Browsing: रायपुर

रायपुर l मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के कुनकुरी के महुआटोली में आयोजित सर्व नाई सेन समाज के महासम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि नाई समाज को मेहनती और स्वावलंबी समाज के रूप में जाना जाता है। सेन समाज के अनेक लोग आज शिक्षा, व्यापार, प्रशासन और तकनीकी क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा के दम पर विशिष्ट उपलब्धियाँ हासिल कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस वर्ष 12वीं कक्षा के प्रदेश टॉपर अखिल सेन इसी समाज से हैं। रायपुर में एआई डेटा सेंटर की स्थापना करने जा रहे इंदौर के उद्यमी भी सेन समाज से हैं। मुख्यमंत्री ने भारत रत्न स्व. श्री कर्पूरी ठाकुर जी का स्मरण करते हुए कहा कि देश की उन्नति में सेन समाज का योगदान उल्लेखनीय रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जन्म से लेकर अंत्येष्टि तक कोई भी संस्कार सेन समाज के योगदान के बिना पूर्ण नहीं होता। समाज के विविध संस्कारों में इस समाज की भूमिका अत्यंत विशिष्ट है

*शिक्षा है समाज की प्रगति की कुंजी: मुख्यमंत्री*

मुख्यमंत्री साय ने शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की कुंजी है। जिस समाज में शिक्षा का स्तर ऊंचा होता है, वह समाज उतना ही सशक्त और प्रगतिशील बनता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बच्चों की शिक्षा गुणवत्ता को बेहतर बनाने हेतु निरंतर नीतिगत निर्णय ले रही है। राज्य में अब राष्ट्रीय स्तर की सभी प्रमुख शैक्षणिक संस्थाएँ स्थापित की जा रही हैं। नालंदा परिसर जैसे अत्याधुनिक पुस्तकालयों का निर्माण प्रदेशभर में किया जा रहा है, ताकि छात्र प्रतियोगी युग के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें।

*सेन समाज को सामाजिक भवन विस्तार व बाउंड्रीवाल के लिए ₹20 लाख की सौगात*

मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कुनकुरी स्थित सेन समाज के सामाजिक भवन के विस्तार हेतु ₹10 लाख और बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु ₹10 लाख की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।

छत्तीसगढ़ केश शिल्पी बोर्ड की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन ने इस अवसर पर कहा कि महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मसम्मान का मजबूत आधार बन रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना ने माताओं-बहनों में एक नया आत्मविश्वास जगाया है और शासन की जनहितैषी योजनाएँ प्रदेश में सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास का आधार बन रही हैं।

*मुख्यमंत्री ने सेन समाज की प्रतिभाओं को किया सम्मानित*

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर सेन समाज के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान सदस्यों को “संत शिरोमणि सेन सम्मान” से सम्मानित किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह, श्री कृष्ण कुमार राय, श्री भरत सिंह, सर्व सेन समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री पुनीत सेन, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अविनाश ठाकुर, श्री राज श्रीवास सहित समाज के पदाधिकारीगण, गणमान्यजन और बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित थे।

जशपुर l मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज कुनकुरी को एक बड़ी सौगात दी। उन्होंने गिनाबहार में 8.77 करोड़ की लागत से बनने वाले 50 बिस्तरीय मातृ शिशु चिकित्सालय और 50 लाख की लागत से तैयार होने वाले ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का भूमिपूजन किया।

