Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर
*आवासीय तीरंदाजी तथा एथलेटिक अकादमी के खिलाड़ियों ने जीते पदक*
*आवासीय तीरंदाजी अकादमी बिलासपुर के कुबेर सिंह को 30 मीटर में सिल्वर मैडल मिला और ओवर ऑल में दूसरा पोजिशन रहा*
*आवासीय एथलेटिक अकादमी बिलासपुर की खिलाड़ी कुमारी तर्निका टेटा ने 100 मीटर विमेंस प्रतियोगिता में रजत पदक जीता*
राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बिलासपुर में 25 मई को राज्य के विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित किया गया था*
*मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री उमेश पटेल ने खिलाड़ियों को दी बधाई
पंचायत तंत्र – रायपुर, 11 जून 2023/ ओडिशा के भुवनेश्वर में प्रथम खेलो इंडिया जनजाति खेल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को विभिन्न स्पर्धाओं में पदक मिले हैं। आवासीय तीरंदाजी अकादमी बिलासपुर तथा एथलेटिक अकादमी के खिलाड़ियों ने पदक जीते हैं। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल एवं खेल युवा कल्याण मंत्री श्री उमेश पटेल ने खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन के लिए बधाई दी है। आवासीय तीरंदाजी अकादमी बिलासपुर के कुबेर सिंह को 30 मीटर में सिल्वर मेडल मिला है और ओवरऑल चैंपियनशिप में वे दूसरे पोजीशन में रहे हैं। इसी तरह से आवासीय एथलेटिक अकादमी बिलासपुर की खिलाड़ी कुमारी तर्निका टेटा ने 100 मीटर वीमेन्स स्पर्धा में रजत पदक जीता है। राज्य के प्रशिक्षण केंद्र बिलासपुर में 25 मई को राज्य के विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित किया गया था।
प्रतियोगिता में आज आयोजित हुए विमेन फुटबॉल सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ की टीम ने त्रिपुरा को 4-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस प्रतियोगिता में बालिका फुटबॉल एकेडमी रायपुर की खिलाड़ी किरण पिस्दा ने तीन गोल किए जबकि बस्तर की पिंकी कश्यप ने एक गोल किया। फाइनल मैच छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच 12 जून को खेला जाएगा। उल्लेखनीय है कि भुवनेश्वर में आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में 18 राज्यों के 5000 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं।
*बिलासपुर नगर को उड़ान -5 योजना में जोड़ने हेतु शीघ्र कार्यवाही करने का किया अनुरोध*
*केंद्र द्वारा उड़ान-5 योजना में बिलासपुर को शामिल नहीं किए जाने की जानकारी मिलने पर लिखा पत्र*
*बिलासपुर एयरपोर्ट में नियमित हवाई सेवा आरंभ करने के उद्देश्य से टर्मिनल भवन, रनवे विस्तार, सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था पर राज्य के बजट से व्यय किए गए 45 करोड़ रुपये*
पंचायत तंत्र – रायपुर, 11 जून 2023/ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नागर विमानन मंत्री भारत सरकार श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया को पत्र लिखकर उनसे छत्तीसगढ़ के बिलासपुर नगर को उड़ान -5 योजना में जोड़ने हेतु शीघ्र कार्यवाही करने का अनुरोध किया है। ताकि अंचल के लोगों को देश के अन्य भागों में आने-जाने की सुविधा मिले और क्षेत्र के आर्थिक विकास में सहायता मिल सके।
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा है कि यह जानकारी प्राप्त हुई है कि केन्द्रीय विमानन मंत्रालय ने बिलासपुर नगर को उड़ान -5 योजना में शामिल नहीं किया है। बिलासपुर अंचल के लोगों में केंद्र सरकार के इस निर्णय से निराशा एवं रोष व्याप्त है। बघेल ने पत्र में उल्लेख किया है कि बिलासपुर राज्य का दूसरा महत्वपूर्ण नगर है। राज्य का उच्च न्यायालय बिलासपुर में स्थित होने के कारण भी यहां नियमित हवाई सेवा की सुविधा उपलब्ध कराया जाना अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने पत्र में यह भी लिखा है कि राज्य सरकार द्वारा डी.जी.सी.ए. तथा केन्द्रीय विमानन मंत्रालय के परामर्श से बिलासपुर एयरपोर्ट में नियमित हवाई सेवा आरंभ करने के उद्देश्य से टर्मिनल भवन, रनवे विस्तार, सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था इत्यादि व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने राज्य के बजट से 45 करोड़ रुपये व्यय किया जा चुका है।
