Browsing: रायपुर

 
panchayattantra24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव बी श्रीनिवास ने सूबे की भूपेश सरकार के कामकाज की जमकर तारीफ की। इसके साथ ही उन्होंने किसान आंदोलन को लेकर केन्द्र की मोदी सरकार को आड़े हाथ लिया ।
सुकमा में कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले बी श्रीनिवास ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सरकार के काम की पूरे देश में चर्चा है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने बहुत अच्छा काम किया है। सरकार ने किसानों के लिए बेहतर काम किया है, ये केंद्र सरकार को भी देखना चाहिए। आज मंत्री जी के साथ जा रहे है वहां क्रिकेट का समापन है, फिर बाद में कार्यकर्ताओं की मीटिंग है हम मीटिंग करने के लिए जा रहे हैं।
किसानों के आंदोलन को लेकर उन्होंने कहा कि किसान देश के अन्नदाता है उनके आंदोलन को लगातार 20 दिन हो रहे हैं। लाखों की संख्या में किसान वहां मौजूद है, सरकार सुनने को तैयार नहीं है। गूंगी, बहरी, निकम्मी सरकार है, 4 लोगों की मदद करने के लिए इस कानून को लेकर आए हैं। वह भी कोरोना के समय में इस बिल को पारित करने से पहले ना किसी से बात की, ना किसी पार्टी से चर्चा की। केंद्र सरकार को जल्द से जल्द इस कानून को वापस लेना चाहिए, किसान इस देश की रीढ़ की हड्डी है। अगर केंद्र कानून वापस नहीं लेती तो किसान केंद्र की सरकार को देश से उखाड़कर फेंकने का काम करेंगे।
भाजपा झूठ फैलाने वाली पार्टी
वहीं बी श्रीनिवास के साथ सुकमा रवाना हो रहे कवासी लखमा ने भाजपा के किसान महापंचायत को लेकर कहा कि देश की जनता ही नहीं बल्कि अन्य देशों में भी अमेरिका, कनाडा में भी इसका विरोध चल रहा है। भारतीय जनता पार्टी गूंगी और बहरी हो गई है, वह लोगों की सुन नहीं रही है। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी RSS के माध्यम से चलने वाली पार्टी है, झूठ फैलाने में माहिर है। लेकिन छत्तीसगढ़ की जनता उनकी बातों में नहीं आने वाली, यहां के किसान और मजदूर भाजपा की बातों में नहीं आएंगे।
भूपेश सरकार के दो साल के कार्यकाल को लेकर उन्होंने कहा कि हमारी सरकार को 2 साल पूरे हुए हैं। 17 तारीख को हम भव्य आयोजन करने वाले थे लेकिन कोरोना काल है इसे देखते हुए कोई भव्य आयोजन नहीं किया गया है। लेकिन छत्तीसगढ़ के सभी किसान व्यापारी मजदूर सभी जानते हैं कि भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में कैसा काम हो रहा है। किसानों की कितनी मदद की जा रही है यह बात पूरी दुनिया जानती है।
कार्यकर्ता सम्मेलन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ एआईसीसी सचिव चंदन यादव, पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम, मंत्री कवासी लखमा, युवा कांग्रेस प्रभारी संतोष कोलकुण्ड और प्रदेश अध्यक्ष पूर्णचन्द्र कोको पाढ़ी भी कार्यक्रम में शामिल होने सुकमा रवाना हो गए।
 

 
panchayattantra24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना मरीज अगर फिर से संक्रमित होते हैं तो उन्हें मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए राजधानी में ई हेल्थ कार्ड बनने लगे हैं। ई कार्ड बनाने के लिए 10 जोन और 6 ब्लॉक में सेंटर बनाए गए हैं। ई हेल्थ कार्ड के जरिए निर्धारित पैकेज के अनुसार इलाज की सुविधा दी जाएगी। प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों का स्वास्थ्य संबंधी ई-कार्ड बनना शुरू हो गया है। ताकि भविष्य में अगर उन्हें कोरोना हो या वे अन्य किसी बीमारी से ग्रसित हो तों ई-कार्ड दिखाकर अपना इलाज करवा सकें। वह भी नि:शुल्क। वर्तमान में यह कार्ड सिर्फ सरकारी अस्पतालों में इलाज करवा रहे मरीजों को जारी हो रहे हैं।
 निजी अस्पतालों में नहीं क्योंकि आईएमए और हॉस्पिटल बोर्ड सरकारी पैकेज रेट पर इलाज को तैयार नहीं है। वहीं दूसरी तरफ कोरोना को मात देकर घर लौट चुके व्यक्तियों को ढूंढ़ा जा रहा है ताकि उन्हें भी कार्ड मुहैया करवाए जा सकें। आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में 2.45 लाख लोग कोरोना संक्रमित हैं, जिनमें से 70 प्रतिशत का इलाज सरकारी अस्पतालों में हुआ है। मरीजों को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के कार्ड की आवश्यकता नहीं है। सिर्फ राशन कार्ड दिखाएं और इलाज पाएं। एपीएल परिवार के लिए 50 हजार रु., बीपीएल परिवार के लिए 5 लाख तक के इलाज की व्यवस्था है। इसके तहत 772 बीमारियों के इलाज पैकेज हैं। जिसमें कैंसर, किडनी, मोतियाबिंद सर्जरी, डिलीवरी, सिजेरियन डिलीवरी प्रमुख हैं।

panchayattantra24.com, रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के मुख्यालय बलरामपुर में आयोजित कार्यक्रम में 247 करोड़ 61 लाख रूपये के 95 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। उन्होंने कार्यक्रम में 87 करोड़ 32 लाख रूपये की लागत के विकास कार्यो का लोकार्पण तथा 160 करोड़ 29 लाख रूपये की लागत के निर्माण कार्यो का शिलान्यास किया। इन कार्यो में सड़क, पुल-पुलिया निर्माण, सिंचाई, शासकीय भवनों के निर्माण, पेयजल और विद्युत सुविधा विस्तार के कार्य शामिल हैं।
