Browsing: रायपुर

 
K.W.N.S.-रायपुर। ‘सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है?’… कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इस बयान को लेकर दर्ज मानहानि के मामले में उन्हें दोषी करार दिया गया है. गुजरात की सूरत सेशन कोर्ट ने 2 साल की सजा सुनाई है. राहुल को कोर्ट से तुरंत 30 दिन की जमानत भी मिल गई. कोर्ट ने राहुल को इसी समय में ऊपरी अदालत में अर्जी दाखिल करने का वक्त दिया है. वे इस दौरान परमानेंट बेल के लिए भी आवेदन कर सकते हैं. राहुल ने 2019 में कर्नाटक में एक रैली में ये बयान दिया था. राहुल के इस बयान को पूरे मोदी समाज का अपमान बताते हुए बीजेपी विधायक पूर्णेश मोदी ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया था. गुजरात की सूरत कोर्ट ने चार साल पुराने इस मामले में गुरुवार को राहुल को दोषी ठहराया. कार्यवाही के दौरान राहुल गांधी कोर्ट में मौजूद रहे. इस दौरान गुजरात कांग्रेस के तमाम बड़े नेता उनके साथ मौजूद रहे. राहुल आज ही दिल्ली से सूरत पहुंचे थे। 
सीएम भूपेश बघेल ने कहा – मीडिया को भी दबाने की कोशिश है, न्यायपालिका को प्रभावित करने की कोशिश है और राजनीतिक दल के लोगों पर इसी स्तर पर जाकर वो कार्रवाई कर रहे हैं. राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा – मेरा धर्म सत्य और अहिंसा पर आधारित है। सत्य मेरा भगवान है, अहिंसा उसे पाने का साधन। – महात्मा गांधी प्रियंका गांधी – डरी हुई सत्ता की पूरी मशीनरी साम, दाम, दंड, भेद लगाकर@RahulGandhiजी की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। मेरे भाई न कभी डरे हैं, न कभी डरेंगे। सच बोलते हुए जिये हैं, सच बोलते रहेंगे। देश के लोगों की आवाज उठाते रहेंगे। सच्चाई की ताकत व करोड़ों देशवासियों का प्यार उनके साथ है।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बताया कि कोरोना के दौरान भ्रष्टाचार की शिकायतों पर चार डॉक्टरों को सस्पेंड कर विभागीय जांच की जा रही है. इसी तरह कई कंपनियों से अनुबंध समाप्त कर लिया गया है. कुछ की अमानत राशि राजसात कर ली गई है. भाठापारा विधायक शिवरतन शर्मा ने प्रश्नकाल के दौरान स्वास्थ्य मंत्री से पूछा कि कोविड-19 संक्रमण काल के दौरान तीन साल में दवा उपकरण खरीदी में अनियमितता, भ्रष्टाचार की शिकायतों पर क्या कार्रवाई की गई है. स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि ऐसी 23 शिकायतें प्राप्त हुई हैं. इनमें छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन रायपुर, संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं छत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़ शासन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जांच की गई है. जांच के बाद डॉ. एफ. खाखा सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक जिला चिकित्सालय जशपुर, डॉ. अनुरंजन टोप्पो अस्थि रोग विशेषज्ञ जिला चिकित्सालय जशपुर, डॉ. उषा प्रेमा लकड़ा सर्जरी विशेषज्ञ जिला चिकित्सालय जशपुर और डॉ. तुकाराम कंवर तत्कालीन प्रभारी सीएमएचओ कोंडागांव को निलंबित किया गया है. साथ ही, विभागीय जांच चल रही है।
इसी तरह मेसर्स मंगलम बायोटेक रिसर्च दिल्ली, मेसर्स भूषण लेबोरेट्रीज दिल्ली व रोनपाल बायोटेक दिल्ली की अमानत राशि राजसात की गई है. मेसर्स भूषण लेबोरेट्रीज दिल्ली को 2 साल के लिए ब्लैक लिस्ट किया गया है. मेसर्स उपकरण फार्मासिटिकल भोपाल का अनुबंध समाप्त किया गया है. इंदु केयर फार्मा पुणे का अनुबंध समाप्त किया गया है. मेसर्स पेटलार्ड महल आरोग्य मंडल फार्मेसी नाडियाड गुजरात से अनुबंध नहीं किया गया. मेसर्स मंगलम बायोटेक रिसर्च दिल्ली से अनुबंध नहीं किया गया. मेसर्स रोनपाल बायोटेक लिमिटेड दिल्ली से अनुबंध नहीं किया गया. मेसर्स भूषण फार्मासिटिकल दिल्ली से अनुबंध नहीं किया गया. फर्म को 2 साल के लिए ब्लैक लिस्ट किया गया. हाईकोर्ट में केस प्रमाणित होने पर कर्मचारी की सेवाएं समाप्त की गई हैं।
हिमालया रिसर्च लेबोरेटरी जम्मू, उपकरण फार्मासिटिकल भोपाल, पेटलार्ड महल आरोग्य मंडल फार्मेसी नाडियाड गुजरात, मंगलम बायोटेक रिसर्च दिल्ली, भूषण फार्मासिटिकल दिल्ली, रोनपाल बायोटेक दिल्ली और इंदु केयर फार्मा पुणे के निविदाओं की बिड वैधता समाप्त हो जाने के कारण निविदाओं को निरस्त किया गया है. मेसर्स पीडी इंटरप्राइजेस को क्रय आदेश जारी नहीं किया गया. इसके अलावा अन्य शिकायतों में कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
 

