Browsing: दुर्ग

panchayattantra24.com,भिलाई। जामगांव और मोतीपुर के बीच दो कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई है। हादसे में 9 लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे घायलों बाहर निकाला। हालांकि गनीमत ये रही कि हादसे में कोई गंभीर रुप से घायल नहीं हुआ है। घायलों में 3 महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। 
 

panchayattantra24.com,भिलाई। नगर निगम भिलाई के एक सफाई कर्मचारी की नाली में गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में था। स्मृति नगर चौकी प्रभारी युवराज देशमुख ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि शहीद भगत सिंह चौक जुनवानी रोड कोहका में एक बिल्डर के ऑफिस के सामने नाली में एक लाश पड़ी है। पुलिस जब पहुंची तो लाश को नाली से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान निगम सफाई कर्मचारी दिलीप वर्मा (35 वर्ष) के रूप में हुई है। कुछ लोगों ने मामले में हत्या की आशंका भी जताई है, लेकिन पुलिस इसे शराब के नशे में नाली में गिरने से मौत ही मान रही है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।
 

 
 
panchayattantra24.com,दुर्ग। बीएसपी प्लांट में लेडर खाली करते वक्त हुए धमाके में पांच कर्मचारी गंभीर हो गए थे, जिसके बाद प्लांट कर्मचारियों के द्वारा सुरक्षा को लेकर जमकर हंगमा किया था। अब इस मामले में पीड़ित कर्मचारी की शिकायत पर बीएसपी प्रबंधन के खिलाफ धारा 337, 34 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, 8 नवम्बर को बीएसपी प्लांट में ब्लास्ट हो गया था। इस घटना में पांच कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इधर पीड़ित के परिजन और प्लांट के अन्य कर्मचारी प्रबंधन के ऊपर लापरवाही और कर्मियों को पर्याप्त सुरक्षा नहीं देने का आरोप लगाये थे। पीड़ितों की शिकायत के बाद इस मामले में थाना भिलाई भट्टी पुलिस ने बीएसपी प्रबंधन के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। साथ ही दुर्ग पुलिस के द्वारा बीएसपी के साइड इंचार्ज, ठेकेदार यादव ब्रदर्स, ठेकेदार के सुपरवाइजर, सेफ्टी इंचार्ज पर भी अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
 

panchayattantra24.com,दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र में फिर एक बड़ा हादसा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भिलाई इस्पात संयंत्र में हुई इस भयानक दुर्घटना में भिलाई इस्पात संयंत्र के एक कर्मी औऱ पांच ठेका श्रमिक घायल हो गए हैं। एक ठेका कर्मी की हालत गंभीर है। बीएसपी के आला अधिकारी मामले की जांच में जुट गए है।
यह दुर्घटना भिलाई इस्पात संयंत्र के एमआरडी यूनिट 2 में हुई है। एमआरडी यूनिट में मरम्मत कार्य के दौरान हुई इस दुर्घटना में 6 कर्मी झुलस गए हैं। यूनियन नेता उज्जवल दत्ता ने बताया कि एक बीएसपी कर्मी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वही गंभीर रूप से घायल 6 ठेका कर्मियों का उपचार सेक्टर-9 अस्पताल में किया जा रहा है। एक की हालत नाजुक है। दुर्घटना कुछ यूं हुई कि मरम्मत कर्मी पिघलते हुए लोहे के छीटों की जद में आ गए। बीएसपी प्रबंधन के अनुसार इस दुर्घटना में 6 कर्मी घायल हुए हैं। सभी घायल बीएसपी कर्मियों को सेक्टर 9 अस्पताल में एडमिट कराया गया है। बीएसपी प्रबंधन भी इस दुर्घटना की जांच में जुट गया है। सभी आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। मरीजों को इलाज के लिए बर्न यूनिट में भी भर्ती किया गया है। घायल कर्मचारियों में मनीष कुमार साहू, पी राजू नायक, रजनीश कुमार चौहान, विजय कुमार एवं मेथी अलगन शामिल हैं।
 

