Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज देश की आजादी की 76 वीं वर्षगांठ पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया। भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की 76वीं वर्षगांठ पर बधाई और शुभकामनाएं दी। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं संस्कृति, सुरक्षा, कृषि, सुगमता घोषणा: – 1 मुख्यमंत्री ने प्रदेश के साहित्यिक वातावरण को और भी सुदृढ़ करने के लिये साहित्यकारों को तीन श्रेणियों में ‘‘छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी सम्मान’’ दिये जाने की घोषणा की।
पहला – छत्तीसगढ़ी एवं अन्य बोली जैसे गोंडी, हल्बी, सरगुजिया, कुरुख आदि में लिखे गये साहित्य के लिये। दूसरा – हिंदी में लिखे गये पद्य के लिये। तीसरा – हिंदी में लिखे गये गद्य के लिये यह सम्मान दिया जायेगा। हर श्रेणी में सम्मानित साहित्यकारों को 5 लाख रूपये नगद एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किये जायेंगे।
घोषणा:- 2 मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं उनकी अस्मिता बनाये रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम निर्णय लेने जा रहे हैं कि बालिकाओं एवं महिलाओं से छेड़छाड़, दुष्कर्म आदि के आरोपियों को शासकीय नौकरियों से प्रतिबंधित किया जायेगा।
घोषणा:- 3 छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लंबी कूद, 100 मीटर दौड़ एवं कुश्ती के खेल में 18 से 40 वर्ष के आयु वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया जाएगा। यह प्रावधान इसी वर्ष से लागू किये जायेंगे। घोषणा:- 4 मछली पालन और लाख पालन को कृषि का दर्जा दिये जाने के सकारात्मक परिणामों को देखते हुये मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में अब रेशम कीट पालन एवं मधुमक्खी पालन को भी कृषि का दर्जा देने की घोषणा की है।
घोषणा:- 5 छत्तीसगढ़ प्रदेश में कुक्कुटपालन को प्रोत्साहित करने नवीन रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित किये जाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने ‘‘छत्तीसगढ़ कुक्कुटपालन प्रोत्साहन योजना’’ प्रारंभ किये जाने की घोषणा की है। इस योजना के अंतर्गत कुक्कुट पालकों को सब्सिडी तथा वाणिज्यिक दर के स्थान पर अब रियायती दर पर बिजली उपलब्ध करायी जाएगी।
घोषणा:- 6 शिक्षा के क्षेत्र में:- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों के शासकीय शालाओं के 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थी भी इंजीनियरिंग एवं मेडिकल की प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर रूप से तैयारी कर सकें इसके लिये देश के ख्याति प्राप्त कोचिंग संस्थाओं से ऑनलाइन कोचिंग निःशुल्क कराने की व्यवस्था हम शीघ्र करने जा रहे हैं। इसके लिये सभी विकासखंड मुख्यालयों में ऑनलाइन कोचिंग कक्षाओं की व्यवस्था की जायेगी।
घोषणा:- 7 भूपेश बघेल ने कहा है कि प्रदेश के सभी जिलों में कम से कम एक कॉलेज में पोस्ट-ग्रेजुएट कक्षाओं में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय हमने लिया है। इसी क्रम में नवनिर्मित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ मुख्यालय में संचालित शासकीय लोचनप्रसाद पाण्डे महाविद्यालय सारंगढ, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही मुख्यालय में संचालित डाॅ. भंवर सिंह पोर्ते महाविद्यालय पेंड्रा, जिला सक्ती मुख्यालय में संचालित क्रांति कुमार भारतीय महाविद्यालय सक्ति एवं जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चैकी में संचालित शासकीय एल.सी.एस. महाविद्यालय अंबागढ़ चैकी को स्नातकोत्तर विद्यालय का दर्जा प्रदान करने की घोषणा करता हूँ। इसके लिये आवश्यक नवीन विषय एवं पद संरचना इन महाविद्यालयों को अति शीघ्र उपलब्ध करा दी जायेगी।
