के लक्ष्य के साथ, भारत ने महत्वपूर्ण प्रगति की है। 2015 से 2023 तक टीबी के मामलों में 17.7% और मृत्यु दर में 21.4% की कमी आई है, जो वैश्विक औसत से कहीं बेहतर है। यह अभियान न केवल एक सार्वजनिक स्वास्थ्य अनिवार्यता है, बल्कि देश के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए भी महत्वपूर्ण है।
इन राष्ट्रीय अभियानों के साथ-साथ, सांसदों ने अपने क्षेत्रों में सांसद खेल स्पर्धा (2018), तंदुरुस्त बालक स्पर्धा (2022) और सांस्कृतिक स्पर्धा जैसी पहलों के महत्व पर भी प्रकाश डाला, जो क्रमशः खेल, स्वास्थ्य और संस्कृति को जमीनी स्तर पर बढ़ावा दे रही हैं। कार्यशाला के समापन पर, बृजमोहन अग्रवाल ने सभी प्रतिभागी सांसदों और इस तरह के ज्ञान-साझाकरण सत्रों को संभव बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व का हृदय से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, “एक-दूसरे से सीखना हमारी सबसे बड़ी ताकत है। आज की चर्चा ने यह साबित कर दिया है कि जब हम एक साथ आते हैं, तो हम सर्वोत्तम समाधान ढूंढ सकते हैं। यह निरंतर और एकजुट सीखने की प्रक्रिया ही हमें एक स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत के हमारे साझा लक्ष्य की ओर ले जाएगी।” इसके अलावा छत्तीसगढ़ में तक्षशिला, नालंदा और विकसित भारत सहित अन्य अहम वैचारिक बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। प्रशिक्षण कार्यशाला को माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव, केन्द्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सहित 40 सांसदों ने भी दो दिवसीय कार्यशाला को संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसदों को विकसित भारत की दिशा में नए नए नवाचारों के साथ प्रोत्साहित भी किया। स्वच्छता अभियान, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, टीवी मुक्त भारत अभियान, सांसद खेलो-तंदुरुस्ती कार्यक्रम, बालक संस्कृति सफर तथा सांसद क्षेत्र में सक्रियता के नवाचारपूर्ण विचारों सहित विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा हुई। बैठक में शहरी क्षेत्रों की योजनाओं और विकास कार्यों के साथ-साथ सांसदों द्वारा किए गए अनुकरणीय कार्यों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही भविष्य में जनाधार बढ़ाने हेतु शहरी महानगरों और नगरों के सांसदों की सक्रिय भागीदारी को सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। प्रधानमंत्री जी ने सांसदों को उनके कार्यों को और प्रभावी बनाने के लिए प्रेरक सुझाव दिए। सूरत के सांसद मुकेश कुमार चंद्रकांत दलाल, बेंगलुरु सेंट्रल के सांसद पीसी मोहन,भुवनेश्वर की सांसद अपराजिता सारंगी ने भी नवाचार के अपने विचार साझा किया।
panchayattantra24.-महासमुंद। FIBA अंडर 16 वूमेंस एशिया कप 2025 का आयोजन मलेशिया में 13 से 19 सितम्बर 2025 तक आयोजित किया जाना है। जिसके लिए बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 10 अगस्त से 12 सितंबर 2025 तक नेशनल स्पोर्ट्स सेंटर चेन्नई में आयोजित है, जिसमें भारतीय अंडर 16 महिला राष्ट्रीय बास्केटबॉल टीम में छत्तीसगढ़ से महासमुंद जिले की दिव्या रंगारी पिता विनोद रंगारी का चयन हुआ है। भारतीय टीम का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर पश्चात् भारतीय टीम FIBA अंडर 16 वूमेंस एशिया कप 2025 सेरेम्बन मलेशिया में 13 से 19 सितम्बर तक आयोजित किया जाएगा। जिसमें भारतीय टीम साऊथ एशियन जोन की टीम से शामिल होगी। जिसके लिए 12 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की गई है। जिसमें छत्तीसगढ़ से महासमुन्द जिले की दिव्या रंगारी का चयन हुआ है। दिव्या के चयन होने से प्रदेश एवं जिले में खुशी की लहर देखी जा रहीं है।
इससे पहले अंडर 16 एशिया कप SABA क्वालिफायर बास्केटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन 12 से 15 जून 2025 तक मालदीप में आयोजित किया गया था। जिसमें भारतीय टीम ने बेहतर प्रदर्शन करने के साथ चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता एवं एशिया कप 2025 मलेशिया के लिए क्वालीफाई किया। भारतीय टीम में महासमुंद छत्तीसगढ़ से दिव्या रंगारी ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन किया। दिव्या रंगारी मिनी स्टेडियम महासमुंद में नियमित अभ्यास करते हुए राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शामिल होने के साथ ही इंडिया टीम में जगह बनाने में सफल रहीं हैं। महासमुंद जिले में बास्केटबॉल खेल का अभ्यास प्रतिदिन स्थानीय मिनी स्टेडियम महासमुंद में किया जाता है। जिसमें आसपास क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों एवं शहरी क्षेत्र के बच्चे शामिल होते हैं। जिले के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भागीदारी करने के साथ ही पदक जीतने में सफल रहे हैं।

panchayattantra24.-रायपुर. राजधानी रायपुर में आज रात गणेश विसर्जन झांकियां परंपरागत मार्ग से निकाली जाएगी. पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को छह सेक्टरों में बांट दिया है, जहां करीब 1800 जवान और अधिकारी तैनात रहेंगे. विसर्जन झांकी में पटाखों का इस्तेमाल भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. वहीं भीड़भाड़ वाले मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी, जिसकी पुलिस विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है. विसर्जन के दौरान भारी वाहनों को शहर की सीमा के बाहर रोका जाएगा. झांकियां शारदा चौक, जयस्तंभ चौक, कोतवाली चौक, सदरबाजार, कंकालीपारा और पुरानी बस्ती से गुजरते हुए लाखेनगर होकर रायपुरा महादेव घाट तक जाएंगी.