राज्य सरकार के अथक प्रयासों से बिलासपुर को देश के एयर लिंक से जोड़ा गया तथा वहां से जबलपुर, नई दिल्ली, प्रयागराज, इन्दौर इत्यादि हेतु हवाई सेवाएं प्रारम्भ की गयी थी। बिलासपुर आने एवं जाने वाले सभी विमानों में यात्रियों की संख्या उत्साहवर्धक थी किन्तु अज्ञात कारणों से बाद में इन्दौर की विमान सेवा बन्द कर दी गयी।
मुख्यमंत्री बघेल ने नागर विमानन मंत्री श्री सिंधिया से पत्र में अनुरोध किया है कि छत्तीसगढ़ के बिलासपुर नगर को उड़ान -5 योजना में जोड़ने हेतु शीघ्र कार्यवाही करें ताकि अंचल के लोगों को देश के अन्य भागों में आने-जाने की सुविधा मिले और क्षेत्र के आर्थिक विकास में सहायता मिल सके।
*योजना का लाभ लेकर साक्षी ने बीकॉम में लिया दाखिला*
*साक्षी की मां करती है मजदूरी,* *योजना से परिवार को मिला बड़ा सहारा*
रायपुर, 11 जून 2023/ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार समाज के सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का संचालन कर रही हैं। प्रदेश में कई श्रमिक हितैषी योजनाएं भी संचालित है और उसके बेहतर क्रियान्वयन से श्रमिक परिवार लाभान्वित हो रहे है। ऐसी ही मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना है, जो मजदूर परिवार के बेटियों की शिक्षा, रोजगार तथा शादी में सहायता के उद्देश्य से शुरू की गई है।
धमतरी जिले की रहने वाली लोकेश्वरी यादव ने मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना का लाभ लेकर बीकॉम. में अपनी बेटी का दाखिला कराया। श्रम विभाग के माध्यम से मिले इन पैसों से लोकेश्वरी की बेटी साक्षी अब बिना किसी चिंता के अपनी पढ़ाई पूरी कर रही है।
लोकेश्वरी पेशे से मजदूर है और अपनी पति के मृत्यु के बाद उसके सामने कई समस्याएं खड़ी हुईं। यदि लोकेश्वरी परिस्थिति का डटकर सामना नहीं करती तो बेटियों को पढ़ाने का उसका सपना मानो अधूरा ही रह जाता। लेकिन लोकेश्वरी ने हार नहीं मानी और मां के साथ-साथ एक पिता की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। मजदूरी के दौरान लोकेश्वरी को मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण योजना के बारे में जानकारी मिली और उसने आवेदन किया। योजना का लाभ मिलने से अधूरे सपने को पूरा करने की ओर उसके कदम बढे़ और अपनी बिटिया को बी.कॉम में प्रवेश दिलाया।
लोकेश्वरी अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताती हैं कि उन्होंने अपनी बड़ी बेटी के नर्सिंग की पढ़ाई के लिए जमीन का हिस्सा बेचा। लेकिन अब उसे ऐसा करने की जरूरत नहीं पड़ी और राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों के हितों के लिए चलाई जा रही योजनाओं से उसे बड़ा सहारा मिला। लोकेश्वरी को नियमित रूप से विधवा पेंशन भी मिल रहा है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत धमतरी जिले में कुल 04 हजार 112 आवेदन मिले तथा एक हजार 999 हितग्राहियों को कुल तीन करोड़ 99 लाख 80 हजार रूपये की सहायता प्रदाय की गई है।
*मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना*
इस योजना की मदद से छत्तीसगढ़ के गरीब परिवार की बेटियों को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार तथा विवाह में काफी मदद मिल रही है। प्रदेश के ऐसे श्रमिक जिनके आय का कोई और जरिया नहीं है, उन्हें भी इस योजना से सहारा मिला है।
*आवश्यक दस्तावेज-*
इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक श्रमिक को छत्तीसगढ़ का स्थाई निवासी और छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत होना अनिवार्य है। इस योजना का लाभ एक परिवार की केवल दो बेटियों को ही मिलेगा। योजना के माध्यम से राज्य के गरीब परिवार की बेटियों को बीस-बीस हजार रूपए की आर्थिक मदद दी जाती है, ताकि इस पैसे का इस्तेमाल बेटियों की पढ़ाई, रोजगार या शादी में किया जा सकें।
पंचायत तंत्र – रायपुर। राजधानी रायपुर में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है. यहां जलविहार कॉलोनी स्थित मिरानी प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में चोरों ने धावा बोला और से लाखों रुपये नगदी ले उड़े. बताया जा रहा है कि शातिर चोर ऑफिस के बाथरूम के रोशनदान में लगी कांच को तोड़कर अंदर घुसे. फिर कमरे में रखी अलमारी को गैस कटर से काटकर उसमें रखे 10 लाख नगदी लेकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी समेत FSL की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच की जा रही है. यह मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, जलविहार कॉलोनी में स्थित मिरानी प्रापर्टी डीलर मिरानी कंस्ट्रक्शन नामक ऑफिस है. जिसके संचालक तुषार मिरानी है. बीती रात तीन मंजिला ऑफिस के बाथरूम की पीछे कांच की की प्लेट हटाकर चोर ऑफिस के अंदर में घुसे और वहां रखी अलमारी को इलेक्ट्रिक कटर से काटकर लॉकर में रखे लगभग 10 लाख रूपये नगदी लेकर फरार हो गए. इस घटना में चौकाने वाली बात यह है कि ऑफिस के चौकीदार तक को चोरों के वारदात का पता नहीं चला. फिलहाल, मौके वारदात पुलिस के आलाधिकरी और FSL की टीम पहुचंकर जांच में जुट गई है।
पंचायत तंत्र – रायपुर। अनियमित कर्मचारियों के प्रदर्शन को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहन मरकाम ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अनियमित कर्मचारियों के लिए लगातार सरकार विचार कर रही है, पूरा डाटा हर विभागों से मंगाया गया है. अनियमित कर्मचारियों को लेकर सरकार गंभीर है. चुनाव से पहले अनियमित कर्मचारियों के लिए कोई ना कोई निर्णय लिया जाएगा।
कांग्रेस के संभागीय सम्मेलन को लेकर पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से कार्यकर्ताओं के बीच जा रहे हैं. कार्ययोजना बना रहे हैं, कार्यकर्ताओं को रिचार्ज किया जा रहा है, कार्यकर्ताओं से फीड बैक भी ले रहे है. 2023 में दमदारी से जनता के बीच जाएंगे।
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने राज्य सरकार पर कई आरोप लगाए हैं और केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाई है। शनिवार को भाजपा की एकात्म परिसर में हुए प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष साव ने कहा कि, केंद्र सरकार ने धान की एमएसपी में वृद्धि कर किसानों को बड़ी राहत दी है। 9 सालों में केंद्र सरकार ने धान की एमएसपी में 873 रुपए की वृद्धि की है। वहीं राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए श्री साव ने कहा कि, किसान कभी कांग्रेस की प्राथमिकता में नहीं रहे। भाजपा ने किसानों की तरक्की के लिए काम किया है। हाल ही में केंद्र सरकार ने धान की एमएसपी में वृद्धि कर किसानों को बड़ी राहत दी है। 9 सालों में केंद्र सरकार ने धान की एमएसपी में 873 रुपए की वृद्धि की है। अब तक केंद्र सरकार की ओर से 65 हजार करोड़ से ज्यादा का भुगतान किया गया है।
अरुण साव ने कहा कि, राज्य सरकार अमानक खाद लेने किसानों को मजबूर कर रही है। वहीं डीएपी खाद की कालाबाजारी करा रही है। किसानों को खाद बीज के लिए भटकना पड़ रहा है। प्रदेश के किसानों को पर्याप्त बिजली तक नहीं मिल पा रही है। किसानों के बिजली बिल अनाप-शनाप आ रहे हैं।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि राष्ट्रीयकृत, निजी बैंकों से कर्ज लेने वाले किसानों का कर्ज माफ हो, जिनकी जमीन गिरदावरी में कम की गई है, उसे वापस करें। पंप कनेक्शन के प्रकरणों का निराकरण करें। गांव में किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाए।
