Browsing: रायपुर

 
भारत सरकार वर्ष 2025 तक देश से टीबी की बीमारी को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। TB की वजह से होने वाले स्वास्थ्गत, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने हर वर्ष 24 मार्च को विश्व क्षय दिवस मनाया जाता है. भारत सरकार वर्ष 2025 तक देश से टीबी की बीमारी को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है. छत्तीसगढ़ भी वर्ष 2023 तक प्रदेश से टीबी के खात्मे के लिए कार्ययोजना पर काम कर रहा है. पूरी दुनिया में इस साल विश्व क्षय दिवस  ‘द क्लॉक इज टिकिंग’ (घड़ी चल रही है) की थीम पर मनाया जा रहा है। 
वैश्विक महामारी कोविड-19 के कारण पिछले एक वर्ष में टीबी की रोकथाम के लक्ष्य को प्राप्त करने में बाधाएं आई हैं. छत्तीसगढ़ में वर्ष 2020 में 29 हजार 358 टीबी के मरीजों की पहचान की गई है. जो 2019 की तुलना में 30 प्रतिशत कम है. कोविड-19 की वजह से सेहत की प्राथमिकताओं के बदलने और संसाधन सीमित होने के बावजूद प्रदेश में टीबी के मरीजों की पहचान और उन्हें इलाज उपलब्ध कराने की हर स्तर पर कोशिश की जा रही है। 
जोखिम समूहों के बीच प्रदेशव्यापी अभियान
टीबी के मरीजों की पहचान के लिए इस साल (2021 में) जनवरी और फरवरी माह में उच्च जोखिम समूहों के बीच प्रदेशव्यापी अभियान संचालित किया गया है. इस दौरान 189 नए मरीजों की पहचान कर उनका इलाज शुरू किया गया. स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान के दूसरे चरण में टीबी के ज्यादा मरीजों की संभावना वाले विकासखंडों में घर-घर जाकर पीड़ितों की जानकारी ली जाएगी। 
ट्रूनॉट मशीनों की स्थापना
टीबी की जांच के लिए प्रदेश भर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चरणबद्ध ढंग से ट्रूनॉट मशीनों की स्थापना की जाएगी. वर्तमान में ट्रूनॉट मशीन से स्वाब सैंपलों की जांच कर कोरोना संक्रमण की पहचान की जा रही है. इसके लिए अनेक जगहों पर ट्रूनॉट मशीन लगाए गए हैं. भविष्य में ये मशीनें टीबी की जांच में भी काफी उपयोगी होंगी। 
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में मशीनों की स्थापना 
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में इन मशीनों की स्थापना से लोगों को स्थानीय स्तर पर टीबी की जांच की सुविधा मिलेगी. इससे टीबी के मरीजों की पहचान और इलाज में तेजी आएगी. टीबी की जांच को आसान बनाने के लिए हर जिले में वांलिटियर्स नामांकित किए गए हैं. ये वांलिटियर्स संदिग्ध मरीजों के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए लैब तक पहुंचाएंगे। 
टीबी से पूर्णतः मुक्त
ऐसे लोग जो उपचार के बाद टीबी से पूर्णतः मुक्त हो गए हैं, टीबी पीड़ितों के इलाज में उनकी सहायता ली जा रही है. “टी.बी. मितान“ के रूप में इन्हें पहचान और जरूरी प्रशिक्षण देकर टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के साथ ही उपचाररत मरीजों की काउंसिलिंग उन्हें सामाजिक-मनोवैज्ञानिक सर्पोर्ट प्रदान करने में मदद ली जा रही है. इससे मरीजों के ठीक होने की दर सुधर रही है। 
शासकीय क्षेत्र की एकमात्र प्रयोगशाला
रायपुर में संचालित आईआरएल (इंटरमिडिएट रेफरेंस लैब) वर्तमान में शासकीय क्षेत्र की एकमात्र प्रयोगशाला है. जहां टीबी की पहचान के लिए एलपीए और कल्चर जैसी एडवांस जांच तथा डीआर-टीबी के उपचार की सुविधा है. रायगढ़ के शासकीय मेडिकल कॉलेज और एम्स रायपुर में भी इस तरह के एडवांस लैब की स्थापना की जा रही है। 
इलाज उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित
टीबी उन्मूलन में निजी क्षेत्र को भी भागीदार बनाने के लिए प्रदेश के छह जिलों में पीपीएसए (Patient Provider Support Agency) नामांकित की जा रही है. इसके माध्यम से निजी क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज करा रहे मरीजों को आवश्यक मार्गदर्शन और उनकी जरूरतों के मुताबिक इलाज उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। 
टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान
टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान के लिए हर स्तर पर कार्यरत प्रदेश के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित और सेन्सिटाइज (Sensitise) किया जा रहा है, जिससे कि रोगियों की पहचान कर तत्काल लैब में रिफर किया जा सके. राज्य में पंजीकृत सभी टीबी मरीजों को क्षय पोषण योजना के तहत इलाज के दौरान प्रति माह 500 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से दिए जाने हेतु उनके बैंक खातों को लिंक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 
टीबी मुक्त छत्तीसगढ़
टीबी निदान कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए हर स्तर पर उनकी नियमित मॉनिटरिंग और मूल्यांकन किया जा रहा है. टीबी से मुक्ति के लिए उठाए जा रहे इन विविध कदमों से उम्मीद की जानी चाहिए कि प्रदेश ’’टीबीमुक्त छत्तीसगढ़’’ के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर होगा. 2023 तक हम हमारे प्रदेश को ’’टीबीमुक्त छत्तीसगढ़’’ बनाने में कामयाब हो पाएंगे। 
 

 
panchayattantra24.com, रायपुर। कांग्रेस ने कहा कि डॉ. रमन सिंह कहने को तो असम में भाजपा का प्रचार करने गए हैं, लेकिन सच यह है कि पार्टी ने उन पर लग रही धूल झाड़कर उन्हें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ख़िलाफ़ दुष्प्रचार करने के लिए भेजा है. वे झूठों का पुलिंदा लेकर इसकी नाकाम कोशिश कर रहे हैं और अपनी करतूतों पर जवाब नहीं दे रहे हैं. दरअसल रमन सिंह प्रदेश की बदनामी करके प्रदेश की जनता के साथ कृतघ्नता कर रहे हैं। 
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा है कि इससे अधिक दुर्भाग्य की बात नहीं हो सकती कि प्रदेश में किसानों से लेकर आदिवासियों तक हर किसी के हित में काम कर रही सरकार को बदनाम करने के लिए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री असम में झूठ बोल रहे हैं. वे झूठ कह रहे हैं कि सरकारी बैंकों में किसानों का कृषि ऋण माफ़ नहीं हुआ. वे झूठ बोल रहे हैं कि ऋण माफ़ी में कोई सीमा तय की गई. वो झूठ बोल रहे हैं कि युवाओं को रोज़गार नहीं मिल रहा है। 
मोहन मरकाम ने कहा है कि रमन सिंह अपने कार्यकाल में प्रदेश को सबसे ग़रीब बनाने का ज़िक्र नहीं करते, वे नहीं बताते कि उनके विकास के मॉडल में छत्तीसगढ़ सर्वाधिक झुग्गियों वाला प्रदेश बन गया. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि इस बात को कौन भूल सकता है कि उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए अपने मंत्रियों और कार्यकर्ताओं से कहा था कि कमीशनखोरी एक साल के लिए बंद कर दो तो तीस साल राज करोगे। 
उन्होंने कहा है कि उनके अपने बेटे के नाम से विदेश में काला धन जमा है और उनके अपने घर के पते पर जमा है. इस पर रमन सिंह कभी कुछ नहीं कहते. छत्तीसगढ़ की जनता जानती है कि विदेश में खाता तब खुलता है जब घर की तिजोरी में जगह नहीं बचती. कितने हज़ार करोड़ इस खाते में हैं यह सब जानना चाहते हैं