इस अवसर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज जिले में स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास की एक और कड़ी जुड़ रही है। इस अस्पताल के निर्माण से इस क्षेत्र की माताओं बहनों और बच्चों को काफी लाभ होगा। कुनकुरी के साथ ही फरसा बहार, कांसाबेल और दुलदुला क्षेत्र के लोग इससे लाभान्वित होंगे। उन्होंने आगे कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रहे हैं। जशपुर में 200 बेड अस्पताल का निर्माण होने जा रहा है। इसका टेंडर लग चुका है। इस बजट में यहां मेडिकल कॉलेज खोलने का प्रावधान किया गया है। यहां नर्सिंग और फिजियोथेरेपी कॉलेज खोले जाएंगे। आयुष्मान कार्ड और जेनरिक दवा दुकानों के माध्यम से किफायती इलाज उपलब्ध करा रहे हैं। वय वंदन योजना का लाभ सभी वर्ग के वृद्ध जनों को मिलेगा, यह स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है। मितानिनों के मानदेय की राशि ऑनलाइन प्रदान करने की सुविधा की शुरुआत किए है। जिससे समय पर उनको भुगतान हो सके।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मोदी की गारंटी को पूरा करने का काम कर रहे हैं। पीएम आवासों का निर्माण तेजी से हो रहा है। किसानों से किए वादे को पूरा करते हुए 21 क्विंटल धान खरीदी कर रहे हैं। किसानों को 31 सौ रूपये धान की कीमत दे रहे हैं। तेंदूपत्ता की राशि बढ़ाकर 55 सौ रुपए प्रति मानक बोरा दे रहे हैं। कल से चरण पादुका वितरण का कार्यक्रम देश के गृह मंत्री श्री अमित शाह के करकमलों से प्रदेश में शुरू होगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना से 70 लाख से अधिक माताओं बहनों के आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से हर माह 1 हजार रुपए प्रदान कर रहे हैं। 5 लाख 60 हजार भूमिहीन कृषि श्रमिकों को भी 10 हजार रुपए की राशि प्रदान किए हैं। पंचायतों में सीएससी सेंटर खोलने का काम कर रहे हैं। यहां ग्रामीणों को बैंकिग सुविधाओं का लाभ मिलेगा, उन्हें बैंक से पैसे निकालने और जमा करने अब दूर नहीं जाना पड़ेगा। अगले पंचायती राज दिवस तक सभी पंचायतों में यह सीएससी सेंटर खोलने के लक्ष्य के साथ काम कर रहे हैं। जन सुविधाओं के लिए लगातार रिफॉर्म किया जा रहा है। जमीन की रजिस्ट्री में नई क्रांतियां लाएं हैं। अब जमीन की रजिस्ट्री के साथ नामांतरण हो जाएगा। साथ ही फर्जी रजिस्ट्री पर रोकथाम लगेगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज विश्व योग दिवस का दिन है। आप सबसे आग्रह है कि आप अपनी दिनचर्या में योग को जरूर शामिल करें। अच्छे स्वास्थ्य के लिए शरीर की स्वच्छता के साथ मन को संतुलित करने के लिए योग आवश्यक है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, कमिश्नर श्री नरेंद्र दुग्गा, आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, श्री भरत सिंह, श्री कृष्ण कुमार राय, श्री सुनील गुप्ता, श्री उपेन्द्र यादव, श्री राजकुमार गुप्ता, श्री अमन शर्मा, श्री गोपाल कश्यप, श्री मनोज जायसवाल, श्री राजेश चौधरी, श्री यशवंत यादव, श्री विकास नाग, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी- कर्मचारी और ग्रामीणजन मौजूद थे।

*सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ बचपन की दिशा में एक सशक्त कदम*

50 बिस्तर मातृ एवं शिशु अस्पताल के निर्माण होने से कुनकुरी विकासखण्ड के साथ आस पास तीन और विकासखण्ड फरसाबहार, कांसाबेल, दुलदुला क्षेत्र की महिलाओं और बच्चों को इलाज का लाभ मिलेगा। उन्हें कहीं दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। गर्भवती महिलाओं को उपचार और प्रसव संबंधी सुविधाएं मिलने के साथ उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच भी यहां हो सकेगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से बच्चों के गंभीर रोगों के उपचार में सहूलियत होगी। आस पास के ग्रामीण क्षेत्रवासियों के लिए यह एक बड़ी राहत होगी। वहीं 50 लाख की लागत से तैयार होने वाले ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के निर्माण से आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में लैब जाँच की सुविधा का भी लाभ मिलेगा। मातृ शिशु चिकित्सालय और ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट कुनुकरी सहित आस पास के क्षेत्रवासियों के लिए सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ बचपन की दिशा में एक सशक्त कदम साबित होगा।

