Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर
रायपुर । आबकारी आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह की अध्यक्षता में आज यहां आबकारी भवन में रायपुर और दुर्ग राजस्व संभागों के जिला आबकारी अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे छापामार अभियान की समीक्षा की गई। साथ ही दोनों संभागों की शराब दुकानों में शराब की कीमतों पर नियंत्रण रखने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
आबकारी आयुक्त डॉ. सिंह ने अधिकारियों से कहा कि शराब दुकानों में मूल्य सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करवाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्थिति में ओवर रेट में शराब न बिके। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय नियंत्रण कक्षों को हमेशा चालू रखें और उनमें मिलने वाली शिकायतों को संज्ञान में लेकर त्वरित कार्रवाई की जाए। बैठक में आबकारी विभाग के विशेष सचिव श्री ए.पी. त्रिपाठी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
रायपुर । जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के मीडिया समन्वयक व प्रवक्ता संजीव अग्रवाल ने मीडिया के माध्यम से निजी स्कूलों पर यह आरोप लगाया है कि निजी स्कूलों के द्वारा बच्चों के अभिभावकों की जेबों पर डाका डाला जा रहा है और तरह-तरह की फ़ीस ले कर लोगों को ठगा जा रहा है। छत्तीसगढ़ में निजी स्कूल एडमिशन फ़ीस और ट्यूशन फ़ीस के नाम पर पैसे वसूल कर रहे हैं। इसके अलावा अभिभावकों को स्कूल के यूनिफार्म और कॉपी किताबों के लिए भी अलग से पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। ये निजी स्कूल सरकारी मानकों को ताक पर रखते हुए अपनी मनमानी कर, शिक्षा के नाम पर व्यापार कर रहे हैं।
संजीव अग्रवाल ने कहा कि सरकार को इस विषय पर उचित करवाई करने की जरुरत है क्योंकि यह बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। निजी स्कूल, ब्रांड के नाम पर हजारों लाखों रुपए सालाना वसूल कर रहे हैं और अभिभावकों को भी मजबूरी में अपने बच्चों को अच्छी से अच्छी शिक्षा देने के लिए भारी भरकम फ़ीस चुकानी पढ़ रही है। लेकिन जो अभिभावक इतनी मोटी रकम चुकाने की हालत में नहीं हैं क्या उनके बच्चों का भविष्य उज्जवल हो सकता? इस विषय में सरकार को गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत है। ये निजी स्कूल छत्तीसगढ़ में पिछले 15 सालों से भाजपा सरकार से मिली भगत करके ट्यूशन फ़ीस के नाम पर अभिभावकों से ₹30000 से ₹50000 तक वसूल कर रहे हैं।
संजीव अग्रवाल ने कहा कि, अब प्रश्न यह उठता है कि स्कूल में किस प्रकार का ट्यूशन हो रहा है और अगर स्कूल में ट्यूशन नहीं लिया जा रहा है या फिर कोई अतिरिक्त पढ़ाई नहीं कराई जा रही है, तो किस बात की ट्यूशन फ़ीस वसूली जा रही है तथा स्कूल में अगर ट्यूशन दिया जाएगा तो स्कूल पैसा किस बात का ले रहा है क्योंकि स्कूल में तो बच्चे पढ़ने के लिए ही जाते हैं। ट्यूशन करने के लिए तो वे किसी ट्यूटर के पास जाते हैं जहां छात्रों को अतिरिक्त फ़ीस देनी होती है जो कि एक वैकल्पिक व्यवस्था है।
संजीव अग्रवाल ने कहा कि इससे यह साफ होता है कि इन स्कूल के ऊपर सरकार का कोई अंकुश नहीं है और अगर सरकार ने इन पर अंकुश नहीं लगाया तो कई बच्चे अच्छी शिक्षा से वंचित रह जाएंगे और कई अभिभावक शिक्षा देने के लिए इन स्कूलों की जेब भरते रहेंगे। सरकार को इस विषय को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। सरकार को तो ऐसे काम करने चाहिए जिससे कि सरकारी स्कूलों में ही बेहतर से बेहतर शिक्षा बच्चों को दी जा सके ताकि इन निजी स्कूलों का महत्व अपने आप ही कम हो पाए।
