Browsing: दुर्ग

 भिलाई ।  छत्तीसगढ़ की इस्पात नगरी भिलाई से 11 साल के मासूम बच्चे का अपहरण का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बच्चा घर के पास गार्डन में खेल रहा था। इसी दौरान वहां कुछ लोगों ने गार्डन के पास से बच्चे को खाने का लालच देकर बुलाया और चाकू की नोक पर अपहरण कर फरार हो गया। हालांकि अभी तक अपहरणकर्ताओं द्वारा फिरौती मांगे जाने की जानकारी नहीं मिली है। फिलहाल परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस बच्चे और अपहरणकर्ताओं की तलाश कर रही है ।
मिली जानकारी के अनुसार सुपेला थाना क्षेत्र निवासी प्रथम धीवर मंगलवार को नेहरू नगर गार्डन के पास खेल रहा था। इसी दौरान वहां कुछ अज्ञात लोगों ने उसका अपहरण कर लिया। बताया गया कि अपहरणकर्ताओं ने पहले बच्चे को खाने का लालच दिया और इसके बाद उसका किडनैप कर फरार हो गए।

 
दुर्ग । प्रदेश में भूपेश बघेल की सरकार ने अपना एक वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया है. एक वर्ष के कामकाज को लेकर सत्ता पक्ष जहां इसे बड़ी उपलब्धि बता रहा है वहीं विपक्ष इसे फिसड्डी करार दे रहा है. भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पाण्डेय ने भूपेश सरकार के एक साल के कार्यकाल को 10 में से शून्य नंबर दिया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने साल भर खेल खेला, भौरा चलाया और सोटा खाया बाकि विषयों में फेल रहे । 
प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रत्याशियों की जीत से घबराकर मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को वोट मांगने सड़को पर उतरना पड़ गया है. सरकार के एक साल के काम काज को लेकर भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपना घोषणा पत्र वापस पलटकर कर देखना चाहिए. उन्होंने कोई वादा पूरा नही किया है शराब बंदी, किसानों के समर्थन मूल्य, बोनस, बिजली बिल हाफ करने, पेंशन तमाम घोषणाएं अधूरी है. मुख्यमंत्री ने साल भर में सिर्फ खेल खेला है, भौरा चलाया है, सोटा खाए हैं बाकी विषयों पर वो विफल रहे हैं. उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को साल भर के कामकाज पर 10 में से शून्य नंबर दिया है । 
सरोज पाण्डेय ने यह बातें दुर्ग में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में रोड शो के दौरान मीडिया से बातचीत में कही. दुर्ग नगर निगम में पिछले दो दशकों से भाजपा का कब्जा है. सरोज पाण्डेय ने कहा कि भाजपा ने इन 20 सालों में शहर का विकास किया है उसी को देखकर जनता एक बार फिर से भाजपा का महापौर बनाएगी । 
चुनाव में पार्टी के बागियों पर सरोज ने कहा कि पार्टी को बागियों से कोई भारी नुकसान नहीं होगा, नाराजगी स्वाभाविक है हमने चेतावनी दी है और कहा है कि वो पार्टी के साथ खड़े रहें. समय आने पर सभी को मना लिया जाएगा. भाजपा का हर कार्यकर्ता उसका हिस्सा है और पार्टी हमेशा से अपने कार्यकर्ता के साथ खड़ी है । 
सरोज ने एनआरसी पर भी कांग्रेस को लेकर हमला बोला उनका कहना था कि सभी राजनैतिक दल एक मजबूत राष्ट्रीय पार्टी के पीछे खड़े हैं. प्रबुद्ध कहलाने वाले लोगों का चेहरा उजागर हुआ है राष्ट्र विरोधी लोगों का निर्णय आने वाले समय में होगा. सीएए का कानून भाजपा ने बहुत सोच समझकर लाया है. सीएए पर सीएम भूपेश के बयान पर पर सरोज पाण्डेय ने कहा कि देश संघीय व्यवस्था से चलता है राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद कानून का पालन करना सारे राज्यों की बाध्यता है । 
आपको बता दें प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव है. 21 तारीख को मतदान है. चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में बुधवार को सरोज पाण्डेय ने 60 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करते हुए रोड शो किया । 
 