दुर्ग, 5 नवंबर 2021/परंपरा के मुताबिक मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल हर साल प्रदेश की मंगल कामना और शुभ के लिए तथा विघ्नों के नाश के लिए कुश से बने सोटे का प्रहार सहते हैं। आज भी ग्राम जंजगिरी में उन्होंने यह परंपरा निभाई। यहां के ग्रामीण श्री बीरेंद्र ठाकुर ने उन पर सोटे का प्रहार किया। इससंबंध में ग्रामीण बताते हैं कि यह प्राचीन परंपरा है कि इस तरह सोटे का प्रहार विघ्नों का नाश करने वाला है साथ ही सुख और समृद्धि लेकर आता है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ग्रामीणों से कहा कि हर साल श्री भरोसा ठाकुर प्रहार करते थे। अब यह परंपरा उनके पुत्र श्री बीरेंद्र ठाकुर निभा रहे हैं। ग्रामीणों से चर्चा में उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा गोवंश की समृद्धि की परंपरा की पूजा है जितना समृद्ध गोवंश होगा उतनी ही हमारी तरक्की होगी। इसी वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में गोवर्धन पूजा इतनी लोकप्रिय होती है। लोग साल भर इसका इंतजार करते हैं एक तरह से यह पूजा गोवंश के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक भी है। हर साल आप लोगों के बीच मैं सुबह-सुबह पहुंचता हूं और मुझे बहुत खुशी होती है। गोवर्धन पूजा लोक के उत्सव की परंपरा है। हमारे पूर्वजों ने बहुत सुंदर छोटी-छोटी परंपराओं का सृजन किया और इन परंपराओं के माध्यम से हमारे जीवन में उल्लास भरता है। आज आप सबके बीच पहुंचकर और इस हर्षित जनसमूह को देखकर मेरा मन भी हर्ष से भर गया है। गोवर्धन पूजा और गौरा गौरी पूजा मिट्टी के प्रति गहरे अनुराग का उत्सव है। उल्लास से भरे आप लोगों के चेहरे देखकर अनुभव होता है कि हमारा प्रदेश सांस्कृतिक रूप से कितना समृद्ध है और हम इस सांस्कृतिक समृद्धि को किस तरह धरोहर के रूप में सहेजे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि अपनी माटी की अस्मिता को सहेजना उसका संवर्धन करना हम सब का कर्तव्य है। कितनी सुंदर परंपराएं हमारे छत्तीसगढ़ की है। इस बात की आशंका थी कि धीरे-धीरे यह परम्परायें कहीं विस्मृत न हो जाएं। ग्रामीणों से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने यह संकल्प लिया कि अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को अपनी व्यवस्था में शीर्षस्थ स्थान देंगे क्योंकि परंपरा से हमारा अस्तित्व भी है परंपरा से हमारे मूल्य भी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी ग्रामीण संस्कृति के पर्व कृषि को बढ़ावा देने वाले पर्व हैं। पर्व के माध्यम से हम जमीन से जुड़ते हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गौरा गौरी पूजा में भी भाग लिया तथा आए हुए लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इतना सुंदर पूजन और इसके पश्चात पर्व के उल्लास की अभिव्यक्ति आप लोग कर रहे हैं। आप लोगों के बीच आना मुझे हमेशा आनंदित करता है और मैं हमेशा इस अवसर का इंतजार करता हूं, इस अवसर पर मैं कामना करता हूं कि हमारा प्रदेश निरंतर तरक्की की राह पर आगे बढ़े। आपके जीवन में खुशियां आए। आपके लिए मैं मंगल कामनाएं करता हूं।

 
 
panchayattantra24.com,दुर्ग। दुर्ग जिले में कोरोना से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है। जिसके बाद जिला प्रशासन व स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा गया है। सूचना मिली है कि 79 साल की बुजुर्ग महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद तुंरत बुजुर्ग महिला को 14 अक्टूबर को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां बुजुर्ग का इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान महिला ने देर रात दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रबंधन ने नगर निगम भिलाई को महिला का शव सौंप दिया। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए शव का अंतिम संस्कार किया गया। जिले में करीब 37 दिन बाद कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। इसके पहले कोरोना से 20 सितंबर को मौत हुई थी।
 

