Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

K.W.N.S.-रायपुर। भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को 2 हजार के नोट के प्रतिबंधित करने का ऐलान कर दिया है. 23 मई से लेकर 30 सितंबर तक इन नोटों को बैंकों में वापस जमा करा सकते हैं. आरबीआई (RBI) के इस फैसले को लेकर कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि इस फैसले से साबित हो गया कि नोटबंदी का निर्णय पूरी तरीके से गलत था. मोदी सरकार की गलत नीतियों के चलते देश में महंगाई चरम पर है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आखिरकार मान लिया कि नोटबंदी का उनका फैसला गलत था. इससे देश की अर्थव्यवस्था तबाह हुई थी. रोजगार और व्यापार खत्म हुए थे. लोगों को इससे परेशानी हुई थी. सुशील आनंद ने आगे कहा कि पहले केंद्र सरकार ने 1000 के नोट बंद किए और कारण दिया कि इससे भ्रष्टाचार और जमाखोरी हो रही है. उसी समय उससे दोगुने मूल्य के 2000 के नोट छाप दिए. जब सवाल उठा तब सरकार के पास उसका कोई जवाब नहीं था. नोटबंदी का कारण बताने में पीएम मोदी और केंद्र सरकार असफल थी. सुशील आनंद ने कहा कि एक बार फिर से 2000 के नोट को बंद करके केंद्र सरकार ने ये मान लिया है कि देश की अर्थव्यवस्था उनसे नहीं संभल रही है. यही कारण है कि आज देश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है और मोदी सरकार नए-नए प्रयोग कर रही है. ये तो यूटर्न वाली सरकार बन गई है, जिसे जनता की तकलीफों और दुखों से कोई लेना-देना नहीं है।
K.W.N.S.-रायपुर। सीएम भूपेश बघेल शुक्रवार को यहां कहा कि झीरम की जांच को रोकने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन नेताओं से पूछताछ की देरी है, इस केस का खुलासा हो जाएगा। मीडिया से चर्चा में झीरम कांड के दस साल पूरे होने पर सीएम ने एक सवाल के जवाब में कहा कि हमने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की। एसआईटी के खिलाफ भाजपा के लोग कोर्ट चले गए। हमने एनआईए से दस्तावेज लौटाने की मांग की बार-बार हमें मामले की जांच करने से रोका जा रहा है। हमें दस्तावेज लौटा दें एसआईटी मामले की जांच करेगी। उस समय सत्ता के शीर्ष पर रहे लोगों से पूछताछ करने की देरी है। झीरम मामले का खुलासा हो जाएगा।
इससे पहले सामान्य प्रशासन विभाग ने 25 मई को प्रतिवर्ष झीरम श्रद्धांजलि दिवस के रूप में मनाने के आदेश जारी किए हैं। इसमें जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पदाधिकारी, सुरक्षा बलों के जवान, और विगत वर्षों तथा वर्तमान में नक्सल हिंसा में शहीद लोगों की स्मृति में झीरम श्रद्धांजलि दिवस मनाने के आदेश जारी किए गए। यह कहा गया कि इस साल सभी सरकारी, और अद्र्धसरकारी कार्यालयों में शहीदों की स्मृति में 2 मिनट का मौन धारण किया जाए। यह शपथ लें कि राज्य को फिर से शांति का टापू बनाने के लिए हम सब संकल्पित रहेंगे। इस सिलसिले में कार्रवाई सुनिश्चित करें।

K.W.N.S.-रायपुर। पानी मीटर के जरिए शहर वासियों के साथ धोखे का खेल खेला जा रहा है. नए मीटर पहले से ही चला हुआ है. उसमें रीडिंग दिखा रहा है. वही पानी मीटर फ़ीट करने वाले जल जीवन मिशन के कर्मियों का कहना है कि बाद में सेटअप किया जाएगा। लेकिन चला हुआ मीटर लगने से पानी का बिल अधिक देना पड़ेगा। पानी मीटर लगाने इंद्रावती कॉलोनी पहुंचे निगम कर्मी तब इस मामले का खुलासा हुआ है।
गौरतलब है कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत शहरों में घर-घर पानी की सुविधा देने के लिए नल कनेक्शन की योजनाओं को क्रियान्वित किया जा रहा है विगत दो ढाई माह से पूरे शहर में जल जीवन मिशन का पाइपलाइन खींचे जाने उपरांत लगातार नलों में पानी सुबह शाम बेवजह बह रहा है. जिसका कोई सुध लेने वाला नहीं है,और अब मीटर लगाया जा रहे हैं तो मीटर में पहले से ही 200-250 मनमाना यूनिट बढ़ाकर मीटर की फिटिंग की जा रही है. बताया जा रहा है कि इंजीनियर आकर मीटर की रीडिंग को ठीक करेंगे। जबकि यह कार्य दो से ढाई महीना पहले पूरा हो जाना था. जल जीवन मिशन की योजनाओं को लगातार फ्लॉप करने के लिए ठेकेदारों को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया जा सकता है. दूसरी तरफ कई ठेकेदारों ने बताया कि ठेकेदारों को कई माह से बिल नहीं बना है और हमें पेमेंट नहीं मिल रहा और हमारे मजदूरी का भी हिसाब किताब नहीं हुआ है पेमेंट नहीं होने के कारण काम देरी से हो रहा है और धीमी गति से चल रहा है. सूत्रों ने बताया कि फंड की कमी होने के कारण काम ढिलाई और लापरवाही से हो रहा है.वही ठेकेदारों को समय पर राशि भुगतान नहीं की जा रही है. जिससे ठेकेदार कार्य में रूचि नहीं दिखा रहे है।