 

K.W.N.S.-रायपुर। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर सूरत कोर्ट के फ़ैसले पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने कहा है कि, देश में कानून से बड़ा कोई नहीं है। डा. सिंह ने कहा कि, अब तक राहुल गांधी बड़बोलापन दिखाते रहे हैं। इस फैसले से राहुल गांधी को सबक लेना चाहिए। उनहोंने कहा कि, कांग्रेस अपना अस्तित्व बचाने में लगी है। डा. रमन ने कहा कि, ये फ़ैसला नज़ीर बनेगा कि, राजनीतिक शुचिता कैसी होनी चाहिए। उधर छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, देश मे इमरजेंसी जैसे हालात हैं। श्री भगत ने कहा है कि, यदि कोई देश के बैंक का पैसा लेकर भाग जाए तो कुछ नहीं, लेकिन अगर लोकतंत्र में कुछ कहता है तो कार्रवाई करते हैं। यह देश में इमरजेंसी जैसे हालात बनते दिखाई दे रहे हैं।
 उल्लेखनीय है कि, मोदी सरनेम को लेकर राहुल के आपत्तिजनक बयान से जुड़े मानहानि केस में राहुल गांधी को सूरत कोर्ट ने गुरुवार को दोषी करार दिया। कोर्ट ने उन्हें 2 साल की सजा दी है और 15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। इसके कुछ देर बाद उसी कोर्ट ने उन्हें 30 दिन के लिए जमानत भी दे दी गई। सुनवाई के दौरान राहुल कोर्ट में मौजूद रहे। राहुल ने कोर्ट में अपना पक्ष भी रखा। उनके वकील के मुताबिक, राहुल ने कहा कि बयान देते वक्त मेरी मंशा गलत नहीं थी।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल से दो दिन के प्रवास पर बस्तर आ रहे हैं। उन्हें अपनी ताकत दिखाने दौरे के पूर्व नक्सलियों का उत्पात जारी है। नक्सलियों ने किरंदुल में पोकलेन और बचेली में ट्रक को जलाया । सैकड़ो की तादाद में पर्चे भी फेंके।
वही नारायणपुर जिले में भी माओवादियों ने सीसी सड़क के निर्माण कार्य में लगी वाहनों में आगजनी कर दी है। ग्रामीण वेशभूषा में पहुंचे माओवादियों ने एक ट्रैक्टर, पिकअप समेत मिक्सर मशीन को आग के हवाले कर दिया है। साथ ही यहां काम कर रहे मजदूरों को निर्माणकाम बंद करने धमकी भी दी है। वारदात के बाद सारे माओवादी जंगल की ओर भाग निकले हैं। मामला भरंडा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, जिले के खोड़गांव के अंजरेल माइंस के स्कूल पारा में नक्सलियों ने वारदात को अंजाम दिया है। यहां पिछले कई दिनों से सीसी सड़क का निर्माण काम चल रहा था। नक्सलियों ने इससे पहले काम बंद करने की धमकी भी दी थी। लेकिन, फिर भी काम चलता रहा। वहीं बुधवार की शाम अचानक जंगल की तरफ से ग्रामीण वेशभूषा में माओवादी पहुंच गए।
 