 

panchayattantra24.com,दुर्ग। दुर्ग जिले में इंडियन बैंक के कर्मचारी से हुई 15 लाख की लूट का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. इंडियन बैंक का कर्मचारी ही लूट का मास्टर माइंड निकला है. जोमेटो में काम करते समय ही बैंक कर्मचारी से दोस्ती हुई थी. 3 महीने पहले भी एक बुर्जुग व्यक्ति के साथ हुए लूट का खुलासा हुआ है. सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई तस्वीर से आरोपियों की पहचान की गई है. पुलिस ने बिहार निवासी दो आरोपी समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जबकि एक पुरुष और एक महिला आरोपी फरार है. सायबर सेल, थाना मोहन नगर और सिविल लाइन पुलिस ने सयुक्त कार्रवाई की है।
 

panchayattantra24.com-बेमेतरा। छत्तीसगढ़ कृषि प्रधान राज्य है। प्रदेश को धान का कटोरा के नाम से जाना जाता है। यहां लगभग 80 प्रतिशत लोग खेती-किसानी का कार्य करते हैं। वर्तमान समय में धान में बालियां आने लगी है। ऐसे समय में कीट पतंगों का प्रकोप बढ़ जाता है। सरना, बासमती, जवांफूल, दुबराज, आईआर-36, गुरमटिया, मसूरी, स्वर्णा, स्वर्णा सब-1 एच.एम.टी. एमयूटी-1010, एमटीयू-1001, राजेश्वरी, सुगंधित सहित लगभग 20 हजार से अधिक किस्म के धान की खेती किसानों द्वारा की जाती है। वर्तमान समय में फसल पर कीटव्याधि एवं रोग लगने की प्रबल संभावना है। ऐसे समय में कृषि वैज्ञानिकों के परामर्श के अनुसार कीटों के प्रकोप को रोकने के लिए आवश्यक उपाय जरूरी है। इन फसलों में कीट-पतंगों के प्रकोप से बचने के निम्नलिखित सलाह कृषि वैज्ञानिकों द्वारा दी गई है।
आभासी कंड रोग – यह एक फूफंदी जनित रोग है। रोग के लक्षण पौधों में की बालियों के निकलने के बाद ही स्पष्ट होता है। रोग ग्रस्त दाने पीले से लेकर संतरे रंग के होते हैं। जो बाद में जैतूनी काले रंग के गोले में बदल जाता है। उपचार – खेतों में जलभराव अधिक नहीं होना चाहिए। रोग के लक्षण दिखाई देने पर प्रॉपेकोनेजोल 20 मिलीलीटर मात्रा में 15 से 20 लीटर पानी में घोलकर का छिड़काव करें। कंडुआ रोग – इस रोग के प्रकोप से धान की बालियों के जगह पीले रंग बाल बन जाता है। इसके बाद यह काले रंग का हो जाता है। यह रोग धान की फसल को 60 से 90ः तक नुकसान कर सकता है। उपचार – प्रॉपीकोनाजोल 25ः ईसी 1 मिलीलीटर, प्रति लीटर पानी के घोल में मिलाकर छिड़काव कर सकते हैं। भूरा माहो – यह कीट छोटे आकार तथा भूरे रंग का होता है। यह पौधे में पानी की सतह से थोड़ा ऊपर पत्तों के घने छतरी के नीचे रहते हैं। कीटों के बारे में शीघ्र पता नहीं चल पाने पर इसका नियंत्रण अधिक जटिल हो जाता है। उपचार – पायमेट्रोजिन 50 प्रतिशत डब्ल्यूजी -300 ग्राम प्रति हेक्टेयर, थायोमेथेक्जाम 25 प्रतिशत डब्ल्यूजी – 100-120 ग्राम प्रति हेक्टेयर, इमीडाक्लोरोप्रीड 17.8 प्रतिशत एसएल – 150-200 मि.ली. प्रति हेक्टेर, फिप्रोनिल 3 प्रतिशत $ ब्यूप्रोफेजिन 22 प्रतिशत- 500 मि.ली. प्रति हेक्टेयर, ब्यूप्रोफेजिन 15 प्रतिशत $ एसीफेट 35 प्रतिशत 50 ग्राम प्रति हेक्टेयर, डाइनोटेफ्यूरॉन 20 प्रतिशत एस.जी. 175 ग्राम प्रति हेक्टेयर में से किसी एक दवा का प्रयोग किया जा सकता है।

