Browsing: दुर्ग

 
दुर्ग । दुर्ग जिले के धनोरा में 4 वर्षीय स्कूली बच्चे के अपहरणकर्ता पुलिस के शिकंजे में आ गए हैं. मामले में दुर्ग पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं एक आरोपी अभी फरार है. गिरफ्तार किये गए लोगों में बच्चे के पिता का करीबी दोस्त और पड़ोसी राजकुमार साहू, राजनांदगांव के सोमनी थाना क्षेत्र स्थित मगरलोटा गांव का रहने वाला रुकेन्द्र सिन्हा, रुकेन्द्र की पत्नी बबीता सिन्हा और धनोरा के रहने वाले हेमू साहू है. इस पूरे मामले का मास्टर माइंड कौन है और वजह क्या थी । 
दुर्ग आईजी हिमांशु गुप्ता और एसपी प्रखर पाण्डेय ने बुधवार को प्रेसवार्ता ली, जिसमें उन्होंने पूरे मामले से पर्दा उठाया. आईजी ने बताया कि अपहरण कांड की साजिश और किसी ने नहीं बल्कि बच्चे के पिता चंद्रशेखर साहू के करीबी दोस्त और पड़ोस में रहने वाले राज कुमार साहू उर्फ राजू साहू ने ही रची थी. राजू पेशे से ड्राइवर है, जो कि अक्सर बाहर आना जाना करता है. चंद्रशेखर साहू का पड़ोसी होने की वजह से आरोपी का उसके घर आना जाना लगा रहता था. आरोपी को चंद्रशेखर की पारिवारिक और आर्थिक पृष्ठभूमि की भंलीभांति जानकारी थी. चंद्रशेखर साहू 5 से 7 माह पूर्व अपनी एपीएस रोड की पुस्तैनी जमीन को 1.20 करोड़ में बेचा है. जिसकी उसकी पूरी जानकारी थी. पैसों की लालच में उसने बच्चे के अपहरण कर 25 लाख रुपये की फिरौती वसूलने की योजना बनाई । 
ऐसे किया अपहरण
पैसों के लालच में उसने पूरी साजिश रची और चारों से मिलकर इसकी जानकारी दी. घटना को अंजाम देने के लिये दिनांक 20.08.2019 को एक फरार आरोपी प्रातः से ही बालक के स्कूल वेन पर नजर रख रहा था. आरोपी द्वारा वेन के आते ही अपने साथियों को इसकी जानकारी दिया तो आरोपी राजकुमार अपने साथी आरोपी रूकेन्द्र सिन्हा, हेम् साहू स्कूल वेन के आने के स्थान पर पहले से ही पहुंच गये. तीनों आरोपी रूकेन्द्र सिन्हा की मोटर सायकल लाल अपाचे में थे. स्कूल वेन के आते ही आरोपी हेमू ने वेन ड्रायवर को रोका और उसे अपनी बातों में उलझाया कि तुमने कल एक पामेरियन कुत्ते को अपनी चेन से एक्सीडेंट किया है, इसी बीच आरोपी राजकुमार वेन में जाकर बच्चे का स्कूली वेन से अपहरण कर लिया. पहले से तैयार रूकेन्द्र सिन्हा अपनी मोटर सायकल स्टार्ट रखा था, राजकुमार अपह्रत बालक को लेकर मोटर सायकल के बीच में बैठ गया. आरोपी हेमू साहू भी गाड़ी में सवार हो गया. उसके बाद वे बच्चे को लेकर फरार हो गये. जिसके बाद कुछ दूरी पर ही गैस गोदाम के पास आरोपी हेमू साहू उतर गया. आरोपी अपहृत बालक को लेकर बोरसी, थनौद, चंदखुरी, अंजोरा, देवादा होते हुए रूकेन्द्र सिन्हा के मगरलोटा स्थित घर ले गए. जहां उसकी पत्नी के देखरेख में रखा गया.
उधर बच्चे के अपहरण की जानकारी उसके पिता ने अपने दोस्त और आरोपी राजकुमार को फोन पर दी. जिसके बाद वह उसके साथ रिपोर्ट लिखाने थाने भी पहुंचा. उधर इस मामले में मीडिया की खबर और सोशल मीडिया के दबाव में आरोपियों ने बच्चे को सोमनी में छोड़ दिया । 
ऐसे गिरफ्त में आए
इस पूरे मामले में पुलिस ने 4 टीमों को गठन किया था. पुलिस के अनुसार मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुलगांव चौक के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में बच्चे को ले जाते आरोपी नजर आए, लेकिन राजनांदगांव टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरे में वो नजर नहीं आए. जिससे माना गया कि आरोपी अंदरुनी रास्तों से निकले हैं या फिर आस-पास ही रुके हैं. इधर पुलिस की एक टीम घटना क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क को खंगाल रही थी और पीड़ित के परिजनों और परिचितों का मोबाइल लोकेशन व पारिवारिक हिस्ट्री खंगाला जा रहा था. मोबाइल नेटवर्क और सीसीटीवी फुटेज से मिले हुलिये के अनुसार पुलिस आरोपी तक पहुंच गई. उधर इस मामले में एक और आरोपी अभी फरार है जिसे जल्दी पकड़ने का पुलिस दावा कर रही है । 