 K.W.N.S.-रायपुर। सीएम भूपेश बघेल ने वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री अभय छजलानी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने ईश्वर से मृतात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने व शोककुल परिजनों को इस दुखद घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है।
वरिष्ठ पत्रकार अभय छजलानी का जन्म 4 अगस्त 1934 को इंदौर में हुआ था। उन्होंने 1955 में पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रवेश किया। 1963 में कार्यकारी संपादक का कार्यभार संभाला बाद में लंबे अरसे तक नईदुनिया के प्रधान संपादक भी रहे। वर्ष 1965 में उन्होंने पत्रकारिता के विश्व प्रमुख संस्थान थॉम्सन फाउंडेशन, कार्डिफ (यूके) से स्नातक की उपाधि ली। हिन्दी पत्रकारिता के क्षेत्र से इस प्रशिक्षण के लिए चुने जाने वाले वे पहले पत्रकार थे। अभय छजलानी ने शहर के कई प्रमुख मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था। इसके साथ ही वह खेलों से भी जुड़े रहे। लंबे समय तक वह मध्यप्रदेश टेबल टेनिस संगठन के अध्यक्ष रहे और फिर आजीवन अध्यक्ष पद पर बने रहे।
छजलानी को इंदौर में इंडोर स्टेडियम अभय प्रशाल स्थापित करने के लिए भोपाल के माधवराव सप्रे समाचार पत्र संग्रहालय एवं शोध संस्थान ने सम्मानित किया था। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय योगदान के लिए ऑल इंडिया एचीवर्स कॉन्फ्रेंस ने दिल्ली में 1998 में राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार प्रदान किया। साथ ही इसी वर्ष लालबाग ट्रस्ट इंदौर का अध्यक्ष बनाया गया।
 

 

K.W.N.S.-रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संवित पात्रा अब से कुछ देर पहले रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे। वे ओडिशा के नुआपड़ा में आयोजित कार्यक्रम के लिए जा रहे हैं। एयरपोर्ट पर प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता ने स्वागत किया और छत्तीसगढ़ की राजनैतिक परिस्थितियों, मीडिया के विषयों पर चर्चा की।
 

 
 
K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा 1 अप्रैल 2023 से प्रदेश के शिक्षित बेरोजगारों को 2500 रुपए प्रतिमाह की दर से बेरोजगारी भत्ता देने की घोषणा की गई है। इस संबंध में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा योजना की स्वीकृति प्रदान करते हुए आदेश जारी कर दिया गया है। संचालक रोजगार एवं प्रशिक्षण छत्तीसगढ़ रायपुर ने बताया कि बेरोजगारी भत्ता प्राप्त करने के लिए निर्धारित मापदण्ड एवं शर्तों के अनुसार बेरोजगारी भत्ता प्राप्त करने के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना आवश्यक है।
शिक्षित बेरोजगारों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी आवश्यक है। वह मान्यता प्राप्त बोर्ड से न्यूनतम हायर सेकंडरी (12वीं) उत्तीर्ण हो। वह जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्ग दर्शन केंद्र में पंजीकृत हो और आवेदन के वर्ष के 1 अप्रैल को हायर सेकंडरी अथवा उससे अधिक योग्यता में उसका रोजगार पंजीयन न्यूनतम दो वर्ष पुराना हो। आवेदक की आय का कोई स्त्रोत न हो एवं आवेदक के परिवार की समस्त स्त्रोतों से वार्षिक आय 2 लाख 50 हजार रुपए से अधिक न हो। परिवार से तात्पर्य है- पति, पत्नी एवं आश्रित बच्चे एवं आश्रित माता-पिता।
पात्र शिक्षित युवा को प्रथमतः एक वर्ष के लिए बेरोजगारी भत्ता देय होगा। यदि व्यक्ति विशेष का एक वर्ष की इस अवधि में लाभकारी नियोजन नहीं हो पाता है, तो बेरोजगारी भत्ते की अवधि एक वर्ष के लिए और बढ़ाई जा सकेगी। किसी भी प्रकरण में यह अवधि दो वर्ष से अधिक नहीं होगी।
एक परिवार से एक ही व्यक्ति को बेरोजगारी भत्ता दिया जायेगा। यदि किसी परिवार के किसी व्यक्ति को बेरोजगारी भत्ता स्वीकृत किया जा चुका है, तो दूसरा व्यक्ति अपात्र होगा। आवेदक के परिवार के किसी भी सदस्य को केन्द्र अथवा राज्य सरकार की किसी भी संस्था अथवा स्थानीय निकाय में चतुर्थ श्रेणी या ग्रुप डी को छोड़कर अन्य नौकरी होने पर ऐसा आवेदक बेरोजगारी भत्ते के लिए अपात्र होगा। यदि आवेदक को स्वरोजगार या शासकीय अथवा निजी क्षेत्र में किसी नौकरी को ऑफर दिया जाता है, परन्तु आवेदक ऑफर स्वीकार नहीं करता है, तो ऐसा आवेदक बेरोजगारी भत्ता के लिए अपात्र होगा।
पूर्व और वर्तमान मंत्रियों, राज्य मंत्रियों और संसद या राज्य विधान सभाओं के पूर्व या वर्तमान सदस्यों, नगर निगमों के पूर्व और वर्तमान महापौर और जिला पंचायतों के पूर्व और वर्तमान अध्यक्ष के परिवार के सदस्य बेरोजगारी भत्ता के लिए अपात्र होंगे। 10,000/- रूपये या उससे अधिक की मासिक पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशन भोगी के परिवार के सदस्य बेरोजगारी भत्ते के लिए अपात्र होंगे। वे परिवार जिन्होंने पिछले असेस्मेंट ईयर में इनकम टैक्स भरा हो, उनके परिवार के सदस्य बेरोजगारी भत्ते के लिए अपात्र होंगे। अन्य पेशेवर जैसे- इंजीनियर, डॉक्टर, वकील, चार्टर्ड एकाऊन्टेंट और पेशेवर निकायों के साथ पंजीकृत ऑर्किटेक के परिवार के सदस्य बेरोजगारी भत्ता के लिए अपात्र होंगे।
बेरोजगारी भत्ते की राशि पात्र हितग्राही के बैंक खाते में प्र्रतिमाह अंतरित की जाएगी। जिन लोगों को बेरोजगारी भत्ता स्वीकृत किया जाएगा उन सभी व्यक्तियों को कौशल विकास प्रशिक्षण का ऑफर दिया जाएगा। कौशल विकास प्रशिक्षण के पश्चात् उन्हें रोजगार प्राप्त करने में सहायता की जाएगी और यदि वे कौशल विकास प्रशिक्षण में भाग लेने से इनकार करते हैं या ऑफर किया गया रोजगार स्वीकार नहीं करते हैं तो उनका बेरोजगारी भत्ता बंद कर दिया जाएगा।
 

