Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

K.W.N.S.-रायपुर। पिछले 150 दिनों से लगातार चल रहे दिवंगत पंचायत शिक्षक अनुकंपा संघ का प्रदर्शन जारी है. विधवा महिलाओं ने 17 मार्च को विधानसभा का घेराव भी करने की बात भी कही है. सीएम बघेल के अनुकंपा नियुक्ति वाले बयान पर उनका कहना है कि अनुकंपा नियुक्ति का प्रावधान है. 2016 में रमन शासन काल में शिथिलीकरण किया गया था और लोगों को पंचायत सचिव में नियुक्ति दी गई थी।
वीडियो में प्रदेश अध्यक्ष माधुरी मृगे ने कहा कि “विधानसभा में जो बात हुई है अनुकंपा नियुक्ति को लेकर, जिसमें मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का कोई प्रावधान नहीं है. अब मैं यह बताना चाहूंगी कि अनुकंपा नियुक्ति का प्रावधान है. 2016 में रमन शासन काल में शिथिलीकरण किया गया था और लोगों को पंचायत सचिव में नियुक्ति दी गई थी. 2013, 2015 इन वर्षों में भी नियुक्ति की गई है. इस बात का मेरे पास पूरा सबूत है।
दिवंगत पंचायत शिक्षक अनुकंपा संघ की प्रदेश अध्यक्ष माधुरी मृगे ने कहा कि “सरकार की ओर से किसी भी तरह का जवाब ना आने से विधवा महिलाओं में निराशा है. अब यह विधवा महिला 17 मार्च को विधानसभा का घेराव भी करेंगे. इन महिलाओं का प्रदर्शन 20 अक्टूबर 2022 से चल रहा है. सरकार की ओर जवाब नहीं मिला है. जिसके बावजूद सत्तापक्ष की ओर से किसी भी तरह का सकारात्मक जवाब नहीं आ पाया।

K.W.N.S.– रायपुर। भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की मांग छत्तीसगढ़ से की जाएगी। 19 मार्च को रायपुर के रावाभाठा में संतों की महासभा होगी। इससे पहले 17 छत्तीसगढ़ के चार स्थानों से निकाली गई रैली का समागम होगा। 18 को भव्य रैली निकाली जाएगी। महासभा में तीन महामंडलेश्वर समेत एक साध्वी और दो संत शामिल होंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को न्यौता भेजा गया है। डोंगरगढ़ की ओर से आ रही यात्रा 16 की शाम यात्रा दुर्ग पहुंचेगी। 17 को रैली निकलेगी। शाम को खुर्सीपार में सभा होगी। इसके बाद संतों की यात्रा रायपुर की ओर आगे बढ़ेगी।
कार्यक्रम में हरिद्वार के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद, महामंडलेश्वर स्वामी ज्योर्तिमयानंद, मुंबई के महामंडलेश्वर स्वामी चिदकंबरानंद स्वामी, काशी के स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती, हरियाणा के महाराज संपूर्णानंद और देहरादून की साध्वी प्राची शामिल होंगी।
K.W.N.S.-रायपुर। विधानसभा घेराव करने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओ और पुलिस के बीच जमकर रस्सा कसी हुई। पुलिस भाजपाइयों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन की अपील करती रही लेकिन उनपर इसका कोई असर नजर नहीं आया। पुलिस भीड़ को रोकने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाती रही लेकिन कार्यकर्ता बेरिकेड्स को लांघकर आगे बढ़ गए। ताजा जानकारी के मुताबिक पुलिस ने भाजपा के प्रदेश प्रमुख अरूण साव, पूर्व मंत्री, व विधायक बृजमोहन अग्रवाल और केदार कश्यप को हिरासत में ले लिया है।
मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद हैं। सुरक्षा के लिहाज से बड़े पैमाने पर पुलिस की भी तैनाती की गई हैं। विधानसभा घेराव के लिए निकले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव विधायक बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, शिवरतन शर्मा समेत सैकड़ो कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया. वहीं सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिस के जवानों के धक्कामुक्की करने पर पूर्व मंत्री राजेश मूणत और कार्यकर्ता भड़क उठे. पुलिस बल और कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।

K.W.N.S.-रायपुर। मोर आवास मोर अधिकार अभियान के तहत हुए विधानसभा घेराव में अप्रत्याशित भीड़ पर प्रतिक्रिया एवं बयान देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा बुधवार को भूपेश सरकार की तमाम बंदिशों के बावजूद आवास से वंचित हितग्राही विधानसभा पहुंच गए । यह वही विधानसभा है जिसे जनता के मंदिर का दर्जा दिया जाता है लेकिन भूपेश सरकार इसी विधानसभा में बैठकर जनता को शोषित, पीड़ित करने का काम कर रही है।
बुधवार को भूपेश सरकार के खिलाफ पूरे प्रदेश के हितग्राही रायपुर में एकजुट होकर विधानसभा घेरने में सफल रहे। अरुण साव ने कहा भूपेश सरकार ने जगह-जगह पर रास्तों को रोक रखा था बड़ी-बड़ी बेरिकेटिंग लगाई, पानी की बौछारें की, टियर गैस छोड़ा, लाठीचार्ज किया, लेकिन यह पीड़ित शोषित लोग, सरकार पर भारी पड़े हैं। सरकार के विरोध में अपने हक की लड़ाई लड़ने प्रदर्शन कर रहे हितग्राहियों पर अत्याचार करने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने इसकी कड़ी निंदा एवं भर्त्सना की है एवं इसे भूपेश सरकार की कायरता बताया है।

