Browsing: रायपुर

 
 panchayattantra24.-रायपुर। सीएम विष्णु देव साय आज तीन दिन के दौरे पर वाराणसी और दिल्ली जा रहें। वे अब से कुछ देर बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बीएस‌एफ के विमान से वाराणसी जाएंगे। जहां शाम को काल भैरव के दर्शन पूजन में शामिल होंगे। रात्रि विश्राम के बाद कल मंगलवार को सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे। उसके बाद 11-2 बजे तक अंतरराज्यीय परिषद के मुख्यमंत्रियों की बैठक होगी। इसमें मप्र युपी, उत्तराखंड के भी सीएम शामिल होंगे। बीते डेढ़ वर्ष में परिषद की पहली बैठक है। साय इस बैठक के बाद दिल्ली जाएंगे जहां रात्रि विश्राम करेंगे। बुधवार को वापसी का समय तय नहीं है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में भारत के प्रथम उद्योग मंत्री, महान शिक्षाविद्, और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने राष्ट्र निर्माण में डॉ. मुखर्जी के अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता, सामाजिक न्याय और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए अपने जीवन का प्रत्येक क्षण समर्पित किया। वे न केवल कुशल संगठक थे, बल्कि दूरदर्शी राष्ट्रनायक भी थे, जिन्होंने भारतीय राजनीति को राष्ट्रीयता और सांस्कृतिक अस्मिता के सुदृढ़ सूत्र में पिरोया।
 साय ने कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना के माध्यम से डॉ. मुखर्जी ने एक ऐसी विचारधारा को जन्म दिया, जिसने देश को राष्ट्रीय हित में सोचने और कार्य करने की नई दृष्टि प्रदान की। उनके विचार आज भी हमारी लोकतांत्रिक चेतना को दिशा देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन हमें सिखाता है कि राष्ट्रसेवा आजीवन साधना और तपस्या है। उनका समर्पण और उच्च आदर्श आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का प्रकाशस्तंभ हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए दृढ़संकल्पित हैं।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे का आज दूसरा दिन है. उनका नारायणपुर दौरा रद्द कर दिया गया है. अब वे सुरक्षा बलों के कमांडर्स से रायपुर में ही मुलाकात करेंगे. बता दें कि अमित शाह आज से दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं. वे नारायणपुर दौरे पर जाने वाले थे लेकिन अपरिहार्य कारणों के चलते उनका दौरान अचानक से रद्द कर दिया गया है. गृह मंत्री अमित शाह आज से दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी जाएंगे. वे वहां 24 जून को आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होंगे. 
 इस बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भाग लेंगे. बैठक में चारों राज्यों के मुख्य सचिव, नीति आयोग के सदस्य, अंतरराज्यीय परिषद के प्रतिनिधि सहित लगभग 100 विशिष्टजन भी उपस्थित रहेंगे. वाराणसी पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत करेंगे.
 

panchayattantra24.-रायपुर. छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन के कमजोर परफार्मेस और पदाधिकारियों की निष्क्रियता का मुद्दा फिर गरमाने की आशंका है. प्रभारी महासचिव सचिन पायलट की मौजूदगी में होने वाली मैराथन बैठक में कई नेताओं और पदाधिकारियों की भड़ास निकलेगी. इधर कार्यकर्ता मांग उठा रहे हैं कि प्रभारी महासचिव बड़े नेताओं और पदाधिकारियों के अलावा निचले स्तर के कार्यकर्ताओं की भी बात सुनें. पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के अलावा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में कुछ अहम निर्णय लिए जा सकते हैं. इधर जिला अध्यक्षों की बैठक में कई पदाधिकारी संगठन की खामियों को उछालकर प्रभारी के संज्ञान में लाने के मूड में हैं. छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी महासचिव सचिन पायलट की मौजूदगी में होने वाली बैठक पिछली बैठकों की तरह औपचारिक न रह जाए, इसे लेकर संगठन में चर्चा होने लगी है.