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि रमन सिंह की पीड़ा समझ में आती है कि वे पंद्रह साल में जितनी पहचान नहीं बना पाए. उससे अधिक लोकप्रियता भूपेश बघेल ने ढाई साल में हासिल कर ली है. लेकिन उन्हें समझ लेना चाहिए कि वे जो कुछ भी कहेंगे वे एक बुरी तरह हार चुके, हाशिए पर पड़े नेता का विलाप ही समझा जाएगा। 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी में एक अधेड़ व्यक्ति को फेसबुक में फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है. दो दिन पहले पीड़ित ने युवती की फेसबुक फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार किया था. इसके बाद अज्ञात युवती ने वीडियो कॉल कर पांच लाख रुपए की मांग की. सिविल लाइन पुलिस ने आईटी एक्ट और ब्लैकमेलिंग की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। 
जानकारी के मुताबिक, पंडरी में रहने वाले एक बुजुर्ग व्यक्ति को फेसबुक के जरिये एक एलेक्स कविता नाम से एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आया, जिसे इन्होंने एक्सेप्ट कर लिया. इसके बाद मैसेज के जरिये दोनों में बात होने लगी. इसी दौरान अज्ञात आरोपी ने इनका व्हाट्सएप नम्बर भी ले लिया. फिर व्हाट्सएप के जरिये वीडियो कॉल कर उसे एडिट कर अश्लील वीडियो बना दिया। 
अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की मांग की. इसके बाद प्रार्थी ने सिविल लाइन थाने आकर इसकी शिकायत की, जिस पर पुलिस ने धारा 384 और आईटी की धारा 67 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 
सिविल लाइन थाना प्रभारी आरके मिश्रा ने बताया कि, प्रार्थी की फोटो वीडियो को एडिट कर अश्लील बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग की गई थी. मामले में साइबर सेल की तकनीकी मदद ली जा रही है। 
 

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। डीजीपी डीएम अवस्थी के चॉपर में तकनीकी खराबी आ गई है. इस कारण उड़ान भरने के 5 मिनट बाद वापस लौटना पड़ा। 
डीजीपी अवस्थी बीएसएफ के चॉपर से नारायणपुर जा रहे थे. शहीद जवान की श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे.
चॉपर की ठीक करने की कोशिश जारी है. फिलहाल रायपुर एयरपोर्ट पर डीजीपी रुके हुए है। 
डीजीपी अब तक उड़ान नहीं भर सके है. दूसरे चॉपर का इंतजाम किया जा रहा है। 
बता दें कि नारायणपुर जिले के कड़ेनार में मंगलवार को जवानों से भरी बस को विस्फोटक से उड़ा दिया. विस्फोट में पांच जवान शहीद हो गए. आठ गंभीर रूप से घायल हो गए। 
कैंप से 3 किमी दूर हुआ ब्लास्ट
इसी दौरान दोपहर 4:15 बजे कड़ेनार और कन्हार गांव के बीच नक्सलियों ने डीआरजी जवानों के बस को आईईडी ब्लास्ट कर उड़ा दिया. यह घटना कड़ेनार कैम्प से लगभग 3 किमी की दूर मरोड़ा गाँव के पास हुआ है. आईईडी ब्लास्ट होते ही बस पुल के नीचे गढ्ढे में जा गिरी. नक्सली अटैक से जवानों के बस के परखच्चे उड़ गए। 
5 जवान शहीद, 7 रायपुर रेफर
नक्सलियों के ब्लास्ट में डीआरजी के प्रधान आरक्षक जय लाल उइके ग्राम कसावाही निवासी, करन देहारी निवासी अंतागढ़ (ड्राइवर), सेवक सलाम निवासी कांकेर, पवन मंडावी निवासी बहीगांव और विजय पटेल निवासी नारायणपुर समेत 5 जवान शहीद हो गए. हमले में 22 जवान घायल हुए हैं. जिसमें से 7 घायलों को एयरलिफ्ट कर रायपुर ले आया गया है. बाकी घायल जवानों को नारायणपुर में ही इलाज चल रहा है। 
 

 

