Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Author: admin
panchayattantra24.-नई दिल्ली: अमेरिका से टैरिफ वॉर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के किसानों के हक में बड़ा बयान दिया है. पीएम मोदी ने कहा है कि हमारे लिए किसानों के हितों की रक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. भारत किसानों, मछुआरों और डेयरी किसानों के हितों से कभी समझौता नहीं करेगा. मुझे पता है कि हमें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी और मैं इसके लिए तैयार हूं. भारत इसके लिए तैयार है…” नई दिल्ली में एम.एस. स्वामीनाथन शताब्दी अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती पर खर्च कम करने के लिए लगातार काम कर रही है.

panchayattantra24.-रायपुर। केन्द्रीय जेल रायपुर से श्री शोएब ढेबर पिता अनवर ढेबर को सभी प्रकार के मुलाकात से आगामी तीन माह के लिए प्रतिबंधित किया गया है। शोएब ढेबर द्वारा जेल अधिकारियों की अनुमति के बिना जबरदस्ती मुलाकात कक्ष में प्रवेश कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई, इस आधार पर यह प्रतिबंध लगाया गया है।
जेल अधीक्षक रायपुर द्वारा जारी आदेश अनुसार शोएब ढेबर ने अधिवक्ता मुलाकात के समय संबंधित अधिकारियों द्वारा मना किए जाने के बावजूद जबरन प्रवेश किया, जिससे जेल के सुरक्षा और संचालन व्यवस्था में अवरोध उत्पन्न हुआ। इस घटना की जांच उप जेल अधीक्षक एम.एन. प्रधान द्वारा की गई, जिनकी रिपोर्ट में पुष्टि की गई कि श्री शोएब ढेबर द्वारा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करना सत्य है। जेल नियमावली के नियम 690 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, केन्द्रीय जेल रायपुर के जेल अधीक्षक द्वारा आदेश जारी करते हुए श्री शोएब ढेबर को तीन माह तक किसी भी बंदी से किसी भी प्रकार की मुलाकात से प्रतिबंधित कर दिया गया है। जेल अधीक्षक ने कहा कि जेल परिसर की सुरक्षा एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए ऐसे कृत्यों को गंभीरता से लिया जाएगा और भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति रोकने हेतु कड़े कदम उठाए जाएंगे।

panchayattantra24.-रायपुर। राज्य शासन द्वारा प्रारंभ की गई शैक्षणिक युक्तियुक्तकरण नीति का असर अब सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है। दुर्ग जिले के धमधा विकासखंड के ग्राम तुमाखुर्द स्थित सरकारी प्राथमिक शाला में हाल ही तक एकमात्र शिक्षक के भरोसे स्कूल संचालित हो रहा था। विद्यालय में पहली से पांचवीं तक की कक्षाएं संचालित थी, लेकिन शिक्षक की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।
एक ही शिक्षक के भरोसे पांचों कक्षाओं का संचालन असंभव था। बच्चों की पढ़ाई नियमित नहीं हो पाती थी और धीरे-धीरे उपस्थिति भी घटने लगी थी। परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही थी, खासकर खुशबू जैसी छात्राओं के माता-पिता बेहद चिंतित थे, जो अपनी बच्ची को पढ़ाना चाहते थे लेकिन हालात साथ नहीं दे रहे थे।
ऐसे में शिक्षा विभाग द्वारा युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया के तहत इस विद्यालय में एक योग्य शिक्षक की पदस्थापना की गई, जिसने विद्यालय की तस्वीर ही बदल दी। अब बच्चों को नियमित कक्षाएँ, खेल, कविताएं और कहानियों के माध्यम से पढ़ाई का आनंद मिल रहा है। खुशबू बताती है कि अब स्कूल आना अच्छा लगता है, नई-नई चीजें सीखने को मिलती हैं और शिक्षक ढेर सारे खेल-कविताएं सिखाते हैं।