K.W.N.S.-रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा है कि आयुष विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में चिकित्सा पाठ्यक्रम के संचालन का काम अब निजी विश्वविद्यालयों को दिया जाना अनेक विसंगतियों को जन्म देगा। डॉ. चोपड़ा ने कहा कि आज पैरामेडिकल कोर्स का संचालन निजी विश्वविद्यालयों को सौंपे जाने के बाद भविष्य में संपूर्ण चिकित्सा पाठ्यक्रम के संचालन की मांग निजी विश्वविद्यालय करने लगेंगे जिससे चिकित्सा पाठ्यक्रम के संचालन में विश्वसनीयता का संकट तो उत्पन्न होगा ही, साथ ही निजी विश्वविद्यालयों में इस पाठ्यक्रम के संचालन में गिरावट की आशंकाएँ प्रबल होंगी।
इस संबंध में सोमवार को हुई एक बैठक में डॉ. चोपड़ा ने इस प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया। डॉ. चोपड़ा ने कहा कि चिकित्सा से संबंधित पाठ्यक्रम का संचालन आयुष विश्वविद्यालय द्वारा अच्छे ठंग से किया जा रहा है और चूँकि चिकित्सा पाठ्यक्रम स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है इसलिए इसमें किसी तरह का प्रयोग करना ठीक नहीं होगा। प्रदेश सरकार को इस विषय को गंभीरता से लेकर अपने प्रस्ताव पर पुनर्विचार करना चाहिए ताकि आयुष विश्वविद्यालय की गरिमा बरकरार रह सके और स्वार्थी तत्वों के इरादों को नियंत्रित किया जा सके।
 

 