    कार्यक्रम की अध्यक्षता उच्च शिक्षा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री उमेश पटेल ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वास्थ्य मंत्री श्री टी.एस. सिंह देव, आदिम जाति कल्याण एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री प्रेमसाय सिंह टेकाम, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री अमरजीत भगत, विधायक रामानुजगंज एवं उपाध्यक्ष, सरगुजा विकास प्राधिकरण श्री बृहस्पत सिंह, विधायक सामरी एवं संसदीय सचिव श्री चिन्तामणि महाराज, जिला पंचायत बलरामपुर-रामानुजगंज की अध्यक्ष सुश्री निशा नेताम, नगरपालिका परिष्द बलरामपुर के अध्यक्ष श्री गोविन्द राम उपस्थित थे।
    मुख्यमंत्री ने जिन कार्यो का लोकार्पण किया, उनमें छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन द्वारा 11 करोड़ 14 लाख की लागत से 12वीं वाहिनी रामानुजगंज में निर्मित आवासीय परिसर का निर्माण, 2 करोड़ 50 लाख की लागत से जरहाडीह खास से चिरकोमा सड़क के बेसना नदी पर नवनिर्मित पुल, 2 करोड़ 58 लाख की लागत से पचावल से कोटपाली सड़क पर स्थित बांकी नदी पर पुल निर्माण, 85 लाख की लागत से इन्द्रपुर रोड से नीलकंठपुर यादवपारा सड़क स्थित खरबोर नाला पर पुल निर्माण, 1 करोड़ 71 लाख की लागत से बलंगी नवाटोला से झापर गोड़पारा स्थित वरन नदी पर पुल निर्माण, 1 करोड़ 64 लाख की लागत से कमलपुर से पटेवाखास सड़क स्थित चिकरा नदी पर पुल निर्माण, 1 करोड़ 42 लाख की लागत से पण्डरी खास से पण्डरी पहाड़डीह सड़क स्थित वहेरा नाला पर पुल निर्माण, 3 करोड़ 10 लाख की लागत से अम्बिकापुर रामानुजगंज रोड से महुआडांड नावापरा सड़क स्थित सांसू नदी पर पुल निर्माण, 2 करोड़ 69 लाख की लागत से शारदापुर अमण्डा से सरहूलखास सड़क स्थित इरिया नदी पर पुल निर्माण, जल संसाधन विभाग द्वारा 8 करोड़ 80 लाख की लागत से निर्मित ककनेश जलाशय, 7 करोड़ 54 लाख की लागत कोटराही जलाशय निर्माण एवं 5 करोड़ 53 लाख की लागत से मानीकपुर जलाशय, 69 लाख की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन मनोहरपुर, छ.ग. स्टेट वेयर हाउसिंग कॉपोरेशन द्वारा 3 करोड़ 40 लाख की लागत से राजपुर में 5400 मेट्रिक टन गोदाम निर्माण एवं 2 करोड़ 17 लाख की लागत से प्रेमनगर में 3600 मेट्रिक टन गोदाम निर्माण, क्रेडा द्वारा 2 करोड़ 15 लाख रूपये की लागत से 21 नग 16 ड्यूल पंप की स्थापना का कार्य, 9 करोड़ 39 लाख रूपये की लागत से प्रकाश व्यवस्था हेतु 2298 नग सोलर होमलाईट की स्थापना तथा 1 करोड़ 20 लाख की रूपये की लागत से गौठान और चारागाह में पेयजल व सिंचाई हेतु 45 सोलर पंप की स्थापना के कार्य शामिल हैं।
    मुख्यमंत्री श्री बघेल ने जिन कार्यो का भूमिपूजन और शिलान्यास किया, उनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 12 करोड़ 26 लाख रूपये की लागत से वाड्रफनगर से धधीया तक बनने वाली सड़क, 5 करोड़ 64 लाख रूपये की लागत से झारा से तालकेश्वरपुर सड़क, 6 करोड़ 33 लाख रूपये की लागत से ककना से आरा खास तक सड़क, 6 करोड़ 1 लाख रूपये की लागत से बघीमा से बदौली खास सड़क, 5 करोड़ 94 लाख रूपये की लागत से ककना से अखोराखुर्द सड़क, 5 करोड़ 43 लाख रूपये की लागत से बचवापारा से विनायपुर उपरपारा सड़क, 17 करोड़ 48 लाख की लागत से बनने वाली छत्रेश्वर व्यपवर्तन, 12 करोड़ 16 लाख की लागत की सुखनई व्यपवर्तन योजना, 5 करोड़ 87 लाख की लागत से बनने वाली रक्साखोली व्यपवर्तन योजना, लोक निर्माण विभाग द्वारा 5 करोड़ 8 लाख की लागत से विजयनगर मिसगई मार्ग पर सिंदुर नदी पर पुल निर्माण के कार्य शामिल हैं।

 


panchayattantra24.com, रायपुर। राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला शंकर नगर इलाके का है। यहां मामूली सी बात पर तीन युवकों ने दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। सरेआम चाकूबाजी की हुई वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
हमले में गौतम साहू और धनसाय मरावी नाम के युवकों चोट आई है। इसमे से गौतम साहू नाम के युवक के पीठ पर ज्यादा चोट चोट आई है। उसे इलाज के लिए मेकाहारा में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी मुजाहिद, विक्की छुरा और दद्दू फरार हो गए हैं। तीनों आरोपियो के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक शंकर नगर के वरदान अस्पताल के पास एक बिल्डर का ऑफिस है। ऑफिस के बाहर ही वहां के दो कर्मचारी गौतम साहू और धनसाय मरावी आपस मे बात कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे विक्की छुरा, मुजाहिद और दद्दू में से किसी ने वहीं पर खड़ी गौतम साहू की मोटरसाइकिल को गिरा दिया। जिसके बाद गौतम साहू ने उन्हें मना किया। इतने में तीनों आरोपी गौतम और धनसाय से विवाद करने लगे इसी बीच आरोपियो ने चाकू से वार कर दिया। इस हमले से गौतम साहू की पीठ पर और धनसाय के पैर पर चोट आई थी। धनसाय मरावी को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। वहीं गौतम साहू को ज्यादा चोट थी। अभी उसका मेकाहारा में इलाज चल रहा है। घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार है जिसकी देर रात तक पतासाजी की गई है। तीन आरोपी में से दो आरोपी आदतन बदमाश हैं।

 