 दुर्ग  ।  दिल्लीवार कुर्मी क्षत्रिय समाज छत्तीसगढ़ द्वारा श्रेष्ठ और यशस्वी जनों के आत्मीय अभिनंदन की वर्षों पुरानी परंपरा निर्वहन के क्रम में इस बार सर्वप्रथम दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के अत्यधिक लोकप्रिय व जनसेवी नवनिर्वाचित सांसद विजय बघेल का हार्दिक अभिनंदन क्या गया और सांसद अभिनंदन के पश्चात सांसद के हाथों समाज के उज्ज्वल एवं कर्मठ छवि वाले पत्रकारों तथा अधिवक्ताओं का सम्मान किया गया. उक्त आयोजन गरिमामय व उल्लासपूर्ण वातावरण में दिल्लीवार कुर्मी क्षत्रिय समाज भवन ,सुभाष नगर दुर्ग में सामाजिक परिवेश में सम्पन्न हुआ, आयोजन में समाज के कर्मठ सशक्त स्तंभ केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र हरमुख व महाचिव कालिशरण देशमुख के नेतृत्व में समस्त पदाधिकारियों की अहम भूमिका रही, सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने अपने उदबोधन में समाज के लोगों द्वारा जनहित में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ये समाज के गौरव हैं और आज पत्रकारों,अधिवक्ताओं के के सम्मान से पूरा समाज सम्मानित हुआ है, समारोह में पत्रकारिता से जुड़े सहदेव देशमुख,पुरेन्द्र देशमुख,होमेन्द्र देशमुख ,खोमेंद्र देशमुख,योगी बस्तरिया व मुकेश देधमुख सहित 15 व्यक्तित्वों के सांथ वकालत के पेशे से जुड़े परमानंद देशमुख,गजेंद्र देशमुख सहित 37 लोगो का सम्मान किया गया ।

 
दुर्ग ।  दोस्तों के साथ महमरा एनीकट घूमने गया युवक शिवनाथ नदी में बह गया है। पिछले आठ घंटे से गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम युवक को ढूंढ रही है पर अभी तक वह नहीं मिला है। दुर्ग पुलिस ने बताया की शनिवार रात लगभग 11 बजे तीन दोस्त महमरा एनीकट घूमने गए थे। एनीकट पैदल पार करते वक्त युवक देवेंद्र वर्मा, उम्र 22 साल का पैर फिसल गया। देखते ही देखते वह पानी के सैलाब में बह गया ।
दोस्त को गिरता देख अन्य दो युवक भी पानी में कूद गए पर बहाव तेज होने के कारण किसी तरह तैरकर वे किनारे पहुंचे गए। आधी रात घटना की सूचना परिजनों और पुलिस की दी। फिलहाल देवेंद्र का अभी तक कुछ पता नहीं चला है। पुलिस ने युवक के मौत की आशंका जाहिर की है। शिवनाथ नदी में बहने वाला युवक बेमेतरा जिले का निवासी है।

 
 