दुर्ग । कुम्हारी। नगरीय निकाय चुनाव के दौरान पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ रहे बागी प्रत्याशियों के खिलाफ भाजपा ने बड़ी कार्रवाई की है. भाजपा अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने कुम्हारी मंडल के 9 बागी कार्यकर्ताओं को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है  । 
निष्कासित कार्यकर्ताओं में वार्ड क्रमांक 1 से अनुपा देशलहरे, वार्ड क्रमांक 2 से महेश सोनकर, वार्ड क्रमांक 7 से संगीता श्रीवास्तव, वार्ड क्रमांक 10 से सुधाकर त्रिपाठी और सूरज कुर्रे, वार्ड क्रमांक 11 से रितिका यादव एवं सुनीता तिवारी वार्ड क्रमांक 22 से संदीप मारकंडे एवं वार्ड क्रमांक 14 से मीरा यादव शामिल हैं  । 

 
दुर्ग । नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में दुर्ग में रोड शो किया. इस दौरान शहर के दर्जनभर वार्डों में प्रचार कर लोगों से कांग्रेस प्रत्याशियों को वोट देने की अपील की।
दुर्ग शहर विधायक अरुण वोरा, दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरएन वर्मा, प्रदीप चौबे, पूर्व महापौर शंकरलाल ताम्रकार के साथ खुली जीप में जेल तिराहा से रोड शो की शुरुआत की, जहां से महाराजा चौक, कसारीडीह, केलाबाड़ी चौक होते हुए पटेल चौक पहुंचे. यहां से गंजपारा नाका चौक, चंडी मंदिर चौक, बनियापारा चौक, गांधी चौक, मोती काम्प्लेक्स चौक, होटल मान चौक, सुभाष चौक होते हुए अग्रसेन चौक, शक्ति नगर होते हुए दीपक नगर तक रोड शो किया।
बता दें कि प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव 21 दिसंबर को होगा और इसके नतीजे 24 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे. नक्सल प्रभावित जिले कोंडागांव, नारायणपुर, कांकेर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर में सुबह 8 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. पूर्व में यह समय सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया था।
प्रदेश के कुल 10 नगर निगम, 38 नगर पालिका और 103 नगर पंचायत में चुनाव होना है. इसके लिए कुल 5406 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे. 21 हजार मतदान कर्मी तैनात किए जाएंगे. इस बार 40 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. प्रदेश में कुल 2 हजार 8 सौ 40 वार्डों में मतदाता पार्षद चुनेंगे।
 

जज ने कहा: डॉक्टर और पुलिस जैसे रक्षक ही भक्षक बन जाएं तो नरमी संभव नहीं, मरते दम तक जेल में रहेंगे

 