panchayattantra24.com, रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पद की गरिमा के अनुरूप भाषा की मर्यादा बनाए रखने की नसीहत देते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति के प्रतीक सुआ नृत्य को कमर मटकाने वाला नृत्य बताकर मुख्यमंत्री बघेल ने न केवल राज्य की सांस्कृतिक व पारम्परिक नृत्य शैली का अपमान किया है, अपितु छत्तीसगढ़ की उन लाखों माता-बहनों का अपमान भी किया है जो दीपावली व अन्य अनेक मौक़ों पर इस नृत्य से छत्तीसगढ़ की संस्कृति के गौरव का गुणगान करती हैं। मूणत ने कहा कि कोरिया ज़िले के पत्रकारों को दिए गए इस बयान से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कांग्रेस में सत्ता-संघर्ष के मचे घमासान से अब मुख्यमंत्री बघेल अब बेहद विचलित हो चले हैं और इस बौखलाहट में वे न तो अपने राजनीतिक विरोधियों के प्रति सम्मान दिखा रहे हैं और न ही पद की गरिमा व भाषायी मर्यादा का उन्हें कोई भान रह गया है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व मंत्री मूणत ने कहा कि दरअसल मुख्यमंत्री बघेल भी उसी कांग्रेस के एक मुखौटा हैं, जिस कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति में महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणियाँ करने का चलन रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह व भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद डॉ. सरोज पांडेय के प्रति मुख्यमंत्री बघेल की टिप्पणी उनकी दूषित मानसिकता की परिचायक है। मूणत ने कहा कि भाजपा सांसद डॉ. (सुश्री) पांडेय ने दुर्ग ज़िले में सुआ नृत्य का भव्य आयोजन कराया था और वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था, उसे कमर मटकाने वाला आयोजन बताकर मुख्यमंत्री ने सुआ नृत्य की गरिमा और उससे जुड़ी सांस्कृतिक व आध्यात्मिक भावना का जिस तरह अपमान किया है, उसके लिए उन्हें प्रदेश की जनता और विशेषकर नारी शक्ति से क्षमायाचना करनी चाहिए।
मूणत ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परम्पराओं की दुहाई देकर रोज़ ढोल पीटते मुख्यमंत्री बघेल को नृत्य और ठुमकों के अंतर की समझ तो रखनी ही चाहिए। दुर्ग ज़िले का वह आयोजन नृत्य का था और ठुमके लगाकर कमर मटकाना उसे कहते हैं, जो हाल ही उनके ही एक राज्यमंत्री ने बार बालाओं के साथ उड़ते हुए नोटों के बीच लगाया था। डॉ. (सुश्री) पांडेय ने छत्तीसगढ़ की परम्परा व संस्कृति का परिचय कराने वह भव्य आयोजन रखा था और उसमें प्रदेश की माताओं-बहनों ने रिकॉर्ड संख्या में भाग लेकर उसे भव्यता और गरिमा प्रदान की थी, और मुख्यमंत्री बघेल को उसमें कमर मटकाना नज़र आ रहा है तो अब उन्हें सत्ता-संघर्ष से उपजे अपने मानसिक अवसाद के साथ-साथ अपनी नज़रों का इलाज भी कराना चाहिए ताकि महिलाओं के प्रति उनका नज़रिया वैसा ही न दिखे जैसा उनके एक मंत्री शिव डहरिया और फिर अब महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक ने दिखाया है।
 

panchayattantra24.com, रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज प्रसारित मासिक रेडियोवार्ता लोकवाणी की 13 वीं कड़ी में इस बार ‘छत्तीसगढ़ सरकार दो वर्ष का कार्यकाल‘ विषय पर प्रदेशवासियों से बात की. मुख्यमंत्री ने रेडियो वार्ता में कहा कि आम जनता, किसानों, आदिवासियों और कमजोर तबकों का सशक्तिकरण छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल की प्रमुख विशेषता है. दो वर्षाें में जनता की भावनाओं, आकांक्षाओं, उम्मीदों को आत्मसात कर शासन और प्रशासन को समाधान के विषयों में संवेदनशील बनाने का राज्य सरकार ने प्रयास किया. छत्तीसगढ़ी संस्कृति को बढ़ावा देकर लोगों के मन में अपनी संस्कृति और अस्मिता को लेकर गौरव का भाव फिर से जगाया ।
बघेल ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों के लिए कर्जमाफी, धान खरीदी, सुराजी गांव, राजीव गांधी किसान न्याय योजना और गोधन न्याय योजना जैसी अनेक योजनाएं लागू की, जिनसे गांवों को निरंतर शक्ति मिल रही है. इसके साथ ही साथ राज्य सरकार की नीतियों का उद्योग और व्यापार जगत में भी सकारात्मक असर दिखा. पूरा देश कोरोना संकट काल में मंदी से प्रभावित था, जबकि छत्तीसगढ़ मंदी से अछूता रहा. मनरेगा, वनोपज खरीदी जैसी योजनाओं से बेरोजगारी की दर घटाकर दो प्रतिशत तक लाने का छत्तीसगढ़ में उदाहरण पेश किया. औद्योगिक इकाईयों में भी 1500 करोड़ रूपए का पूंजी निवेश हुआ. जिसमें बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिला. कृषि और वानिकी उपजों में वेल्यू-एडीशन के राज्य सरकार द्वारा प्रारंभ किए गए प्रयासों से प्रदेश की समृद्धि के नए द्वार खुलेंगे ।
परंपरागत पर्वा त्यौहारों का गौरव लौटा 
मुख्यमंत्री बघेल ने लोकवाणी में कहा कि हमने ऐसे इंतजाम किए कि छत्तीसगढ़ के लोगों के मन में अपनी परंपराओं, अपनी धरोहर, अपनी संस्कृति और अपनी अस्मिता को लेकर जो गौरव का भाव सदियों से था और जो राज्य बनने के बाद कहीं कमजोर पड़ गया था. उसे किस तरह जल्दी से जल्दी वापस लाया जाए. मुख्यमंत्री ने इन श्रोताओं को जवाब देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान, एक लोक प्रदेश के रूप में है. हर अंचल की अपनी परंपराएं और संस्कृति हैं. छत्तीसगढ़ी व्यक्ति का मूल स्वभाव अपनी परंपराओं और संस्कृति के साथ जीने का है. राज्य बनने के बाद यह उम्मीद थी कि प्रदेश का विकास अपनी सांस्कृतिक जड़ों से ही होगा. लेकिन ऐसा हो नहीं पाया. हमने अपने परंपरागत पर्वों, त्योहारों का गौरव लौटाया. लोकवाणी में जांजगीर-चांपा की तुलसी साहू ने मुख्यमंत्री से पूछा था कि छत्तीसगढ़ के त्यौहारों तीजा-पोला और विश्व आदिवासी दिवस पर छुट्टियां देने का यह विचार कैसे आया. इसी तरह बिलासपुर की प्रतीक्षा तिवारी ने जानना चाहा कि जब पूरा देश आर्थिक मंदी से जूझ रहा है लेकिन इसका प्रभाव हमारे छत्तीसगढ़ पर नहीं पड़ा ।