संजीव अग्रवाल ने जापान देश का उदाहरण देते हुए समझाया है कि जापान में प्राथमिक शिक्षा के लिए भी यूपीएससी और पीएससी जैसी परीक्षाएँ देनी पड़ती हैं ताकि पढ़े-लिखे और योग्य शिक्षक ही बच्चों को स्कूल में शिक्षा दे पाएँ ताकि बच्चों की पढ़ाई की नींव मजबूत हो पाए। इसीलिए जापान में बच्चे बड़े होकर तरक्की करते हैं और इसी कारण जापान आज छोटा होने के बावजूद भी तकनीकी रूप से सबसे सक्षम देश है।
संजीव अग्रवाल छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री से अपील की है कि इस विषय पर सर्वाधिक ध्यान दें ताकि बच्चे अच्छी शिक्षा लिए पाएँ और छत्तीसगढ़ को एक बेहतर भविष्य दे पाएँ “क्योंकि पढ़ेगा इंडिया तभी बढ़ेगा इंडिया”
रायपुर । चिटफंड कंपनियों में निवेश करने वालों को जल्द ही उनका पैसा वापस मिलेगा. डीआईजी एचआर मनहर के नेतृत्व में महाराष्ट्र गई चार सदस्यीय दल अध्ययन करने के बाद वापस लौट आया है. अध्ययन दल महाराष्ट्र सरकार के कानून एवं वहां अपनाई जा रही विधि एवं प्रक्रिया का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय के माध्यम से शासन को सौंपी है, जिस पर कार्यवाही जारी है ।
वित्तीय अनियमित कंपनियों के निक्षेपकों के धन वापसी की कार्यवाही भी छत्तीसगढ़ राज्य के निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम-2005, नियम-2015 के प्रावधानों के अनुसार गंभीरता पूर्वक की जा रही है. इसके तहत अब तक 03 प्रकरणों में माननीय न्यायालय द्वारा संबंधित अनियमित वित्तीय कंपनियों के संपत्ति की कुर्की के अंतिम आदेश जारी किये गये हैं. 25 प्रकरणों में जिला दण्डाधिकारी द्वारा संबंधित कंपनियों के संपत्ति की कुर्की के अंतःकालीन आदेश जारी ये गये हैं एवं 19 प्रकरणों में पुलिस अधीक्षक द्वारा अनयिमित वित्तीय कंपनियों के संपत्ति का ब्यौरा प्राप्त कर कुर्क आदेश जारी करने के प्रतिवेदन जिला दण्डाधिकारी को प्रेषित किये गये हैं. इस तरह कुल 50 प्रकरणों में संबंधित कंपनियों की परिसंपत्ति कुर्की कर निक्षेपकों के धन वापसी की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है ।
आपको बता दें कि चिटफंड कंपनियों में निवेशकों का पैसा लौटाने के मामले में 5 फरवरी को कैबिनेट की बैठक हुई थी जिसमें एडीजी के नेतृत्व में 4 सदस्यीय दल को महाराष्ट्र भेजने का निर्णय लिया गया था. दल द्वारा महाराष्ट्र में चिटफंड कंपनियों द्वारा ठगी के शिकार बनाए गए लोगों का पैसा किस तरह से लौटाया जा रहा है उसके अध्ययन के लिए भेजा गया था ।
रायपुर । डीकेएस अस्पताल के पूर्व अधीक्षक और चौकीदार डॉ रमन सिंह के दामाद डॉ पुनीत गुप्ता के काले कारनामों के साथ उनके रहस्यमयी कारनामें भी सामने आ रहे है ।
आरोपी डॉ पुनीत गुप्ता ने डीकेएस में अपने एक चेंबर के अंदर गुप्त शयन कक्ष बनवाया है. एक अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक इस शयन कक्ष में पहुंचने का एक गुप्त रास्ता डॉ पुनीत गुप्ता ने बनवाया है, जहां बिना डॉ पुनीत गुप्ता के चेंबर में पहुंचे इस कमरे में पहुंचा जा सकता है. अब इस गुप्त कमरे की जरूरत और ऐसे गुप्त रास्ते से वहां पहुंचने के राज क्या हैं ये तो गुप्ता के गिरफ्तार होने के बाद ही सामने आ सकेंगे. लेकिन ऐसे कारनामे सामने आने के बाद पुनीत गुप्ता का असल चेहरा भी सामने आ रहा है ।