 panchayattantra24.com,रायपुर। सुप्रीम कोर्ट ने लोन मोरेटोरियम मामले में छत्तीसगढ़ लघु उद्योग संघ के पक्ष में बड़ा फैसला सुनाया है. लोन मोरेटोरियम मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि किसी भी राशि पर ब्याज पर कोई ब्याज, चक्रवृद्धि ब्याज या दंड ब्याज लोन लेने वालों से नहीं लिया जाएगा. मोरेटोरियम पीरिड के दौरान और इस तरह की कोई भी राशि अगर पहले से ही चार्ज किया गया है, तो वापस कर दिया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट ने 2 करोड़ के आरबीआई गैप को गलत ठहराया है. ब्याज पे ब्याज लगाने वाले आदेश को भी गलत बताया है. इस याचिका पर लंबे समय तक सुनवाई हुई. बैंक की तरफ से भी वकीलों ने अपना पक्ष रखा. इस मसले पर दायर तमाम याचिकाओं में कि गई अन्य मांगों को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि यह नीतिगत मामला है. अदालत को इसमें हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।
केंद्र सरकार ने 2 करोड़ रुपये तक की उधारी पर राहत देने की घोषणा पहले ही कर चुकी है. जो करीब 6 हजार 500 करोड़ रुपए हैं. सुप्रीम कोर्ट की घोषणा के बाद सरकार को और 7000 से 7500 करोड़ रुपये की राहत देनी होगी।
बता दें कि लॉकडाउन के दौरान कामकाज ठप पड़ा हुआ था और व्यापारियों से बैंक से लिए लोन को देने में परेशानी आ रही थी. जिसके बाद छतीसगढ़ लघु एवं सहायक उद्योग संघ बिलासपुर, सचिव एसके चतुर्वेदी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता रविंद्र श्रीवास्तव और आशीष श्रीवास्तव ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी. आरबीआई की ओर से 27 मार्च 2020 और 22 मई 2020 को जारी नोटिफिकेशन को चुनौती दी गई थी. आरबीआई ने इन नोटिफिकेशन में यह निर्देश दिया था कि ऋण जमा करने की अवधि तो बढ़ा रहे हैं, लेकिन उन्हें (ऋण लेने वालों को) ब्याज पर ब्याज देना होगा।
 

 
panchayattantra24.com,कवर्धा। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री मोहम्मद अकबर एक दिवसीय कवर्धा दौरे पर पहुंचे. मंत्री मोहम्मद अकबर ने बिरकोना क्लस्टर के 10 गांवों में रूर्बन योजना के तहत कई विकासकार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया. रूर्बन योजना मद से 4 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य किए जा रहे हैं।
रूर्बन योजना के तहत गांवों में शहरों वाली सुविधा, बिजली, पानी, सड़क, हेल्थ क्लीनिक की सुविधा दी जाएगी. इस योजना के तहत स्किल डवलपमेंट के खास इंतजाम किए जाएंगे. गांवों को क्लस्टर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा. एक क्लस्टर की आबादी 25-50 हजार तक होगी।
मोहम्मद अकबर ने शिलान्यास और भूमिपूजन किया
मंत्री मोहम्मद अकबर ने रूर्बन योजना मद से बिरकोना क्लस्टर के ग्राम मानिकचौरी में 43.55 लाख रुपये से माध्यमिक शाला भवन और अन्य निर्माण कार्य के लिए भूमिपूजन किया. जिन्दा गांव में 38.39 लाख रुपये से तालाब स्थल और अन्य निर्माण कार्य के लिए भूमिपूजन किया. धरमपुरा गांव में 33.90 लाख रुपये से माध्यमिक शाला भवन और अन्य निर्माणकार्य के लिए भूमिपूजन किया।
बिरकोना में 82.25 लाख रुपये से हाईस्कूल भवन और अन्य निर्माण कार्य के लिए भूमिपूजन
.सोनपुरी रानी गांव में 37.20 लाख रुपये से हाईस्कूल भवन और अन्य निर्माण कार्य
ग्राम जुनवानी में 23.60 लाख रूपए से माध्यमिक शाला भवन और अन्य निर्माण कार्य
छिरहा गांव में 44.84 लाख रुपये से हाईस्कूल भवन और अन्य निर्माण कार्य
दुल्लापुर गांव में 55.78 लाख रुपये से माध्यमिक शाला भवन मगरदा दुल्लापुर और सीसी नाली समेत अन्य निर्माण कार्य
दुल्लापुर में अन्य निर्माण कार्य, पालीगुड़ा में 29.27 लाख रुपये से माध्यमिक शाला भवन निर्माण
घुघरीकला गांव में 32.21 लाख रुपये से माध्यमिक शाला भवन और अन्य निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया.
