Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महासमुंद जिले के बसना विकासखंड के ग्राम गढ़फुलझर में ईंट भट्ठा में काम वाले 5 श्रमिकों की मृत्यु पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देना और गंभीर रूप से बीमार एक श्रमिक को बेहतर से बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
2 लाख देने की घोषणा – सीएम ने ट्वीट कर कहा, महासमुंद जिले के ग्राम गढ़फुलझर में ईंट भट्ठा में कार्यरत 5 श्रमिकों की मृत्यु का समाचार दुखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और परिजनों को हिम्मत दे। इस दुःख की घड़ी में उनके परिवारों को ₹2 लाख आर्थिक सहायता की घोषणा करता हूँ। जिला प्रशासन को गंभीर रूप से बीमार श्रमिक को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

K.W.N.S.-रायपुर। विधानसभा में आज तबीयत की जानकारी देते हुए विधायक धरमजीत सिंह भावुक हुए. उनके तबीयत खराब होने को लेकर विधायकों की टिप्पणी से वे आहत भी हुए. धरमजीत सिंह ने कहा, अपनी लकीर बड़ी करनी चाहिए. किसी की लकीर मिटाकर कोई बड़ा नहीं हो सकता. जनता की अदालत में जाएंगे. टिप्पणी को लेकर सदन में विधायक अजय चंद्राकर, विधायक शैलेश पांडेय, विधायक देवेंद्र यादव ने ढांढस बंधाया. इससे पहले धरमजीत सिंह ने कहा कि अपनी लकीर बड़ी करनी चाहिए. किसी की लकीर मिटाकर कोई बड़ा नहीं हो सकता. बजट पर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा, बजट असंतुलित है, सिर्फ दुर्ग और रायपुर संभाग का बजट बनाया गया है. बड़े नेताओं को चुनाव में जाना है इसलिए अपना घर सुरक्षित करने के लिए बजट में राशि का प्रावधान किया है, बाकी विधायक टिकट कटने के डर से चुप हैं।

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आज यहां विधानसभा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में वन एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर के नेतृत्व में सर्वाेदय महायज्ञ सेवा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को कबीरधाम जिले के ग्राम गण्डई खुर्द में आयोजित श्रीराम कथा में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री ने आमंत्रण के लिए आयोजक मंडल को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर सेवा समिति के कृपाराम चन्द्रवंशी, रवि कुमार चंद्रवंशी एवं सदस्यगण उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से वर्ल्ड वाइड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स होल्डर मास्टर जसराज सिंह ने की सौजन्य मुलाकात

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आज यहां विधानसभा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में विधायक धनेन्द्र साहू के नेतृत्व में वर्ल्ड वाइड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स होल्डर 9 वर्षीय मास्टर जसराज सिंह ने सौजन्य मुलाकात की। मास्टर जसराज का नाम वर्ल्ड वाइड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स एवं एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में डिवीजन एवं मल्टीप्लिकेशन के सवालों का सबसे तेज जवाब देने के लिए दर्ज हुआ है। मुख्यमंत्री ने मास्टर जसराज को उनकी इन उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मास्टर जसराज के पिता तरसेम सिंह ने मुख्यमंत्री बघेल को बताया कि जसराज ने 2 मिनट में किसी भी 3 अंकों की संख्या को 1 से 9 तक के अंक से भाग देकर 100 से भी ज्यादा सवालों के उत्तर देकर देश के पहले सबसे कम उम्र के बच्चे के रूप में वर्ल्डवाइड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। इसी प्रकार एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में 1 मिनट 11 सेकंड में 50 सवालों का जवाब देकर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने बताया कि जसराज को विभिन्न गतिविधियों में उनके टेलेंट के लिए 100 से भी ज्यादा प्रमाण पत्र मिले हैं। मास्टर जसराज जीडी गोयंका इंटरनेशनल स्कूल मैथ क्लास फोर्थ के स्टूडेंट है।

K.W.N.S.-रायपुर। मध्यान्ह भोजन को पोषक बनाने के दावों में कितनी हकीकत है इसकी पोल समय-समय पर खुलती रहती है। इस बीच मध्यान्ह भोजन में कीड़े मिलने की शिकायत भी लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला किसी सुदूर के ग्रामीण स्कूल का नहीं अपितु राजधानी रायपुर के एक नामी स्कूल का है।
बता दें कि रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित श्री गुजराती स्कूल में पहली से पांचवी तक के बच्चो को जो मध्यान्ह भोजन दिया जा रहा था, उसमें कीड़े निकले हैं। गंभीर बात यह है कि इस तरह की यह पहली शिकायत नहीं है। पहले भी तीन से चार बार ऐसी शिकायतें सामने आ चुकी है। शिक्षकों ने लगातार लापरवाही के आरोप लगाए हैं। माना जा रहा है कि तात्कालिक रूप से कुछ सुधार के बाद फिर वही मंजर सामने आता है। अहम बात यह सामने आई कि हाईस्कूल के बच्चों को जहां बेहतर भोजन मिलने की बात कही जा रही है। वहीं प्राइमरी के बच्चों के खाने में कीड़े होने की बात उनकी जिंदगी से खिलवाड़ करने से कम नहीं है। खासतौर पर तब जबकि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति हो रही है।

