Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.-रायपुर। पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के द्वारा आबकारी अधिनियम के तहत् कई वर्षो से जप्त शराब के विधिवत् नष्टीकरण संबंधी दिये गये निर्देश के परिपालन में उमनि एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में जिला रायपुर के सभी 32 थानों में वर्षो से जप्त कर रखे हुये थे। जिसमें 3585 आबकारी अधिनियम के प्रकरणों में 12582 लीटर देशी शराब, 5583 लीटर विदेशी शराब, 88 लीटर महुआ शराब, 427 लीटर बियर, कुल 18804 लीटर कीमती लगभग एक करोड़ बीस लाख रूपये के शराब का आबकारी अधिनियम में निहित प्रावधान के अंतर्गत जिला कलेक्टर एवं दण्डाधिकारी के द्वारा गठित समिति जिसमें अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी देवेन्द्र पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कीर्तन राठौर, उपायुक्त आबकारी जिला रायपुर रामकृष्ण मिश्रा, नगर पुलिस अधीीक अमन रमन झा, निरीक्षक नरेन्द्र मिश्रा थाना तेलीबांधा, निरीक्षक विनय बघेल थाना टिकरापारा, निरीक्षक भावेश गौतम थाना माना जिला रायपुर की उपस्थिति में थाना माना परिसर में विधिवत् नष्टीकरण किया गया।

panchayattantra24.-रायपुर। राजधानी के केंद्रीय जेल में एक कैदी ने आत्म हत्या कर ली है। कैदी का नाम ओमप्रकाश बताया गया है। इसने अपने बैरक में फांसी लगाकर जान दे दी । इस घटना ने एक बार फिर जेल की भीतरी सुरक्षा व्यवस्था निगरानी की पोल खोल दी है। जेल प्रशासन जांच कर रहा है।

panchayattantra24.- रायपुर। केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू की पहल पर भारत सरकार, नई दिल्ली के एमएसएमई मंत्रालय द्वारा संचालित योजना के अंतर्गत विकास आयुक्त एमएसएमई कार्यालय, नई दिल्ली के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उद्योग भवन, रायपुर के सभा कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में रायपुर जिले में डेयरी, सोलर, फ्लाई ऐश, स्टील फेब्रिकेशन सहित अन्य उद्योगों पर आधारित एमएसएमई क्लस्टर के विकास हेतु सीएफसी (कॉमन फैसिलिटी सेंटर) एवं सीडीपी (क्लस्टर डेवेलपमेंट प्रोग्राम) की स्थापना की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

panchayattantra24.-रायपुर। आज आज प्रदेश अध्यक्ष किरण देव , प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने रायपुर के एमएमआई नारायणा अस्पताल पहुंचकर भाजपा प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा का कुशलक्षेम जाना। बता दें कि मां बम्लेश्वरी धाम में रोपवे की एक ट्रॉली अचानक टूटकर जमीन पर गिर गई। इस हादसे में भाजपा प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें रायपुर ले जाया गया है। वहीं पूर्व मंत्री रामसेवक पैकरा इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रोपवे का उपयोग श्रद्धालुओं की सुविधा के बजाय सीमेंट और गिट्टी ढोने के लिए किया जा रहा है। मेंटेनेंस के नाम पर सिर्फ औपचारिकता की जाती है। तकनीकी खामियों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल बाहर निकाला गया और रोपवे का संचालन रोक दिया गया।

panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज लोकसभा सांसद व भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी ने सौजन्य मुलाकात की। यह मुलाकात रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में हुई। मुख्यमंत्री साय ने उन्हें छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला से सुसज्जित स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ में सांस्कृतिक आदान-प्रदान, पर्यटन को बढ़ावा देने और छत्तीसगढ़-उत्तर भारत के बीच आपसी विकासात्मक सहयोग पर विस्तृत चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री को भोजपुरी क्षेत्र के कलाकारों के साथ छत्तीसगढ़ में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव भी दिया।