राजीव भवन में आज सुबह से लेकर देर शाम तक मैराथन बैठकों का दौर चलेगा. सूत्रों के मुताबिक इस दौरान निष्क्रियता, कमजोर परफार्मेस और निर्णय लेने की लचर क्षमता का मामला भी उठ सकता है. कुछ पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष इस पर चर्चा करने के पक्ष में हैं. दूसरी तरफ निष्ठावान और सक्रिय कार्यकर्ता मांग कर रहे हैं कि प्रभारी को जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं से भी चर्चा करनी चाहिए. ताकि वास्तविक खामियों की सीधे उन्हें जानकारी दी जा सके. बीते डेढ़ साल में संगठन की कार्यप्रणाली में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ है. बल्कि संगठन और कमजोर होता चला गया है. औपचारिक राजनीतिक कार्यक्रमों के अलावा राज्य सरकार के खिलाफ कोई प्रभावी भूमिका अब तक नजर नहीं आई है. प्रभारी ने पूर्व की बैठकों में भी निष्क्रीय पदाधिकारियों को बाहर करने की बातें कही थी. इधर संगठन अपने पदाधिकारियों के कामकाज की भी समीक्षा नहीं कर पाया है. 
 प्रदेश कांग्रेस संगठन में अलग-अलग क्षेत्रों के लिए तीन प्रभारी सचिव भी नियुक्त हैं, वे लगातार अपने प्रभार वाले जिलों के दौरे भी कर रहे हैं. इसके बावजूद प्रभारी सचिवों को कोई उपलब्धि अब तक नजर नहीं आई है. धरातल पर संगठन नजर नहीं आ रहा है. सभी गतिविधियां सिर्फ बैठकों की औपचारिकताओं तक ही सिमटी हुई है. राजीव भवन में आज सुबह साढ़े 11 बजे पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी बैठेगी. इसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी में मंथन होगा. इधर जिला अध्यक्षों, मोर्चा संगठनों विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों समेत कांग्रेस विधायक दल की अलग-अलग बैठके होंगी. इस बीच कार्यकर्ताओं ने भी प्रभारी से मिलकर अपनी बात रखने की तैयारी की है.
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। रायपुर से जबलपुर जा रही एक तेज रफ्तार कार सिमगा में नदी के पुल से नीचे गिर गई। हादसा होते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने क्रेन की मदद से कार को नदी से बाहर निकाला। जानकारी के मुताबिक कार में 4 लोग सवार थे। घटना सिमगा थाना क्षेत्र की है। कार में बैठे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जहां सभी की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं रेस्क्यू टीम और गोताखोरों की टीम अब भी मौके पर तलाश जारी रखे हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब कार का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और वह ब्रिज की रेलिंग तोड़कर नीचे गिर गई। कार के गिरते ही आसपास के लोगों ने मदद के लिए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
गोताखोरों की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं कोई व्यक्ति पानी में डूब तो नहीं गया। पुलिस का कहना है कि कार में कितने लोग सवार थे, इसकी पूरी पुष्टि रेस्क्यू के बाद ही हो पाएगी। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण न बना पाने की वजह से यह हादसा हुआ है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर जांच कर रही है।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार की लियोन ओयना योजना की तारीफ की। उन्होंने फेसबुक पर लिखा कि योजना के तहत नवा रायपुर आए बीजापुर के उसूर और गंगालूर विकासखण्ड के युवाओं से भेंट कर मन आनंदित है। शाह ने अपने पोस्ट में लिखा कि जिन मासूम बच्चों के हाथों में कभी नक्सलियों ने बंदूकें थमा दी थी, आज उनके हाथों में किताबें देकर उनका भविष्य सँवारा जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार की ‘लियोर ओयना’ योजना के अंतर्गत नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों को रायपुर लाकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़, उनका आत्मविश्वास बढ़ाया जा रहा है। आज इस योजना के तहत नवा रायपुर आए बीजापुर के उसूर और गंगालूर विकासखंड के युवाओं से भेंट कर मन आनंदित है।
 

गृहमंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय न्यायालयिक विज्ञान विश्वविद्यालय के अस्थायी परिसर एवं आई-हब रायपुर का किया वर्चुअली उद्घाटन
panchayattantra24.com-रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज नवा रायपुर स्थित राष्ट्रीय न्यायालयिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) के अस्थायी परिसर तथा आई-हब रायपुर का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया।
इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ के लिए क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम को आधुनिक और वैज्ञानिक बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक दिन है। एनएफएसयू के अस्थायी परिसर के साथ-साथ नवा रायपुर में स्थायी परिसर के लिए भूमि पूजन एवं केंद्रीय फॉरेंसिक साइंस लैब की स्थापना की भी शुरुआत की गई है। कुल 268 करोड़ रुपये की लागत से ये संस्थान विकसित किए जा रहे हैं। अस्थायी परिसर में सत्र 2025-26 से बीएससी, एमएससी फॉरेंसिक साइंस, साइबर सिक्योरिटी, मनोविज्ञान, डिजिटल फॉरेंसिक एवं प्रोफेशनल डिप्लोमा कोर्सेस प्रारंभ हो जाएंगे। लगभग 180 छात्र पहले बैच में प्रवेश लेंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि इन संस्थानों के निर्माण से न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे मध्य भारत को आधुनिक न्याय प्रणाली और अपराध जांच में सशक्त आधार मिलेगा। नई फॉरेंसिक टेक्नोलॉजी, जैसे डीएनए फिंगरप्रिंटिंग, एलएसडी साइंस, साइबर सिक्योरिटी, बायोटेक्नोलॉजी और डिजिटल फॉरेंसिक अब स्थानीय स्तर पर सुलभ होंगी, जिससे जाँच प्रक्रिया तेज और सटीक होगी। उन्होंने बताया कि अब फॉरेंसिक जांच के लिए राजधानी या दिल्ली की आवश्यकता नहीं होगी, सारी जांच अटल नगर, नवा रायपुर में ही संभव होगी।
आई-हब की स्थापना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि यह प्लेटफॉर्म छत्तीसगढ़ के युवाओं को स्टार्टअप कल्चर से जोड़ने, तकनीकी सहायता देने, फंडिंग मुहैया कराने और मार्केटिंग एवं अनुबंध जैसी प्रोफेशनल सेवाएं देने में सहायक होगा। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे खुद उद्योगपति बनें, स्टार्टअप शुरू करें और राज्य के औद्योगिक विकास में भागीदार बनें। यह आई-हब, गुजरात के मॉडल पर आधारित है, और भविष्य में रायपुर से भी कई वैश्विक स्टार्टअप उभरने की संभावना है।
केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नई सरकार बनने के बाद 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर एमओयू हुए हैं, जिससे रोजगार, राजस्व और औद्योगिक संस्कृति को बल मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन दोनों ने नक्सल विरोधी अभियान को निर्णायक गति दी है। पहली बार ऐसा हुआ है कि वर्षा ऋतु में भी सुरक्षा बल सक्रिय हैं और नक्सलियों को चैन से रहने नहीं दे रहे। उन्होंने नक्सलियों से आत्मसमर्पण करने और छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा में शामिल होने की अपील की।
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि एनएफएसयू का स्थायी परिसर तीन वर्षों में पूर्ण रूप से विकसित होगा, जिससे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए फॉरेंसिक क्षेत्र में करियर की असीम संभावनाएं खुलेंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मोदी सरकार के तहत एनएफएसयू से स्नातक करना रोजगार की गारंटी बनेगा। साथ ही देशभर में लागू हुए नए तीन आपराधिक कानूनों के संदर्भ में शाह ने कहा कि इनका उद्देश्य है – तीन वर्षों के भीतर न्याय सुनिश्चित करना, और विज्ञान आधारित साक्ष्यों पर आधारित आधुनिक आपराधिक न्याय प्रणाली की स्थापना करना। उन्होंने बताया कि अब 7 वर्ष से अधिक की सजा वाले अपराधों में फॉरेंसिक जांच अनिवार्य कर दी गई है। सभी पुलिस थानों को सीसीटीएनएस से जोड़ दिया गया है, जिससे राज्य सरकारें जांच और निगरानी की प्रक्रिया में तकनीकी रूप से दक्ष हो सकेंगी। यह बदलाव न केवल न्यायिक प्रक्रिया को मजबूत करेगा, बल्कि भारत को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से सजा सुनिश्चित करने वाले देशों की अग्रिम पंक्ति में ले आएगा।
केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने यह भी बताया कि देशभर में एनएफएसयू के 16 परिसरों की स्थापना हो चुकी है और 10 अन्य प्रस्तावित हैं। भारत को आत्मनिर्भर बनाने में फॉरेंसिक टेक्नोलॉजी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। एक हालिया सर्वेक्षण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 तक फॉरेंसिक टेक्नोलॉजी का वैश्विक बाजार 55 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच जाएगा और उसमें भारत की हिस्सेदारी तेजी से बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह दिन छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक है क्योंकि आज एक साथ तीन महत्वपूर्ण संस्थानों की नींव रखी गई है जो प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि एनएफएसयू विश्व का पहला और एकमात्र विश्वविद्यालय है जो फॉरेंसिक साइंस, साइबर सुरक्षा, व्यवहार विज्ञान जैसे विषयों के अध्ययन के लिए पूर्णतः समर्पित है। इसका रायपुर परिसर नवा रायपुर को एक उभरते हुए राष्ट्रीय शैक्षणिक केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। यह संस्थान न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे मध्य भारत के लिए कानून व्यवस्था, न्यायिक प्रक्रिया और फॉरेंसिक अनुसंधान का सशक्त आधार बनेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने बंजारी, नवा रायपुर में विश्वविद्यालय के लिए 40 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई है और ट्रांजिट कैंपस को समय पर तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस कैंपस में फॉरेंसिक साइंस, डिजिटल फॉरेंसिक, साइकोलॉजी सहित विभिन्न विषयों में स्नातक, स्नातकोत्तर और अल्पकालिक पाठ्यक्रम संचालित होंगे। साइबर क्राइम, सड़क दुर्घटना विश्लेषण, मादक पदार्थों की जांच जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण से राज्य की कानून व्यवस्था को बल मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश में लगभग एक सदी बाद तीन नए आपराधिक कानून लागू किए गए हैं। एनएफएसयू जैसे संस्थान इन कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। छत्तीसगढ़ सरकार इन कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने हेतु पुलिस बल एवं जांच एजेंसियों को आवश्यक प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध करा रही है, जिसकी सतत निगरानी भी की जा रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने आई-हब छत्तीसगढ़ के शुभारंभ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संस्थान राज्य के युवाओं को स्टार्टअप और नवाचार की दुनिया से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा। इसमें को-वर्किंग स्पेस की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जो नवाचार को प्रोत्साहित करेंगी।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि एनएफएसयू का रायपुर परिसर न केवल प्रशिक्षण बल्कि फॉरेंसिक अनुसंधान और इन्वेस्टिगेशन में भी क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि यह संस्थान न केवल पढ़ाई, शोध, प्रशिक्षण और परामर्श का केंद्र बनेगा बल्कि भारत में ही फॉरेंसिक साइंस से जुड़े उपकरणों के नवाचार और निर्माण में भी अग्रणी भूमिका निभाएगा। यह सपना माननीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में साकार हो रहा है। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने एनएफएसयू के लिए जमीन आवंटित की है और निर्माण कार्य भी शीघ्र आरंभ होने वाला है। उन्होंने कहा कि इस परिसर में सभी अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी, और यह फॉरेंसिक साइंस, डिजिटल फॉरेंसिक, साइकोलॉजी एवं विभिन्न शॉर्ट टर्म कोर्सेस में युवाओं को दक्ष बनाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानून भारतीय न्याय संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम और भारतीय नागरिका सुरक्षा संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन में फॉरेंसिक प्रणाली की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ उन अग्रणी राज्यों में शामिल है जहाँ एनएफएसयू की स्थापना की जा रही है, जबकि उड़ीसा, बिहार, राजस्थान और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में अभी इसकी शुरुआत नहीं हुई है। यह राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 33 जिलों में मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट स्थापित करने के लिए राज्य सरकार को केंद्र से 24 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है। हर जिले में मोबाइल वाहन, आधुनिक उपकरण और प्रशिक्षित टीम होगी ताकि मौके पर ही घटनाओं की सटीक जांच संभव हो सके।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं अरुण साव, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, निदेशक आसूचना ब्यूरो तपन कुमार डेका, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, परिसर निदेशक एनएफएसयू गांधीनगर के प्रोफेसर डॉ एसओ जुनारे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

नवा रायपुर के बंजारी में 40 एकड़ में बनेगा दोनों संस्थानों का सर्वसुविधायुक्त आधुनिक भवन
panchayattantra24.com-रायपुर। केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज नवा रायपुर के ग्राम बंजारी में राष्ट्रीय न्यायालयिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) और राष्ट्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला (एनएफएसएल) के भवनों के निर्माण के लिए भूमिपूजन किया। नवा रायपुर के बंजारी में 40 एकड़ में दोनों राष्ट्रीय संस्थानों के सर्वसुविधायुक्त आधुनिक भवन बनाए जाएंगे। परिसर में दोनों संस्थानों के भवनों के निर्माण के लिए प्रारंभिक रूप से 130-130 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डा. रमन सिंह, कृषि मंत्री रामविचार नेताम और वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप भी भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
एनएफएसएल देश की सबसे हाइटेक फोरेंसिक लैब है। इसकी स्थापना से छत्तीसगढ़ को साइंटिफिक इन्वेस्टीगेशन के क्षेत्र में बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। वहीं एनएफएसयू फोरेंसिक विज्ञान के अध्ययन के लिए देश का शीर्षस्थ संस्थान है। यह फोरेंसिक विज्ञान, खोजी विज्ञान और अपराध विज्ञान में विशेषज्ञता के कोर्सेज संचालित करती है। वर्ष 2020 में इसे राष्ट्रीय महत्व के संस्थान का दर्जा दिया गया है। राज्य में इसकी स्थापना से फोरेंसिक विज्ञान, अपराध विज्ञान, खोजी अनुसंधान और फोरेंसिक मनोविज्ञान जैसे विशिष्ट क्षेत्रों में शिक्षा और प्रशिक्षण सुलभ होगा।
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, विधायकगण सर्वकिरण देव, इंद्र कुमार साहू, अनुज शर्मा और गुरू खुशवंत साहेब, मुख्य सचिव अमिताभ जैन और पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सहित गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
 

panchayattantra24.com-रायपुर। रायपुर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बीजेपी नेताओं ने भव्य स्वागत किया। कुछ देर बाद गृहमंत्री शाह दोपहर 2 से 2.30 बजे तक केंद्रीय संस्थानों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास करेंगे। गृहमंत्री शाह दोपहर 3.15 बजे शाम 4.15 बजे तक NFSU और (CFSL) परिसरों का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद शाम 4.20 बजे से 6.20 बजे तक होटल मेफेयर में बैठक करेंगे। इसके बाद शाम 6.50 से 7.50 तक होटल मेफेयर में बैठक करेंगे।