छत्तीसगढ़ की जनता ने विकासपरक नीतियों पर अटूट विश्वास प्रकट किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ भले ही अपने लोक रंगों में डूबता-उतराता रहा है, लेकिन छत्तीसगढ़ी चेतना, समन्वय और सद्भाव के साथ अन्याय के खिलाफ मुखर होने की रही है. 1857 के भी पहले अमर शहीद गैंदसिंह और उनके साथियों की चेतना ने आजादी का बिगुल फूंका था, जिसका विस्तार शहीद वीर नारायण सिंह तथा उनके बाद में भी पीढ़ी दर पीढ़ी होता रहा. मुझे खुशी है कि हम उस परंपरा के वाहक हैं, जिसने हमेशा न्याय की अलख जगाए रखा. हमारे पास गांधी, नेहरू, डॉ. अम्बेडकर, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, मौलाना अबुल कलाम आजाद से लेकर इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के सपनों का बड़ा फलक है. इसलिए दो साल पहले, जब हमें सरकार की बागडोर मिली तो हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती न्याय की परंपरा को छत्तीसगढ़ में फिर से जीवित करने की थी, जिसकी लौ डेढ़ दशकों में कमजोर हो गई थी. मुझे खुशी है कि छत्तीसगढ़ की जनता ने हमारी उदार, समन्वयकारी, सद्भावी और विकासपरक नीतियों, योजनाओं, कार्यक्रमों और अभियानों पर अटूट विश्वास प्रकट किया और इन दो सालों को, न्याय की पुनस्थापना और विस्तार का समय बनाने में हमारी मदद की ।
आम जनता का सशक्तीकरण हमारे विकास मॉडल की मुख्य विशेषता
मुख्यमंत्री ने लोकवाणी में कहा कि मोटे तौर पर देखें तो आम जनता का सशक्तीकरण, किसानों, आदिवासियों और कमजोर तबकों को ताकत देना हमारे विकास मॉडल की मुख्य विशेषता है. आज छत्तीसगढ़ को नई आशाओं का गढ़, देश का नया विश्वास जैसी इबारतों से नवाजा जाता है, तो इसकी वजह भी प्रदेशवासियों की दृढ़ इच्छा शक्ति है, अतः मैं प्रदेशवासियों को बारम्बार नमन करता हूं ।
दो वर्षा में प्रदेश की औद्योगिक इकाईयों में हुआ 1500 करोड़ रूपए का पूंजी निवेश
लोकवाणी में उद्योग और व्यापार जगत के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में उठाए गए कदमों, योजनाओं के असर के बारे में कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर परवानी, स्पंज आयरन एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल नचरानी, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के महेन्द्र मुकीम ने भी अपने विचार साझा करने के लिए संदेश रिकॉर्ड कराया था. इसी तरह तृतीय लिंग समुदाय की डॉक्टर विद्या राजपूत ने उद्योग नीति, तृतीय लिंग व्यक्तियों के लिए अनुकम्पा और खेल नीति में किए गए प्रावधानों का उल्लेख किया ।
मुख्यमंत्री बघेल ने इन लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि अमर परवानी जी, महेन्द्र मुकीम जी, अनिल नचरानी जी, विद्या राजपूत जी. आप लोगों के विचार सुनकर, मुझे बहुत अच्छा लगा, बल्कि मेरा विश्वास भी मजबूत हुआ है कि हम प्राथमिक क्षेत्र के साथ उद्योग, व्यापार जगत को भी सही दिशा में ले जाने में सफल हुए हैं. निश्चित तौर पर कृषि, वनोपज, परम्परागत रोजगार, हस्तशिल्प आदि पर आश्रित प्रदेशवासियों पर सबसे पहले और सबसे ज्यादा ध्यान देने की जरूरत थी और है. लेकिन हमने छत्तीसगढ़ को ठोस अर्थव्यवस्था का गढ़ बनाने में हर क्षेत्र की-हर संभव भागीदारी सुनिश्चित करने की नीति अपनाई है. हम उद्योग और व्यापार में लगे लोगों को भी पूरा सम्मान देते रहेंगे और व्यापक खुलेपन के वातावरण में काम करेंगे. विगत दो सालों में 887 औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, 15 हजार करोड़ रूपए का पूंजी निवेश और 15 हजार 400 लोगों को इन उद्योगों में रोजगार मिलना उत्साहजनक है. मनरेगा में 25 लाख से अधिक लोगों को हर रोज काम देने का उदाहरण है, बेरोजगारी दर 22 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत तक लाने का उदाहरण भी है. हम चाहेंगे कि हमारी नई औद्योगिक नीति से आदिवासी अंचलों में भी तेजी से उद्योग लगे और क्षेत्रीय विकास का मार्ग प्रशस्त हो, वहीं रोजगार के नए-नए अवसर बने ।
किसानों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, कमजोर वर्गाें को न्याय दिलाना राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लोकवाणी में कहा कि किसानों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और कमजोर वर्ग के लोगों को न्याय दिलाना राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता है. आज भी अगर कहीं से अन्याय की एक चिंगारी भी हमारे छत्तीसगढ़ का रूख करती है तो हम किसानों के साथ खड़े हो जाते हैं. विगत माह किसान हित में छत्तीसगढ़ विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित होना और उसमें मण्डी कानून संशोधन विधेयक पारित होना छत्तीसगढ़ की इसी चेतना का परिणाम है. किसान भाइयों, मुझे जब आपसे या आपके परिवार के सदस्यों से यह पता चलता है कि हमारी योजनाओं का लाभ आप तक पहुंच रहा है तो मुझे वास्तव में बहुत खुशी होती है. चाहे कर्ज माफी हो या समर्थन मूल्य पर धान का भुगतान हो, नरवा-गरवा-घुरवा-बारी को बचाने की बात हो, सुराजी गांव योजना से हमारे गांवों को निरंतर मिल रही शक्ति की बात हो, राजीव गांधी किसान न्याय योजना हो, सस्ती या निःशुल्क बिजली देने का विषय हो, रोका-छेका की बात हो, हमने उन सारे पहलुओं पर ध्यान दिया है, जो तत्काल किसान और ग्रामीण हित में आवश्यक थे ।