भिलाईनगर । नगर पालिक निगम, भिलाई ने छ.ग. शासन के मंशा के अनुरुप पशुधन की सुरक्षा एवं संवर्धन के लिए शहर के सड़कों पर घूमने वाले पशुओं को निगम द्वारा निर्मित सर्व सुविधायुक्त गौठान में रखने हेतु आवारा मवेशियों का धरपकड़ प्रारम्भ किया है। छ.ग. शासन प्रदेश के गौधन को सुरक्षित और संरक्षित करने के लिए अपनी गंभीर मंशा व्यक्त की है। इस दिशा में सड़कों पर आवारा घूमने वाले पशु जो यातायात में बाधक बनकर दुर्घटना के कारण बनते हैं जिससे होने वाली दुर्घटना में पशुधन एवं जनधन की हानि होती है इससे बचने के लिए आयुक्त ऋतुराज रघुवंशी के निर्देश पर शहर के सड़को पर आवारा घूमने वाले मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित कोसानगर में निर्मित सुविधायूक्त गौठान में रखने हेतु तीन पाली में अलग-अलग टीम का गठन कर वृहद अभियान चलाये जाने के निर्देश जारी किये हैं। इसी क्रम में टीम के सदस्यों ने शनिवार को नेहरु नगर बटालियन से खुर्सीपार तिराहा तक जीई रोड के दोनों तरफ, कोहका रोड जुनवानी, सुपेला से राजेन्द्र प्रसाद चौक तक, वैशाली नगर के मुख्य मार्ग, 18 नम्बर रोड,  लिंक रोड, जवाहर मार्केट, गौरव पथ, हाउसिंग बोर्ड, नंदनी रोड, खुर्सीपार एवं  रिसाली के मुख्य मार्ग, सहित सम्पूर्ण निगम क्षेत्र के व्यस्तम सड़कांे पर आवारा घूमने वाले 39 पशुओं को पकड़कर गौठान में रखा गया है।
आयुक्त रघुवंशी ने खटाल मालिक तथा पशुपालकों से कहा है कि वे अपने पालतु पशुओं को सड़कों पर आवारा न घुमने दें उसे बांधकर रखें या निगम द्वारा भिलाई नगर स्टेशन के समीप कोसानगर में निर्मित गौठान में रखें ताकि सड़क पर यातायात बाधित न हो सड़कों पर बेतरतीब मवेशी के घूमने से होने वाली दुर्घटना में पशुधन एवं जनधन की हानि से बचा जा सके। शहर के सड़कों पर मवेशी आवारा घूमते या बैठे पाये जाने पर निगम की टीम ऐसे मवेशियों को गौठान में रखकर पशु मालिक के विरुद्ध अर्थदण्ड अधिरोपित करेगी, साथ ही मवेशी मालिक के विरुद्ध पशु अतिचार अधिनियम के तहत् थाने में प्रकरण दर्ज किया जायेगा। उपायुक्त अशोक द्विवेदी ने पशु मालिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे अपने पालतु पशु को सड़क पर आवारा नहीं घूमने देवें उसे बांधकर रखें अथवा निगम द्वारा निर्मित सुविधायुक्त गौठान में रखें सड़क पर घूमने वाले  पशुओं के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। गठित टीम में बेदखली अभियान के प्रभारी प्रकाश अग्रवाल, सहायक राजस्व अधिकारी बालकृष्ण नायडू, संजय वर्मा, एमएस सोरी, परमेश्वर चन्द्राकर, श्यामलाल मांझी, मंगल जांगड़े, राहूल उईके, धर्मेन्द्र मनहरे, रामरतन कोसरे, मुरारी, बालकराम, चैतू, राजेन्द्र, सुरेश पाटले, विष्णू सोनी, रमेश, खेमलाल, दीनू जांगड़े, कन्हैया यादव, किशन उईके, माटू उईके, राहूल पवार शामिल है।

 
 दुर्ग । छत्तीसगढ़ के दुर्ग में सोमवार दोपहर एक इंजीनियर की पत्नी ने अपने दो बच्चों के साथ आत्महत्या कर ली। पहले महिला ने अपनी 5 साल की बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर 11 साल के बेटे के साथ फंदा लगाकर खुदकुशी की। दोपहर को जब दूध वाला पहुंचा तो पूरी घटना सामने आई। सूचना मिलने पर जामुल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शवों को कब्जे में ले लिया। अभी तक इस घटना का कारण सामने नहीं आ सका है। जानकारी के मुताबिक, जामुल के एसीसी कॉलोनी निवासी रंजीत सिंह सीमेंट फैक्ट्री में इंजीनियर हैं। वह रोज की तरह सोमवार को भी अपने काम पर चले गए थे। घर में उनकी पत्नी प्रीति और दोनों बच्चे घर में थे। दोपहर में दूध वाला घर पहुंचा, तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाता रहा, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इस पर उसने खिड़की से झांकने का प्रयास किया, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। घबराकर उसने पड़ोसियों को जानकारी दी। इसके बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए और काफी मशक्कत के बाद दरवाजा खोलकर अंदर घुसे। अंदर प्रीति और उसके बेटे शव पंखे से लटक रहा था। जबकि बेटी का शव वहीं पड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बेटी के गले पर निशान देखकर अंदेशा लगाया जा रहा है कि महिला ने पहले उसकी हत्या की और फिर बेटे के साथ अपनी जान दे दी। घटना की खबर मिले ही रंजीत सिंह भी पहुंच गए। जामुल में महिला ने दो बच्चों के साथ खुदकुशी की है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पड़ोसियों, परिजनों और महिला के पति से भी इस मामले में पूछताछ की जाएगी।
विश्वास चंद्राकर, सीएसपी, जामुल थाना