श्रद्धालु इस पूरे मार्ग पर पैदल ही पहुंच पाएंगे. उनके लिए अलग अलग जगह पाकिंर्ग स्थल तय किए गए हैं. महादेव घाट में प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद झांकियों में शामिल वाहन अमलेश्वर या भाठागांव होकर लौटेंगे. अगले दिन यानी 9 सितंबर को अमलेश्वर की ओर खारून नदी पुल से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी. इस दौरान अमलेश्वर की तरफ से आने वाले वाहन भाठागांव, काठाडीह और दतरेंगा मार्ग से निकल सकेंगे. वहीं, जीई रोड की ओर जाने वाले वाहनों को टाटीबंध तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग दिए गए हैं. शाम 7 बजे के बाद झांकी मार्ग पर आने वाले रास्तों को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया जाएगा. झांकियां राठौर चौक से गुरुनानक चौक और एमजी रोड होकर शारदा चौक पहुंचेंगी. यहां टोकन प्रणाली लागू की गई है. टोकन लेने के बाद ही झांकियों को जयस्तंभ चौक की ओर बढ़ने दिया जाएगा. तात्यापारा चौक से आने वाली झांकियों को भी एक-एक कर व्यवस्थित तरीके से रूट में प्रवेश कराया जाएगा.
panchayattantra24.-रायपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती राजवाड़े संबलपुर में करमा तिहार उत्सव में शामिल हुईंमहिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती राजवाड़े संबलपुर में करमा तिहार उत्सव में शामिल हुईं
छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपराओं और जनभावनाओं से जुड़े करमा तिहार पर्व का आयोजन सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत संबलपुर में हर्षाेल्लास और पारंपरिक रंग-रस के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
श्रीमती राजवाड़े ने क्षेत्रवासियों संग करमा पर्व के पारंपरिक गीतों और नृत्यों की छटा का आनंद लिया और ग्रामीणों को करमा तिहार की बधाई दी। उन्होंने कहा कि करमा तिहार भाईचारे, सामूहिकता और श्रम संस्कृति का पर्व है, जो हमारी ग्रामीण परंपराओं और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं, युवाओं और बच्चों को अपने सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान संबलपुर और आसपास के गांवों के कलाकारों द्वारा करमा नृत्य, पारंपरिक गीत और लोककला की प्रस्तुतियां दी गईं, जिनसे वातावरण उल्लास और उत्सव की भावना से सराबोर हो गया। ग्रामीणजनों ने मंत्री श्रीमती राजवाड़े का पारंपरिक स्वागत किया और कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
panchayattantra24.-रायगढ़। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन पर आज थाना छाल और थाना जूटमिल में कोटवारों की बैठक आयोजित की गई। थाना छाल में आयोजित बैठक में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी और थाना जूटमिल में आयोजित कार्यक्रम में निरीक्षक प्रशांत राव ने कोटवारों को नियमित रूप से थाना आने और गांव में होने वाली गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए निर्देशित किया। साथ ही उन्हें अपने गांव में होने वाले विवाद, संदिग्ध गतिविधियों और आपराधिक घटनाओं की सूचना समय पर देने पर बल दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कोटवार गांव और थाना पुलिस के बीच सेतु का कार्य करते हैं, इसलिए उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बैठक के अगले चरण में छाल थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने क्षेत्र के शिक्षकों, छात्रों, कोटवारों और समाजसेवियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों और सहयोग के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सम्मानित होने वालों में (1) शिक्षक परमानंद पटेल शा.उ.मा.वि. पुसल्दा (2) शिक्षक रंजीत तिर्की शा.उ.मा.वि. छाल (3) छात्र लक्ष्य दास महंत कक्षा 7 वीं हरिओम पब्लिक स्कूल छाल (4) छात्रा तनुजा चौहान कक्षा 7 वीं लात (छात्र) (5) कोटवार अनारदास महंत सिंघीझाप (6) कोटवार बोधदास ग्राम बंगरसुता (7) सीताराम राठिया, ग्राम कीदा (ट्रिपल मर्डर केश में सहयोग हेतु ) (8) ताराचंद राठिया, ग्राम गेरवानी विक्षिप्त महिला को उसके घर वालों से मिलवाने पर
