Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com, रायपुर। आवास एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर ने राजधानी के शंकर नगर स्थित अपने निवास कार्यालय में  छत्तीसगढ गृह निर्माण मण्डल की आवासीय योजना का ऑनलाईन पंजीयन तथा मण्डल के मोबाइल एप सीजीएचबी का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष श्री कुलदीप जुनेजा ने की।
आवास मंत्री श्री अकबर ने इसका शुभारंभ करते हुए बताया कि अब लोग घर बैठे अपने मोबाईल से या ऑनलाईन किसी भी माध्यम से मण्डल के घर के लिए आवेदन कर सकते हैं। साथ ही योजना की संपूर्ण जानकारी के साथ अपना मनपसंद घर बुक करा सकते हैं। इसके ऑनलाईन होने से अब घर खरीदने के लिए व्यक्ति को मण्डल दफ्तर तक आने की जरूरत नही होगी। इसके साथ पंजीयन कराने हेतु समय की बाध्यता भी खत्म होगी।  छत्तीसगढ गृह निर्माण मण्डल अपनी योजनाओं को पूरी तरह ऑनलाईन करने जा रहा है इससे हितग्राही अपने मोबाईल, डेस्कटॉप, लेपटॉप तथा अन्य ऑनलाईन माध्यमों से मण्डल के भवन क्रय करने आवेदन कर सकते है साथ ही मण्डल के प्रोजेक्टस् की जानकारी भी ले सकते है।
  इस अवसर पर छत्तीसगढ गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष श्री कुलदीप जुनेजा ने कहा कि आज मण्डल की आवासीय योजना का पंजीयन तथा मोबाइल एप सीजीएचबी का शुभारंभ किया गया है। योजना के ऑनलाईन होने से अब कभी भी कही से भी ऑनलाईन आवेदन किया जा सकता है। मण्डल के मोबाइल एप सीजीएचबी से घर खरीदना और आसान हो गया है। गौरतलब है कि वर्तमान में कोतापाल बीजापुर हेतु ऑनलाईन सिस्टम प्रारंभ किया गया है। भविष्य में मण्डल की अन्य योजनाओं  में भी लागू किया जावेगा। पायलेट प्रोजेक्ट के तौर पर नवीन आवासीय योजना कोतापाल बीजापुर को पूर्णतः ऑनलाईन कर दिया गया है।
 इस प्रोजेक्ट को लोग ऑनलाईन देख सकते हैं तथा पसंद कर घर चयन कर फिर आवेदन कर सकते हैं। साथ ही ऑनलाईन लॉटरी तो होगी ही एवं पंजीयन राशि भी ऑनलाईन जमा कर सकते हैं। इसके अलावा एन.ओ.सी. और घर खरीदने के पश्चात् एकांउट लेजर भी ऑनलाईन प्राप्त कर सकते हैं। ये सारी सुविधाऐं मण्डल के मोबाइल एप सीजीएचबी में भी उपलब्ध होगी जिसे आप अपने मोबाईल पे गुगल प्ले स्टोर के माध्यम से डाउनलोड कर सकते है। कार्यक्रम में मण्डल आयुक्त श्री अय्याज एफ. तंबोली, अपर आयुक्त श्री एच.के. वर्मा, मुख्य संपदा अधिकारी श्री पी.के. सोनवानी तथा मण्डल के आई.टी. एवं मार्केटिंग टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।
 

panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने आज शास्त्री चौक रायपुर स्थित आयोग कार्यालय में महिलाओं से सम्बंधित प्रकरणों की सुनवाई की। सुनवाई के दौरान प्रस्तुत प्रकरण में आवेदिका ने शिकायत की कि उसके पति ने बिना तलाक लिये सखी सेंटर कोण्डागांव की केन्द्र प्रशासिका से दूसरा विवाह कर लिया है। सखी सेंटर की प्रशासिका पद पर पदस्थ रहते अनावेदिका ने आवेदिका के मामले में कार्यवाही करने के स्थान पर जानबूझकर धोखाधड़ी कर दस्तावेज गायब किया। केन्द्र प्रशासिका ने आयोग के समक्ष स्वीकार किया कि उसने अनावेदक से दूसरा विवाह किया है। आवेदिका की शिकायत सही पायी गयी ऐसी दशा में आयोग ने महिला बाल विकास की सचिव को केन्द्र प्रशासिका के खिलाफ कार्यवाही किये जाने की अनुशंसा की है।
  दो अन्य प्रकरणों में दोनों पक्षकारों ने आपसी सहमति से तलाकनामे और अंतिम भरण-पोषण की राशि देने की सहमति दी और विधिवत दोनों पक्ष न्यायालय में तलाक का आवेदन प्रस्तुत करने हेतु सहमत हुए। आयोग के समक्ष आवेदिका को समाज से बहिष्कृत कर दिये जाने के एक प्रकरण में अनावेदकगणों ने आवेदिका को गांव, समाज से बहिष्कृत करने के आरोप से इनकार करते हुए कहा कि इस संबंध में कोई बैठक नहीं हुई है। इस पर अनावेदकगणों को आवेदिका के बेटी के वैवाहिक कार्यक्रम में कोई रोक नहीं लगाने और किसी तरह से दुर्व्यवहार नहीं करने की समझाईश दी गई। आवेदिका को भी सबसे मिल-जुलकर रहने हेतु समझाकर प्रकरण का निराकरण किया गया।
 एक प्रकरण में आवेदिका ने 181 की प्रभारी के विरूद्ध शिकायत की है। प्रभारी का ने बताया कि 181 का संचालन ट्रस्ट का मैनेजमेंट करता है। इस पर अनावेदिका को आगामी सुनवाई में ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारी को उपस्थित कराने या आयोग को कर्मचारी का नाम देने कहा गया ताकि विधिवत तरीके से कार्यवाही किया जा सके। अनावेदिका को यह भी समझाया गया कि इस प्रकरण के निराकरण तक आवेदिका के विरूद्ध कार्यवाही नहीं करें। आवेदिका को भी विभागीय आदेशों के पालन और किसी भी तरह की शिकायत होने पर ट्रस्ट को मेल के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराते हुए एक प्रति आयोग में भेजना सुनिश्चित करने कहा गया।
 

 
panchayattantra24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा है कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने पर ही देश और राज्य में आर्थिक सुधार और बुनियादी बदलाव हो सकते हैं। इस दौरान उन्हांेने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। श्री बघेल आज नई दिल्ली में आयोजित 7वें इंडियन इकोनॉमिक कॉन्क्लेव में शामिल हुये, जहां उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए आम लोगों को आर्थिक रूप से सक्षम करने की बात कही। कॉन्क्लेव में देश भर से आए अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
    इकोनॉमिक कॉन्क्लेव में श्री बघेल ने कहा कि ग्रामीण विकास पर आधारित योजनाओं से छत्तीसगढ़ के गांवों में सवा दो सालों में ही बड़ा बदलाव दिख रहा है। श्री बघेल ने कहा कि राज्य सरकार के गठन के साथ ही हमने छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास के लिए एक रोड मैप तैयार किया। जिसके तहत सबसे पहले किसानों का ऋण माफ किया, 25 सौ रूपए प्रति क्विंटल में धान खरीदी की, आदान सहायता के रूप में किसानों को 5 हजार करोड़ रूपए की राशि दी, समर्थन मूल्य पर वनोपज की खरीदी की गयी, मनरेगा के तहत रोजगार उपलब्ध कराए, जिससे किसानों, गरीब और मजदूरों की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ।  बघेल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ का देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण  योगदान होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को फोकस कर विकास के मार्ग पर अग्रसर है।
    राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गावों में रोजगार के अवसर बढ़ा रही है। कोर सेक्टर के अलावा ग्रामोद्योग को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ सरकार रोजगार के साथ ही स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि कोरोना से उत्पन्न आर्थिक संकट के काल में भी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था गतिशील बनी रही। इस दौरान आटोमोबाइल सेक्टर में तेजी, जीएसटी संग्रहण में बढ़ोतरी और सर्वाधिक वनोपज की खरीदी की गयी।
 