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 21 मई को दुर्ग जिले के पाटन विकासखण्ड के ग्राम सांकरा में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित भरोसे का सम्मेलन में राज्य के 13 जिलों के 3085 राजीव युवा मितान क्लबों को 7 करोड़ 71 लाख रूपए की राशि जारी करेंगे। गौरतलब है कि युवाओं को रचनात्मक कार्यों से जोड़ने के उद्देश्य से राजीव युवा मितान क्लबों का गठन किया गया है। वर्तमान में प्रदेश में 13 हजार 242 राजीव युवा मितान क्लब का गठन कर सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। राजीव युवा मितान क्लब को विभिन्न गतिविधियों के आयोजन के लिए प्रत्येक तीन माह में 25 हजार रूपए के मान से सालाना एक लाख रूपए प्रत्येक क्लब को दिए जा रहे हैं। योजना प्रारंभ होने से अब तक राजीव युवा मितान क्लबों को 60 करोड़ 18 लाख रूपए की राशि उपलब्ध करायी गई है।
राजीव युवा मितान क्लब में रचनात्मक गतिविधियों के आयोजन से उत्साहित हुए युवा
राजीव युवा मितान क्लब योजना के माध्यम से गांवों, कस्बों के साथ-साथ शहरों में विभिन्न सांस्कृतिक, रचनात्मक गतिविधियां तथा छत्तीसगढ़ के रीति-रिवाज को सहेजने और पारंपरिक खेलकूद के आयोजन से युवा उत्साहित है। युवाओं की ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग हो रहा है और छत्तीसगढ़िया संस्कृति को जानने, और समझने के पर्याप्त अवसर युवाओं को मिल रहा हैं। अपनी मूल संस्कृति से जुड़े रहकर युवा क्षेत्र व समाज के नवनिर्माण में अपनी ऊर्जा का भरपूर उपयोग कर प्रदेश के प्रगति में अहम् भागीदारी निभा रहे हैं।
लोगों में परस्पर संवाद बनाये रखने, ग्रामीण आयोजनों में युवाओं को आगे लाने और समाज सेवा से लेकर अंतिम व्यक्ति तक शासकीय सेवाओं योजनाओं को ले जाने में भी मितान क्लब योजना सहायक सिद्ध हो रही है। ग्रामीण अंचल के युवाओं में मितान क्लबों में अधिक सक्रीयता देखी जा रही है। खेल-कूद से लेकर सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों में युवाओं को नेतृत्व मिल रहा है। युवाओं को अवसर मिलने से उनके बौद्धिक और व्यावहारिक ज्ञान में भी निरंतर विकास हो रहा है। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में भागीदारी की बात हो, स्वास्थ्य-शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने की बात हो या फिर शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार की, युवा सक्रीयता के साथ इन कार्याेको बखूबी निभा रहे हैं।

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ शराब घोटाले में ईडी ने आईएएस निरंजन दास को पूछताछ के लिए समन भेजा है. बता दें कि छत्तीसगढ़ में हुए 2000 करोड़ रुपए के कथित शराब घोटाला मामले में ईडी गिरफ्त में चल रहे अभियुक्तों को आज ईडी विशेष अदालत में पेश किया. ईडी ने कारोबारी अनवर ढेबर, नितेश पुरोहित, त्रिलोक सिंह ढिल्लन उर्फ पप्पू ढिल्लन और आबकारी विभाग के विशेष सचिव अरुणपति त्रिपाठी की 4 दिन की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद विशेष न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत की कोर्ट में पेश किया है. ईडी के अधिकारी अनवर ढेबर, नितेश पुरोहित, पप्पू ढिल्लन और CSMCL के पूर्व एमडी एपी त्रिपाठी से लगातार शराब घोटाले मामले में पूछताछ कर रहे हैं. हर रोज ईडी अभियुक्तों से 14 से 18 घंटे पूछताछ कर रही है.
ईडी रिमांड पर चल रहे रायपुर महापौर एजाज ढेबर के भाई अनवर ढेबर ने सुप्रीम कोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी. यह सुनवाई 16 मई को होनी थी. लेकिन जमानत याचिका पर सुनवाई की तारीख आगे बढ़ा दी गई है. अब 29 मई को जमानत याचिका पर सुनवाई होगी.