दुर्ग। सुपेला के सरकारी अस्पताल में भर्ती छात्रा के दुष्कर्मी डॉक्टर सहित दो पुलिसकर्मियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। भिलाई की छात्रा के साथ पांच साल पहले डॉ. गौतम पंडित, पुलिसकर्मी सौरभ भट्ट और चंद्रप्रकाश पांडेय ने गैंगरेप किया था। पंचम अतिरिक्त जिला और सत्र न्यायाधीश शुभ्रा पचौरी ने सजा सुनाते हुए कहा, तीनों आरोपी लोक कर्तव्य के पेशे से जुड़े थे। ऐसे में उनका काम रक्षक का होने पर भी वे स्वंय पीडि़ता के भक्षक बन गए।
इन परिस्थतियों में आरोपियों के साथ किसी भी दशा में नरमी बरती नहीं जा सकती है। कोर्ट ने तीनों को जीवन समाप्त होने तक जेल में रहने की कठोर कारावास की सजा सुनाई है। ट्रॉयल में खुद के बयान से पहले ही पीडि़ता ने कर ली खुदकुशी-प्रकरण में आरोपियों के खिलाफ सुपेला थाना में 7 जनवरी 2015 को अपराध दर्ज हुआ। अगले ही दिन पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार न्यायिक रिमांड पर जेल दिया। इस बीच पीडि़ता धारा 164 के तहत मजिस्ट्रियल बयान दर्ज हुए और आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में ट्रायल शुरू हुआ। इसके बाद से पीडि़ता अपने को असहज महसूस करने लगी। इसी वजह मानसिक परेशान रहने लगी। प्रकरण दर्ज होने के सालभर बाद 28 जनवरी 2016 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। जबकि उस दौरान कोर्ट में चल रहे ट्रायल में बयान पूरे भी नहीं हुए। इस मामले में 25 गवाह कोर्ट में पेश हुए।

K. W. N. S. – रायपुर। आखिरकार भाजपा के भिलाई-दुर्ग जिले का संगठन चुनाव स्थगित कर दिया गया है। पार्टी हाईकमान के निर्देश पर दोनों जिलों के अध्यक्ष का चुनाव भी स्थगित करने का फैसला लिया गया है।प्रदेश के चुनाव अधिकारी रामप्रताप सिंह ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष के निर्देश के बाद दोनों जिलों में चुनाव फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं। बाद में पार्टी हाईकमान के निर्देश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मंडल अध्यक्षों के चुनाव को लेकर दुर्ग और भिलाई में पार्टी के बड़े नेताओं में विवाद शुरू हो गया था। एक तरफ पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री सुश्री सरोज पाण्डेय का खेमा रहा, तो दूसरी तरफ सांसद विजय बघेल और पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय थे।
गुरूवार को प्रदेश के पदाधिकारियों की बैठक में भी इसको लेकर खूब विवाद हुआ। पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, शिवरतन शर्मा सहित अन्य नेता भी दुर्ग-भिलाई चुनाव में गड़बड़ी को लेकर खरी-खोटी सुनाई और नए सिरे से चुनाव कराने की मांग भी की। दुर्ग और भिलाई में सुश्री सरोज पाण्डेय के समर्थक मंडलों में काबिज हो गए हैं। जबकि सरोज विरोधी माने जाने वाले विजय बघेल, प्रेमप्रकाश पाण्डेय, विद्यारतन भसीन और अन्य नेताओं को पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया।
मंडल चुनाव के चलते पार्टी नेता दो धड़ों में बंट गए थे और विरोधियों ने दुर्ग और भिलाई में बैठक बुलाई थी। इसके बाद शिकायतों का पुलिंदा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और संगठन महामंत्री व प्रदेश प्रभारी अनिल जैन को भेजा गया था। दूसरी तरफ, दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष ऊषा टावरी और महापौर चंद्रिका चंद्राकर ने खुद दिल्ली जाकर वरिष्ठ नेताओं के सामने पक्ष रखा है। हफ्तेभर से चल रही ड्रामेबाजी पर हाईकमान ने फिलहाल चुनाव को स्थगित कर दिया है। प्रदेश में ज्यादातर मंडलों के चुनाव हो चुके हैं और इसके बाद जिलाध्यक्षों के चुनाव कराए जाएंगे। लेकिन दुर्ग भिलाई में जिलाध्यक्षों के चुनाव नहीं होंगे।