घोषणा:- 8 मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि नवा छत्तीसगढ़ गढ़नें में आधुनिक प्रौद्योगिकी की भूमिका को देखते हुये हम अगले शिक्षा सत्र से स्कूली बच्चों के पाठ्यक्रम में भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसी अत्याधुनिक तकनीकी की जानकारी पाठ्यक्रम में शामिल करेंगे जिससे हमारे बच्चे भविष्य की तकनीक के लिये अभी से तैयार हो सके और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विश्व का नेतृत्व करने के योग्य बन सके।
घोषणा:- 9 मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घोषणा की कि शासकीय महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को घर से कॉलेज और कॉलेज से घर आने जाने के लिये बस के माध्यम से निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी।
घोषणा:- 10 भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता और पहचान छत्तीसगढ़ी भाषा से है। मैं आज यह घोषणा करता हूँ कि अगले शिक्षा सत्र से राज्य के जिन क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ी भाषा बोली जाती है वहां छत्तीसगढ़ी भाषा एवं आदिवासी क्षेत्रों में वहां की स्थानीय बोली को कक्षा एक से कक्षा पांचवी तक पाठ्यक्रम में एक विषय के रूप में सम्मिलित किया जायेगा।
घोषणा:- 11 मानदेय राशि में बढ़ोतरी:- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि शहरी स्वच्छता दीदियों के उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुये उनके मानदेय में भी 20 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा करता हूँ। स्वच्छता दीदियों के उत्कृष्ट कार्यो के कारण ही हमारे प्रदेश नें लगातार तीन बार देश का स्वच्छतम् राज्य होने का गौरव हासिल किया है।
घोषणा:- 12 मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शहरी आजीविका के क्षेत्र में कार्यरत सामुदायिक संगठकों के उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुये उनके मानदेय में 20 प्रतिशत बढ़ोतरी की मैं घोषणा की है।
घोषणा:- 13 मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मेहनतकश निर्माण श्रमिकों के लिये मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना प्रारंभ करने की घोषणा की। निर्माण कार्य करने वाले ऐसे मजदूर जिनकी आयु 60 वर्ष पूरी हो चुकी हो तथा जो 10 साल तक पंजीकृत रहे हैं उन्हें जीवन पर्यंत हर महीने 1500 रूपये मासिक पेंशन दी जायेगी।
घोषणा:- 14 मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में कार्यरत संविदा प्रशिक्षण अधिकारियों के एकमुश्त संविदा वेतन को 25,780 रू से बढ़ाकर प्रतिमाह 32,740 रू करने तथा मेहमान प्रवक्ताओं के प्रतिमाह अधिकतम भुगतान की सीमा को 13,000 रू से बढ़ाकर 15,000 रू प्रतिमाह करने की घोषणा की है।
घोषणा:- 15 मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में शिक्षा सुविधाओं में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले अंशकालीन सफाई कर्मी भाई-बहनों को एवं मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम से जुड़े रसोइयों के मानदेय में 500 रू प्रतिमाह वृद्धि किये जाने की घोषणा की है।