रायपुर, 10 जून 2023/ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 11 जून को पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय विद्याचरण शुक्ल को उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय श्री शुक्ल ने कई वर्षों तक केंद्र में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया। कुशल राजनीतिज्ञ और अच्छे प्रशासक के रूप में उनकी पहचान है। छत्तीसगढ़ के लिए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
पंचायत तंत्र – रायपुर, 10 जून 2023/ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि हमारी कोशिश गांव-शहर के साथ ही वनांचलों के विद्यार्थियों को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने की है। इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में दूरस्थ अंचलों के बच्चों ने अच्छी सफलता पायी है। बच्चों में कुशाग्रता की कमी नही है। जरूरत उन्हें अवसर प्रदान करने की है।
मुख्यमंत्री बघेल आज स्वामी आत्मानंद मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना अंतर्गत छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की वर्ष 2023 की वार्षिक परीक्षा में कक्षा 10वीं और 12वीं प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। समारोह में सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को डेढ़-डेढ़ लाख रूपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने समारोह में प्रोत्साहन राशि को मेधावी छात्र-छात्राओं के बैंक खाते आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर किया। प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन मुख्यमंत्री निवास में किया गया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मेधावी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी। उन्होंने बच्चों से सीधे संवाद करते हुए पूछा कि हेलीकॉप्टर में बैठने से किसी को डर तो नहीं लगा, सभी बच्चों ने सामूहिक रूप से कहा कि बिल्कुल भी डर नहीं लगा। मुख्यमंत्री ने सभी बच्चों की प्रशंसा करते हुए बताया कि प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के रघुनाथपुर में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के निरीक्षण के दौरान नन्हीं बालिका स्मृति कि जिद पर वहां उसके साथ तीन-चार बच्चों को हेलीकॉॅप्टर में घुमाया। इसके बाद 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स को हेलीकॉप्टर जॉय राइडिंग कराने का फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में कई बच्चों को हवाई जहाज पर चढ़ने का अवसर मिलेगा, लेकिन सरकार के हेलीकॉप्टर में कुछ गिन-चुने लोगों को ही सफर करने का अवसर मिलता है। पिछले वर्ष 2022 में बोर्ड परीक्षा के टॉपरों को जॉय राइडिंग करायी गई। इस वर्ष बोर्ड परीक्षा के 78 टॉपर्स के साथ हाई स्कूल और हाई सेकेण्डरी परीक्षा में विशेष पिछड़ी जनजाति के पांच-पांच टॉपर्स को भी जॉय राइडिंग कराया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में आर्थिक रूप से पिछड़े व कमजोर वर्ग को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए विशेष पिछड़ी जनजातियों-अबूझमाड़िया, बैंगा, बिरहोर, कमार और पहाड़ी कोरवा के हाईस्कूल और हायर सेकण्डरी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा रहा है। इन सभी विद्यार्थियों को भी डेढ़-डेढ़ लाख रूपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बच्चों से कहा कि आपने अपनी मेहनत और लगन तथा प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने में सफलता प्राप्त की है। जब हम कोई लक्ष्य हासिल करते है तो समाज और परिवार में सम्मान बढ़ता है। उन्होंने बच्चों को सीख देते हुए कहा कि सफलता से आपके व्यवहार में बदलाव नहीं आना चाहिए। सफलता पर गर्व करें, घमण्ड नहीं, विनम्र बनें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खुशी की बात है कि प्रावीण्य सूची में अधिकतर विद्यार्थी छत्तीसगढ़ के सुदूर अंचल के ग्रामीण परिवेश से है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश में शिक्षा का वातावरण बनाया है। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी और हिन्दी माध्यम स्कूल प्रारंभ किए गए हैं। जिनकी गुणवत्ता इतनी अच्छी है कि आज बच्चे पहले स्वामी आत्मानंद स्कूल में प्रवेश लेना चाहते है बाद में निजी स्कूल में। राजधानी रायपुर के आर.डी. तिवारी स्कूल में बच्चों की दर्ज संख्या 56 थी। इस स्कूल में स्वामी आत्मानंद स्कूल प्रारंभ करने के बाद अब यहां बच्चों की दर्ज संख्या बढ़कर लगभग 1000 हो गई है। प्रदेश में संचालित स्वामी आत्मानंद स्कूलों में सीटों की संख्या से कई गुना ज्यादा आवेदन प्रवेश के लिए मिल रहे है। हमारी सरकार ने स्कूल, छात्रावास-आश्रम का जीर्णोद्धार, स्कूल में कमरों और भवन का निर्माण कराने के लिए योजना बनाई है। इसके अलावा स्कूलांे की पोताई प्राकृतिक पेंट से करने का फैसला लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्रारंभ किए गए 300 रूरल इंडस्ट्रियल पार्क (रीपा) में वाई-फाई सुविधा प्रारंभ की गई है ताकि ग्रामीण बच्चों को पढ़ाई के लिए नेट की सुविधा असानी से मिल सके। बिलासपुर के ग्राम बेलटुकरी के रीपा से इसकी शुरूआत की गई। धमतरी जिले के एक रीपा में बच्चों के बैठने के लिए व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुविधा के लिए सुकमा, कांकेर जैसे दूरस्थ जिलों में ई-लाईब्रेरी प्रारंभ की गई है। नक्सलियों द्वारा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा के स्कूलों को क्षतिग्रस्त किया गया था ऐसे 300 स्कूल वर्षों बाद पुनः प्रारंभ किए गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि कोरोना काल में शिक्षा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ में किए गए नवाचारों की चर्चा देश भर में रही।
स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल पर छत्तीसगढ़ में मेधावी छात्र-छात्राओं को हेलीकॉप्टर जॉय रायडिंग का अवसर मिला है। मुख्यमंत्री की यह पहल पूरे देश के लिए अनुकरणीय है। डॉ. टेकाम ने कहा कि आप सबके हौसले कम नहीं होने चाहिए। आने वाले समय में और चुनौतियां सामने आएंगी। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जब हम पढ़ते थे तब इतनी सुविधाएं नही थी, जो आप लोगों को मिल रही है। उन्होंने लगन और मेहनत से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि आज सुबह जब मेधावी बच्चे जॉय राइडिंग कर रहे थे तब बच्चों की चेहरे की खुशी देखते ही बन रही थी।
स्वामी आत्मानंद मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की वर्ष 2023 की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले 78 छात्र-छात्राओं में से कक्षा 10वीं के 48 और कक्षा 12वीं के 30 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इस वर्ष स्वामी आत्मानंद विद्यालय के हाईस्कूल के 11 एवं हायर सेकेण्डरी के 8 विद्यार्थियों ने प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त किया है। स्वागत भाषण स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एस.भारतीदासन ने दिया। स्वामी आत्मानंद मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना अंतर्गत प्रतिभा सम्मान समारोह के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। समारोह में बालोद जिले के ग्राम घुमका की छात्रा नरगिस खान को भी सम्मानित किया गया। नरगिस खान कक्षा सातवीं की छात्रा है उन्हें विशेष अनुमति से दसवीं की बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति दी गई थी। नरगिस ने बोर्ड परीक्षा में 90.50 प्रतिशत अंक हासिल किए है।