दुर्ग । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से पुलिस वालों की खाकी के दम पर दादागिरी देखने मिली है. जबकि यहीं से गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू भी आते हैं. लेकिन पुलिस वालों को इनका तनिक भी भय नहीं है. यही वजह है कि घर में घुसकर युवक को झूठे मामले में फंसा देने की धमकी देकर पैसे की मांग करते हैं. पैसे नहीं देने पर बहन के साथ बदसलूकी करते है और युवक की इतनी बेदम पिटाई करते हैं कि उसकी दोनों पैर टूट गई. ऐसा ही युवक ने तीन पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाया है. कुछ दोस्तों ने स्टेचर में रखकर युवक को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई । 
पूरा मामला भिलाई के छावनी थाने का है. स्टेचर पर लेटा दिख रहा इस युवक का नाम अब्बास खान है. जो कैम्प 2 का रहने वाला है. पीड़ित युवक का आरोप है कि छावनी थाने तीन पुलिसकर्मियों ने घर में घुसकर उसकी बहन इश्वरी के साथ बदतमीजी करते हुए थप्पड़ जड़ दिया. अब्बास को पकड़कर पुलिस वाले पैसो की मांग कर रहे थे. पैसे न देने के कारण आरक्षकों ने बेरहमी से उसकी लाठी डंडों से पिटाई की. पुलिस वालों ने उसे इतना पीटा की उसका दोनों पैर टूट गया. जिससे अब वह चलने को तो दूर अच्छे से उठ बैठ भी नहीं पा रहा है. लेकिन पुलिस वालों को पीटने का यह अधिकार किसने दिया 
है  ।  इन पुलिस वालों का मन इतने में नहीं भरा तो जब अब्बास दर्द से कराह रहा था, तो जले में नमक छिड़कने के लिए उसके पैरों पर खड़े हो गए और टांग तोड़ देने की बात कहने लगे. जबकि उसके टांग से टूट ही चुकी थी. पीड़ित अब्बास का आरोप है कि पुलिस वाले लगातार झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपए की मांग की. डरा सहमा युवक 30 हजार पुलिस वालों को दे चुका था.  लेकिन जब 8 अक्टूबर को 20 हजार देने से युवक ने इंकार किया, तो छावनी थाने में पदस्थ आरक्षक विकास, जीत नारायण और निसार अहमद ने इस घटना को अंजाम दिया. बता दें कि युवक पहले मारपीट के मामले में गिरफ्तार भी हो चुका है । 
अब घटना की शिकायत करने पीड़ित दोस्तों से साथ स्टेचर में लेटकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा. एसपी से मिलकर पीड़ित और परिजनों ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. मामले में पुलिस अधीक्षक प्रखर पांडे ने सज्ञान में लेते हुए जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई करने की बात कही है । 

 
 
  दुर्ग ।  मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी महापौर चुनाव की प्रक्रिया में बदलाव को लेकर सरकार पर विपक्षी दल भाजपा हमलावर हो गई है. पूर्व मुख्यमंत्री रमनसिंह ने इस मामले को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को जमकर आड़े हाथ लिया. रमन सिंह ने कहा कि सरकार जनता के बीच अपना विश्वास खो चुकी है और सत्ता का दुरुपयोग कर खरीद फ़रोख्त कर महापौर चुनना चाह रही है।  
रमन सिंह रविवार को देवांगन समाज के परमेश्वरी आश्रम के लोकार्पण कार्यक्रम में दुर्ग पहुंचे थे. जहाँ उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि निगम चुनाव में पार्षदो के द्वारा महापौर चुनने की प्रकिया को देखकर लगता है कि पर कांग्रेस चुनाव में जाने से डर गई है इसीलिए वो महापौर का चुनाव बदलने की प्रक्रिया कर रही है. वो बैकडोर एंट्री से महापौर बनाने का प्रयास कर रहे है, सरकार जनता के बीच अपना विश्वास खो चुकी है. सत्ता में आते ही उसका दुरुपयोग कर खरीद फ़रोख्त कर महापौर चुनना चाह रही है. सरकार का यह निर्णय जनता का अपमान है पूर्व में हमारी भी सरकार रही पर हमने लोकतांत्रिक तरीके में जनता को सर्वोपरि रखा।  
रमनसिंह इसके बाद भी नही रुके उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने पिछली सरकार की कई योजनाओं को बंद करा दिया है जिससे बुनकरों की भी स्थिति खराब हो गई है. पिछले सरकार में कई करोड़ के काम बुनकरों के पास रहते थे, आज वही काम के लिए तरस रहे हैं।  
महाराष्ट्र चुनाव में स्टार प्रचारकों की सूची में रमनसिंह का नाम नहीं होने पर उन्होंने कहा कि मुझे चित्रकूट की जिम्मेदारी है और पार्टी को जब जरूरत पड़ेगी वहाँ जाएंगे महाराष्ट्र में मोर्चा सम्हालने कई बड़े नेता हैं।  