गोधन न्याय योजना में पशुपालकों को चार माह में मिली 60 करोड़ रूपए की राशि
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोधन न्याय योजना तो प्रतीक है कि किस तरह हमने सर्वहारा के हक में एक साहसिक कदम उठाया है. गोबर बेचकर भी अगर कहीं धन कमाया जा सकता है, तो वह आज सिर्फ छत्तीसगढ़ में हो रहा है. हर माह औसतन लगभग 15 करोड़ रूपए की सरकारी खरीद हो रही है, जिसके कारण 4 माह में लगभग 60 करोड़ रूपए पशुपालकों के जेब में गए हैं ।
कृषि और वानिकी उपजों का वेल्यू-एडीशन से खुलेंगे समृद्धि के नए द्वार
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर विकासखण्ड में फूडपार्क, धान से एथेनॉल बनाने, लाख पालन को कृषि का दर्जा, वनांचल उद्योगों को विशेष पैकेेज, लघु वनोपज की खरीदी 7 से बढ़ाकर 52 उपजों तक बढ़ाना जैसी दूरगामी प्रभाव वाली योजनाएं हैं. जिनका असर आगे चलकर दिखेगा. राज्य में कृषि और वानिकी उपजों का वेल्यू-एडीशन रोजगार, खुशहाली और समृद्धि के नये द्वार खोलेगा. दिनकर साहू आपने अपनी बढ़ी आय और बचत से ट्रेक्टर खरीदने की खुशखबरी देकर तो मेरा दिल ही जीत लिया है ।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा और स्वास्थ्य की नई योजनाओं की दी जानकारी
मुख्यमंत्री ने लोकवाणी में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लागू की गई राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लीनिक योजना, बस्तर के एक स्थान से शुरू होकर पूरे प्रदेश में फैल गई. मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना, डॉ. राधा बाई डायग्नोस्टिक सेंटर योजना और अब दाई-दीदी चलित चिकित्सालय योजना, ऐसे उदाहरण हैं, जिनसे न सिर्फ स्वास्थ्य सुविधाएं जरूरतमंदों के घरों तक पहुंचाई जा रही हैं बल्कि उनके माध्यम से स्वास्थ्य की चेतना भी घर-घर पहुंचाई जा रही है. हमर अस्पताल योजना के तहत सुबह 8 से रात 8 बजे तक ओपीडी खुले रखने के बारे में क्या कोई सोच सकता था, लेकिन अब यह छत्तीसगढ़ में हो रहा है. एक वर्ष में मलेरिया मुक्त बस्तर और कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ के लिए लागू की गई योजनाओं से मलेरिया में 65 प्रतिशत कमी और कुपोषण में लगभग 14 प्रतिशत की कमी आई. हमने यूनिवर्सल हेल्थ केयर का वादा किया था और दो वर्ष के भीतर हमने बीमा कंपनियों की जगह राज्य की पहल और अनुशासन से देश की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजनाएं डॉ. खूबचंद बघेल योजना तथा मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजना संचालित करके, एक बड़ा सपना साकार किया है. जिसमें पात्रता अनुसार 50 हजार से 20 लाख रूपए तक का इलाज मरीजों को निःशुल्क मुहैया कराया जा रहा है ।
बच्चों को सरकारी स्कूलों में ऊंची गुणवत्ता की शिक्षा दिलाने का इंतजाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवारों के बच्चों को सरकारी स्कूलों में ऊंची गुणवत्ता की शिक्षा दिलाने का इंतजाम किया गया है. कोरोना के दौरान स्कूलों को बंद रखने से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए अभिनव योजनाएं लागू की गई. मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि आपने पढ़ाई तुंहर दुआर योजना के माध्यम से 40 लाख ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की गई और जहां ऑनलाइन पढ़ाई में दिक्कते थीं, वहां पारों-मोहल्लों-हाट-बाजारों में लाउडस्पीकर, ब्ल्यू-टूथ आदि का सहारा लेकर बच्चों को पढ़ाया. आपके इस योगदान की और बच्चों की लगन की, जितनी भी तारीफ की जाए वह कम है. प्रदेश में 36 हजार से अधिक स्थानों पर, कहीं पेड़ की छांव में तो कहीं गली-चौबारों में पढ़ाई चल रही है. इंग्लिश मीडियम का हव्वा समाप्त हो जाए, इसके लिए हमने स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल योजना शुरू की. जिसके तहत एक वर्ष में 52 और अगले वर्ष के लिए भी 100 ऐसे सरकारी इंग्लिश मीडियम स्कूल खोलने की घोषणा कर दी है. सर्वसुविधायुक्त शालाओं के रूप में उन्नयन का काम भी चल रहा है ।
लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी की रक्षा करना हमारी सबसे जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने लोकवाणी में कहा कि लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी की रक्षा करना हमारी सबसे जिम्मेदारी है. पत्रकार सुरक्षा कानून का प्रारूप बन चुका है. और हम कोशिश करेंगे कि इसे जल्दी से जल्दी विधानसभा में पेश कर पारित कराया जा सके. बस्तर के नक्सल हिंसा प्रभावित अंचलों विश्वास, सुरक्षा और विकास की रणनीति पर हमने काम करना शुरू किया था. यह मंत्र बस्तर सहित पूरे प्रदेश में सार्थक विकास का माध्यम बन गया है. बघेल ने कहा कि प्रदेश में नागरिक सशक्तीकरण और सुरक्षा के नए-नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं. अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, महिलाएं, युवा यहां तक की कुपोषित बचपन को भी सुरक्षा कवच उपलब्ध कराया गया है. तेन्दूपत्ता संग्राहकों को 4000 रू. प्रति मानक बोरा पारिश्रमिक, 52 लघु वनोपजों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी, निरस्त वन अधिकार दावों की समीक्षा और सामुदायिक पट्टों की नई पहल से न्याय का नया दौर शुरू हुआ. माता कौशल्या के मंदिर परिसर के विकास से जो अभियान शुरू किया था, वह कोरिया से सुकमा तक राम वन गमन परिपथ के विकास तक पहुंच गया है. सरोधा दादर से लेकर सतरेंगा तक पर्यटन विकास की नई आभा दिखाई पड़ रही है. वहीं राजस्व सुधार और सहूलियतों का नया दौर आम लोगों के जीवन में नई रोशनी बिखेर रहा है. एक रूपए किलो की दर पर 35 किलो चावल, बिजली बिल हाफ से लेकर खाद्यान और पोषण सुरक्षा के साथ जीवनयापन और आजीविका के नए साधनों से रोजगार के नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं ।
प्रदेशवासियों का दी बाबा गुरू घासीदास जयंती, क्रिसमस और नववर्ष की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी सरकार के काम-काज का दो वर्ष बहुत अधिक समय नहीं होता लेकिन फिर भी यह संतोष का विषय है कि हमारे दो वर्षों के कार्यकाल में नौनिहालों को, युवाओं को सुखद भविष्य दिख रहा है. हम इसी प्रकार छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा करने के लिए समर्पित रहेंगे और चाहेंगे कि विकास के छत्तीसगढ़ मॉडल का मानवीय चेहरा निरंतर दमकता रहे. मुख्यमंत्री ने लोकवाणी में 18 दिसम्बर को बाबा गुरू घासीदास जी की जयंती के अवसर पर उन्हें सादर नमन करते हुए कहा कि राज्य के विकास हेतु बाबा का आशीर्वाद सदैव मिले यही कामना है. उन्होंने प्रदेशवासियों को 25 दिसम्बर को क्रिसमस और नववर्ष की शुभकामनाएं दीं ।
 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ दौड़ा पूरा छत्तीसगढ़
 
 
panchayattantra24.com, रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में नई सरकार के दो साल पूरे के अवसर पर आज प्रदेश में वर्चुअल मैराथन आयोजित हुई. इस मैराथन में मुख्यमंत्री के साथ पूरा प्रदेश दोड़ा. जैसे ही प्रतिभागियों ने ट्विटर पर रन विथ छत्तीसगढ़ हेशटेग के साथ अपनी दोड़ते हुए फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया में अपलोड करना शुरू किया यह पूरे टेश में ट्रेंड करने लगा ।
इस मैराथन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उनके मंत्रिमण्डल के साथी, संसदीय सचिव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी और प्रदेश के सभी हिस्से में हर वर्ग और उम्र के लोगों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया और सोशल मीडिया में हेशटेग रन विथ छत्तीसगढ़ के साथ दोड़ते हुए फोटो और वीडियो को अपलोड किया ।
राज्य सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग और जनसंपर्क विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ में पहली बार इस वर्चुअल मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया था. वर्चुअल मैराथन बात हे अभिमान के छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान के थीम पर रन विथ छत्तीसगढ़ में हजारों की संख्या में लोगों ने भागीदारी की. छत्तीसगढ़ के सभी हिस्सों से लोगों ने इसमें अपनी भागीदारी निभाई. बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी बड़े ही उत्साह से दौड़े ।
इस वर्चुअल मैराथन की सबसे उल्लेखनीय बात यह है कि प्रदेशवासियों इसमें कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए सहभागी बने. कहीं भी भीड़ किये बिना लोग अपने घरो, उद्यान, मैदान, सड़क सहित अन्य स्थानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते दौडें रहे हैं और दौडते हुए कुछ सेकेण्ड का वीडियो अथवा फोटो हैशटैग के साथ फेसबुक व ट्विटर पर #runwithchhattisgarh के साथ अपलोड कर रहे हैं ।
 

 
panchayattantra24.com, रायपुर। राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर आयोजित वर्चुअल मैराथन में राज्य सरकार के तमाम मंत्री, विधायक समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया और सरकार के आयोजन की जमकर सराहना भी की। कोरोना काल में ऐसा पहली बार हुआ है जब छत्तीसगढ़ में इस तरह का आयोजन हुआ है।  इस आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि आम से खास तक सभी ने इसमें हिस्सा लिया और देखते ही देखते कुछ ही पल में हैशटैग रन विथ छत्तीसगढ़ ट्विटर में ट्रेंड करने लगा।
विकास उपाध्याय ने कहा मानक दूरी को मेंटेन करके प्रदेश में पहली बार यह बड़ा आयोजन हुआ। हमारी सरकार को 2 साल हो गए है। रन विथ छत्तीसगढ़ में पूरे प्रदेश के लोगो ने स्वाभिमान और अभिमान के लिए हिस्सा लिया। इस आयोजन के लिए मैं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी को बधाई देता हूं।
कलेक्टर भारतीदासन ने कहा कि मुख्यमंत्री के आह्वान पर आज वर्चुअल मैराथन का आयोजन किया गया था, जिसमें रायपुर ही नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, सबसे खास बात यह रही कि कोविड-19 के नियमों का भी पालन किया गया, जिसके लिए मैं जिला प्रशासन की ओर से छत्तीसगढ़ सरकार को धन्यवाद देता हूं।