बदलते माहौल का असर बच्चों की उपस्थिति पर भी पड़ा है। अब यहां शत-प्रतिशत उपस्थिति देखी जा रही है। शिक्षक के समर्पण और बच्चों की जिज्ञासा ने मिलकर विद्यालय में एक नया उत्साह और उमंग भर दिया है। जो स्कूल कभी वीरान सा लगता था, वहां अब बच्चों की किलकारियां और सीखने की चहल-पहल साफ झलक रही है।
अभिभावकों को भी अब भरोसा है कि उनके बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और नियमित शिक्षा मिल रही है। राज्य शासन की यह नीति केवल शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण की पुनर्रचना नहीं, बल्कि ग्रामीण शिक्षा प्रणाली को मजबूती देने की दिशा में एक दूरदर्शी कदम है। खुशबू जैसी नन्हीं छात्राओं की मुस्कान इस बात की गवाही दे रही है कि शिक्षा अब हर गांव और हर बच्चे तक पहुँच रही है।
panchayattantra24.-महासमुंद। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार एवं लाभान्वयन हेतु 06 अगस्त को विद्युत वितरण विभाग द्वारा बीटीआई रोड स्थित विद्युत कंपनी परिसर में शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के महासमुन्द ग्रामीण वितरण केन्द्र परिसर में संपन्न हुआ। शिविर में अधीक्षण अभियंता (वृत्त) वाय. के. मनहर एवं कार्यपालन अभियंता (सं/स) पी. आर. वर्मा द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत अपने मकानों की छतों पर रूफटॉप सोलर पैनल अनिवार्य रूप से लगाने हेतु प्रेरित किया गया। उन्होंने इस महत्वाकांक्षी योजना के लाभ, पर्यावरणीय महत्व तथा दीर्घकालिक बचत की जानकारी भी साझा की। शिविर के दौरान लगभग 30 अधिकारियों-कर्मचारियों ने अपने घरों में रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित करने हेतु सहमति दी, जिससे स्पष्ट होता है कि यह योजना विभागीय कर्मचारियों के बीच भी उत्साहपूर्वक अपनाई जा रही है।
इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता एल. के. राठौर, मुक्तेश्वरी साहू, एस. के. लांझी, व्ही. के. टंडन, नरेन्द्र साहू, एम. एल. सिन्हा, सुरेश साहू, ए. के. ध्रुव, के. एल. निर्मलकर, वर्धमान आनंद उइके, अमर सिंह कंवर, गौतम राज, अनिल कश्यप, प्रखर कुमार चन्द्रवंशी, भूपेन्द्र कुमार साहू, प्रभात श्रीवास्तव, राजेश देवांगन, डोमार चन्द्राकर, अश्वनी तिवारी, कमलेश चन्द्राकर, कृष्ण कुमार तावेरकर, श्रीमती सुमित्रा जटवार, शैलेन्द्र भुवाल, श्रीमती राधा चन्द्राकर, झमित उइके, विकास गिरी गोस्वामी, अमित चन्द्राकर, रेणुका वर्मा, गिरजा साहू, सूरज वर्मा, भुनेश्वर पटेल, धनेश साहू, डिगेश पटेल, रेखुराम साहू सहित कुल 100 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
panchayattantra24.-रायपुर. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत पर 50% टैरिफ बढ़ाया है. इसे लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, प्रधानमंत्री इस पर बोल चुके हैं. वैसे ट्रंप से ऐसी उम्मीद नहीं थी, लेकिन हमारे पीएम, मंत्रिमंडल सब देख रहे. वहीं बिजली बिल हाफ योजना में बदलाव पर कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर सीएम साय ने कहा, बिजली बिल हाफ से हम मुफ्त बिजली की ओर जा रहे हैं. इसमें भारी सब्सिडी जनता को दी जा रही है. लोगों को इसके लिए बैंक से लोन के लिए भी प्रयास कर रहे हैं. लोगों से आवेदन मंगाए गए हैं.