समारोह में संसदीय सचिव श्री द्वारिकाधीश यादव, विधायक श्री धनेन्द्र साहू, विधायक श्रीमती अनिता शर्मा और विधायक श्री गुलाब कमरो, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री गिरीश देवांगन, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा डॉ. आलोक शुक्ला, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अंकित आनंद, संचालक लोक शिक्षण श्री सुनील जैन सहित माध्यमिक शिक्षा मण्डल के सदस्य, मेधावी छात्र-छात्राएं और उनके पालक उपस्थित थे। सचिव माध्यमिक शिक्षा मंडल प्रोफेसर व्ही.के. गोयल ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
पंचायत तंत्र – रायपुर। चुनाव करीब आते-आते कांग्रेस और भाजपा में राजनीतिक जंग तेज हो गई है. हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए नंद कुमार साय ने आरोप लगाया कि भाजपा तानाशाह रवैये से चल रही है. इसके साथ ही उन्होंने भाजपा में वापस नहीं जाने की बात कही है।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने नंद कुमार साय का बयान ट्वीट कर उनके हवाले से बताया कि भाजपा तानाशाह रवैये से चल रही है. भाजपा आदिवासी विरोधी होने के साथ-साथ जनविरोधी भी है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में व्यक्ति मजबूत हो रहे हैं, पार्टी कमजोर हो रही है।
वरिष्ठ नेता डॉ नंद कुमार साय जी ने बताया कि भाजपा “तानाशाह” रवैया से चल रही है।
भाजपा आदिवासी विरोधी भी है और जनविरोधी भी।
पंचायत तंत्र – रायपुर/10/06/2023/विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर के अंतर्राज्यीय बस स्टैण्ड में हो रहे अवैध कब्जा, अवैधानिक निर्माण व यात्रियों व आम जनता से की जा रही गुण्डागर्दी तत्काल रोक लगाने के लिए एसपी, कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखा है।
बृजमोहन ने लिखे अपने पत्र में कहा है कि जनसंपर्क के दौरान यह बात स्पष्ट रूप से दिखा की अंतर्राज्यीय बस स्टैण्ड जलगृह मार्ग. रावण भाठा, रायपुर में नगर निगम द्वारा अंतर्राज्यीय बस स्टैण्ड के नक्शे के विपरीत एवं नियमों के विरूद्ध निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बस स्टैण्ड के अंदर यात्रियों के बैठने के लिए चबुतरों का निर्माण किया गया था, उद्घाटन के उपरांत उन चबुतरों पर दुकान का निर्माण कर किराये पर दे दिया गया है।
बृजमोहन ने लिखा है कि बस स्टैण्ड के एक किनारे पर बस स्टैण्ड के प्लान के विरुद्ध छोटी छोटी गुमटियों का निर्माण कर कुछ विशेष लोगों को देने की तैयारी नगर पालिक निगम के अधिकारियों एवं पदाधिकारियों ने कर रखी है। व्यापक पैमाने पर इन दुकानों को देने के लिए निगम के जोन कार्यालय में पुराने कब्जों की पर्चियां / रसीद भी बड़े पैमाने पर लेन देन कर दिया जा रहा है।
साथ ही पत्र में उन्होंने कहा कि बस स्टैण्ड के पार्किंग पर असामाजिक तत्वों का कब्जा है। बस स्टैण्ड आने वाले यात्रियों एवं उनके परिवारजनों के साथ सरेराह अभद्रता की जाती है। नगर निगम के जोन कार्यालय में व रिश्तेदारों को छोड़ने के लिए आए लोगों से भी बल पूर्वक पार्किंग शुल्क की वसूली की जा रही है, चाहे पार्किंग मैं गाड़ी रखे या न रखे। असामाजिक तत्वों द्वारा बस स्टैण्ड में ट्रैवल्स का काम करने वाले क्लीनर, टिकट बुक करने वाले एजेन्ट जैसे कर्मचारियों से भी अभद्रता एवं मारपीट की जा रही है। यह शिकायत रोजाना ही आ रही है। बस स्टैण्ड पर अवैध शराब, गांजा एवं नशीली वस्तुओं का धंधा करने वाले अपराधियों ने कब्जा कर रखा है।
अंतर्राज्यीय बस स्टैण्ड जिस ड्राईंग व डिजाईन से निर्मित किया गया था उस पर नये नये निर्माण किया जाना कहीं से भी उपयुक्त नहीं है। अधिकारियों की मनमानी के कारण अंतर्राज्यीय बस स्टैण्ड की पूरी व्यवस्था ध्वस्त है एवं आम यात्रियों तथा आसपास के लोगों में इस सभी विषयों को लेकर भारी नाराजगी है। इन सभी विषयों पर तत्काल कठोर कार्यवाही करते हुए की गई कार्यवाही से 7 दिवस में अवगत करावे।