panchayattantra24.com, नई दिल्ली। टेनिस के पूर्व खिलाड़ी आंद्रे अगासी की मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ टेनिस संघ व छत्तीसगढ़ ओलंम्पिक संघ के अध्यक्ष भूपेश बघेल के साथ छत्तीसगढ़ टेनिस संघ और छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के महासचिव गुरूचरण सिंह होरा से मुलाकात हुई. इस दौरान आंद्रे अगासी ने छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढ़ में टेनिस एकेडमी खोलने की मंशा जताई। 
इस संबंध में जानकारी देते हुए गुरूचरण होरा ने बताया कि आंद्रे अगासी के साथ टेनिस टूर्नामेंट को लेकर चर्चा हुई, जिसमें उन्होंने बताया कि हाल ही में दो बड़े आयोजन का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला था. ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में गोंडवाना कप एंव अंतर्राष्ट्रीय टेनिस टूर्नामेंट (ITF) का आयोजन सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। 
होरा ने आगे बताया कि मुख्यमंत्री के प्रयास से 17 करोड़ की लागत से बहुत बड़ा टेनिस स्टेडियम का निर्माण प्रगतिशील है. इस पर आंद्रे अगाजी ने छत्तीसगढ़ में इंफ्रास्ट्रक्चर ठीक रहने पर टेनिस अकादमी खोलने की मंशा जताई. भूपेश बघेल ने आंद्रे अगासी को बताया कि छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास के लिए लगातार काम चल रहा है. हाल ही में रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज का सफलता पूर्वक आयोजन सम्पन्न किया है, जिसमें देश विदेश की छह टीमों ने हिस्सा लिया था। 
 

 
 
panchayattantra24.com,रायपुर। होली के दिन गाइडलाइन का पुलिस सख्ती से पालन करवाएगी. इस दौरान शहर में 500 का बल तैनात रहेगा. इसके अलावा थानों में अतिरिक्त पेट्रोलिंग दी जा रही है. हर थानों के निगरानी और गुंडा बदमाशों को बुलाकर समझाइश दी जा रही है. सक्रिय बदमाशों पर कार्रवाई कर जेल भेजा जा रहा है। 
एडिशनल एसपी सिटी लखन पटले ने बताया कि होली के मद्देनजर कल रात एसएसपी द्वारा बैठक ली है, जिसमें सभी राजपत्रित अधिकारी और सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए है कि होली शांतिपूर्वक तरीके से मनाया जाए और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की पहचान कर कार्रवाई करें. इसके साथ ही कोरोना को लेकर जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों को लेकर सभी को समझाइस दी जा रही है। 
एएसपी पटले ने बताया कि सभी थानों के निगरानी और गुंडे बदमाशो को थाने बुलाया जा रहा है, जो बदमाश वर्तमान में एक्टिव है उन पर कार्रवाई कर जेल भेजा जा रहा है. बाकियों को सख्त समझाइश देकर छोड़ा जा रहा है. होली के दिन जो लोग गाइडलाइन का पालन नही करेंगे, उन पर कड़ी कार्रवाई होगी. सभी थानों में पृथक से पेट्रोलिंग दी जा रही है. होली के दिन लगभग 500 का बल तैनात रहेगा। 
 