इस साल के अंत में राहुल गांधी के संभावित दौरे को लेकर सीएम विष्णु देव साय ने कहा, उनका दौरा तो विभिन्न चुनाव में होता रहा है. उनके दौरे पर क्या होता है पूरी दुनिया जानती है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जांजगीर चांपा दौरे को लेकर सीएम साय ने कहा, अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण की बैठक जांजगीर में रखी गई है. डिप्टी सीएम साव और विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष खुशवंत साहेब भी साथ हैं. अन्य मंत्री भी बैठक में शामिल होंगे.

panchayattantra24.-जगदलपुर। देश की आजादी की 79 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के तहत बस्तर जिले में हर घर तिरंगा अभियान का भव्य आगाज हो चुका है। कलेक्टर हरिस एस और जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन के आह्वान पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) समूह की दीदियों ने इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित की है। जिले के बस्तर, बकावंड, लोहंडीगुड़ा, जगदलपुर, दरभा, तोकापाल और बास्तानार ब्लॉकों में 2 अगस्त से 15 अगस्त तक चलने वाले इस हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत बिहान की दीदियों द्वारा तिरंगा फहराकर की गई। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों और ग्रामवासियों को अभियान में उत्साहपूर्वक शामिल होने का संदेश दिया।
यह अभियान केवल ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य देश प्रेम, राष्ट्रीय गौरव और नागरिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। बिहान स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर तिरंगा लहराकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। उन्होंने जोर दिया कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारी आजादी का प्रतीक है, जिसे घर पर फहराकर हम अपने देश के प्रति कृतज्ञता और समर्पण व्यक्त कर सकते हैं। बिहान समूह की दीदियों ने हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया है। इस दिशा में वे रंगोली बनाने और रैलियां निकालने जैसे रचनात्मक तरीकों का उपयोग कर संदेश प्रसारित कर रही हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस राष्ट्रीय पर्व का हिस्सा बन सकें।

panchayattantra24.-रायगढ़। जिले में 31 जनवरी 2025 को शासकीय पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार कई प्रतिबंध लगाए गए थे। लगातार तीन महीने तक निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद अब जिला प्रशासन ने सभी प्रतिबंध हटा दिए हैं। बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद जिला प्रशासन ने संक्रमण रोकने के लिए कठोर कदम उठाए। भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार, कलेक्टर ने फॉर्म के 1 किलोमीटर के दायरे को इन्फेक्टेड ज़ोन और 1 से 10 किलोमीटर के दायरे को सर्विलेंस ज़ोन घोषित किया था।
इन क्षेत्रों में पोल्ट्री उत्पादों की खरीदी-बिक्री पर पूर्णतः रोक लगा दी गई थी। संक्रमण पर नियंत्रण पाने के लिए इस अवधि में नियमित रूप से नमूने लेकर जांच कराई गई। पिछले तीन महीनों में लिए गए सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट बर्ड फ्लू के लिए निगेटिव आई है। साथ ही, इस दौरान कहीं भी बर्ड फ्लू का कोई नया मामला सामने नहीं आया। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, 30 जुलाई 2025 को कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने इन्फेक्टेड और सर्विलेंस ज़ोन में लगाए गए सभी प्रतिबंध हटा दिए हैं। पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री पर से भी प्रतिबंध हटा लिया गया है।