(9) विजय राठिया स्वयं सेवी संस्था में विशेष योगदान। इसी प्रकार जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने भी कोटवारों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए क्षेत्र के स्वास्थ्यकर्मी, शिक्षक, छात्र-छात्राओं और पुलिस मित्रों को प्रशस्ति पत्र एवं मेमेंटो देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में 1) अस्रिता एक्का, महिला स्वास्थ्य संयोजक, आरोग्य मदिर (उप स्वास्थ्य केन्द्र) पटेलपाली 2) किरण यादव,महिला स्वास्थ्य संयोजक, आरोग्य मदिर (उप स्वास्थ्य केन्द्र) तरकेला
3) धरम सिंह नायक, सहायक शिक्षक शासकीय माध्यमिक विद्यालय तरकेला (विज्ञान अध्यापक) 4) लता महंत, सहायक शिक्षक केनापाली 5) कु. कोमल प्रधान, छात्रा(कक्षा 8वीं 89.83%) विद्यालय डूमरमुडा 6) नितेश मालाकार, छात्र (कक्षा 10वीं 81%) विद्यालय कोडातराई 7) हरिशंकर साव, पुलिस मित्र ग्राम कोड़ातराई 8) दुर्बीकानंद पटेल पुलिस मित्र ग्राम केनापाली 9) शिवदयाल सिदार, ग्राम कोटवार ग्राम तरकेला 10) पदमा बाई सिदार ग्राम कोटवार ग्राम केसला
panchayattantra24.-बलौदाबाजार। जिले के ग्राम पंचायत रवान में महतारी सदन निर्माण कार्य का भूमिपूजन आज हर्षाेल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस भवन का निर्माण 24 लाख 70 हजार रूपए की लागत से किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार गांव-गांव में विकास की रोशनी फैला रही है और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महतारी सदन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुमन योगेश वर्मा, उपाध्यक्ष शीतल घनश्याम वर्मा, रवान की सरपंच निकिता अक्षय भारती सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कक्षा 2 की छात्रा से अमानवीय बर्ताव,शिक्षिका नम्रता गुप्ता पर FIR, स्कूल प्रबंधन ने की बड़ी कार्रवाई
panchayattantra24.-अंबिकापुर। सीतापुर के प्रतापगढ़ स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में कक्षा 2 के छात्रा को पीटने वाली शिक्षिका नम्रता गुप्ता के खिलाफ सीतापुर पुलिस ने FIR दर्ज किया है। इसकी पुष्टि करते हुए सीतापुर एसडीओपी राजेंद्र मंडावी ने बताया कि प्रतापगढ़ स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल की शिक्षिका नम्रता गुप्ता ने कक्षा 2 की छात्रा समृद्धि गुप्ता को टॉयलेट जाने से नाराज होकर डंडे से पीटते हुए 100 से ज्यादा बार उठक-बैठक कराया था। जिससे बच्ची की हालत गंभीर हो गई थी और उसे ईलाज के लिए अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में एडमिट कराया गया है।
वहीं शिक्षिका नम्रता गुप्ता के इस करतूत से बच्ची अब चलने और खड़े होने में अक्षम है जहां परिजनों के रिपोर्ट पर शिक्षिका नम्रता गुप्ता के खिलाफ सीतापुर पुलिस थाने में धारा 295 115(2) 75 82 जेजे एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है और मामले की विवेचना पुलिस के द्वारा की जा रहीं है। आपको बता दें कि इस पूरे मामलें की खबर मिडिया में चलने के बाद शासन-प्रशासन हरकत में आया और पुलिस ने दोषी शिक्षिका नम्रता गुप्ता के खिलाफ FIR दर्ज कर किया है। वहीं इधर छत्तीसगढ़ जोन के डीएवी प्रबंधन ने शिक्षिका को स्कूल से हटाते हुए उसे इस सेवा से बर्खास्त करने का आदेश भी जारी कर दिया है और डीएवी पब्लिक स्कूल प्रतापगढ़ के प्राचार्य राजीव सिंह को फोर्स लीव यानी मामला दबाने की आशंका पर अनिश्चितकालीन अवकाश पर पर भेजा दिया है।