panchayattantra24.-रायपुर। पहलगाम हमले के बाद भारत की शरण लेने आए करीब 125 पाकिस्तानी हिंदुओं का जीवन अधर पर लटक रहा है. वे 22 अप्रैल को सिंध से भारत आए, इसी बीच सरकार ने पाकिस्तानियों को 48 घंटे के अंदर भारत छोड़ने का आदेश जारी कर दिया. पाकिस्तानी हिंदुओं ने अब छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम शर्मा से मुलाकात कर मदद की गुहार लगाई है. रायपुर पहुंचे पाकिस्तानी हिंदुओं के एक समूह ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात कर अपनी परेशानियां बताई और मदद की गुहार लगाई है.
जिसके बाद डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने उन्हें यह आश्वासन दिया है कि वे इन्हें आम पाकिस्तानी नागरिक नहीं, बल्कि “पाकिस्तान पीड़ित” मानते हैं और केंद्र सरकार से इनके स्थायी समाधान के लिए बात करेंगे. डिप्टी सीएम शर्मा ने कहा कि सिंध से आए लोगों की आपबीती से पाकिस्तान में हिंदुओं की कठिन स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है. इन पीड़ितों में शामिल सुखदेव लुंद, जो सिंध के घोटकी जिले के खानपुर के निवासी हैं, ने साफ कहा कि “हम लौटकर पाकिस्तान नहीं जाएंगे.” सुखदेव 45 दिन के विजिटर वीजा पर रायपुर के शदाणी दरबार पहुंचे हैं और उनके साथ परिवार के अलावा 24 लोगों का समूह भी है.

panchayattantra24.-रायपुर। CM साय ने डोंगरगढ़ रोपवे हादसे पर चिंता जताई है, उन्होंने कहा, डोंगरगढ़ में रोपवे हादसे का समाचार मिला है। रोपवे में वरिष्ठ भाजपा नेता रामसेवक पैकरा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा समेत अनेक लोग सवार थे। हादसे में भरत वर्मा आंशिक रूप से घायल हुए हैं। शेष सभी कुशल हैं। भरत वर्मा के भी शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ। बता दें कि डोंगरगढ़ के मां बम्लेश्वरी पहाड़ पर स्थित रोपवे में एक बड़ा हादसा हुआ जब एक ट्राली रोप से टूटकर नीचे गिर गई। इस हादसे में बीजेपी नेता रामसेवक पैकरा बाल-बाल बच गए जबकि बीजेपी प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा को गंभीर चोटें आई हैं। घटना उस समय हुई जब रोपवे की ट्राली अचानक टूट गई और नीचे गिरने लगी। इस हादसे के दौरान ट्राली में बीजेपी नेता रामसेवक पैकरा और भरत वर्मा सवार थे। जहां रामसेवक पैकरा इस दुर्घटना से बच गए वहीं भरत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल भरत वर्मा को राजनांदगांव अस्पताल रेफर किया जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल में उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