कवर्धा में मिलेगी ये सुविधाएं
बता दें कि कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर ने 10 गांवों में रूर्बन योजना मद से 4 करोड़ 21 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का किया भूमिपूजन. इसमें ग्रामीणों में उत्साह है.  मंत्री ने कहा कि रूर्बन योजना से गांवों में शहरों वाली सुविधाएं मिलेगी. रूर्बन योजना से बिजली, पानी, सड़क, हेल्थ क्लीनिक की सुविधा दी जाएगी।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि कोरोना का खौफ दिखाकर राज्य सरकार पर निराधार आरोपों का सहारा ले रहे छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता पहले अपने गिरेबान में तो झांक कर देखें। छत्तीसगढ़ के भाजपा के नेता सबसे पहले यह तो बतायें कि मोदी सरकार छत्तीसगढ़ के लिये वैक्सीन के डोज क्यों नहीं भेज रही है? 2 दिन में वैक्सीन डोज खत्म होने की स्थिति क्यों बनी? छत्तीसगढ़ में वैक्सीन डोज खत्म हो जाने की स्थिति के लिए भाजपा की केंद्र सरकार ही जिम्मेदार है। पहले कोरोना के नाम पर इकठ्ठा किये गये पीएम केयर्स फंड से छत्तीसगढ़ को कोई ठोस मदद नहीं दी गई और अब वैक्सीन के मामले में भी छत्तीसगढ़ के साथ भाजपा की मोदी सरकार भेदभाव और पक्षपात कर रही है इससे स्पष्ट है कि केंद्र की मोदी सरकार की रूचि कोरोना से लड़ने में नहीं, विपक्षी दलों से राजनीतिक लड़ाई में रुचि है। दुर्भाग्य से मोदी सरकार ने इसमें कोरोना वैक्सीन को अपना हथियार बना रही है। वैक्सीन हथियार है कोरोना महामारी के खिलाफ, इसका राजनीतिक उद्देश्य से उपयोग नहीं किया जाना चाहिए। कांग्रेस मांग करती है कि छत्तीसगढ़ को पर्याप्त मात्रा में कोरोना वैक्सीन तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। इसमें किसी भी प्रकार का हीलाहवाला या देर या ढील उचित नहीं है। जनस्वास्थ्य से जुड़े कोरोना महामारी जैसे गंभीर मामलों में राजनीतिक कारणों से फैसले नहीं लिए जाने चाहिये।
कोरोना महामारी को लेकर भाजपा कर रही है स्तरहीन राजनीति प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि कोरोना महामारी को लेकर भाजपा स्तरीहीन राजनीति कर रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय बयानबाजी के लिये बयान दे अपनी और अपनी पार्टी भाजपा की विश्वसनीयता को समाप्त करने का काम कर रहे है। कोरोना संक्रमण पूरे देश में बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश में भी बढ़ रहा है। जहां भाजपा की सरकार है। इसका आरोप राज्य की कांग्रेस सरकार पर मढ़ना बहुत ही स्तरहीन बयानबाजी का ताजातरीन नमूना है। राज्य सरकार ने प्रभावी कार्यवाही करते हुये शालाओं की, विश्वविद्यालयों की परीक्षाओं को स्थगित किया है। चौक-चौराहो में लोगो को रोककर मास्क के प्रति जागरूकता फैलाने का काम हो रहा है। पूर्व में जब कटघोरा में संक्रमण फैला था तब छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रभावी नियंत्रण पाया था। इस बार भी पूरी तरह से कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ी जायेगी। लेकिन महामारी के मामले में, स्वास्थ्य के मामले में गैर जिम्मेदाराना बयान और स्तरहीन राजनीति से सबको बचना चाहिये।
 