panchayattantra24.-रायपुर। जो स्वांतः सुखाय और जनहित में लिखते हैं, उन्हें अपनी कलम कभी रोकनी नहीं चाहिए। उन्हें नियमित लिखना चाहिए। जब इनके द्वारा लिखी प्रामाणिक और सच्ची सामग्री पहुंचेगी तो प्रायोजित रूप से फैलाये जा रहे झूठ को लोग स्वतः ही जान जाएंगे। यह बात मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कीर्तिशेष श्री देवीप्रसाद चौबे की स्मृति में मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आज आयोजित वसुंधरा सम्मान समारोह के मौके पर कही। यह सम्मान वरिष्ठ साहित्यकार- पत्रकार श्री सुधीर सक्सेना को मुख्यमंत्री ने प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि शब्दों को संजोना एक कठिन विधा है। उसमें भावनाएं पिरोना और भी कठिन है। छत्तीसगढ़ी समाज बहुत सरल सहज है लेकिन यह सहजता आसान नहीं है। बहुत प्रयत्न से यह सफलता मिलती है। यह सरलता लोगों को इतनी भाती है कि जो भी एक बार छत्तीसगढ़ आता है छत्तीसगढ़ उसे अपना लेता है। यह छत्तीसगढ़िया भोलापन है, जो सबको अच्छा लगता है। यही हमारी पूंजी है, हमारी थाती है। यही सरलता श्री देवीप्रसाद चौबे में थी। यही सरलता कबीर, घासीदास में मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवीप्रसाद चौबे जी गांधीवादी थे। गांधी जी में अहिंसा की पराकाष्ठा मिलती है। आलोचना को सहने की गहरी शक्ति उनके पास थी। जब उनकी हत्या हुई तो भी उन्होंने हे राम कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर कोई आपसे असहमत है और आप उग्र नहीं हो रहे तो समझिये कि आप गांधी जी के रास्ते पर चल रहे हैं। इस मौके पर अपने संबोधन में श्री सुधीर सक्सेना ने कहा कि किसी भी पुरस्कार की महत्ता का आंकलन इस बात से होता है कि वो निरंतरता रचती है या नहीं। इसका निर्धारण इस बात से भी होता है कि यह पुरस्कार किन लोगों को पूर्व में सम्मानित किया जा चुका है। इस दृष्टि से यह पुरस्कार मेरे लिए संतोष का विषय है। पुश्किन का कहना है कि कोई भी सम्मान कवि के हृदय में होता है। मेरे लिए यह मेरे सरोकारों का सम्मान है। छत्तीसगढ़ में मुझे जो प्रेम मिला है। वो अद्वितीय है। जो भी प्यार से मिला, हम उसी के हो लिए, यह छत्तीसगढ़ की खासियत है।
छत्तीसगढ़ से अपने जुड़ाव के संबंध में बताते हुए सक्सेना ने बताया कि उनकी पत्नी रायपुर की ही बेटी है। आज उनकी स्मृतियां ही बाकी हैं लेकिन इस मौके पर वे होती तो उन्हें बहुत खुशी होती। उन्होंने कहा कि 1978 में पहली बार यहां आया, तभी से हर साल यहां आता रहा हूँ। इसने मुझे मोहपाश में बांध लिया है। मैं जब भी यहां आता हूँ तो लगता है मैं घर लौटा हूँ। इस सम्मान से बड़ी जिम्मेदारी भी आई है। निरंतर सरोकारों से जुड़े रहने की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर मुख्य वक्ता पत्रकार राजेश बादल ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने आंचलिक पत्रकारिता की चुनौतियों तथा इनके महत्व के विषय में विस्तार से अपनी बात की। साथ ही वर्तमान परिदृश्य में पत्रकारिता के समक्ष चुनौतियों पर भी अपनी बात रखी।

panchayattantra24.-रायपुर। संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने कहा है कि राज्य सरकार के पिछले पौने पांच साल में किए जा रहे विशेष प्रयासों से छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति को नई ऊंचाई मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के लोगों में अपनी संस्कृति के प्रति गौरव का भाव जगाने लिए गए निर्णय दूरगामी साबित हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ की संस्कृति को मान-सम्मान दिलाने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ी पर्वाें पर सार्वजनिक अवकाश के साथ ही खान-पान, कला साहित्य को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस मौके पर मंत्री भगत ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराकर सभी से अपने घर तिरंगा फहराने की अपील की।