K.W.N.S.-रायपुर। विधानसभा बजट सत्र के सातवें दिन भाजपा विधायक पीएम आवास के मुद्दे पर स्थगन लेकर आए. आसंदी के स्थगन प्रस्ताव को अग्राह्य करते ही आक्रोशित भाजपा विधायकों ने सदन में नारेबाजी की. हंगामे के बीच आसंदी ने सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित कर दी. भाजपा विधायक पीएम आवास योजना पर स्थगन लेकर आए. विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि आज लाखों वंचित हितग्राही पीएम आवास की मांग पर राजधानी के सड़क पर उतरे हैं. विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि 2015 में योजना की शुरुआत हुई, पर इस सरकार में यह योजना अधर में है. विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि सदन में आवास पर सही बात नहीं आ रहा है।
विधायक रजनीश सिंह ने कहा कि जो पात्र हितग्राही थे, वो आज दर दर भटक रहे हैं. विधायक रंजना साहू ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि 2022 तक आवास बन जाना था, पर नहीं बने. परेशान जनता आज विधानसभा घेरने आई है. नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि ये क्रांतिकारी योजना है, देश के हर प्रदेश में गरीबों के लिए मकान बन रहा, कांग्रेस के सरकार में आवास का काम ठप है।
भाजपा विधायक स्थगन पर चर्चा की मांग पर अड़े रहे. इस पर मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि गरीबों से प्रेम था तो केंद्रांश क्यों घटा. सदन में शोरगुल और विपक्ष की नारेबाजी के बीच आसंदी ने बीजेपी के स्थगन प्रस्ताव को अग्राह्य किया. आक्रोशित भाजपा विधायकों ने सदन में नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया।

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज राजधानी रायपुर के मौदहापारा में वन मंत्री मोहम्मद अकबर के निवास पहुंचकर उनकी माता जी की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने माताजी के जनाजे को कांधा भी दिया। मुख्यमंत्री ने अकबर एवं उनके परिवारजनों से मिलकर ढाँढस बंधाया। उन्होंने ईश्वर से माताजी की आत्मा की शांति और परिवारजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
विधानसभा घेराव करने पहुंचे हजारों बीजेपी कार्यकर्ता

K.W.N.S.-रायपुर। भारतीय जनता पार्टी आज विधानसभा का घेराव करने जा रही है। मोर आवास मोर अधिकार का नारा बुंलद करने के लिए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर छत्तीसगढ़ के नामचीन भाजपा के नेता घेराव का नेतृत्व करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि भूपेश जी आप प्रधानमंत्री आवास पर भ्रम फैलाना बंद करिए यह धर्म युद्ध है। आज जनता अपना हक मांगने विधानसभा घेरेगी। भूपेश जी आप जानते हैं कि 2011 की जब सर्वे सूची बनी थी उस समय केंद्र में आपके आकाओं की सरकार थी। आप अपनी यूपीए सरकार के सर्वे पर क्या प्रश्न चिन्ह लगा रहे हैं?.
विधानसभा घेराव के पहले पिरदा सभा स्थल में एक बड़ी सभा का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव और नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल इस सभा में 35 संगठन जिलों के 2-2 हितग्रहियों का पैर पखारेंगे। पिरदा के सभा स्थल पर हजारों की संख्या में भाजपाई पहुंच रहे हैं। सभा स्थल पर करीब 25 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। वहीं भाजपा का दावा है कि 1 लाख से अधिक लोग घेराव में भाग लेने वाले हैं। पीएम आवास के हितग्राही भी सभा स्थल और घेराव में मौजूद रहेंगे।
K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में सुपेबेड़ा की गूंज एक बार फिर सुनाई दी है। भारतीय जनता पार्टी के विधायक डमरूधर पुजारी ने प्रश्नकाल के दौरान यह मामला उठाया। पीने का साफ पानी उपलब्ध कराने के लिए अब तक टेंडर नहीं कर पाने पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरु रुद्र कुमार को विपक्ष ने घेर लिया। विपक्ष ने सरकार पर लोगों को साफ पानी तक नहीं पिला पाने का आरोप लगाया। पीएचई मंत्री ने ऐलान किया कि 1 महीने में टेंडर होगा और शीघ्र काम शुरू होगा। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सदन से बहिर्गमन किया।
इससे पहले भी इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तकरार होती रही है। यह मुद्दा पिछली सरकार के समय से एक बड़ी समस्या के रूप में सामने आता रहा है। नई सरकार ने भी पीने का साफ पानी उपलब्ध कराने का वादा किया था। इस सरकार के 4 साल बीत जाने के बाद भी पीने के साफ पानी की उपलब्धता सुनिश्चत होना तो दूर योजना का टेंडर तक नहीं हो सका है।
बता दें कि सुपेबेड़ा में साफ पीने का पानी नहीं मिलने से वहां के निवासी बड़ी संख्या में किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं। इसके चलते कई अपनी जान गवां चुके हैं। पीने का साफ पानी न मिलने से स्थानीय लोग लगातार किडनी सहित अन्य बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। सदन में यह मामला पहले भी कई बार उठाया जा चुका है।