महिला सहकर्मियों के साथ गए विदेश यात्रा में
पुलिस की जांच में ये भी तथ्य सामने आए है कि डॉ रमन सिंह के दामाद पुनीत गुप्ता डीकेएस अस्पताल में काम करने वाली अपनी तीन अलग-अलग महिला सहकर्मियों के साथ विदेश यात्रा पर भी गए थे. इस मामले में पुलिस ने उक्त महिला सहकर्मियों से भी यात्रा के संबंध में पूछताछ की तो पता चला कि वे अपने खर्चे में डॉ पुनीत के साथ विदेश यात्रा पर गई थी. लेकिन इस ग्रेड की ये महिला कर्मचारी है वे 1-2 लाख रुपए खुद खर्च कर विदेश यात्रा पर क्यों जाएंगी ये सवाल अब भी कायम है? जबकि इसमें से कुछ विदेश यात्रा डॉ पुनीत ने सरकारी खर्चे पर की है ।
रायपुर । एमपी के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान आज गढ़कलेवा पहुंचे हुए थे. शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद चखने के बाद जमकर सराहना की. उन्होंने गढ़कलेवा में मिट्टी के कुल्हड़ में चाय की चुस्की भी ली. शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अगली बार जब फिर से छत्तीसगढ़ आना होगा तो गढ़कलेवा जरुर आऊंगा ।
शिवराज सिंह चौहान को जब ये बात पता चला कि गढ़कलेवा का संचालन महिला समूहों द्वारा किया जा रहा है तो वे ये सुनकर बेहद खुश नजर आये. शिवराज सिंह चौहान ने गढ़कलेवा की जमकर तारीफ की. बता दें कि शिवराज सिंह चौहान आज बस्तर दौरे पर पहुंचे थे।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उन्होंने बस्तर क्षेत्र में कई सभाएं ली. बस्तर दौरे के बाद वे सीधे रायपुर भाजपा कार्यालय पहुंचे. फिर भाजपा कार्यकर्ताओं के आग्रह पर शिवराज सिंह चौहान गढ़कलेवा पहुंचे हुए थे ।
रायपुर । बीजेपी के रायपुर से प्रत्याशी सुनील सोनी ने आज नामांकन दाखिल किया। उन्होंने दूसरे सेट का नामांकन दाखिल किया। वे गाजे – बाजे के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। एकात्म परिसर से कलेक्टर कार्यालय तक बीजेपी ने शक्ति प्रदर्शन किया। इस मौके पर पूर्व सीएम रमन सिंह,नेताप्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक,बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, सांसद रमेश बैस सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे। बता दें कि बीजेपी ने इस बार रायपुर से सुनील सोनी को अपना प्रत्याशी बनाया है। अभी रमेश बैस यहां से सांसद है। वहीं कांग्रेस की तरफ से प्रमोद दुबे रायपुर से प्रत्याशी है। रायपुर सीट के लिए 23 अप्रैल को मतदान होना है।
रायपुर । राज्य सरकार ने बलौदाबाजार जिले में स्थापित सीमेंट फैक्ट्रियों पर बड़ी कार्रवाई की है. सीमेंट से लोड 22 गाड़ियों पर जब्ती की कार्रवाई की गई है. वहीं जिला परिवहन कार्यालय के एक निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है. जिले में कई सीमेंट संयंत्र संचालित है, लेकिन किन संयंत्रों के गाड़ियों पर यह कार्रवाई की गई है अभी ये जानकारी नहीं मिल पाई है।
बता दें कि सीमेंट फैक्ट्रियों द्वारा लगातार क्षमता से अधिक माल परिवहन करने की शिकायत मिल रही थी. इस शिकायत पर 3 अप्रैल को संयुक्त परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने 22 ओव्हरलोड वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए जब्त किया गया ।
जिला परिवहन कार्यालय बलौदाबाजार में पदस्थ परिवहन निरीक्षक विजय कुमार निकुंज को कर्तव्य में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित कर दिया है. जिला परिवहन अधिकारी एसएल लकड़ा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया.