 
panchayattantra24.-रायपुर। रायगढ़ के बोईरदादर स्थित स्टेडियम में आज 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह श्योग संगम एवं हरित योगश् थीम पर भव्य रूप से आयोजित हुआ। कार्यक्रम में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और योगाभ्यास में सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा, “आज पूरा विश्व योग दिवस मना रहा है, यह हम भारतीयों के लिए गर्व का विषय है। हजारों वर्ष पुरानी योग परंपरा के मूल में हमारे मनीषियों की दूरदृष्टि रही है। आदि योगी के रूप में भगवान शिव और फिर महर्षि पतंजलि द्वारा योग को वैज्ञानिक स्वरूप दिया गया, जो आज पूरी दुनिया में फैल चुका है।”
वित्त मंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में योग और सांस्कृतिक विरासत के पुनर्स्थापन की दिशा में हुए प्रयासों को रेखांकित करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री मोदी जी ने 2014 में ही योग को वैश्विक पहचान दिलाने का बीड़ा उठाया और संयुक्त राष्ट्र में उनके प्रयासों से 177 देशों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को स्वीकार किया। यह भारत के 
सांस्कृतिक महत्व और योग परंपरा की वैश्विक स्वीकृति का प्रतीक है। उन्होंने आगे कहा कि बीते 10 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था 10वें स्थान से चौथे स्थान पर पहुंची है। विकास के साथ विरासत को संजोने का यह संतुलन भारत को आत्मनिर्भर और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध राष्ट्र बना रहा है।
’योग प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रोत्साहन राशि’
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने योग प्रदर्शन करने वाले बच्चों को स्वेच्छानुदान से 3,000 रुपये प्रति छात्र तथा उनके प्रशिक्षक को 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
’विभिन्न आसन्नों के साथ किया सामूहिक योगाभ्यास’
पतंजलि योग संस्थान और आयुष विभाग की प्रशिक्षिकाओं कृ श्रीमती चुलेश्वरी साव, श्रीमती सत्या, जज्ञसैनी बारला, वर्षा प्रधान एवं श्रीमती कल्याणी सरकार ने उपस्थित जनसमूह को ताड़ासन, वक्रासन, वृक्षासन, शवासन, ध्यान, कटीचालन जैसे विभिन्न आसनों का अभ्यास करवाया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयुष विभाग की टीम द्वारा आकर्षक योग प्रदर्शन भी प्रस्तुत किया गया।
’नशामुक्त भारत और साक्षरता अभियान की शपथ’
 
कार्यक्रम के अंत में वित्त मंत्री श्री चौधरी ने सभी को नशा मुक्त भारत और साक्षर भारत के निर्माण हेतु शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, जागरूक मन और शिक्षित समाज ही समृद्ध राष्ट्र का आधार हैं। उन्होंने सभी को अपने आसपास के लोगों को प्रेरित कर नशा मुक्ति और साक्षरता कार्यक्रमों से जोड़ने की अपील की।
इस अवसर पर सभापति श्री डिग्री लाल साहू, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुजाता चौहान, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल सहित जिले के अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

‘‘योग संगम’’ एवं ‘‘हरित योग’’ थीम के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया
 
 
panchayattantra24.-रायपुर।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कबीरधाम जिले में विशेष उत्साह और श्रद्धा के साथ ‘‘योग संगम’’ और ‘‘हरित योग’’ थीम पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कवर्धा के पी.जी. कॉलेज डोम परिसर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और हजारों की संख्या में उपस्थित नागरिकों, विद्यार्थियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर सभी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने योग से निरोग रहते हुए नियमित योगाभ्यास, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
उपमुख्यमंत्री ने दिया भारत की सांस्कृतिक विरासत को आत्मसात करने का संदेश
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि योग भारत की अमूल्य प्राचीन परंपरा है, जो आज संपूर्ण विश्व में स्वीकार की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों से आज योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली रही है, और प्रत्येक वर्ष 21 जून को विश्वभर में योग दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने योग को जीवन का हिस्सा बनाकर मानसिक शांति, आत्मबल और सकारात्मकता को बढ़ावा देने की अपील की। इससे पहले उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा सहित मुख्य अतिथियो ने दीप प्रज्ज्वलित कर योग अभ्यास आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया।
योगाभ्यास का मार्गदर्शन विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को पतंजलि योग पीठ के जिला प्रशिक्षक श्री सुरेश चन्द्रवंशी के नेतृत्व में योगाभ्यास कराया गया। उनके साथ आयुर्वेद विभाग के अनुभवी योग प्रशिक्षकों ने भी विभिन्न योगासनों और प्राणायाम की तकनीकों का अभ्यास करवाया। प्रशिक्षकों ने सरल और प्रभावशाली तरीके से सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति आदि का अभ्यास कराया और इनके लाभों की जानकारी भी दी।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चन्द्रवंशी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, समाजसेवी, शिक्षाविद एवं नागरिक शामिल हुए।
‘हरित योग’ के माध्यम से पर्यावरण का संदेश
कार्यक्रम में ‘‘योग संगम’’ एवं ‘‘हरित योग’’ थीम के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण पर विशेष बल दिया गया। योग सत्र के उपरांत सभी प्रतिभागियों को पौधारोपण का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे भी वितरित किए गए। आयोजकों द्वारा यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर के साथ-साथ स्वस्थ पर्यावरण भी आवश्यक है और योग दिवस पर पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लेना आज की आवश्यकता है।
जानकारीपरक प्रदर्शनी और जनजागरूकता सामग्री का वितरण
कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य, योग, आयुर्वेद और स्वच्छता से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई थी, जिसे नागरिकों और छात्र-छात्राओं ने गहरी रुचि से देखा। इसके अलावा आयुर्वेद एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा योग संबंधी पुस्तिकाएं और ब्रोशर भी वितरित किए गए, ताकि लोग योग को समझें और नियमित रूप से अभ्यास में लाएं।
 

मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लिया संकल्प
 
panchayattantra24.-रायपुर। जिंदल स्टील और पावर लिमिटेड के मशीनरी डिवीजन ने 21 जून 2025 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन बड़े धूमधाम से किया। इस अवसर पर आयोजित भव्य योग कार्यक्रम में 500 से अधिक कर्मचारियों ने योग के लाभों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से सामूहिक योग सत्र का आयोजन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योग आसनों और प्राणायाम तकनीकों का प्रदर्शन किया। सभी कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया और शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य की महत्वपूर्णता को समझा।
इस सत्र का उद्देश्य केवल शरीर को फिट रखना नहीं बल्कि तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य को भी बढ़ावा देना था। कर्मचारियों ने गतिविधियों के माध्यम से सामूहिक एकता और टीम स्पिरिट को भी महसूस किया।
जिंदल स्टील और पावर के मशीनरी डिवीजन के प्रमुख, नीलेश टी शाह ने इस अवसर पर कहा, “योग केवल एक व्यायाम का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने का एक तरीका है। हमें नियमित रूप से योग को अपने जीवन में शामिल करना चाहिए ताकि हम स्वस्थ और खुशहाल जीवन जी सकें।”
इस कार्यक्रम में सभी कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की और सभी ने संकल्प लिया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे।
जिंदल स्टील और पावर लिमिटेड, अपने कर्मचारियों के कल्याण और स्वास्थ्य को सर्वोपरि मानता है और ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करता है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। रायपुर पुलिस से महीनों से न्याय की गुहार लगाने वाली पीड़िता रेखा त्यागी ने अब पुलिस द्वारा कार्यवाही नहीं किए जाने पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान उनसे मिलने की अनुमति मांगी है, श्रीमती त्यागी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उन्हें शाह से मिलने की अनुमति नहीं दी जाती है तो वे सार्वजनिक रूप से आत्मदाह करेगी जिसका जिम्मेदार प्रशासन होगा। ज्ञात हो कि पूर्व में भी प्रेसवार्ता लेकर रेखा त्यागी ने अपने दर्द को बयां किया था, तेलीबांधा थाने में शिकायत के बावजूद आज दिनांक तक इस मामले में ना तो आरोपीगणों का बयान लिया गया ना ही कोई अग्रिम कार्यवाही की गई। इसकी शिकायत को लेकर जब भी रखेगा त्यागी एसएसपी रायपुर से मिलती तो उन्हें केवल आश्वाशन ही मिलता। रेखा का आरोप है कि उसके पति सूर्यकांत त्यागी एवं ससुर अमरनाथ त्यागी ने पहले ही धमकी दी थी कि वो पुलिस को जेब में रखते है कोई उनका कुछ नहीं कर सकता, इस बोली को सच होता पीड़िता देख रही है। 
पीड़िता की माता शारदा त्यागी का कहना है कि रायपुर पुलिस उनकी बेटी को न्याय देने में नाकाम है, इसी विषय को लेकर वे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलकर अपनी बेटी के साथ न्याय होने का निवेदन करेगी। शारदा ने यह भी आशंका जताई है कि उसकी बेटी और नाती को अमरनाथ और उसके पुत्र से जान का खतरा है, दोनों पिता–बेटे संपत्ति के लालच में इस प्रकार डूब चुके है कि किसी भी व वक्त रेखा और उसकी बेटी की हत्या करवा सकते है। इतने गंभीर मामले को रायपुर पुलिस नजरअंदाज कर गांधी जी के बंदर की तर्ज़ पर बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो, बुरा मत बोलो कि तरह प्रतिक्रिया दे रही है। जब राजधानी रायपुर में ऐसा हाल है तो पता नहीं प्रदेश के दूसरे जिलों में न्याय व्यवस्था की क्या स्थिति होती है।
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर। आज पूरे देश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े ही धूमाधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम में राजनीतिक दलों के लोगों से लेकर आज आदमी भी शामिल हुए। वहीं छत्तीसगढ़ में भी इस कार्यक्रम को लेकर बड़ा ही उत्साह रहा। इसी बीच दक्षिण विधायक सुनील सोनी का बड़ा बयान सामने आया है। विधायक सुनील सोनी ने कांग्रेस को सलाह दी है कि कांग्रेसी नेता भी योग करें। विधायक सुनील सोनी ने तंज कसते हुए कहा कि योग किसी पार्टी का विषय नहीं है। कांग्रेस के नेताओं को योग करना चाहिए। बड़े नेताओं के योग और ध्यान करने से मानसिक संतुलन बना रहेगा। तभी बड़े नेता देश के उत्थान की बातें कर सकेंगे। आपको बता दें कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के जशपुर में सीएम विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सीएम साय के साथ मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर के रणजीता स्टेडियम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ‘गजरथ यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। यह अभिनव पहल छत्तीसगढ़ में मानव-हाथी द्वंद को कम करने और वन्यजीव संरक्षण के लिए जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इस यात्रा के माध्यम से स्कूलों, ग्राम पंचायतों और हाट-बाजारों में पहुंचकर हाथियों के व्यवहार, सुरक्षा उपायों और सह-अस्तित्व के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। 
 मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि मानव और हाथियों के बीच बढ़ते टकराव को कम करने के लिए सामुदायिक भागीदारी और जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। ‘गजरथ यात्रा’ इस दिशा में एक सार्थक माध्यम बनेगी, जो लोगों को शिक्षित कर मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने में सहायक होगी। उन्होंने वन विभाग के उन कर्मचारियों को भी सम्मानित किया, जिन्होंने इस क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने स्टेडियम परिसर में सिंदूर का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें । उन्होंने कहा कि पेड़ न केवल जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और जलवायु संतुलन के लिए भी आवश्यक हैं।
मुख्यमंत्री साय ने वन विभाग द्वारा तैयार लघु फिल्म और पुस्तिका का विमोचन भी किया, जिसमें हाथियों से संबंधित सावधानियां, उनके व्यवहार को समझने और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई है। यह सामग्री स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और स्थानीय समुदायों में वितरित की जाएगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और जागरूकता अभियानों की जानकारी दी, जो सतत विकास और हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहायक हैं। उल्लखेनीय है कि ‘गजरथ यात्रा’ राज्य सरकार की उस व्यापक रणनीति का हिस्सा है, जो सतत विकास, जैव विविधता संरक्षण और स्थानीय समुदायों की सहभागिता के माध्यम से वन्यजीवों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए समर्पित है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों और वन विभाग की टीम को इस प्रयास के लिए शुभकामनाएं दीं।
 