panchayattantra24.com,रायपुर। विशेषज्ञों के मुताबिक सौ दिन और कोरोना संक्रमण बढ़ेगा. प्रदेश में हालात अभी चिंता जनक है, सावधानी ही विकल्प है. बंद कोविड हॉस्पिटल फिर खोले जाएंगे, वहीं चार नए लैब खोलने की अनुमति दी गई है. प्रायवेट हॉस्पिटलों में निगरानी रखी जाएगी. पहले फेस में कई शिकायत सामने आई थी. यह बात स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने राज्य में कोरोना संक्रमण समीक्षा करने के बाद कही। 
छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में 2419 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं. छत्तीसगढ़ के बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की एक बड़ी बैठक हुई. इसमें स्वास्थ्य मंत्री ने कोरोना से निपटने के लिए लालपुर और माना के कोविड केयर हॉस्पिटल खोलने की बात कही है. दुर्ग में पॉजिटिविटी कल 28% तक करीब चली गई, 900 से ज्यादा लोग संक्रमित मिले हैं. यह बहुत बड़ी चिंता की बात है रायपुर में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, इसलिए लालपुरा, माना के अस्पतालों को चालू कर रहे हैं। 
0 बढ़ते संक्रमण के मद्दे नजर समीक्षा ली गई है. प्रदेश की क्या स्थिति है ?
0 स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. दुर्ग और रायपुर में सबसे ज़्यादा मरीज़ मिल रहे हैं. कोरोना एडवाइजरी का पालन ही इलाज है टीकाकरण का दौर जारी है, लेकिन दुर्भाग्यवश 60-70 हज़ार टीकाकरण हो पा रहा है.
0 दिन-प्रतिदिन कोरोना मरीजों की संख्या बड़ रही है ये सिलसिला कब तक जारी रहेगा ?
0 वैश्विक अनुभव के आधार पर जानकार और विशेषज्ञ कह रहे हैं कि प्रदेश में कम से कम 100 दिन मरीज़ और बढ़ेंगे यह चिंताजनक है, इसलिए कोरोना जाँच में तेज़ी लाने के लिए चार और लैब खोला जा रहा है, सैंपल ही में तेज़ी लाने के निर्देश दिए गए हैं। 
0 जैसे आप कह रहे है कि मरीज़ और बढ़ेंगे तो संक्रमण चक्र तोड़ने के लिए क्या लॉकडाउन विकल्प है ?
0 लॉकडाउन कोई विकल्प नहीं है, ना ही लॉकडाउन का सोचा जा रहा. लॉकडाउन के दौरान संक्रमण तो कम होता है, जैसे खुलता है तो और तेज़ी से संक्रमण बढ़ता है. फ़िलहाल कोरोना बचने के लिए टीका लगवाए एवं एडवाइजरी का पालन ही समाधान है.
0 प्रायवेट हॉस्पिटलों को फिर से कोरोना इलाज का मौका दिया गया है पहले फेस में लगातार शिकायत आई थी तो क्या इस बार शिकायत ना इसके लिए कोई व्यवस्था बनाया गया है ?
0 शिकायत तो आई है, प्रायवेट हॉस्पिटल में रकम ज्यादा इसलिए हो जाता है क्योंकि सरकारी हॉस्पिटल के अपेक्षा वहां खरीदी ज्यादा पड़ता है, और मरीज स्वेच्छा से जाते है कोई बंधन नहीं की प्रायवेट में जाए, प्रायवेट हॉस्पिटलों पर कार्रवाई कर बंद कर दिया जाएगा तो इलाज कैसे होगा, ये सेवा भाव होना चाहिए, मानवता के नाते स्वयं को सोचना चाहिए संकट की घड़ी है.
0 राष्ट्रीय स्तर में छत्तीसगढ़ की क्या स्थिति है?
0 लगातार कोरोना संक्रमण के मामले में देश में प्रदेश का स्थान बदलता जा रहा है एक हप्ता पहले कोरोना मरीजों के मामले में.. नंबर थे और मौत के मामला में…थे अब मौत के मामला में 3 नंबर पहुंच गए हैं, और मरीजों के मामले में..पर पहुंच गए हैं.
0 संक्रमण चक्र को रोकने के लिए क्या-क्या प्रयास किए जा रहे हैं ?
0 सबसे बड़ा कारगार प्रयास यही है कि मास्क लगाएं, सोशल डिस्टेंस का पालन करें, समय समय पर हाथ धोते रहें..साथ ही मंत्री ने कहा कि मास्क नहीं पहने पर 500 रू जुर्माना कर दिया गया है, प्रदेश के कई जिलों में 144 धारा लागू है, पर्यटन स्थल बंद किया है, सभी तरह के कार्यक्रम अनुमति के आधार पर किया गया है जैसे रोक थाम किया जा रहा है। 
 