मंत्री भगत ने कहा कि पहले छत्तीसगढ़ के कला-संस्कृति मंच और कार्यक्रम के लिए तरसते थे, अब छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति एवं परंपरा पर आधारित कार्यक्रमों से छत्तीसगढ़ी भाषा का क्रेज बढ़ा है। इसका उदाहरण आईएएस और आईपीएस अधिकारियों में छत्तीसगढ़ी की ललक देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यहां की लोक-संस्कृति, कला, परपंरा, ऐतिहासिक धरोहरों, पुरखों के सपनों को संजोन, सहेजने के साथ ही मुख्यमंत्री के प्रयास से छत्तीसगढ़ी फिल्म नीति लागू किया। अब छत्तीसगढ़ी फिल्म को उद्योग का दर्जा मिल गया है। यहां के कलाकारों, तकनीशियनों, निर्माता, निर्देशकों को इस क्षेत्र में वृहद रूप से रोजगार उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत छत्तीसगढ़ी फिल्मों को राज्य सरकार द्वारा फिल्म नीति के माध्यम से एक करोड़ से लेकर पांच करोड़ रूपए तक की पुरस्कार राशि देने का प्रावधान किया है।
संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद ने भी राजभाषा आयोग के कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा पर हमें गर्व है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय रामायण महोत्सव से छत्तीसगढ़ आयोध्या मय हो गया था, देश-विदेश के रामायण कला संस्कृति से जुड़े लोग छत्तीसगढ़ी रामायण मानस महोत्सव से अभिभूत हुए। कार्यक्रम में दुर्गा प्रसाद पारकर द्वारा लिखित पुस्तक ‘निर्मला‘, अरविन्द्र मिश्र द्वारा लिखित ‘‘ममादाई के कहनी‘‘, एक पुस्तक ‘स्वर्गीय कपिल नाथ के आत्मकथा‘ और टिकेश्वर सिंह द्वारा लिखित पुस्तक ‘गांव बसे हृदय म‘, नवलदास मानिकपुरी द्वारा लिखित पुस्तक ‘मया के गोठ‘ और अशोक पटेल द्वारा लिखित पुस्तक ‘छत्तीसगढ़ के चिन्हारी‘, श्रीमती धनेश्वरी सोनी द्वारा लिखित ‘जिनगी के किस्सा‘ और हितेश कुमार द्वारा लिखित छत्तीसगढ़ में ‘पतंजली योग सूत्र‘ तथा मुकेश कुमार द्वारा लिखित ‘हाथ के लकीर‘ पुस्तक का विमोचन किया गया। इस अवसर पर साहित्यकार डॉ. परदेशी राम वर्मा, डॉ. कविता मिश्र और श्री सेवक राम बांधे ने छत्तीसगढ़ी भाषा के विकास एवं राजकाज में छत्तीसगढ़ी पर व्याख्यान दिया। इस मौके पर राजभाषा आयोग के सचिव डॉ. अनिल भतपहरी सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार, कला और संस्कृति से जुड़े विद्यवतजन और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने देश की आजादी की 76वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा है कि पुरखों के कठिन संघर्ष, त्याग और बलिदान से हमें आजादी मिली है। आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले उन सभी अनाम योद्धाओं, शहीदों और वीर जवानों को नमन है, जिन्होंने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से स्वतंत्रता संग्राम में अपना योगदान दिया। उनकी बदौलत हम आजाद वातावरण में सांस ले पा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि आजादी के वास्तविक मायने और मूल्यों को समझने के लिए हमें इतिहास का संजीदगी से पुनरावलोकन करना होगा। हमारे पूर्वजों के कठिन परिश्रम और दूरदृष्टि का परिणाम है कि अनेक चुनौतियों के बावजूद भारत आज पूरे विश्व में सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पुरखों ने आजादी के बाद जिस लोकतंत्रात्मक गणराज्य का सपना देखा था, उसे पूरा करना हम सब की जिम्मेदारी है। इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए राज्य सरकार ‘गढ़बो नवा छत्तीसगढ़‘ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। राज्य सरकार की प्राथमिकता समाज के सबसे कमजोर वर्ग का सशक्तिकरण, बुनियादी मजबूती, गांवों का आर्थिक सुदृढ़ीकरण, हर व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाओं की पहुंच और विकास के साथ अपनी पुरातन सभ्यता-संस्कृति का संरक्षण और संवर्धन है। इसके लिए गांधीवादी सोच के साथ सुराजी गांव योजना, ’राजीव गांधी किसान न्याय योजना‘, गोधन न्याय योजना, गौ-मूत्र खरीदी, भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना जैसी कई लोक हितैषी योजनाएं शुरू की गई हैं। बुनियादी स्तर पर गांवों को मजबूत करने के लिए किसानों और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की पहल की गई है।