panchayattantra24.-रायपुर। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ बुनकर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री साय ने सभी प्रतिनिधियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। मुख्यमंत्री ने बुनकर समाज की सराहना करते हुए कहा कि हथकरघा कला हमारी समृद्ध विरासत है, जो प्रदेश को एक विशिष्ट पहचान दिलाती है और हमारी सांस्कृतिक अस्मिता को सशक्त बनाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का बुनकर समाज अपने श्रम, कौशल और रचनात्मकता के माध्यम से राज्य का गौरव बढ़ा रहा है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार बुनकरों की समृद्धि, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए बहुआयामी प्रयास कर रही है। कच्चा माल सुलभ कराने से लेकर लागत कम करने और विपणन की बेहतर सुविधाएँ प्रदान करने तक, हर मोर्चे पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बुनकरों की आत्मनिर्भरता ही उनकी रचनात्मक उड़ान को नई ऊँचाई दे सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए “वोकल फॉर लोकल” के मंत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय हमारे पारंपरिक उत्पादों और हुनर को प्रोत्साहन देने का है। हथकरघा उद्योग केवल आजीविका का माध्यम नहीं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक है, जिसे बुनकर समाज आज भी सहेजे हुए है।
इस अवसर पर समाज के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को बुनकरों द्वारा निर्मित करघा (कपड़ा बुनने की पारंपरिक मशीन) की प्रतिकृति भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपकी यह भेंट न केवल आपके सम्मान और भावनाओं का प्रतीक है, बल्कि सृजन, परंपरा और हमारे प्रदेश के सांस्कृतिक मूल्यों का भी प्रतीक है। मुख्यमंत्री साय ने आश्वस्त किया कि छत्तीसगढ़ सरकार बुनकर समाज के हर संभव सहयोग के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और उनके सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय बुनकरों के सम्मान, समृद्धि और सशक्तिकरण का होगा।

panchayattantra24.-गरियाबंद। उदंती सीता नदी अभ्यारण्य में हिट एंड रन के मामले में वन अमले ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिरण शिकार के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 26.65 किलोकच्चा चीतल (हिरण) का मांस, कुल्हाड़ी, हंसिया, चाकू एवं अन्य काटने के औजार जब्त किए गए हैं। हिरण को टक्कर मारने वाले वाहन चालक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। उदंती सीतानदी अभ्यारण्य के उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि वन विभाग को गोपनीय सूचना मिली थी कि कोयबा-इंदागांव के बीच मुख्य मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने एक मादा चीतल को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। जांच में वन अमले को मृत चीतल का खून दुर्घटनास्थल पर मिला। आगे खोजबीन में पास की झोपड़ी में काटने के साक्ष्य और कपड़े में बंधा हुआ कच्चा मांस बरामद हुआ।
जांच में पता चला कि ग्राम कोयबा के 6 ग्रामीण मृत चीतल को उठाकर झोपड़ी में लाए और सब्जी बनाने के उद्देश्य से उसे काटकर 6 हिस्सों में बांटकर अपने-अपने खेत और टीकरा में छिपा दिया। वन विभाग ने आरोपी जीवन लाल मांझी से पूछताछ कर अन्य 5 आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों में जीवन लाल व. देवसिंह मांझी (37 वर्ष), रुपधर व. चैनसिंह (35 वर्ष), दीपचंद व. रामप्रसाद यादव (41 वर्ष), बिहारीलाल व. रामजी ध्रुव (48 वर्ष), खगेश्वर व. दुर्बल सोरी (50 वर्ष), नाथुराम व. बैदराम मरकाम (72 वर्ष) शामिल हैं. सभी ग्राम कोयबा, थाना इंदागांव, जिला गरियाबंद के निवासी हैं.

panchayattantra24.-रायपुर। बीरगांव के व्यास तालाब के पास गुरुवार की सुबह एक छोटा हाथी में एक डेढ़ साल की मासूम बच्ची लावारिस हालत में मिली। बच्ची के पास एक भावुक कर देने वाली चिट्ठी भी बरामद हुई, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया। स्थानीय लोगों ने जब वाहन के पास रोने की आवाज सुनी तो उन्होंने नजदीक जाकर देखा। वाहन के अंदर एक मासूम बच्ची अकेली बैठी थी। उसके पास रखी चिट्ठी में लिखा था की मेरे पास रहने की कोई जगह नहीं है इसलिए बच्ची को छोड़ रहा हूँ। मैं अब जीना नहीं चाहता मरने जा रहा हूँ।
कृपया इस बच्ची को कोई अपना ले। इस दिल तोड़ने वाली स्थिति को देखकर बीरगांव नगर निगम के MIC सदस्य इकराम अहमद ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने पर खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को अपनी सुरक्षा में ले लिया और चिट्ठी के आधार पर बच्ची के परिजनों की तलाश में जुटी हुई है।