Browsing: रायपुर

 
 
 
 panchayattantra24.-रायपुर।  भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। चुनाव के ऐलान से पहले भाजपा ने उम्मीदवारों का ऐलान करके उन्हें बेहतर तैयारी का मौका दिया है। नवंबर में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए इन उम्मीदवारों के नाम पर मुहर केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में लगाई की थी, जिसमें पीएम मोदी भी मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस से सत्ता छीनने की कोशिश में जुटी भाजपा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ उनके भतीजे विजय बघेल को उतारकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। 
पता चला है कि 21 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। कुछ खास नहीं है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी किए जाने पर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ये बात कही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बीजेपी सब जगह भय और लालच से तोड़ना चाहती है। विजय बघेल बोले… पाटन विधानसभा से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद विजय बघेल का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ पार्टी ने मुझे कमल छाप सौंपा है। मैं विश्वास दिलाता हूं पार्टी नेतृत्व को, कि पाटन की जनता और छत्तीसगढ़ की जनता के बदौलत कांग्रेस को पटखनी देंगे। उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि पार्टी ने मेरे ऊपर विश्वास किया। मेरे लोकसभा और छत्तीसगढ़ की जनता के प्रेम की बदौलत मुझे यह सौभाग्य मिला। पाटन क्षेत्र मेरी कर्मभूमि रही है।
सांसद सुनील सोनी ने कहा… बीजेपी प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होते ही सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। बीजेपी उम्मीदवारों की घोषणा के बाद सांसद सुनील सोनी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की इच्छा है छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार बने, इसलिए उनकी सहमति के आधार पर लिस्ट जारी हुई है। पाटन सीट को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कही पाटन से पलायन न कर दें। भाजपा सांसद सुनील सोनी ने कहा कि बीजेपी पूरी ताकत के साथ लड़ेगी, सभी प्रत्याशियों के नाम गम्भीरता के साथ वरिष्ठ नेताओं ने तय किया है। बीजेपी सरकार बनेगी ये तय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इच्छा है छत्तीसगढ़ में सरकार बने, इसलिए उनकी सहमति के आधार पर लिस्ट जारी हुई है। उनसे चर्चा के बाद नामों पर सहमति बनी है।
पाटन विधानसभा सीट को लेकर सांसद सोनी ने कहा कि बीजेपी की लिस्ट जारी होते ही कांग्रेस में डर माहौल बन गया है। कांग्रेस को यकीन नहीं रहा कि लिस्ट सही हैं या नहीं। मुख्यमंत्री कही पाटन से पलायन न कर दें, पहले भी विजय बघेल ने उन्हें हराया है। नए चेहरे को लेकर सांसद सुनील सोनी ने कहा कि सभी जनाधार के लोग हैं। नए चेहरे का नया छत्तीसगढ़ बनाने में योगदान होगा। सभी अपने-अपने क्षेत्र में विकास करके उन्नत करेंगे। नई ऊर्जा के साथ मैदान में उतरेंगे, जनता उन्हें आशीर्वाद देगी।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। आम आदमी पार्टी तू डाल डाल, मैं पात-पात की तर्ज पर प्रदेश में कांग्रेस भाजपा का पीछा कर रही है। जोगी कांग्रेस की स्थिति को देखते हुए आम आदमी पार्टी की नजर उसके 6% वोट पर है। इसे हासिल करने पूरी ताकत के साथ छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवालव दो दिन बाद फिर छत्तीसगढ़ दौरे पर आने वाले हैं। वे 19 या 20 अगस्त को रायपुर मे टाउन हाल सम्मेलन में शामिल होंगे । उनके साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान के भी आने की खबर है। आज दोपहर बाद कार्यक्रम तय हो जाएगा। प्रदेश प्रमुख. कोमल हुपेंडी ने कहा कि केजरीवाल एक निजी होटल में टाउन हाल लेंगे। जहां प्रदेशभर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं जुटेंगे। आपको बता दें कि इससे पहले अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान छत्तीसगढ़ में दो बार चुनाव सभा कर चुके है. रायपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन और बिलासपुर में चुनावी सम्मेलन किया जा चुका है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। अविभाजित मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री लीलाराम भोजवानी के आकस्मिक निधन पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि भोजवानी का लंबा सार्वजनिक जीवन रहा है और उन्होंने पूरा जीवन आम जनता के लिए समर्पित होकर कार्य किया। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव आज 17 अगस्त को भोपाल प्रवास पर जाएंगे। वे 17 अगस्त को रात 08:10 बजे मुंबई से नियमित विमान द्वारा भोपाल के लिए रवाना होंगे। वे रात साढ़े नौ बजे भोपाल पहुंचेंगे। आपको बता दें कि साल 2023 छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के लिए बेहद ही अहम है। ऐसा इसलिए क्योंकि इसी साल के अंत में दोनों प्रदेशों पर विधानसभा चुनाव होना है। चुनाव को लेकर सियासी सरगरमी शुरु हो गई है। लागातार जनप्रतिनिधों और नेताओं की बैठक जारी है।
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर।  बस्तर संभाग के युवाओं के साथ भेंट मुलाकात करने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज जगदलपुर के शासकीय काकतीय पीजी कालेज मैदान धरमपुरा पहुंचे। मुख्यमंत्री बघेल ने युवाओं से चर्चा की, उनकी आकांक्षाएं जानीं और उनके हित में अनेक घोषणाएं मौके पर ही की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कोंडागांव में कुश्ती एकेडमी के साथ ही अनेक घोषणाएं भी की। सुकमा में अगले वर्ष से कृषि महाविद्यालय आरंभ होगा। साथ ही सुकमा के शासकीय महाविद्यालय में अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए भी उन्होंने 4 करोड़ रुपए की घोषणा की। भेंट मुलाकात के दौरान नारायणपुर के युवाओं ने आउटडोर स्टेडियम तथा सेंट्रल लाइब्रेरी की माँग की, इसे भी पूरा किया गया। नारायणपुर में पीएमटी गर्ल्स कालेज में सीटों की संख्या 50 से बढ़ाकर 100 किये जाने की घोषणा भी की गई। छात्राओं की सुविधा के लिए जगदलपुर दंतेश्वरी गर्ल्स कालेज में हास्टल को भी स्वीकृति दी गई। बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम कालेज में भवन, हास्टल और बाउंड्रीवाल निर्माण की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की। कांकेर के चारामा में डीसीए और पीजीडीसीए की माँग आ रही थी। साथ ही उन्होंने चारामा में पीजी कालेज खोलने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल से यह कोर्स आरंभ हो जाएंगे। 
 नारायणपुर से वनीता नेताम ने मेरे सपनों का छत्तीसगढ़ पर अपनी बात रखी और इसमें राज्य सरकार की उपलब्धियों को सराहा। मुख्यमंत्री ने इसकी खूब प्रशंसा की। अन्य युवाओं ने भी गढ़बो छत्तीसगढ़ की अपनी कल्पना मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। क्राइस्ट कालेज की छात्रा कुमारी भूमिका ने बादल एकेडमी के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस एकेडमी के माध्यम से बस्तर की कला संस्कृति को सहेजने में बड़ी मदद मिल रही है। 
युवा हितों में लिए गये बड़े फैसलों की भी दी जानकारी- मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युवा हितों में लिये गये बड़े फैसलों की जानकारी भी युवाओं को दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं से छेड़छाड़, दुष्कर्म आदि के आरोपियों को शासकीय नौकरी से प्रतिबंधित किया जाएगा। शासकीय महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को घर से महाविद्यालय तक आने बस की सुविधा निःशुल्क दी जाएगी। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लंबी कूद, 100 मीटर दौड़ एवं कुश्ती के खेल में 18 से 40 वर्ष के आयु वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया जाएगा। यह प्रावधान इसी वर्ष से लागू किये जायेंगे। दूरस्थ क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं परीक्षाओं की तैयारी आनलाइन विकासखंड मुख्यालयों में हो सकेगी।