K.W.N.S.-रायपुर। वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के शुन्यकाल में आज भाजपा कार्यकर्ताओं पर जिला बदर की कार्रवाई का मुद्दा उठाया। सदन में चेतावनी भरे लहजे में उन्होंने कहा कि जो लोग यह सोचते हैं कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज कर, उन पर जिला बदर की कार्रवाई कर उनकी आवाज दबा देंगे, उनके नेतृत्व में हो रहे जन आंदोलन को कुचल देंगे, वह अपनी गलतफहमी दूर कर ले।
ऐसी सोच रखने वालों की ही मानसिकता को हम कुचल कर रख देंगे। हमारा कार्यकर्ता कमजोर नहीं है। बृजमोहन ने सदन में सरकार से पूछा कि हमारे भाजपा के सौरभ सिंह, विजय शर्मा, कैलाश चंद्रवंशी पर कौन सा आपराधिक केस है?
उन्होंने पूछा कि क्या जनता के लिए आंदोलन करना उनकी आवाज उठाना अपराध है? राजनीति से जुड़े लोगों को जनता की समस्याओं को लेकर आवाज उठाने पर कलेक्टर द्वारा जिला बदर का नोटिस देना उचित है? बृजमोहन ने कहा इस देश में राजनीतिक दल को कुचलने की मंशा कभी सफल नहीं हुई है। इस संबंध में सदन परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र में जो दल विपक्ष में बैठा रहता है वह सरकार की कमी कमजोरियों को लेकर आंदोलन धरना प्रदर्शन करता है। परंतु इन बातों को आधार बनाकर राजनीतिक दलों के नेताओं को जिला बदर की नोटिस देना तानाशाही पूर्ण कार्यवाही है। यह हमें इंदिरा जी की याद दिलाता है।
बृजमोहन ने कहा की कवर्धा के मंत्री विधायक कहते हैं हम उनको जेल में भेजेंगे। उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। हम ने कहा कि ऐसी मानसिकता वाले लोगों की मानसिकता को कुचलने की ताकत हम रखते हैं। भारतीय जनता पार्टी डरने वाली नहीं है। घबराने वाली नहीं है। हम इसका माकूल जवाब देंगे। और किसी मंत्री के द्वारा खड़े होकर बीजेपी कार्यकर्ताओं को जेल में डालने की कार्रवाई को सही बताना, जिला बदर की कार्रवाई को सही बताना। यह दाल में कुछ काला होने स्पष्ट संकेत है। केवल राजनीतिक कारणों से बीजेपी की कार्यकर्ताओं के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की जा रही है इसका हम डटकर विरोध करेंगे।

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण का मुद्दा गरमाया हुआ है. मंगलवार को प्रदेशभर के अनियमित कर्मचारी नियमितीकरण सहित 6 सूत्रीय मांगों को लेकर विधानसभा घेराव करने निकले. बूढ़ा तालाब धरना स्थल से बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी विधानसभा का घेराव करने सड़कों पर जद्दोजहद करते दिखे. इस बीच अनियमित कर्मचारियों और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की भी हुई. वहीं अनियमित कर्मचारियों ने कहा कि ये तो ट्रेलर था, पिक्चर अभी बाकी है. साथ ही अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की चेतावनी दी।
स्मार्ट सिटी ऑफिस के पास बड़ी संख्या में तैनात पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को रोका. इस बीच अनियमित कर्मचारियों और पुलिस के बीच जमकर धक्का मुक्की हुई. प्रदर्शनकारियों में प्रदर्शन कर बजट की कॉपियां जलाई. संघ अध्यक्ष रवि गढ़ेपाल ने बताया कि हम अपनी 6 सूत्रीय मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं. आज का प्रदर्शन ट्रेलर था, पिक्चर बाकी है. सरकार हमारी मांगे पूरी नहीं करती है तो आने वाले समय में हम अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे।