 
  भिलाई  । वार्ड 60 स्थित सांस्कृतिक भवन का छज्जा भरभराकर गिर गया। इससे आस-पास खड़े लोग कुछ क्षण के लिए दहशत में आ गए, लेकिन भवन का दरवाजा खोलकर देखा तो छत का प्लास्टर टूट कर गिरा पड़ा था। लोगों ने रिसाली जोन कमिश्नर को सूचना दी। बता दें कि इस भवन की मरम्मत के लिए नगर निगम प्रशासन ने लोकसभा चुनाव के पहले मेंटनेंस और रंगाई-पुताई के लिए ढाई लाख में ठेका दिया था। ठेकेदार ने चुनाव के दौरान काम पूरा कर दिया। दो महीने बाद छज्जा फिर से टूटकर गिर गया। पार्षद चुम्मन देशमुख का कहना है कि निगम ने बिल का भुगतान कर दिया है, लेकिन काम ठेका शर्तों के अनुसार नहीं हुआ है।जिसके कारण आज ये बड़ा हादसा हो गया है।अगर भवन के अंदर शिविर लगा होता तो कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती थी ।


भिलाई ।खुर्सीपार शासकीय कॉलेज में पढऩा जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। शनिवार को स्टाफ रूम में बैठे हुए शिक्षकों पर धड़ाम से सीलिंग का प्लास्टर गिर पड़ा। गनीमत रही कि इसमें किसी को भी चोट नहीं आई है। प्लास्टर गिरने के वक्त प्रोफेसर संभलकर वहां से हट गए। इस तरह चोटिल होने से बाल-बाल बचे। इसके पूर्व प्राचार्य कक्ष का प्लास्टर भी गिर चुका है, यही नहीं एक कक्षा में बैठकर पढ़ाई करते वक्त विद्यार्थियों पर भी प्लास्टर गिरा। इस दौरान एक प्रोफेसर का चोट आई थी, उनका हाथ टूट गया था। बावजूद इसके शासन ने कोई सुध नहीं ली ।

 
भिलाई । भूपेश बघेल की मां बिन्देश्वरी देवी बघेल का रविवार को निधन हो गया। आज उनकी अंतिम यात्रा निकाली जा रही है। मुक्ति धाम उम्दा रोड भिलाई 3 में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम यात्रा में पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, महिला बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया, मंत्री कवासी लखमा, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, एडीजी अशोक जुनेजा, हरिभूमि ग्रुप के संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी,छतीसगढ़ प्रान्त संघचालक विसराराम यादव, वैशाली नगर विधायक विद्यारतन भसीन, रायपुर आईजी आनन्द छाबड़ा सहित कई गणमान्य लोग शामिल हैं।
बता दें कि बिन्देश्वरी बघेल पिछले कई दिनों से बीमार चल रही थी। रायपुर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। रविवार को उनका निधन हो गया।

 
दुर्ग । दुर्ग जिले के धमधा ब्लाक में दो पक्षो का जमीन विवाद काले जादू और टोना-टोटका तक जा पहुंचा। आरोपी दिलीप सेन काले कपड़े से चेहरा ढककर काला जादू करने के नाम पर हड़्डी, नींबू, कुमकुम लेकर बैठे थे लेकिन कुत्तों के भौकने की वजह से प्रार्थी की नींद खुल गयी और सीसीटीवी की मद्दद से आरोपी को पहचाना जा सका। आरोपियों खिलाफ अंध विश्वास फैलाने पर टोनही एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
धमधा पुलिस के मुताबिक घटना शुक्रवार सुबह 4 से 5 बजे की है। कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर प्रार्थी निर्मल जैन का परिवार किसी चोर के होने की आशंका से जाग गया। जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला तो वहां नींबू, अगरबत्ती, हड्डी का टुकड़ा, कुमकुम व टोटके का अन्य सामान के साथ काले कपड़े लपेट कर बैठे व्यक्ति को देखा। पड़ोसियों की मदद से निर्मल जैन ने आरोपी को पकड़कर उनके मुंह से कपड़ा हटाया तो वह दिलीप सेन और उसके बेटे उमेश व मनोज निकले।
पकड़ाने से दिलीप सेन बौखला गया। वह कहने लगा कि उसकी जमीन को हड़पा है अब उसे नहीं छोड़ेगा उसने प्रार्थी के साथ गाली गलौच करते हुए झूमाझटकी भी की वही धमकी देते हुए कहा कि अपने तंत्र मंत्र के प्रभाव से उसके परिवार को बर्बाद कर देगा। प्रार्थी ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई उसने पुलिस को बताया कि पहले भी उनके घर के सामने से नींबू-मिर्च मिले जिससे उसका परिवार परेशान था ऐसा करने वाले को पकडऩे की कोशिश भी की लेकिन वह हाथ नहीं आया। पीड़ित परिवार ने इस तरह की हरकत करने वाले को पहचानने घर के दरवाजे पर कैमरा लगवा दिये। जिसके चलते ही आरोपियों की पहचान हुई। मामले की तफ्तीश करने के बाद पुलिस ने दिलीप सेन व उसके बेटे मनोज, उमेश पर टोनही एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध करते हुए जेल भेज दिया ।