सुकमा कलेक्टर विनीत नंदनवार ने कहा कि सुकमा जिले में भी वर्चुअल मैराथन का आयोजन किया गया ज्यादा से ज्यादा लोगों ने अपनी सहभागिता दिखाई है। सभी का आभार व्यक्त करता हूं इस मैराथन के माध्यम से छत्तीसगढ़ को भी एक नई पहचान मिली है। मैं लोगों से अपील करता हूं कि आज जितनी सक्रियता दिखाई है उतनी ही सक्रियता रोज दिखाई और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।
एसएसपी अजय यादव ने कहा कि बहुत बढ़िया आयोजन हुआ..रन फॉर छत्तीसगढ़ में जुड़कर अच्छा लगा। कोई भी चीज छत्तीसगढ़ की अस्मिता और स्वाभिमान से जुड़ी हो तो उसमे जुड़ना अच्छा लगता है। इस आयोजन के प्रेरणास्त्रोत मुख्यमंत्री जी हैं। इस सफल आयोजन के लिए उन्हें मैं बधाई देता हूं।
महापौर एजाज ढेबर ने कहा कि प्रदेश सरकार के इस आयोजन में मैने भी हिस्सा लिया। काफी बेहतर आयोजन रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूरे हो रहे है इन दो वर्षों में सरकार ने बहुत ही बेहतर काम किए है। वर्चुअल मैराथन में आज लोगों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया, उनका आभार व्यक्त करता हूं। इस आयोजन के माध्यम से ऐसा लगा कि हम छत्तीसगढ़ में है, छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति लोगों का विश्वास भी देखने को मिला।
गुरूचरण सिंह होरा ने कहा कि वर्चुअल मैराथन की छत्तीसगढ़ में ही नहीं देश और विदेश में भी इसकी धुम रही, मुख्यमंत्री ओलंपिंक संघ के अध्यक्ष हैं। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में 70 हजार लोगों ने इसमें भाग लिया, मंत्री से लेकर विधायक और सांसद ने भी भाग लिया, इसका एक कारण यह भी है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हमेशा से ही खेलों को प्रोत्साहन दिया है। उनका खेलों के प्रति बहुत ही लगाव है। मैं इस मामले में जनसम्पर्क अधिकारी तारण प्रकाश सिन्हा का भी धन्यवाद करता हूं।
 

 
panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज दोपहर चिरमिरी के गोदरीपारा में नवनिर्मित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ अंचलों के बच्चों की पढ़ाई के लिए अगले एक साल में एक सौ नये इंग्लिश मीडियम स्कूल और शुरू किए जाएंगे। बघेल ने कहा कि गरीब परिवार के बच्चों के भी अंग्रेजी मीडियम के अच्छे स्कूलों में पढ़ने और आगे बढ़ने के सपने को साकार करना सरकार की प्राथमिकताओं में है। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों की मांग पर चिरमिरी में डॉक्टरी की पढ़ाई के लिए नए मेडिकल कालेज खोलने का प्रस्ताव तैयार कराकर केंद्र सरकार को भेजने की भी बात कही।
बघेल ने चिरमिरी के गोदरीपारा में बने स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल के भव्य भवन का भी अवलोकन किया और स्कूल की छत से अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ चिरमिरी की पहाड़ियों-घाटियों के प्राकृतिक सौंदर्य का दर्शन भी किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान स्कूल के नवनियुक्त शिक्षकों और प्रवेशित बच्चों से भी मुलाकात की। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. शिव डहरिया, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, संसदीय सचिव एवं विधायक बैकुण्ठपुर अंबिका सिंहदेव, विधायक मनेन्द्रगढ़ डॉ. विनय जायसवाल, सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं विधायक भरतपुर-सोनहत गुलाब कमरो, नगर निगम चिरमिरी की महापौर कंचन जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
वी शैल ओवर कम … और अरपा पैरी के धार … गीतों की धुनों पर बच्चों संग ताल देते दिखे मुख्यमंत्री – चिरमिरी के इंग्लिश मीडियम स्कूल में बच्चों ने हम होंगे कामयाब गीत के अंग्रेजी वर्जन वी शैल ओवर कम… गाकर मुख्यमंत्री बघेल का स्वागत किया। विद्यार्थियों के एक अन्य समूह ने राज्य गीत अरपा पैरी के धार… की संगीतमय प्रस्तुति मुख्यमंत्री के समक्ष दी। दोनों गीतों की लय और धुन ने मुख्यमंत्री को भी अपने हाथों से ताल देने पर मजबूर कर दिया। दोनों गीतों के दौरान बघेल अपने हाथों से बच्चों के सुरों पर ताल देते हुए मंत्रमुग्ध होकर गीतों का आनंद लेते दिखे। इसके बाद उन्होंने स्कूल की दो छात्राओं के बीच अंग्रेजी भाषा में हुई मॉक डिबेट को भी सुना। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास को देखकर मुख्यमंत्री ने खुशी जाहिर की और खुद ही बच्चों के बीच जाकर बैठ गये। उन्होंने स्वयं ही फोटोग्राफर को बुलाकर बच्चों के साथ फोटो खिंचवाई। मुख्यमंत्री ने बच्चों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ने तथा अच्छा नागरिक बनने की सीख दी। बघेल ने स्कूल के शिक्षकों की भी तारीफ की और उन्हें बच्चों को पढ़ाने के साथ साथ अच्छे संस्कार भी देने को कहा।