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज गोधन न्याय योजना के तहत पशुपालक ग्रामीणों, गौठानों से जुड़ी महिला समूहों और गौठान समितियों को 7 करोड़ 4 लाख रूपए की राशि ऑनलाइन जारी करेंगे, जिसमें 16 फरवरी से 28 फरवरी तक गौठानों में पशुपालक ग्रामीणों, किसानों, भूमिहीनों से क्रय 2.13 लाख क्विंटल गोबर के एवज में 4 करोड़ 25 लाख रूपए, गौठान समितियों को 1.65 करोड़ रूपए और महिला समूहों को 1.14 करोड़ रूपए की लाभांश राशि शामिल हैं।
यहां यह उल्लेखनीय है कि गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी में स्वावलंबी गौठान न सिर्फ अपनी सहभागिता निभा रहे हैं बल्कि निरंतर बढ़त बनाए हुए हैं। बीते कई पखवाड़ों से गोबर खरीदी के एवज में भुगतान की जा रही राशि में स्वावलंबी गौठानों की हिस्सेदारी 60 से 70 प्रतिशत तक रहने लगी है। आज की स्थिति में 50 फीसद से अधिक गौठान स्वावलंबी हो चुके हैं, जो स्वयं की राशि से गोबर एवं गौमूत्र की खरीदी के साथ-साथ गौठान के अन्य गतिविधियों को स्वयं की राशि से पूरा कर रहे हैं। 16 फरवरी से 28 फरवरी तक गौठानों में कुल 2.13 लाख क्विंटल गोबर की खरीदी हुई है, जिसके एवज में गोबर विक्रेताओं को अंतरित की जाने वाली 4.25 करोड़ रूपए की राशि में से 1.92 करोड़ की राशि कृषि विभाग द्वारा तथा 2.33 करोड़ रूपए का भुगतान स्वावलंबी गौठानों द्वारा किया जाएगा। स्वावलंबी गौठानों द्वारा गोबर खरीदी के एवज में अब तक 45.52 करोड़ रूपए का भुगतान स्वयं की राशि से किया गया है।
गौरतलब है कि गोधन न्याय योजना के तहत राज्य में हितग्राहियों को 412 करोड़ 21 लाख रूपए का भुगतान किया जा चुका है। 15 मार्च को 7.04 करोड़ के भुगतान के बाद यह आंकड़ा 419 करोड़ 25 लाख रूपए हो जाएगा। छत्तीसगढ़ राज्य में 20 जुलाई 2020 से गोधन न्याय योजना के तहत 2 रूपए किलो में गोबर की खरीदी की जा रही है। राज्य में 28 फरवरी 2023 तक गौठानों में 107.75 लाख क्विंटल गोबर की खरीदी की गई है। गोबर विक्रेताओं से क्रय किए गए गोबर के एवज में 211 करोड़ 25 लाख रूपए का भुगतान किया जा चुका है। 15 मार्च को गोबर विक्रेताओं को 4.25 करोड़ रूपए के भुगतान के बाद यह आंकड़ा 215 करोड़ 50 लाख रूपए हो जाएगा। गौठान समितियों एवं महिला स्व-सहायता समूहों को अब तक 182 करोड़ 98 लाख रूपए का भुगतान किया जा चुका है। गौठान समितियों तथा स्व-सहायता समूह को 2.79 करोड़ रूपए के भुगतान के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 185.77 करोड़ रूपए हो जाएगा।

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कॉग्रेस कमेटी के महामंत्री और कोरबा जिला के संगठन प्रभारी गोपाल थवाईत का 67 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पिछले कई दिनों से वे बीमार चल रहे थे। गोपाल थवाईत ने मंगलवार देर शाम अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर फैलते ही कांग्रेस में शोक की लहर दौड़ पड़ी। गोपाल थवाईत छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.चरण दास महन्त के बेहद करीबी मित्र थे।
स्पीकर महंत ने ट्वीट कर लिखा – मेरे प्रिय मित्र व पारिवारिक सदस्य बड़े भाई छग प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव व कोरबा जिला प्रभारी श्री गोपाल थवाईत जी के निधन की खबर से मन बेहद विचलित व दुखी है,पूरे परिवार में शोक ब्याप्त है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे,परिजनो को इस अपार दुख सहने की शक्ति दे।