राज्य सरकार ने बीते पौने पांच सालों में छत्तीसगढ़ के विकास को एक नई ऊंचाई दी है। जनता से किए वायदे को एक-एक कर पूरा किया है। किसानों की कर्जमाफी, 2500 क्विंटल में धान खरीदी, बिजली बिल हाफ, शिक्षा कर्मियों का नियमितिकरण, महिला समूहों की ऋण माफी, चिटफंड कम्पनियों से निवेशकों का पैसा वापसी, पुरानी पेंशन योजना लागू करने जैसे कई महत्वपूर्ण फैसले राज्य सरकार ने लिए हैं। आदिवासियों को वनाधिकार पट्टा और वनोपज का वाजिब दाम दिलाकर उन्हें सक्षम बनाया है। परंपरागत तीज-त्यौहारों के साथ लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन से छत्तीसगढ़ियों में नया आत्मविश्वास आया है। पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना और माटी पूजन दिवस की शुरूआत की गई है। पोषण और स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी लगातार काम कर प्रदेश ने उपलब्धियां हासिल की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की जनहितैषी नीतियों और निर्णयों से गरिमा, न्याय, विश्वास और बराबरी का नया वातावरण छत्तीसगढ़ में बना है। इसे आगे ले जाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। उम्मीद है कि ‘‘गढ़बो नवा छत्तीसगढ़‘‘ के संकल्प को पूरा करने में सब परस्पर सहयोग से आगे बढ़ेंगे।

panchayattantra24.-रायपुर। रायपुर में सुबह से बादल छाए रहने के बाद कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई है। राहत की फुहारों ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी है। छत्तीसगढ़ में बीते 6 दिनों से बारिश नहीं होने से तापमान बढ़ा है और नमी तेजी से घटती जा रही है। प्रदेश के कई जिलों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। बस्तर और सरगुजा के कुछ जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग से जारी आंकड़ों के मुताबिक रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। यहां नमी 76-60 प्रतिशत तक थी। नमी घटने से उमस बढ़ रही है। माना एयरपोर्ट में 32.5, बिलासपुर में 33.8, पेण्ड्रारोड में 31.8, अंबिकापुर में 29.9, जगदलपुर में 32.1, दुर्ग में 33.9 और राजनांदगांव में 33 डिग्री सेल्सियस था। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक था। पिछली रात रायपुर में न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है।

panchayattantra24.-रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने प्रदेशवासियों सहित पूरे देशवासियों, सेना के जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों को शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल हरिचंदन ने अपने संदेश में कहा कि 15 अगस्त को भारत गौरवशाली आजादी के 77 वर्ष पूरा कर रहा है। हमारी आजादी की लड़ाई लंबी और कठिन थी और इसमें असंख्य बहादुर लोगों ने अपना बलिदान दिया। उन समस्त महापुरूषों और बलिदानियों को नमन करते हैं। महात्मा गांधी, सुभाष चन्द्र बोस और अनेक सेनानियों ने अपने-अपने तरीकों से भारत को ब्रिटिश शासन से मुक्ति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हमें उन असंख्य सेनानियों के बलिदान को नहीं भूलना चाहिए। इस आजादी को कायम रखने के लिए हमारी सेना के वीर जवानों और पुलिस कर्मियों ने भी अपनी शहादत दी है। उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है।
राज्यपाल ने कहा कि भारत की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने और यहां के लोगों, संस्कृति और उपलब्धियों के गौरव शाली इतिहास को याद करने और जश्न मनाने के लिए हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। यह महोत्सव असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों को हमारी श्रद्धांजलि है। हम सभी आजादी के इस पावन पर्व पर देश को विघटनकारी और असामाजिक तत्वोें से मुक्ति दिलाने का संकल्प लें। राज्यपाल हरिचंदन ने युवा पीढ़ी से भी आहवान किया कि भारत की एकता और अखण्डता को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभायें।

panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ शराब घोटाले से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. जानकारी के मुताबिक जांच अब CBI से कराने की मांग की जा रही है. साथ ही हाईकोर्ट कोर्ट में याचिका दायर भी की गई है. बता दें कि इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को उत्तर प्रदेश पुलिस से कहा कि वह छत्तीसगढ़ में कथित 2,000 करोड़ रुपये के शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय की जांच के संबंध में दर्ज एफआईआर में 21 अगस्त तक कोई कड़े कदम न उठाए। न्यायमूर्ति संजय किशन कौल और न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया की पीठ ने स्पष्ट किया कि वह मामले की जांच में बाधा नहीं डाल रही है।
अधिकारियों ने 31 जुलाई को कहा था कि कथित शराब घोटाले की ईडी जांच के सिलसिले में ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने दो आईएएस अधिकारियों सहित तीन छत्तीसगढ़ सरकार के अधिकारियों और अन्य पर कथित धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश के आरोप में मामला दर्ज किया है। घोटाले की जांच कर रहे ईडी के रायपुर स्थित उप निदेशक की शिकायत पर कासना पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी। शीर्ष अदालत एक आवेदन पर सुनवाई कर रही थी जिसमें उसके 18 जुलाई के आदेश को दरकिनार करने का दावा किया गया था। आवेदन में कहा गया है कि संबंधित प्रतिवादी ईडी अधिकारी को हर तरह से उनका साथ देना चाहिए, क्योंकि जांच एजेंसी ने उत्तर प्रदेश में एफआईआर दर्ज करवाई है।

panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल से शहरी क्षेत्र के स्लम बस्तियों में रहने वाले गरीब परिवारों को निःशुल्क उपचार की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के माध्यम से अब तक 54 लाख 40 हजार 633 लोगों का इलाज मोबाइल मेडिकल यूनिट के चिकित्सा दल द्वारा स्लम बस्तियों में लोगों के घरों के पास ही पहुंचकर किया गया है। योजना के तहत अब पूरे राज्य के नगरीय क्षेत्रों के स्लम बस्तियों में चिकित्सक, पैरामेडिकल टीम, मेडिकल उपकरण एवं दवाओं से लैस मोबाइल मेडिकल यूनिट पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करा रही है। इस योजना के माध्यम से अब तक 14 लाख 60 हजार 851 मरीजों की पैथालॉजी टेस्ट की जा चुकी है। साथ ही 46 लाख 87 हजार 757 से अधिक मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी दी गई हैं।
छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत अब तक राज्य के 169 नगरीय निकायों की स्लम बस्तियों में 71 हजार 539 कैम्प लगाकर लोगों की निःशुल्क जांच व उपचार कर दवाईयां दी गई हैं। नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नगरीय क्षेत्रों की तंग बस्तियों के एवं अन्य जरूरत मंद लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवायें उपलब्ध कराया जाए।
गौरतलब है कि राज्य के 14 नगर निगम क्षेत्रों की स्लम बस्तियों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के प्रथम चरण की शुरूआत 01 नवम्बर 2020 को की थी। इसके तहत 60 मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा स्लम बस्तियों में जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार एवं दवा वितरण की शुरूआत की गई थी। 31 मार्च 2022 को इसका विस्तार पूरे राज्य के नगरीय निकाय क्षेत्रों में किया गया तथा 60 और नई मोबाइल मेडिकल यूनिट शुरू की गई। मुख्यमंत्री द्वारा एक जुलाई 2023 को 5 मोबाइल मेडिकल यूनिट स्लम बस्तियों में लोगों के ईलाज के लिए शुरू की है। शहरों में स्लम बस्तियों सहित अन्य जरूरतमंद लोगों को इलाज के लिए और मोबाइल मेडिकल यूनिट शुरू की जाएगी।