 

panchayattantra24.com,भिलाई। एसटी आयोग के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदकुमार साय आज माता के दर्शन के लिए भिलाई के खुर्सीपार पहुंचे. बोल बम समिति के अध्यक्ष दया सिंह के साथ उन्होंने मातारानी की पूजा-अर्चना की. उसके बाद समिति के सभी कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की। 
खुर्सीपार जोन-2 दुर्गोत्सव समिति के अध्यक्ष दया सिंह ने बताया कि कोविड नियमों का पालन करते हुए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. इस पांडाल में एसटी आयोग के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदकुमार साय भी पहुंचे. उन्होंने यहां मातारानी की पूजा-अर्चना की. पुष्प महाभिषेक के साथ मातारानी का श्रृंगार भेंट किया. माता का आशीर्वाद लेने के बाद भक्तों से भी मुलाकात की. वहीं बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति के पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठन के बारे में जानकारी ली. इस आयोजन के लिए दुर्गोत्सव समिति के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं भेंट की। 
बता दें कि इस बार कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए दुर्गोत्सव समिति ने नवरात्रि पर मातारानी को विराजा है. श्रद्धालुओं के लिए मास्क और सैनिटाइजर अनिवार्य किया है. पंडाल पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जा रहा है. पंडाल में मातारानी का आशीर्वाद लेने के लिए दया सिंह ने देशभर और प्रदेशभर के नेताओं को आमंत्रित किया है। 
मातारानी की दर्शन के लिए केंद्रीय इस्पात मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, केंद्रीय मंत्री अश्वनी कुमार चौबे, भाजपा राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह, राज्यपाल अनुसुइया उइके, पूर्व सीएम रमन सिंह, भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, और पूर्व मंत्री रामसेवक पैकरा समेत प्रदेशभर के शीर्ष नेतृत्व को आमंत्रण दिया गया है। 
 

 panchayattantra24.com,भिलाई। कथित धर्मांतरण पर पास्टर को थप्पड़ जड़ने वाली महिला पर एफआईआर दर्ज करने के साथ दो आरक्षक लाइन अटैच कर दिया गया है. मामले में टीआई को नोटिस जारी किया गया है। 
भट्टी थाना क्षेत्र के सेक्टर इलाके में पास्टर से मारपीट करने वाली महिला ज्योति शर्मा के खिलाफ मंगलवार को पुलिस ने केस दर्ज किया. इस मामले में घटना स्थल पर मौजूद दो आरक्षक शफीक अहमद और संजय सोनी को एसएसपी बीएन मीणा ने लाइन अटैच कर दिया है. टीआई बृजेश से स्पष्टीकरण मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. टीआई ने घटना की जानकारी एसएसपी को नहीं दी थी. जिसके कारण उससे जवाब मांगा गया है। 
पुलिस ने मंगलवार को तितुरडीह निवासी दिनेश सोनी की शिकायत पर सेक्टर 1 निवासी ज्योति शर्मा के खिलाफ धारा 323, 294 और 506 के तहत केस दर्ज किया है. प्रार्थी दिनेश ने बताया कि घटना 26 सितंबर को शाम 4 बजे की है. वह अपने पत्नी के साथ निजी काम से सेक्टर 1 गया था. लौटते वक्त विश्वासी भाई-बहन से मिलने के लिए सेक्टर-1 की सड़क 7 में खड़ा होकर बातचीत करने लगा. इसके बाद सड़क 8 पर मिलने चला गया, इसी दौरान ज्योति शर्मा कुछ लोगों के साथ उसके पास आई. पुलिस के सामने मारपीट हुई।