panchayattantra24.com, रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज शहीद दिवस के अवसर पर देश के महान सपूतों भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरू को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। श्री बघेल ने कहा है कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर करने वाले इन देशभक्तों का त्याग एवं बलिदान अविस्मरणीय है। देश की आजादी के लिए इन देश भक्तों ने हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दी। उनका बलिदान युगों-युगों तक भारतीय जनमानस को प्रेरणा देता रहेगा।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। कार बेचने का झांसा देकर पिता और पुत्र ने दो लाख रुपए की ठगी कर ली. ठगी का शिकार टाटीबंध निवासी राजवीर सिंह भामरा हुए हैं. आरोपी जसवंत सिंह बल और देवेंद्र सिंह बल ने रुपए लेने के बाद कार दूसरे व्यक्ति को बेच दिया. पीड़ित की शिकायत के बाद आमानाका पुलिस मामले की जांच में जुट गई है
जानकारी के अनुसार, टाटीबंध निवासी राजवीर सिंह भामरा ने अपने मित्र देवेंद्र सिंह बल के पिता जसवंत सिंह के नाम से पंजीकृत क्रेटा हुंडई कार को लेने इच्छा जताई थी, इसलिए देवेंद्र सिंह ने उसकी मुलाकात अपने पिता से करवाई. जिसके बाद जसवंत सिंह कार को 8 लाख रुपए में बेचने के लिए सहमत हो गए. इसके लिए राजवीर ने एडवांस के रूप में 2 लाख रुपए दे दिए. इस पर उसे कार सौंप दिया गया
कुछ दिन बाद गाड़ी की आवश्यकता है करके आरोपी देवेंद्र राजवीर से गाड़ी की मांग किया. चूंकि देवेंद्र उसका मित्र था इसलिए उसने गाड़ी दे दी. लेकिन जब उसके बाद पीड़ित राजवीर उससे वाहन मांगा तो वह टालमटोल करता रहा. फिर प्रार्थी द्वारा आरटीओ से पता करने पर यह जानकारी मिली कि आरोपी ने उसी कार को किसी साबिर खान नामक व्यक्ति को बेच दिया है
इस तरह आरोपियों ने राजवीर से पैसे लेने के बाद भी उस कार को किसी दूसरे को बेच कर धोखाधड़ी की घटना को अंजाम दिया है. मामले में पुलिस ने देवेंद्र और उसके पिता जसवंत को आरोपी बनाया है
मामले में आमानाका थाना प्रभारी भरत बरेठ का कहना है कि 8 लाख में गाड़ी का सौदा आरोपियों ने किया था. इसके लिए प्रार्थी ने 2 लाख दिए भी थे, लेकिन उस कार को आरोपियों ने किसी दूसरे को बेच दिया. आरोपी पिता पुत्र फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है.
 

panchayattantra24.com,रायपुर। रायगढ़ वन मंडल के बरमकेला वन परिक्षेत्र के गोमर्डा अभयराण्य में पिछले दिनों विद्युत करंट बिछाकर साम्हर का अवैध शिकार किया गया था. शिकार के बाद आरोपी फरार हो गए थे. अब फरार दो आरोपियों को वन विभाग की टीम ने आधी रात को भालूपानी से गिरफ्तार कर लिया है।
इस टीम में वनरक्षक हीरालाल चौधरी, कर्मसिंह राठिया, उग्रसेन नायक, नंदलाल खड़िया एवं बल्लाराम शामिल रहे. पकड़े गए दोनों आरोपी परमानंद बरिहा हीरालाल बरिहा एवं शनिराम बरिहा दयाराम बरिहा ग्राम भालू पानी के रहने वाले हैं. जबकि दो अन्य आरोपी संतोष और प्रेमलाल अब भी फरार हैं, जिन की पतासाजी की जा रही है. इनके खिलाफ पूर्व में भी अवैध शिकार के 2 प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है।
वन मंडलाधिकारी रायगढ़ डॉ. प्रणय मिश्रा ने बताया कि गोमर्डा अभयारण्य अंतर्गत 19 मार्च को जंगली जानवर साम्हर की विद्युत करंट प्रवाहित कर अवैध शिकार किया गया था. जिसके लिए वन अमला द्वारा आरोपियों को पकड़ने के लिए खूब मशक्कत किया जा रहा था और मुखबिरों का जाल फैलाया हुआ था. जिसके कारण विगत दिवस आधी रात को वन विभाग की टीम द्वारा दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
इनके खिलाफ 19 मार्च को वन अपराध के तहत मामल दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया. जहां न्यायालय के आदेश से वन्य प्राणी साम्हर के शिकार में संलिप्त दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है. इस तरह से वन अमला की सक्रियता के कारण जंगली जानवरों के शिकार एवं तस्करी करने वाले आरोपी लगातार गिरफ्त में आ रहे हैं।