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को आज यहां विधानसभा परिसर स्थित उनके कार्यालय कक्ष में वन मंत्री मोहम्मद अकबर और छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष देवेन्द्र बहादुर सिंह ने छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम की वर्ष 2021-22 के लाभांश 3.51 करोड़ रूपए की राशि का चेक मुख्यमंत्री को सौंपा। इस अवसर पर कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, मुख्यमंत्री के सलाहकार राजेश तिवारी, वन विभाग के प्रमुख सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख श्री संजय शुक्ला एवं प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम ए.के. भट्ट उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ राज्य वन निगम के अध्यक्ष देवेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि वन विकास निगम द्वारा संपादित किये जा रहे कार्यों से राज्य के वनांचल में रहने वाले वनवासियों एवं आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के ग्रामीणों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति में सुधार हेतु उन्हें सतत् रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। निगम द्वारा बैंक अथवा किसी वित्तीय संस्थान से कोई ऋण नहीं लिया गया है, न ही निगम को राज्य शासन से कोई अनुदान प्राप्त होता है। वन विकास निगम राज्य में हरियाली के प्रसार एवं पर्यावरणीय विकास हेतु कृत संकल्प है।
वन विकास निगम के प्रबंध संचालक ए.के. भटट द्वारा मुख्यमंत्री को बताया कि वन विकास निगम द्वारा भारत सरकार द्वारा स्वीकृत कार्य आयोजना अंतर्गत रोपित किये गये सागौन वृक्षारोपण के विरलन से प्राप्त वनोपज के विक्रय एवं अन्य आय से वित्तीय वर्ष 2021-22 में 69 करोड़ 11 लाख रूपए की आय हुई तथा विभिन्न कार्यों पर 31 करोड़ 79 लाख रूपए व्यय हुआ है। वर्ष के दौरान निगम को 36 करोड़ 48 लाख रूपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ हुआ है।
वर्ष 2021-22 में निगम द्वारा 1982 हेक्टेयर क्षेत्र में 35 लाख सागौन तथा छत्तीसगढ़ राज्य में पर्यावरण सुधार हेतु डिपाजिट रोपण योजना अंतर्गत विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों से प्राप्त राशि से 7 लाख 47 हजार मिश्रित प्रजाति के पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष में 2021-22 में 13,504 घनमीटर इमारती काष्ठ 7,845 नग बल्ली, 5,698 नग जलाऊ चट्टा तथा 86 नोशनल टन बांस का उत्पादन हुआ है।
K.W.N.S.- रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के छठवें दिन शून्यकाल में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने बीजेपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज हो रहे झूठे मुकदमे का मामला उठाया. इस पर विपक्ष स्थगन प्रस्ताव लेकर आया. मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों में तीखी बहस के बीच सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा के कार्यकर्ताओं को चिन्हित करके फर्जी मुकदमे लादे जा रहे हैं. झूठे केस में फंसाया जा रहा है. हर राजनीतिक दल को अपनी बात रखने का अधिकार है. छत्तीसगढ़ में क्या आपातकाल लगा है? हर जिले में भाजपा के कार्यकर्ताओं को फंसाया जा रहा है. छोटे- छोटे कार्यकर्ताओ पर धाराएं लगाई गई यह उचित नहीं है।
चंदेल ने कहा कि कवर्धा में हमारे 3 नेताओं के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई की जा रही है. सरकार इस तरह की कार्रवाई पर रोक लगाए. इस पर स्थगन दिया है, इसको ग्राह्य करके चर्चा कराया जाए. इसके साथ ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों में तीखी बहस शुरू हो गई. बीजेपी विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हमारे कार्यकाल में एक राजनीतिक कार्यकर्ता के ऊपर जिला बदर की कार्रवाई नहीं हुई है. उमेश पटेल ने कहा कि आपकी सरकार में एक हमारा कार्यकर्ता पेशी जा रहा था।

K.W.N.S.- रायपुर। प्रदेश के अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण को लेकर रार जारी है. विपक्ष सदन से लेकर मैदान तक सरकार को घेरने में लगी है. वहीं पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने कहा था कि सत्ता में आते ही नियमित करेंगे. लेकिन अब लॉलीपॉप दिखाने का काम कर रहे हैं. सरकार ने कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी की है. केदार कश्यप के इस बयान पर मंत्री कवासी लखमा ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा, नियमितीकरण को लेकर हमारी सरकार गंभीर है. 15 साल में बीजेपी ने अनाप शनाप भर्ती की. अब हम पर इल्जाम लगा रहे, ये गलत है।
मंत्री कवासी लखमा ने पूर्व मंत्री केदार कश्यप के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि किसी को सपना देखने से मना थोड़ी कर सकते हैं. वे कुछ भी बोले जनता उन्हें नकार चुकी है. उनके कार्यकाल में बस्तर बर्बाद हुआ. कांग्रेस उनकी बर्बादी को ठीक कर रही. बस्तर की सभी सीटों पर कांग्रेस का कब्जा होगा. आगामी लोकसभा चुनाव भी जीतेंगे।
अनियमित कर्मचारियों के विधानसभा घेराव को लेकर मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांग रखने का अधिकार सबको है. नियमितीकरण को लेकर हमारी सरकार गंभीर. वे फिर भी आंदोलन कर रहे तो स्वागत है. 15 साल में बीजेपी ने अनाप शनाप भर्ती की.अब हम पर इल्जाम लगा रहे, ये गलत है. मंत्री लखमा ने कहा सभी विभागों की जानकारी इकट्ठा की जा रही है. सीएम भूपेश बघेल इसी कार्यकाल में नियमितीकरण पर विचार करेंगे।