 
panchayattantra24.com, रायपुर। प्रदेश में कोरोना के बढ़े मरीजों और मौत की रफ्तार को देखते हुए छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने प्राइवेट अस्पतालों में 50 प्रतिशत सीट को कोरोना मरीजों के लिए रिजर्व करने का आदेश दिया है। स्वास्थ्य संचालक की तरफ से जारी आदेश में प्रदेश के 31 अस्पतालों की लिस्ट जारी की गयी है, जिनमें कोरोना मरीजों के लिए 50 प्रतिशत सीट आरक्षित रखना जरूरी होगा। रायपुर में सबसे ज्यादा 18 अस्पतालों में 50 प्रतिशत सीट रिजर्व रखे जायेंगे। वहीं बिलासपुर के 6, दुर्ग के 5, राजनांदगांव के 1, रायगढ़ के 1 अस्पताल शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी आदेश में इन 31 अस्पतालों में कुल बेड 4295 हैं, जिनमे 2148 बेड कोरोना मरीजों के लिए रिजर्व रखे जायेंगे। इन अस्पतालों में आक्सीजन की उपलब्धता के साथ मरीजों के लिए बेड आरक्षित रहेंगे।
 

panchayattantra24.com, रायपुर। प्रदेश में उपलब्ध सस्ती और सुलभ बिजली का लाभ शहरों की भाॅति ग्रामीण अंचलों को देना राज्य शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। शासन की ऐसी जनहितैषी नीति का क्रियान्वयन छत्तीसगढ़ स्टेट पाॅवर टांसमिशन कंपनी द्वारा सर्वोच्च प्राथमिकता से किया जा रहा है। इस दिशा में आगे बढ़ते हुए ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा 220 केव्ही उपकेन्द्र डोमा-पाटन उपकेन्द्र के मध्य नवनिर्मित अतिउच्चदाब लाईन को ऊर्जीकृत किया गया। 4.5 करोड़ की लागत से निर्मित इस लाईन से ग्रामीण अंचल के रहवासियों कासे गुणवत्तापूर्ण बिजली की आपूर्ति हो सकेगी। उक्त जानकारी ट्रांसमिशन कंपनी के एमडी अशोक कुमार ने दी।
आगे एमडी कुमार ने बताया कि डोमा-पाटन उपकेन्द्र के मध्य नवनिर्मित 132 केव्ही सेकण्ड सर्किट लाईन की लम्बाई 16.1 किलोमीटर है। इस सेकण्ड सर्किट लाईन के ऊर्जीकृत हो जाने से विद्युत भार को दोनों फीडर पर विभाजित किया जा सकेगा। फलस्वरूप इस लाईन के माध्यम से विद्युत आपूर्ति होने वाले क्षेत्रों में लोवोल्टेज जैसी समस्या का निदान होगा और किसी एक लाईन पर ओव्हर लोड नहीं होगा। साथ ही विद्युत व्यवधान की स्थिति में न्यूनतम समय में सुधार एवं वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति की भी सुविधा उपलब्ध रहेगी। उक्त नवनिर्मित 132 केव्ही सेकण्ड सर्किट लाईन को चार्ज करने के उपरांत एमडी श्री कुमार ने ट्रांसमिशन कंपनी के अधिकारियों/कर्मचारियों को इस कामयाबी के लिए बधाई दी। उन्होंने कोविड-19 से बचते हुए विकास की गति को ऐसे ही अनवरत् बनाये रखने ट्रांसमिशन कंपनी की टीम को प्रेरित किया।
 