संयुक्त परिवहन आयुक्त डी रविशंकर ने बताया कि ओवरलोड माल देने के आरोप में संबंधित सीमेंट फैक्ट्रियों के मालिकों के विरुद्ध भी मोटरयान अधिनियम की धारा 199 के तहत कार्यवाही की जाएगी ।
रायपुर । बार नवापारा अभ्यारण्य में ड्यूटी पर तैनात एक फारेस्ट गार्ड पर शिकारियों ने तीर से हमला कर दिया। शिकारियों ने फारेस्ट गार्ड पर तीर-धनुष से वार किया और तीर उसकी पीठ में धंस गया। घायल फारेस्ट गार्ड की पीठ में धंसे तीर को रायपुर के एक सुपरस्पेसिलिटी हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने बड़ी ही सावधानी के साथ बाहर निकाला और फारेस्ट गार्ड की जान बचा ली।
जानकारी के मुताबिक बार नवापारा अभ्यारण्य के चरौदा बीट में तैनात फारेस्ट गार्ड योगेश्वर सोनवानी और चौकीदार रामजी बीट में गश्त के लिए निकले थे। इसी दौरान उन्हें जंगल में तीर-धनुष लिए शिकारी नजर आए। दोनों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो शिकारियों ने तीर से हमला कर दिया ।
एक तीर योगश्वर के कमर के ऊपरी हिस्से में जा धंसा। घटना की जानकारी तत्काल उच्च अधिकारियों को दी गई और घायल फारेस्ट गार्ड को साथ में मौजूद चौकीदार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया ।
यहां से उसे रायपुर स्थित एमएमआई अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने सफलता पूर्वक तीर को बाहर निकाला और गार्ड की जान बचा ली। शिकारियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी पतासाजी की जा रही है।
रायपुर । छत्तीसगढ केे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू ने आज छत्तीसगढ़ के सुदूरवर्ती सुकमा जिले के कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में लोकसभा निर्वाचन 2019 की तैयारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने सुकमा में लोकसभा निर्वाचन के लिए स्थानीय पॉलिटेकनिक कॉलेज में बनाये गये स्ट्रांग रूम का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय रायपुर के वरिष्ठ अधिकारी सहित डीजी नक्सल ऑपरेशन गिरधारी लाल नायक, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंदन कुमार ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को मतदान केन्द्रों में की जा रही व्यवस्थाओं, ईवीएम, वीवीपेट की व्यवस्थाओं, मतदान दलों को मतदान केन्द्रों तक पहुंचाने और वापसी की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था आदि विविध बिन्दुओं की जानकारी दी। साहू ने दुर्गम क्षेत्रों में बनाए गए मतदान केन्द्रों तक मतदान दलों को पहुंचाने और वापसी के लिए विशेष व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सुकमा जिले में मतदाता जागरूकता (स्वीप) के तहत् किये जा रहे कार्यक्रमों की भी जानकारी ली।
डीजी नक्सल ऑपरेशन गिरधारी लाल नायक ने जिले में लोकसभा निर्वाचन 2019 शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन सहित सभी अधिकारियों को बेहतर समन्वय से कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिले के संवेदनशील इलाकों में पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। आई जी बस्तर विवेकानंद सिन्हा ने विधानसभा चुनाव 2018 की तरह लोकसभा निर्वाचन शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने के लिए सभी कोे बेहतर समन्वय और सहयोग बनाते हुए कार्य करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा निर्वाचन सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा के बडे पैमाने पर इंतजाम किये जा रहें है। डीआईजी सुंदरराज पी ने भी निर्वाचन के लिए सुरक्षा व्यवस्था के इंतजामों की जानकारी दी।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. भारती दासन, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यूएस अग्रवाल सहित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से आए अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा पुलिस अधीक्षक डी एस मरावी, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी, एडिशनल एसपी शलभ सिन्हा तथा जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
रायपुर । डीकेएस सुपर स्पेश्यलिटी अस्पताल में हुए घोटाले के प्रमुख आरोपी डॉक्टर पुनीत गुप्ता की गिरफ्तारी में देरी करने का आरोप छत्तीसगढ़ व्हिसल ब्लोवर संगठन ने लगाया है. आज व्हिसल ब्लोवर संगठन ने गोलबाजार थाने के सामने जोरदार प्रदर्शन किया. और पुलिस पर पुनीत गुप्ता को भगाने का आरोप लगाया ।
छत्तीसगढ़ व्हिसल ब्लोवर संगठन के राकेश चौबे, कुणाल शुक्ला, ममता शर्मा समेत कई सदस्य जय स्तंभ चौक से रैली निकाल कर गोल बाजार थाने पहुंचे. यहां सभी ने पुनीत गुप्ता को किसने भगाया, गोल बाजार पुलिस ने भगाया, दामाद ससुर चोर का नारे लगाए. साथ ही कार्यकर्ता शरीर में आकर्षक बैनर फ्लैक्स लगाकर विरोध जताया. नगाड़ा बजाकर सोए पुलिस को जगाने का प्रयास किया. इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनकर देखती रही. प्रदर्शनकारियों ने डॉ पुनीत गुप्ता पर डीकेएस अस्पताल में 50 करोड़ रुपए का घोटाला करने का आरोप लगाया ।