panchayattantra24.-रायपुर। 15 अगस्त 2023 को स्वतंत्रता दिवस समारोह पुलिस ग्राउंड रायपुर में आयोजित किया जावेगा, परेड ग्राउंड में परेड एवं स्कूली छात्र- छात्राओं का आकर्षक कार्यक्रम होगा, कार्यक्रम में सम्मिलित होने शहर के छात्र-छात्रा, आमंत्रित विशिष्ट नागरिकों के अतिरिक्त आम नागरिकों का काफी भीड़ होने की संभावना है , स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मिलित होने एवं देखने आने वाले आगंतुकों के वाहनों के लिए मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था निम्नानुसार किया गया है।
01.लाल कार पास धारी वाहन:- लाल कार पास धारी वाहन पीडब्ल्यूडी चौक -छत्तीसगढ़ कॉलेज -कुंदन पैलेस- पीडब्ल्यूडी कॉलोनी होकर एमटी वर्कशॉप गेट से वायरलेस ऑफिस के सामने हैंडबॉल ग्राउंड या स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के पास वाहन पार्क कर सकेंगे। 02.हरा कार पास धारी वाहन:- हरा कार पास धारी वाहनों के लिए पार्किंग सेंट पॉल स्कूल ग्राउंड में निर्धारित की गई है,01. पीडब्ल्यूडी चौक की ओर से आने वाले छत्तीसगढ़ कॉलेज चौक- कुंदन पैलेस – आर आई ऑफिस गेट से दाहिने टर्न कर सेंट पॉल स्कूल गेट से अंदर प्रवेश कर सेंट पॉल स्कूल मैदान में पार्किंग कर सकेंगे। 02. महिला थाना की ओर से आने वाले वाहन चालक अपना वाहन सेंट पॉल स्कूल मैदान में पार्क कर आर आई ऑफिस गेट से प्रवेश कर पैदल कार्यक्रम स्थल प्रवेश करेंगे।
03. परेड में शामिल होने वालों पुलिस जवानों के वाहन एवं स्कूल बसों का मार्ग एवं पार्किंग :- परेड में शामिल होने वाले पुलिस जवानों एवं छात्र-छात्राओं का परिवहन करने वाले बस पुलिस लाइन पिछला गेट से प्रवेश कर स्केटिंग ग्राउंड के बगल मैदान में किनारे पार्क करेंगे, रोड पर बसों की पार्किंग नहीं होगी। 04.मीडिया-ओबी वैन मार्ग एवं पार्किंग:- मीडिया एवं ओबी वैन पुलिस लाइन पिछला गेट होकर प्रवेश करेगा एवं हेलीपैड के बगल मैदान में पार्किंग होगी।
05. यातायात डायवर्सन:- 01. पेंशन बाड़ा चौक से पुलिस लाइन की ओर सभी प्रकार के वाहन, 02. पीडब्ल्यूडी चौक एवं महिला थाना चौक से पुलिस लाइन की ओर बिना पास धारी वाहन एवं स्कूल बस, उपरोक्त मार्गों से पुलिस लाइन की ओर जाने वाले अन्य वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सकेंगे। परेड ग्राउंड अंदर निम्नलिखित वस्तु ले जाना प्रतिबंधित रहेगा:- माचिस, लाइटर, ज्वलनशील पदार्थ, छाता, बोर्ड, वाद्य यंत्र, आग्नेय अस्त्र, फटाका, चाकू, कटार, तलवार, कैंची, ब्लैड्स, काटने वाले तेज धारदार वस्तु, खतरनाक वस्तु, भड़काऊ एवं संकट पैदा करने वाले संकेत, गेंद, लकड़ी की लाठी, हॉकी स्टिक, प्रचार उत्पाद सामग्री, लाउड हेलर, रेडियो, पालतू जानवर, गुटका, तंबाकू, बीड़ी,सिगरेट शराब इत्यादि।

panchayattantra24.-रायपुर। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक नवीन मार्कण्डेय ने कहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भरोसे का सम्मेलन अब पूरी तरह फ्लॉप शो हो गया है। श्री मार्कण्डेय ने कहा कि जो कांग्रेस और उसकी प्रदेश सरकार संगठन और सत्ता के अंतर्द्वंद्व में उलझी खुद भरोसे के संकट से जूझ रही है, उसके चाहे जितने भरोसे के सम्मेलन हो जाएँ, वे सब सियासी ड्रामेबाजी से अधिक कुछ नहीं।कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी के बावजूद जांजगीर-चांपा भरोसे के सम्मेलन से भीड़ का गायब होना, यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि कांग्रेस और सीएम भूपेश बघेल से अब लोगों का भरोसा उठ चुका है। श्री मार्कण्डेय सोमवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस ब्रीफ में पत्रकारों से मुखातिब थे।