मसूरी और दून के स्कूलों की तर्ज पर विकसित हो सकता है चिरमिरी का स्कूल – मुख्यमंत्री बघेल ने स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल के भवन और परिसर अवलोकन करने के बाद कहा कि यह स्कूल मसूरी और देहरादून के स्कूलों की तरह विकसित हो सकता है। चिरमिरी की आबो हवा और प्राकृतिक सौंदर्य इसके लिए बहुत अनुकूल है। परिसर में सुविधाओं को बढ़ाकर हम इसे एक अच्छे पर्वतीय क्षेत्र के स्कूल की तरह विकसित कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के इस वक्तव्य ने स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के मन में स्कूल के विकास की नये सिरे से योजना बनाने का विचार भर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवार के बच्चों को अच्छे स्कूलों में अच्छे माहौल में बेहतर शिक्षा के लिए सरकार ने ऐसे 52 स्कूल पूरे प्रदेश में शुरू किये हैं। छत्तीसगढ़ की महान विभूति और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बुनियादी शिक्षा के विचार के पक्षधर स्वामी आत्मानंद के नाम पर इन स्कूलों का नामकरण इन्हें अलग ही पहचान देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज इन स्कूलों में दाखिले के लिए स्वीकृत सीटों से दो-तीन गुने आवेदन मिल रहे हैं। स्कूलों में विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए बड़ी प्रतिस्पर्धा है। हर कोई अपने बच्चों को इन्हीं स्कूलों में पढ़ाना चाह रहा है। उन्होंने कहा कि इसे देखते हुए सरकार ने अगले एक साल में एक सौ नये विद्यालय और खोलने की भी योजना बनायी है। हर विकासखण्ड में एक-एक ऐसे सुसज्जित अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने के लिए सरकार अगले वर्ष कार्ययोजना पर अमल करेगी।
कोरिया के विकास में आड़े नहीं आयेगी पैसों की कमी – स्कूल परिसर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भेंट के दौरान मुख्यमंत्री बघेल ने कोरिया सहित पूरे प्रदेश के समग्र विकास का अपना संकल्प दोहराया। उन्होंने चर्चा के दौरान कहा कि चिरमिरी, मनेन्द्रगढ़, बैकुण्ठपुर सहित पूरे कोरिया जिले के विकास के लिए पैसों की कमी कभी आड़े नहीं आयेगी। जनता की मांग और आवश्यकताओं के हिसाब से विकास कार्य कराये जायेंगे। जनप्रतिनिधियों की मांग पर चिरमिरी को हिल स्टेशन के रूप में पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की योजना बनाने की बात भी मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कही। उन्होंने राज्य सरकार के अधीन आने वाली जिले की सड़कों की मरम्मत और नई सड़कें बनाने के लिए भी विस्तृत कार्ययोजना तैयार कराने पर अपनी सहमति दी।
55 लाख रूपये की लागत से बना है चिरमिरी का भव्य स्कूल – जिले के नगर पालिक निगम चिरमिरी में अंग्रेजी माध्यम के इस स्कूल को डीएमएफ मद से 4 करोड़ 55 लाख रूपये की लागत से बनाया गया है। इस सर्वसुविधायुक्त विद्यालय में 1 प्राचार्य कक्ष, 1 स्टाफ कक्ष, 12 अध्यापन कक्ष, 1 हॉल, मध्यान्ह भोजन हेतु रसोई घर सहित 1 हॉल, पृथक-पृथक प्रयोगशाला, पुस्तकालय, कम्प्यूटर, 7 बालक शौचालय, 7 बालिका शौचालय, 7 बालक युरिनल, 7 बालिका युरिनल, 1 दिव्यांग शौचालय, 4 स्टॉफ शौचालय, 6 स्टॉफ युरिनल, पेयजल व्यवस्था हेतु रनिंग वाटर, लगभग 5 एकड़ परिसर का खेल मैदान एवं अहाता, 50 सीटर सर्वसुविधायुक्त छात्रावास जिसमें अधीक्षक कक्ष, अतिथि कक्ष शामिल है। यहां शिक्षकीय व गैर शिक्षकीय पदों पर संविदा भर्ती की कार्यवाही पूर्ण हो चुकी है। पदस्थ शिक्षकों के द्वारा ऑनलाईन क्लास के माध्यम से शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। यहां कक्षा 1 से 12 तक की अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई की समुचित व्यवस्था की गई है। चिरमिरी के अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में इस वर्श कुल 375 बच्चों ने नियमित रूप से अध्ययन हेतु प्रवेश लिया है।
कोरिया जिले में दो स्थानों महलपारा एवं चिरमिरी में विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। यहां निजी विद्यालयों से बेहतर अधोसंरचना एवं व्यवस्थाएं की गई है। जिसमें फर्नीचर, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, कम्प्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास आदि शामिल है। आगामी दिनों में इस प्रकार के विद्यालयों को राज्य के नगरीय निकाय एवं प्रत्येक विकासखण्ड मुख्यालयों में भी प्रारंभ करने की योजना है।

 
panchayattantra24.com,रायपुर। “झूठ की दुकान है, झूठे सभी पकवान हैं निजाम की मदहोशी से, मर रहे नौजवान हैं” यह बात पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल में लिखी है. यह बात उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के एक राष्ट्रीय मैग्जीन में प्रकाशित साक्षात्कार पर तंज कसते हुए लिखा है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसके पहले अपने ट्विटर हैंडल में हिंदी समाचार पत्रिका “इंडिया टुडे” के साथ अपना साक्षात्कार को लोगों के साथ साझा करते हुए लिखा है कि “गांवों को ताकत देने से घटी बेरोजगारी” है. इसी ट्वीट को टैग करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने ट्वीट किया है, जिसमें “झूठ की दुकान है, झूठे सभी पकवान हैं निजाम की मदहोशी से, मर रहे नौजवान हैं” लिखते हुए आईना वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कभी खुद भी आईऩा देखें तो पता चले कि घोषणा पत्र में एक लाख नौकरी देने का वादा करने वालों ने दो साल में एक भी युवा को रोजगार नहीं दिया. झूठे विज्ञापन जरूर दिए हैं।