 
 भिलाई । भिलाई l पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के सिरसा कला खार नहर के किनारे दबिश देकर जुआ खेल रहे 10 जुआरियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है l पुलिस ने जुआरियों के पास से 21 हजार रुपये, 52 ताशपत्ती के साथ एक होंडा सिटी कार व मोटरसाइकिल बरामद किया है l
मिली जानकारी अनुसार, पकड़े गए जुआरियों को पहले भी जुआ एक्ट में गिरफ्तार किया जा चुका है l पुरानी भिलाई थाना प्रभारी संजीव मिश्रा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर 10 जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया है l वही कई लोग मौके से फरार हो गए l पकड़े गए जुआरियों में शम्भू मूर्ति, श्रीधर मांझी, शिव सिंह, अरविंद गोस्वामी, सतपाल सिंग, नवनीत सिंग, जे.राजू, गोपी, रवि सूर्या, निर्मल सिंह को मौके से गिरफ्तार किया है l

 
 
दुर्ग। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने विधानसभा क्षेत्र पाटन में आयोजित स्वामी आत्मानंद जयन्ती समारोह में शामिल हुये। मुख्यमंत्री ने स्वामी आत्मानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया । मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नगर पंचायत पाटन में 5 करोड़ 75 लाख के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया ।
जिन कार्यो का भूमिपूजन किया गया उनमें प्रमुख रूप से एक करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से वार्ड क्रमांक 3 में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य, 41 लाख रुपये की लागत से वार्ड क्रमांक 2 में पुष्पवाटिका सौंदर्यीकरण कार्य, वार्ड क्रमांक 14 में भी 46 लाख रुपये की लागत से पुष्पवाटिका सौंदर्यीकरण कार्य, वार्ड क्रमांक 14 में 24 लाख रुपये की लागत से मरही तालाब में पाथवे और पिचिंग कार्य,वार्ड क्रमांक 15 में 34 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन जीर्णोद्धार कार्य, वार्ड क्रमांक 13 में 53 लाख रुपये की लागत से स्टेडियम जीर्णोद्धार कार्यक्रम, वार्ड क्रमांक 2 में 23 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम सौंदर्यीकरण कार्य, वार्ड क्रमांक 2 में 20 लाख रुपये की लागत से सतनाम भवन में हॉल निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य, वार्ड क्रमांक 3 में 5 लाख रुपये की लागत से भोई कहार समाज सामुदायिक भवन निर्माण, वार्ड क्रमांक 6 में 5 लाख रुपये की लागत से विप्र समाज भवन अहाता निर्माण कार्य, वार्ड क्रमांक 15 में 24 लाख रुपये की लागत से गौठान निर्माण कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 22 लाख रुपये से विभिन्न वार्डों में विद्युतीकरण कार्य तथा 39 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण एवं सीसी रोड निर्माण कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही 20 लाख रुपये की लागत से देवांगन समाज भवन में शेड निर्माण कार्य तथा शहीद वीरनारायण भवन में 15 लाख रुपये की लागत से चेक टाइल्स तथा ऊपर भवन बनाने भूमिपूजन किया गया ।