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में इसी साल विधानसभा चुनाव होना है, जिसकी तैयारी में सभी राजनीतिक दलों के नेता जुट चुके हैं। चुनाव वर्ष के चलते पक्ष विपक्ष के बीच आरोप प्रत्यरोप का दौर शुरू हो चुका है तो वहीं दूसरी ओर विपक्ष के नेता सरकार को उनके अधूरे वादे याद दिलाने लगे हैं। इसी कड़ी मे पूर्व मंत्री और विधायक अजय चंद्राकर ने ट्वीट कर भूपेश सरकार पर निशाना साधा है।
अजय चंद्राकर ने ट्वीट कर कहा है कि छत्तीसगढ़ में कल विधानसभा की अनुदान मांगों में यह स्पष्ट हो गया है कि छत्तीसगढ़ सरकार शराबबंदी नहीं करने जा रही है। गंगाजल की कसम शायद किसी दूसरे विषय की थी। अब छत्तीसगढ़ सरकार को नशा सेवन करवाने के लिए अकादमी बनाना चाहिए और शराबी न्याय योजना लागू करनी चाहिए।
गौरतलब है कि इन दिनों विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। इस दौरान सदन में विपक्ष के नेता लगाकार अलग-अलग मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने में लगे हुए हैं। विपक्ष के नेताओं ने जहां अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण के मुद्दे पर जमकर हंगामा किया तो वहीं शराबबंदी का मुद्दा भी सदन में गूंजा।
 

 
K.W.N.S.-रायपुर। संसदीय सचिव एवं विधायक विकास उपाध्याय ने आज से प्रारंभ हिन्दू पंचांग के अनुसार चैत्र शुक्लपक्ष के पावन नवरात्रि व हिन्दू नववर्ष की छत्तीसगढ़ प्रदेश के समस्त भक्तजनों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि हमारे भारत देश में हिन्दू नववर्ष को त्यौहार की भांति बड़ी श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया जाता है, यह पावन दिवस हिन्दू धर्म में बहुत महत्व रखता है। विधायक विकास उपाध्याय ने बताया कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान ब्रह्मा ने इस पूरी सृष्टि की रचना की थी। 22 मार्च 2023 से विक्रम संवत् 2080 को प्रारंभ हो रहे हिन्दू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर विधायक विकास उपाध्याय ने रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्रांतर्गत रामचरित मानस रामायण, सुंदरकाण्ड व हनुमान चालीसा की पुस्तक का वितरण किया साथ में 20000 से भी ज्यादा ध्वज का वितरण कर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र को जय माता दी, जय सीयाराम व जय श्री हनुमान से भक्तिमय स्वरूप निर्मित करने का प्रयास किया है। इस अवसर पर उनके निवास में संगीतमय सुंदरकाण्ड पाठ व हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया।
विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में विगत् कई वर्षों से लगातार हिन्दू नववर्ष के अवसर पर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के हीरापुर गुरुद्वारे के पास, अटारी, जरवाय, टाटीबंध भारत माता स्कूल के पास एवं एम्स अस्पताल के पास, मोहबा बाजार चौंक, पं. रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी के सामने, कुकुरबेड़ा, सुयश हॉस्पिटल कोटा के पास, गुढ़ियारी के सी.एस.ई.बी. मैदान के पास एवं भारत माता चौंक के पास, प्रीतम नगर, अशोक नगर, विकास नगर, गुढ़ियारी पढ़ाव, शुक्रवारी बाजार, तात्यापारा, लक्ष्मण नगर, गोकुल नगर, रामनगर, मुर्रा भट्ठी, शिवानंद नगर, श्रीनगर, खमतराई, विवेकानंद आश्रम, मंगल बाजार, रामकुण्ड, समता कॉलोनी, चौबे कॉलोनी, डंगनिया, डीडी नगर, बंजारी नगर, रायपुरा, सत्यम विहार, सरोना, चंदनडीह इत्यादि स्थानों में ध्वजा वितरण का कार्य किया गया एवं साथ ही साथ विधायक विकास उपाध्याय ने आपसी भाईचारा निभाते हुए हिन्दू नववर्ष को हर्षोउल्लास के साथ मनाने की अपील भी की। आज इस शुभ अवसर पर विधायक विकास उपाध्याय के साथ डॉ. अन्नू साहू, वारेन्द्र साहू, आशुतोष मिश्रा, अमन गिल, अमृतलाल बिलथरे, योगेश दीक्षित, धीरज बैस, हरपाल भामरा, आकाश दीवान, गुलाब चौधरी, ईश्वर चक्रधारी, ईश्वर भगत, रामदास कुर्रे, विकास अग्रवाल, अभय ठाकुर, उमेश साहनी, प्रवीण झा, प्रकाश मानिकपुरी, बसन्त तिवारी, चन्द्रिका साहू, हरीश साहू, मधुसूदन खण्डेलवाल, संजीव गौतम, कुलदीप मठरू, हेमलाल नायक, राजेश बघेल, माधुरी यदु, दिनेश मिश्रा, दिलीप गुप्ता, डॉ. रामेश्वर सोनवानी, होरी लाल साहू आदि उपस्थित रहे।