नेशनल चैंपियन रीना ने किया आग्रह, मुख्यमंत्री ने स्वीकारा, कोंडागांव में स्थापित होगी कुश्ती एकेडमी- भेंट मुलाकात के दौरान कोंडागांव की युवती रीना राजपूत ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती खिलाड़ी हैं। 10 नेशनल और 35 स्टेट लेवल कांपिटिशन में हिस्सा लिया है। अब मैं यहां कुश्ती के टैलेंटेड लोगों को तैयार कर रही हूँ। जिस तरह यहां स्पोर्ट्स एकेडमी की घोषणा आपने की। उसी तरह से कुश्ती एकेडमी भी बन जाए तो कुश्ती के लिए अच्छा माहौल बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल अधोसंरचना को बेहतर बनाने एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना शासन की प्राथमिकता है। हम यहां कुश्ती एकेडमी बनाएंगे। शहीद महेंद्र कर्मा शासकीय विश्वविद्यालय जगदलपुर की छात्रा कु घृतिका निषाद ने कहा कि हमारे जिले में आर्चरी, क्रीड़ा परिसर, इंडोर स्टेडियम, प्रियदर्शिनी स्टेडियम आदि बनाया गया है। इससे खेलों के लिए बहुत बढ़िया माहौल बना है। 
भाजियों को मिड डे मील में शामिल करें – उत्तर बस्तर कांकेर से कुमारी श्रेया वर्मा एमबीबीएस की छात्रा हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भाजियों के लिए मशहूर है। यहां इतनी तरह की भाजियां हैं और सबमें बहुत से विटामिन हैं। इन्हें मिड डे मील में शामिल किया जाए तो बच्चों के पोषण में बहुत वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपका सुझाव बहुत अच्छा है। इस संबंध में हम लोग काम कर रहे हैं। भाजियों के पौष्टिक गुणों के संबंध में वन विभाग के औषधि पादप बोर्ड द्वारा कार्यशाला का आयोजन किया गया था। मैं बस्तर संभाग में भेंट मुलाकात में गया और हर जगह अलग किस्म की स्वादिष्ट भाजियां खाईं जो बहुत शानदार अनुभव रहा। अभी लोग मिड डे मील में मिलेट्स को जोड़ रहे हैं। इसकी शुरुआत कांकेर से की गई है और शीघ्र ही इसे विस्तारित किया जाएगा। जल्द होगी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी की भर्ती- भेंट मुलाकात के दौरान कृषि महाविद्यालय जगदलपुर के छात्र निखिल तिवारी ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के पदों पर भर्ती का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसकी स्वीकृति वित्त विभाग से हो चुकी है। जल्द ही नियुक्ति प्रक्रिया आरंभ होगी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि लगभग 41 हजार पदों पर भर्ती हो चुकी है और प्रक्रिया चल रही है। कोण्डागांव की प्रियंका सोरी ने बताया कि वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है और एनएसएस की कैडेट भी हैं। ऐसे में कृपया एनएसएस के छात्र-छात्राओं को भर्ती परीक्षाओं में बोनस अंक प्रदान करने की कृपा करें। प्रियंका ने कहा कि हम आपकी योजनाओं को एनएसएस द्वारा गांव स्तर तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। हमारे जिले में अब कॉलेज की संख्या 3 से बढ़कर 8 हो गई है। इसके लिए हम आपका धन्यवाद देते हैं। एमएससी बॉटनी और फिज़िक्स हमारे कालेज में नही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्हें शीघ्र ही संचालित किया जाएगा।
 

 panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर में आयोजित 77वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान और भारत माता की जय के उद्घोष से माहौल गूंज उठा। द्वितीय और बारहवीं सी एफ बटालियन और एनसीसी टुकड़ी की परेड आकर्षण का केन्द्र थी, मुख्य न्यायाधीश द्वारा परेड की सलामी ली गई। मुख्य न्यायाधीश द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित समस्त आगुंतकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गई। मुख्य न्यायाधीश द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश के समस्त न्यायिक अधिकारीगण को भी शुभकामनाएँ प्रेषित की गई। 