K.W.N.S.-रायपुर। पीएससी चयन सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए भाजयुमो ने आज छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग कार्यालय का घेराव किया. पांच अलग-अलग बैरिकेड को तोड़कर युवा मोर्चा के कार्यकर्ता कार्यालय में घुसे और वहां भाजपा का झंडा फहराया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं में जमकर झूमाझटकी भी हुई. युवा मोर्चा के प्रदर्शनकारियों को रोकने में पुलिस नाकाम रही. भाजयुमो ने मांग नहीं मानने पर ब्लॉक स्तर से लेकर जिला स्तर और राज्य स्तर पर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी।

K.W.N.S.-रायपुर। शराब घोटाला केस में गिरफ्तार कारोबारी अनवर ढेबर, और नितेश पुरोहित को विशेष अदालत ने 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जबकि आबकारी अफसर एपी त्रिपाठी, और त्रिलोक सिंह ढिल्लन को 4 दिन की और ईडी की रिमांड पर देने के आदेश दिए हैं।
विशेष न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत की अदालत में ईडी ने शराब घोटाला केस के चारों अभियुक्त अनवर ढेबर, नितेश पुरोहित और एपी त्रिपाठी व त्रिलोक (पप्पू) सिंह ढिल्लन को पेश किया। ईडी की टीम बक्सों में प्रकरण से जुड़े कागजात लेकर अदालत में पहुंची थी। अनवर, और नितेश को 14 दिन ईडी की रिमांड पर हो चुके थे। अदालत ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने के आदेश दिए हैं। जबकि एपी त्रिपाठी और त्रिलोक सिंह ढिल्लन को चार दिन की और ईडी की रिमांड मंजूर किए हैं। दूसरी तरफ, पड़ोसी जिले के एक कांगे्रस विधायक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। विधायक की कुछ प्रॉपर्टी को ईडी ने अटैच किया हुआ है। कुछ और लोगों से पूछताछ चल रही है।

K.W.N.S.-रायपुर। सीहोर वाले भागवताचार्य पंडित प्रदीप मिश्रा को लेकर उनके भक्तों की दीवानगी देखते ही बनती हैं। यही वजह हैं की देश के किसी कोने में जहाँ कही भी पंडित श्री मिश्रा द्वारा भागवत कथा कहा जाता हैं खुद ब खुद लाखो लोगों की भीड़ जुट जाती हैं। पंडित प्रदीप मिश्रा की लोकप्रियता ने देश की सरहदों को भी पार कर दिया हैं। पिछले दिनों छग के भिलाई में उनके महाभागवत का आयोजन हुआ। यह आयोजन पूरी तरह सफल रहा। इस शिव महापुराण का रसपान करने छत्तीसगढ़ के अलग अलग जिलों के अलावा बिहार, एमपी, यूपी और महाराष्ट्र से भी उनके भक्त पहुंचे हुए थे। एक आंकड़े के मुताबिक़ इस महापुराण को सुनने वालो की तादात ने 4 लाख की संख्या को भी पार कर दिया।
आयोजन के दौरान भक्त तब मंत्रमुग्ध हो उठे जब छत्तीसगढ़ी जुबान नहीं होने के बावजूद उनको मशहूर गीत जप हर हर भोला गया। हालांकि इससे पहले उन्होंने यह भी कहा की ‘वह छत्तीसगढ़िया गीत गाने की कोशिश कर रहे हैं। यदि उन्हें समझ आ गया था तो थी, बाकि भोलेनाथ तो समझ ही जायेंगे।

K.W.N.S.-रायपुर। नवा रायपुर में हादसा हुआ है. जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है. जानकारी के मुताबिक हादसा माना थाना क्षेत्र में हुआ है. मृतक का नाम रवि सोनवानी पिता सेवक राम सोनवानी उम्र 35 वर्ष सा.सतनामी पारा माना बस्ती बताया जा रहा है. जो आज सुबह लगभग 7 बजे वाहन हीरो होंडा क्रमांक CG 04 CB 9843 से माना से सोन पैरी जा रहा था. इस दौरान काया बांधा चौक सेक्टर 16 मे बाइक डिवाइडर से जा टकराई। जिससे रवि सोनवानी के सिर पर गंभीर चोट आई. अधिक खून बहने से मौके पर ही मौत हो गई।