 panchayattantra24.-रायपुर। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नागरिक आपूर्ति निगम में राज्य स्तरीय योग शिविर का आयोजन उत्साह और अनुशासन के साथ किया गया। इस अवसर पर निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने योग के वैश्विक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग आज केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण मानवता के लिए स्वस्थ जीवन का मार्ग बन चुका है। प्रातः 7 बजे प्रारंभ हुए इस योग शिविर में श्रीवास्तव के आह्वान पर निगम मुख्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एक साथ योगाभ्यास में सम्मिलित हुए। प्रशिक्षकों के निर्देशन में विविध योग क्रियाओं का अभ्यास किया गया। 
 श्रीवास्तव ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का विज्ञान है। यह जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी। इस वर्ष की थीम “योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ” है, जो पृथ्वी और मानव स्वास्थ्य के गहरे संबंध को दर्शाती है।
श्रीवास्तव ने यह भी बताया कि वर्तमान में भारत की योग अर्थव्यवस्था 20 करोड़ रुपये से अधिक की हो चुकी है तथा 190 देशों में 1 लाख से अधिक प्रमाणित योग शिक्षक कार्यरत हैं। देश के लगभग 2.5 करोड़ घरों में नियमित योग को अपनाया जा चुका है। इस वर्ष योग दिवस के अंतर्गत योग संगम, योग बंधन, योग पार्क, योग समावेश, योग प्रभाव, योग कनेक्ट, हरित योग, योग अनप्लग्ड, योग महाकुंभ, और संयोगम जैसे 10 विशिष्ट आयोजन किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक योग की पहुंच सुनिश्चित करना है। श्रीवास्तव ने सभी नागरिकों से योग को जीवनशैली में अपनाने की अपील करते हुए कहा तनाव मुक्त और स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। आज हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि हम स्वयं भी योग करेंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। आज रायपुर वेलफेयर फाउंडेशन सोसाइटी ने OXYZONE गार्डन में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग शिक्षिका मधु कश्यप के द्वारा योग कराया गया। इसमें वॉकिंग करने के लिए आने वाले सभी लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के समापन के समय संस्था के संरक्षक के द्वारा योग शिक्षिका मधु कश्यप का शाल पहना कर सम्मान किया गया। इस कार्यक्रम में रायपुर वेलफेयर फाउंडेशन सोसाइटी के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष समेत बहुत से सदस्य उपस्थित थे।