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर में विस्तार भवन निर्माण हुआ है जिसमें 07 अतिरिक्त कोर्ट रूम हैं। ध्वजारोहण के उपरांत मुख्य न्यायाधीश द्वारा नवनिर्मित विस्तार भवन एवं अतिरिक्त कोर्ट रूम साथ ही न्यायिक कार्यवाही की लाईव स्ट्रीमिंग, 22 जिलों के ई-सेवा केन्द्र, ई-गेट पास के संबंध में मोबाईल एप ऑनलाईन रिक्रूटमेंट एप्लीकेशन का भी उद्घाटन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर यातायात संबंधी चालानों के संबंध में जिला अंबिकापुर, बिलासपुर, दुर्ग तथा जगदलपुर की वर्चुअल कोर्ट और न्यायिक अधिकारीगण के न्यायिक विमर्श के संबंध में सॉफ्टवेयर का भी उद्घाटन किया गया। इसी कड़ी में 04 नये टेलीग्राम चैनल का भी उद्घाटन किया गया। अब पक्षकारगण व आम जनता अपने प्रकरणों में हो रही सुनवाई को घर बैठे लाईव स्ट्रीमिंग के माध्यम से उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ की वेबसाईट में देख सकते हैं। उल्लेखनीय है कि आमजनों को कॉजलिस्ट, ए.एफ.आर. जजमेंट महत्वपूर्ण सूचनाएँ और निविदाओं की जानकारी पूर्व से ही वेबसाईट से प्राप्त हो रही है। 
उच्च न्यायालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार दिनांक 16.08.2023 से नवनिर्मित विस्तार भवन में कोर्ट रूम कमांक 17 एवं 18 में न्यायमूर्ति श्री अरविंद सिंह चंदेल एवं न्यायमूर्ति श्री संजय कुमार जायसवाल द्वारा प्रकरणों की सुनवाई प्रारंभ कर दी गयी है। यह भी उल्लेखनीय है कि मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा द्वारा नवनिर्मित विस्तार भवन में कोर्ट रूम क्रमांक 16 में प्रति शुक्रवार को द्वितीय पाली में दोपहर 2.15 बजे से प्रकरणों की सुनवाई प्रारंभ की जावेगी। 
 उक्त समारोह छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायमूर्तिगण, सेवानिवृत्त न्यायमूर्तिगण, रजिस्ट्रार जनरल, महाधिवक्ता व शासकीय अधिवक्तागण, उच्च न्यायालय व जिला न्यायालय के बार एसोसियेशन के सदस्य रजिस्ट्री के अधिकारी व कर्मचारीगण एवं बिलासपुर जिला न्यायालय के न्यायिक अधिकारीगण की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर उच्च न्यायालय परिसर के आस पास के ग्रामों के निवासी एवं स्कूली बच्चों का अभूतपूर्व उत्साह देखने को इस समारोह में स्वस्फूर्त 5000 से भी अधिक संख्या में लोग शामिल हुये। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में उच्च न्यायालय भवन आकर्षक प्रकाश व्यव सुसज्जित किया गया था।
 

 
 
 
panchayattantra24.-रायपुर। प्रतिबंधित नशीली सिरप के साथ आरोपी काशीराम चंद्रा उर्फ राजू को गिरफ्तार किया गया है. जानकारी के मुताबिक़ एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना खमतराई क्षेत्रांतर्गत रिंग रोड 02 भनपुरी स्थित कमलेश ढ़ाबा के पास दोपहिया वाहन में सवार एक व्यक्ति अपने पास प्रतिबंधित नशीली सिरप रखा है तथा बिक्री की फिराक में ग्राहक की तलाश कर रहा है। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर/अपराध अभिषेक माहेश्वरी, उप पुलिस अधीक्षक क्राईम दिनेश सिन्हा, नगर पुलिस अधीक्षक उरला श्री अविनाश मिश्रा द्वारा प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी खमतराई को सूचना की तस्दीक कर आरोपी को प्रतिबंधित नशीली सिरप के साथ रंगे हाथ पकड़ने निर्देशित किया गया। जिस पर एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताए दोपहिया वाहन एवं हुलिये के व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम काशीराम चंद्रा उर्फ राजू निवासी रायपुर का होना बताया। 
टीम के सदस्यों द्वारा उसके पास रखे थैले की तलाशी लेने पर थैले में प्रतिबंधित नशीली सिरप रखा होना पाया गया। उक्त प्रतिबंधित नशीली सिरप रखने के संबंध में काशीराम चंद्रा उर्फ राजू से वैध दस्तावेज या अन्य कागजात प्रस्तुत करने कहने पर उसके द्वारा किसी भी प्रकार का कोई वैध दस्तावेज या कागजात प्रस्तुत न कर टीम को लगातार गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा था। जिस पर आरोपी काशीराम चंद्रा उर्फ राजू को गिरफ्तार कर कब्जे से कुल 210 शीशी प्रतिबंधित नशीली सिरप कोड़िन तथा घटना में प्रयुक्त 01 नग दोपहिया वाहन जुमला कीमती लगभग 58,000/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 693/23 धारा 21(सी) नारकोटिक्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया।
 गिरफ्तार आरोपी – काशीराम चंद्रा उर्फ राजू पिता गोपालराम चंद्रा उम्र 39 साल निवासी जैजेपुर वार्ड नं. 01 भाठागांव थाना जैजेपुर जिला सक्ती हाल पता कैलाश नगर बीरगांव थाना उरला रायपुर।
 

 
 