panchayattantra24.com, रायपुर। कोरोना वायरस ने मानव जीवन में आमूलचूल परिवर्तन ला दिया है. आदमी के खान-पान से लेकर आचार-व्यवहार तक में आई तब्दीली तीज-त्योहारों तक पहुंच गई है. रंग और उल्लास का पर्व होली भी इससे अछूता नहीं है. सार्वजनिक आयोजनों पर लगे प्रतिबंध से सबसे ज्यादा नुकसान नगाड़ा बनाने वालों का हो रहा है, जिनकी रोजी-रोटी इसी पर टिकी है।
होली के करीबन महीनेभर पहले ही राजधानी के कालीबाड़ी इलाके में नगाड़े बेचने वालों का जमावड़ा शुरू हो जाता है. नगाड़े बनाने वाले दूर-दराज के इलाकों से आते हैं, इसलिए वे परिवार के खाने-पीने की पूरी व्यवस्था के साथ आते हैं. पुरखों से करते चले आ रहे नगाड़ा बनाने का काम में आमदनी ऊपर-नीचे हो जाया करती थी, लेकिन इस साल जैसे हालात नहीं थे. इस साल को साजो-सामान को लाने-ले जाने का किराया तक निकलना मुश्किल नजर आ रहा है।
डोंगरगढ़ से नगाड़ा लेकर आए अशोक अपना दर्द बयां करते हुए कहते हैं कि अब तक कोई बिक्री नहीं हुई, और अब तो कलेक्टर ने भी मना कर दिया कि नगाड़े नहीं बजाएंगे. इस हालात में हम क्या करें समझ नहीं आ रहा है. किस मुंह से घर जाएंगे, और परिवार वालों को क्या कहेंगे. खाने-पीने के लाले पड़ेगें वो अलग।
अनिता बाई कहती हैं कि साल के दो दिनोंं के लिए हम सालभर मेहनत करते हैं. लेकिन इन दो दिन के लिए भी बिक्री नहीं होगी, तो हम क्या करेंगे. हम यहाँ अपने रहने-खाने की व्यवस्था जैसे-तैसे कर रहे हैं. हमारी होलिका दहन की रात वापसी होती थी, लेकिन जैसे हालात हैं, उसमें हम क्या करें समझ नहीं आ रहा है।
अंजना बाई हठीले ने कहती हैं कि थोड़ी-बहुत बिक्री हो रही है, लेकिन पिछली सालों में जिस तरह से बिक्री होती थी, वैसा कुछ भी नहीं हो रहा है. यदि हमारा नगाड़ा नहीं बिका तो हम उसे नेताओं के पास रख देंगे. इतना सामान लेकर आए हैं, हम कहाँ जाएंगे, हमारा धंधा ही यही है।
 
 
 

 panchayattantra24.com, रायपुर। निजी स्कूलों के जनरल प्रमोशन से इनकार पर मंत्री रविन्द्र चौबे ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि शासकीय हो या निजी स्कूल सरकार का निर्णय तो मानना ही होगा. अगर निजी स्कूलों को कोई समस्या है तो वह अपनी बात रख सकते हैं. सरकार ने जनरल प्रमोशन का निर्णय लिया है।
मंत्री रविंद्र चौबे ने रायपुर और दुर्ग में कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि वैक्सीनेशन बढ़ाना और सावधानी बरतना जरूरी है. गाइडलाइन का सभी को पालन करना आवश्यक है. जहां जरूरत होगी सख्ती भी बढ़ती जाएगी, इसीलिए मास्क पर जुर्माना भी बढ़ाया गया है. सरकार संक्रमण का फैलाव रोकने सभी मोर्चे पर काम कर रही है।
प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन का फैसला
बता दें कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बोर्ड कक्षाओं के अलावा सभी लोकल कक्षाओं के बच्चों को जनरल प्रमोशन करने का आदेश दिया है. इस आदेश के खिलाफ छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैंनेजमेंट एसोसिएशन ने प्रदेश के दो लाख छात्रों को जनरल प्रमोट नहीं करने का निर्णय लिया है।
छात्रों को नहीं मिलेगा जनरल प्रमोशन
एसोसिएशन ने कहा कि फीस जमा नहीं करने वाले छात्रों को जनरल प्रमोट नहीं किया जाएगा. साथ ही फीस जमा नहीं करने वाले छात्रों को आगे की कक्षाओं की अनुमति नहीं होगी. यही नहीं बिना फीस के छात्रों को टीसी भी नहीं दी जाएगी. इससे छात्र दूसरे स्कूल में एडमिशन से भी वंचित हो जाएंगे. प्राइवेट स्कूल संचालकों ने कोरोना काल में फीस नहीं देने वाले छात्रों की सूची भी बनाई है।