 
दुर्ग ।   जिले के धमधा ब्लाक में ग्राम चेटुवा में लगभग 3 एकड़ क्षेत्र में बन रहा माडल गौठान पूर्णता की ओर है। यहां 400 पशुओं के लिए ’डे केयर ’की व्यवस्था होगी, जिसमें पशुओं के रहने के लिए शेड, पीने के पानी के लिए कोटना, सोलर बोरवेल आदि की व्यवस्था करा दी गई है। घुरूवा के लिए नाडेप टैंक जैसे जरूरी स्ट्रक्चर का निर्माण कर दिया गया है। इस गांव के नागरिक उत्साहित होकर बताते हैं कि पड़ोसी गांवों से लोग भी जब यहां से गुजरते हैं तो गौठान का निरीक्षण जरूर करते हैं। गौठान के चारों ओर पौधरोपण के लिए जगह छोड़ दी गई है। दो-तीन साल में जब ये पौधे वृक्ष का रूप ले लेंगे तो गौठान और भी सुंदर हो जाएगा ।
गौठान में काम कर रहे लोगों का मानना है कि यह तीन एकड़ की जगह पूरे गांव के लिए कामधेनु की तरह साबित होगी। एक ग्रामीण महिला ने गौठान कैंपस में बनी एक गाय की मूर्ति की ओर इशारा करते हुए बताया कि ’इही कामधेनु हे, गांव मन में चारागाह जमीन कम हो जथे तव गरूवा मन हा एती ओती ढिलात रहिथें , तव फसल घलो खराब हो जथे, अब एक जगह माड़ के बैठहिं, उहें गोबर, उहें खाद, का चिंता हे, सब सुघ्घर हो जहि। ’
जनपद पंचायत सीईओ धमधा अनिता जैन ने बताया कि 10 एकड़ जमीन में से 7 एकड़ जमीन में चारागाह के लिए फेंसिंग एवं जुताई हो चुकी है। नलकूप का इंतजाम भी हो चुका है। यहां नैपियर और बरसीम जैसी अच्छी प्रजाति की घास लगाई जाएगी। तीन एकड़ भूमि बाड़ी के लिए रखी गई है और इसके लिए स्व सहायता समूहों का चयन कर लिया गया है। गौठान समिति पूरी सक्रियता से काम कर रही है और सामूहिक भागीदारी से कार्य हो रहा है। ग्रामीणों में काफी उत्साह है।
ग्रामीणों ने बताया कि माडल गौठान से हम पशुधन का बेहतर तरीके से उपयोग कर पाएंगे। एक ही जगह पर सारे मवेशी होने के कारण गोबर खाद हमें प्रचुर मात्रा में मिल पाएगा। यहां एक ही जगह पर पशुओं के होने के कारण इनकी चिकित्सकीय देखभाल और नस्ल सुधार जैसे कार्य भी बेहतर तरीके से हो पायेंगे।
बुजुर्ग किसानों ने बताया परंपरा की वापसी’
गांव के बुजुर्गों ने बताया कि पहले गोबर खाद ही उपयोग करते थे, इससे भूमि की ऊर्वरा शक्ति भी बनी रहती थी। धान की सुगंध दूर तक आती थी। कहीं सुगंधित धान बनता था तो पूरे गांव को पता चल जाता था। गांव में बाड़ी कब खत्म होती गई, पता ही नहीं चला। बुजुर्गों ने बताया कि ’नरूवा-गरूवा-घुरूवा-बाड़ी हा हमर परंपरा हवय, ये हा वापस होवत हे, सब मिलके काम करथे तव एका घलो बढ़थे, काबर कि एखर से एक आदमी के तरक्की नइ सबे झन के तरक्की के व्यवस्था होवत हे।’