K.W.N.S.-रायपुर। प्रदेश सरकार द्वारा बड़े पैमाने पर विभिन्न पदों पर भर्तियों की जा रही है। जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को शासकीय सेवा के अवसर प्राप्त हुए है। जल संसाधन विभाग द्वारा भी 352 उप अभियंताओं की नियुक्ति हुई है। धमतरी में पदस्थ हुए 23 उप अभियंताओं ने धमतरी में ग्राम भटगांव में भेंट-मुलाकात के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मिलकर उनके प्रति आभार जताया। युवाओं ने मुख्यमंत्री से कहा कि इतनी बड़ी संख्या में विभाग में नियुक्ति होने से युवाओं का हौसला बढ़ा है और वे सभी मन लगाकर बढ़िया कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री ने भी युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जल संसाधन विभाग खेती-किसानी और आम-आदमी की पानी जैसी बुनियादी जरूरतों से जुड़ा हुआ है। छत्तीसगढ़ के परिदृश्य को देखते हुए इस विभाग में अधोसंरचना विकसित करने करने की बड़ी गुंजाइश है। आप सभी खूब मेहनत करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य शासन का यह प्रयास है कि विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर तेजी से भर्तियां हों। युवाओं को शासकीय सेवा में काम करने का अवसर मिले। इसी का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ में शासकीय नौकरियों में भर्ती का सिलसिला तेजी से शुरू हो गया है। विभिन्न विभागों द्वारा नई भर्ती के लिए लगातार विज्ञापन जारी किए जा रहे हैं, इसी प्रकार जहां चयन प्रक्रिया पूरी हो गई, वहां नियुक्ति आदेश जारी किए जा रहे हैं।
लम्बे इंतजार के बाद नियुक्ति आदेश प्राप्त होने से उत्साहित जल संसाधन विभाग के चयनित उप अभियंताओं ने मुख्यमंत्री श्री बघेल के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा नये उप अभियंताओं की भर्ती करने से जहां एक ओर उनके करियर को स्थायित्व मिला है। वहीं परिवार वालों के सपने को पूरा करने में मदद मिलेगी। वहीं साथ ही परिवार की आर्थिक जरूरतों भी पूरी होगी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में चयनित सभी इंजीनियरों को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा में आने का आपका और आपके परिवार का सपना पूरा हुआ है। अब हम सबको मिलकर छत्तीसगढ़ की जनता के सपनों को साकार करना है, आप पर बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जल संसाधन विभाग में भी काफी दिनों बाद इतनी बड़ी संख्या में इंजीनियरों की भर्ती की गई है। जल संसाधन विभाग के इंजीनियरों को खेतों तक पानी पहुंचाने के साथ उद्योगों को पानी की आपूर्ति तथा पेयजल व्यवस्था का भी ध्यान रखना है, इसके लिए आप लोगों से जनता की बड़ी आशाएं हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य स्तर पर जल संसाधन विभाग में उप अभियंता के 400 पदों पर जल संसाधन विभाग द्वारा भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था, भर्ती प्रक्रिया पूर्ण के बाद चयनित 352 उप अभियंताओं के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए हैं। शेष 48 पदों पर जल्द आदेश जारी किए जाएंगे। वहीं जिले में जल संसाधन विभाग अंतर्गत 23 उप अभियंताओं की पदस्थापना की गयी है।
मुख्यमंत्री की पहल पर युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने में मिल रही सफलता
जल संसाधन विभाग में नियुक्ति पाने से उत्साहित जूनियर इंजीनियरों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए जल संसाधन विभाग के नव नियुक्त उप अभियंता विनीत सुनाकर ने कहा कि नक्सल प्रभावित जिले बीजापुर का निवासी होने के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में परेशानी होती थी, जिससे रोजगार के अवसर कम मिल पाते थे। लेकिन प्रदेश के मुखिया ने इतनी बड़ी संख्या में भर्ती निकाल कर प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार का एक बेहतरीन अवसर प्रदान किया है, जिसके लिए मैं मुख्यमंत्री जी को साधुवाद देती हूं।
वहीं जल संसाधन विभाग में नवनियुक्त उप अभियंता धमतरी जिले का मगरलोड निवासी कुमारी वर्षा साहू ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इसी का प्रतिफल है कि हम जैसे युवाओं को रोजगार प्राप्त हो रहा है और सपनों को पूरा करने में सफलता मिल रही है। हम जैसे बेरोजगार युवा जिन्हें मुख्यमंत्री जी के विशेष पहल पर सफलता मिली है, हम मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार प्रकट करते हैं।