 panchayattantra24.-रायपुर। सीएम भूपेश बघेल का आज से 2 दिवसीय बस्तर दौरे पर जा रहे हैं. दौरे को लेकर सीएम बघेल ने कहा, जगदलपुर जा रहा हूं. बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग संभाग में युवाओं से संवाद हो चुका है. 22 तारीख को फिर सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में युवा संवाद के कार्यक्रम में युवाओं से मुलाकात होगी. आज यहां भेंट मुलाकात होगी और कल बस्तर विधानसभा के कई कार्यक्रम में भी रहूंगा. साथ ही कैग की रिपोर्ट और अन्य मुद्दों को लेकर बीजेपी और पीएम मोदी के साथ केंद्रीय मंत्री के बयान को लेकर जमकर निशाना साधा है।
 कांग्रेस नेताओं के जमावड़े पर सीएम बघेल ने कहा, 20 अगस्त को राजीव गांधी किसान न्याय योजना और भूमि श्रमिक न्याय योजना राशि वितरण महासमुंद में करेंगे. जैसे-जैसे समय मिलेगा नेताओं का दौरा होगा. 2 सितंबर को राहुल गांधी का दौरा तय कर रहे हैं. आगे सीएम भूपेश ने कैग की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए भाजपा पर हमला किया. सीएम बघेल ने कहा, अब रिपोर्ट आ गई है. बीजेपी और पीएम इस पर मौन हैं. क्या कार्रवाई कर रहे हैं, यह अपेक्षित है. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के घमंडिया गठबंधन वाले बयान पर सीएम बघेल ने तंज कसते हुए कहा, जबसे इंडिया का गठबंधन हुआ है बीजेपी के निचले स्तर से शीर्ष नेतृत्व परेशान हैं. यह मजबूत गठबंधन है. ऐसा कोई मौका नहीं है, जिसमें इसकी आलोचना नहीं करते. इसका मतलब है कि, वह बेचैन हैं और दिन रात इंडिया उनके दिमाग में घूम रहा है. लगातार इसलिए कुछ न कुछ बयान दे रहे हैं. यानी इंडिया सहीं दिशा में चल रहा है ।
 युवाओं से मिल रहे रिस्पॉन्स पर सीएम बघेल ने कहा, युवाओं के अपने सपने हैं. युवा सपने देखते हैं कि भविष्य में करना क्या है. हम लोगों ने एक लाइन पकड़ ली है. उनके सपने महत्वपूर्ण हैं, छत्तीसगढ़ को दिशा देने के लिए इस दिशा में छत्तीसगढ़ आगे बढ़ रहा है. दावेदारों को लेकर सीएम भूपेश बघेल ने कहा, जो भी दावेदार हैं या जो भी इच्छुक हैं चुनाव लड़ने के लिए वे अपने आवेदन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के पास देंगे. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संभावित छत्तीसगढ़ दौरे पर सीएम बघेल ने कहा, सहकारिता के हिसाब से आएंगे. यहां आते हैं और बीजेपी के कार्यालय में दो-तीन बार जा चुके हैं. आ रहे हैं तो शासकीय कार्यक्रम है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहाँ अपने निवास कार्यालय में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी देशभक्ति, शौर्य और बलिदान हमें हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। इस अवसर पर सांसद दीपक बैज ने भी वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी को नमन किया।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर।  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बस्तर संभाग के युवाओं से आज बुधवार 16 अगस्त को भेंट-मुलाकात कर रहे है। कार्यक्रम का आयोजन शासकीय काकतीय पीजी ग्राउंड, धरमपुरा, जगदलपुर में हो रहा है। मुख्यमंत्री इस मौके पर युवाओं से ‘गढ़बो नवा छत्तीसगढ़’ पर चर्चा कर रहे है। बस्तर संभाग के युवाओं में मुख्यमंत्री से मिलने खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में युवाओं से भेंट मुलाकात का आयोजन हो चुका है। 
 इन आयोजनों में युवाओं ने प्रदेश के विकास के संबंध में अपनी आकांक्षाओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा है। इन भेंट-मुलाकात कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री ने युवा हित में अनेक बड़ी घोषणाएं भी की हैं। इस अवसर पर बस्तर लोकसभा सांसद दीपक बैज, संसदीय सचिव रेखचंद जैन, छ.ग. मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष एम.आर. निषाद, छ.ग. राज्य अक्षय ऊर्जा अभिकरण (क्रेडा) के अध्यक्ष मिथलेश स्वर्णकार, इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष राजीव शर्मा, महापौर जगदलपुर सफीरा साहू, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, कमिश्नर बस्तर श्याम धावड़े, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दर राज पी., कलेक्टर विजय दयाराम के. सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित हैं।