भाजपा अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री मार्कण्डेय ने कहा कि जांजगीर-चांपा के लोगों का भरोसे के सम्मेलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा नहीं लेना, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के लिए यह स्पष्ट संदेश है कि कांग्रेस की जांजगीर-चांपा और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की स्थिति दयनीय हो चुकी है। हालात ये हो चले हैं कि भरोसे के सम्मेलन के विज्ञापन में कांग्रेस को भाजपा के नेताओं की फोटो लगानी पड़ रही है। इससे साफ है कि सम्मेलन कांग्रेस की सरकार करा रही है और प्रदेश की जनता को भरोसा भाजपा के प्रति बढ़ रहा है। उम्मीद की जानी चाहिए कि कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे यह संदेश कांग्रेस आला कमान तक जरूर पहुंचाएंगे। श्री मार्कण्डेय ने कहा कि सम्मेलन में संबोधन के बीच से ही लोग उठकर चले जाने लगे, सम्मेलन की इस सच्चाई ने कांग्रेस की नींद हराम कर दी है, क्योंकि जांजगीर-चांपा, अकलतरा और पामगढ़ के लोगों ने बता दिया है कि उन्हें कांग्रेस पर अब बिलकुल भी भरोसा नहीं रह गया है। कवर्धा में सतनाम भवन को तोड़ना, जैतखंभ बनाने का वादा कर इसे जलाना, कांग्रेस सरकार से प्रताड़ित होकर युवाओं का नग्न प्रदर्शन करने की सभी घटनाएँ सतनामी समाज भूला नहीं है और यही कारण है कि कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के सम्मेलन में शामिल न होकर लोगों ने संदेश दिया ये तो धोखे का सम्मेलन है।
भाजपा अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री मार्कण्डेय ने अजा वर्ग के प्रति कांग्रेस और उसकी प्रदेश सरकार के दुराग्रह के उदाहरण देते हुए बताया कि अजा समाज की महिलाओं के साथ बलात्कार के लगातार मामले सामने आ रहे हैं, अजा समुदायों के लोगों की सरेआम हत्याएँ हो रही हैं। स्वयं मुख्यमंत्री बघेल के क्षेत्र में बठेना ग्राम में 3 महिलाओं को बलात्कार के बाद जला दिया गया और पति और बेटे को भी जलाकर हत्या की गई लेकिन, प्रदेश सरकार और उसके पुलिस प्रशासन ने अपराधियों पर अबतक कोई कार्रवाई नहीं की, कोई जाँच कमेटी नहीं बनाई और पीड़ितों को इंसाफ मुहैया नहीं कराया। धरमपुरा, रसौटा, बिलासपुर, हसौद, भटिया में जैतखाम को उखाड़ने, तोड़ने और जला दिए जाने की घटनाएँ बताती हैं कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार घोर अजा विरोधी है। श्री मार्कण्डेय ने कहा कि गिरौदपुरी में भाजपा शासनकाल में करोड़ों रुपए की लागत से जो मंदिर और धर्मशाला का निर्माण कार्य चल रहा था, उसे अबतक पूरा नहीं कराया गया है। इसी प्रकार भाजपा शासन में तेलासीपुरी धाम और भण्डारपुरी धाम में दो-दो करोड़ रुपए के काम स्वीकृत हुए हैं लेकिन भण्डारपुरी धाम में अबतक काम प्रारंभ तक नहीं किया गया है और तेलासीपुरी में काम अबतक अधूरा पड़ा है।
भाजपा अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री मार्कण्डेय ने कहा कि अजा वर्ग के प्रति प्रदेश की कांग्रेस सरकार का भेदभाव इस कदर सामने आया है कि भाजपा शासनकाल में संत बाबा गुरु घासीदास के नाम पर स्थापित शोधपीठ तक को प्रदेश सरकार ने बंद कर दिया है। आरक्षण के मुद्दे पर भी कांग्रेस की प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए श्री मार्कण्डेय ने कहा कि कांग्रेस ने अजा वर्ग के लिए पहले 16 प्रतिशत आरक्षण की बात कही, फिर 13 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही। कांग्रेस शासनकाल के पाँच साल का कार्य अब बीतने को है, लेकिन कांग्रेस की राज्य सरकार ने आरक्षण के अपने वादे को भी पूरा नहीं किया नाही रोस्टर का पालन कर पाए।