जिस यूनिवर्सिटी कैम्पस की शुरुआत शाह कर रहे हैं, इसे भारत सरकार गुजरात में चलाती है। ये एक विश्वविद्यालय है जो फोरेंसिक विज्ञान, खोजी विज्ञान और अपराध विज्ञान में विशेषज्ञता (एक्सपर्ट) का कोर्स करवाता है। नेशनल फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) की स्थापना 2009 में हुई थी। यहां से पढ़कर स्टूडेंट फोरेंसिक वैज्ञानिक, फोरेंसिक विश्लेषक, फोरेंसिक मनोवैज्ञानिक बनकर अपना करियर संवार पाएंगे। अमित शाह रायपुर में सेंट्रल फोरेंसिक लैब का भी भूमिपूजन करेंगे। ये छत्तीसगढ़ की अपने सबसे हाईटेक फोरेंसिक लैब होगी।
 

रायपुर l मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले में कुनकुरी के सलियाटोली ग्राम में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले 250 सीटर नालंदा परिसर का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी जिला मुख्यालयों में नालंदा परिसरों की स्थापना की जा रही है। जशपुर जिले में दो स्थानों पर नालंदा परिसर का निर्माण किया जा रहा है। नालंदा परिसर अत्याधुनिक पुस्तकालय, शिक्षण संसाधनों और तकनीकी सुविधाओं से सुसज्जित होगा। विद्यार्थियों की निर्बाध पढ़ाई सुनिश्चित करने के लिए यह परिसर 24 घंटे खुला रहेगाl

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शासन द्वारा नागरिक सुविधाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ई-ऑफिस के माध्यम से सभी विभागों की सेवाएँ ऑनलाइन की जा रही हैं। राजस्व क्षेत्र में 10 नवीन क्रांतिकारी पहल लागू की गई है, जिससे रजिस्ट्री और नामांतरण जैसी प्रक्रियाएँ अब आमजन के लिए सरल और सुलभ हो गई हैं।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि छात्रहित को ध्यान में रखते हुए पीएससी जैसी परीक्षाओं में भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ सीबीआई जाँच कराई जा रही है। साथ ही, जशपुर जिले में मेडिकल कॉलेज, कृषि महाविद्यालय, उद्यानिकी, नर्सिंग, नेचुरोपैथी और फिजियोथेरेपी कॉलेज की स्थापना की जाएगी।

*नालंदा परिसर: अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त, 24×7 अध्ययन के लिए समर्पित केंद्र*

नालंदा परिसर में महानगरों की तर्ज पर सप्ताह के सातों दिन, चौबीसों घंटे अध्ययन की सुविधा उपलब्ध होगी। इसमें इंडोर और आउटडोर स्टडी ज़ोन के साथ-साथ प्राकृतिक वातावरण से जुड़ने के लिए ऑक्सी रीडिंग ज़ोन की व्यवस्था होगी।यह परिसर स्वायत्त मॉडल पर आधारित होगा और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए सौर ऊर्जा से संचालित किया जाएगा। ईको-फ्रेंडली डिज़ाइन के इस परिसर में विद्युत खपत न्यूनतम होगी और 50 से अधिक देशी पौधों की प्रजातियाँ रोपी जाएँगी। युवाओं के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए परिसर में यूथ टावर, स्पोर्ट्स कोर्ट, कैफेटेरिया, एटीएम और हेल्थ ज़ोन जैसी सुविधाएँ भी विकसित की जाएँगी। संचालन के लिए स्ववित्तपोषित मॉडल को अपनाया जाएगा। लाइब्रेरी में 50,000 से अधिक पुस्तकें, डिजिटल लाइब्रेरी, वाई-फाई ज़ोन और प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें उपलब्ध होंगी। साथ ही, आरएफआईडी आधारित प्रवेश प्रणाली, बायोमेट्रिक आईडी, पुस्तकों की ट्रैकिंग के लिए आरएफआईडी और सॉफ्टवेयर आधारित पुस्तक प्रबंधन प्रणाली की व्यवस्था होगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, कुनकुरी जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय, उपाध्यक्ष श्री बालेश्वर यादव, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, श्री भरत सिंह, श्री कृष्ण कुमार राय, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।