panchayattantra24.-रायपुर। विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के बगीचा में महाकुल यादव समाज सेवा समिति द्वारा आयोजित श्री हरि अखंड संकीर्तन नाम यज्ञ (चौबीस प्रहरी) कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने पूजा स्थल पर राधा-कृष्ण, चैतन्य महाप्रभु और गौरांग स्वामी की विधिवत पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री साय ने श्रद्धाभाव से मंत्र जाप करते हुए पूजा स्थल की परिक्रमा भी की। वृंदावन भवन विस्तार के लिए 50 लाख और इंडोर स्टेडियम हेतु 2.75 करोड़ की स्वीकृति
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने महाकुल यादव समाज के वृंदावन भवन के विस्तार के लिए 50 लाख रुपए की घोषणा की। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि बगीचा में इंडोर स्टेडियम निर्माण के लिए पूर्व घोषित 2 करोड़ 75 लाख रुपए की राशि शासन द्वारा स्वीकृत कर दी गई है। इसके अतिरिक्त, बगीचा नगर पंचायत क्षेत्र में मंगल भवन निर्माण के लिए भी एक करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि इन दोनों निर्माण कार्यों को शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
यादव समाज: सनातन संस्कृति और गौवंश का रक्षक मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि महाकुल यादव समाज सनातन संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। यादव समाज हमेशा से गौवंश का संरक्षक और पालक रहा है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए शासन द्वारा राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के सहयोग से बीपीएल परिवारों को उच्च नस्ल की दुधारू गायों के वितरण की योजना बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दी गई अधिकांश गारंटियों को राज्य सरकार ने अल्प समय में पूरा किया है। सरकार बनने के तुरंत बाद, पहली कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवासों की स्वीकृति दी गई। अब पात्रता का दायरा बढ़ाकर ‘आवास प्लस 2.0’ योजना में दुपहिया वाहन धारकों, 15 हजार से अधिक मासिक आय वालों तथा सीमित भूमि धारकों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि 30 अप्रैल तक चलाए जा रहे महाअभियान में सर्वे कराकर अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को प्रति माह 1,000 रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। तेंदूपत्ता संग्रहकों के लिए प्रति मानक बोरा दर बढ़ाकर 5,500 रुपये कर दी गई है। रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के माध्यम से तीर्थ स्थलों के दर्शन की सुविधा दी जा रही है।पीएससी घोटाले में दोषियों को जेल भेजने की कार्रवाई आरंभ कर दी गई है। राष्ट्रीय पंचायत दिवस के अवसर पर राज्य के 146 विकासखंडों के 10-10 ग्रामों में सीएससी और चॉइस सेंटरों के माध्यम से ग्राम स्तर पर धन निकासी की सुविधा शुरू की गई है, जिसे शीघ्र पूरे प्रदेश में विस्तारित किया जाएगा।
नक्सल उन्मूलन, पर्यटन और औद्योगिक विकास की दिशा में ठोस पहल मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह की घोषणा के अनुरूप 31 मार्च 2026 तक राज्य को नक्सलवाद से मुक्त करने हेतु वृहद अभियान चलाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया गया है। नवीन औद्योगिक नीति के तहत प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे अनेक बड़े निवेशक राज्य में कारखाने स्थापित कर रहे हैं। साथ ही, वनोत्पादों के प्रसंस्करण और मूल्यवर्धन के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान की जा रही है। ज्ञातव्य है कि महाकुल यादव समाज सेवा समिति द्वारा आयोजित श्री हरि अखंड संकीर्तन नाम यज्ञ का यह तीसरा वर्ष है। 22 अप्रैल से चल रहे इस भक्ति आयोजन का पूर्णाहुति समारोह 26 अप्रैल को संपन्न होगा।

panchayattantra24.- रायपुर। जम्मू कश्मीर में हुए आतंकी हमले में रायपुर के कारोबारी दिनेश मिरानिया की मौत हो गई। मिरानिया परिवार मूल रूप से ओडिशा के बलांगीर जिले के लाठौर के निवासी है। इस घटना के बाद ओडिसा के डिप्टी सीएम और सांसद ने दिनेश की पत्नी नेहा मिरानिया से फोन पर बातचीत की। वर्दी को देखकर दिनेश मिरानिया की बेटी डर रही है। इस बातचीत के दौरान नेहा भावुक दिखाई दीं। उन्होंने डिप्टी सीएम से कहा कि, दोबारा ऐसी घटनाएं न हो इसके लिए सरकार पुख्ता इंतजाम करें। अगर वहां सुरक्षा के इंतजाम होते तो दिनेश हमारे साथ होते। नेताओं ने भी परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
दरअसल, स्टील कारोबारी दिनेश मिरानिया का पूरा परिवार कारोबार की वजह से कई सालों पहले रायपुर आकर बस गया था। हालांकि ओडिशा में आज भी उनके पारिवारिक और व्यापारिक संबंध है। जिस वजह से ओडिशा के डिप्टी सीएम कनक वर्धन सिंह देव और बलांगीर सांसद संगीता देव ने फोन पर परिजनों से बात की। बातचीत के दौरान दिनेश की पत्नी नेहा ने कहा कि सुरक्षा में चूक होने की वजह से यह घटना हुई है। उन्होंने कहा कि वहां पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते तो आज दिनेश हमारे बीच रहते। सरकार को टूरिस्ट इलाकों पर सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम करना चाहिए। जिससे कि कोई परिवार दोबारा न बिखरे। आतंकवादी किसी और को शिकार न बनाएं।

panchayattantra24.-रायपुर। राजधानी नवा रायपुर से एक प्रेरणादायक और सुखद खबर सामने आई है। नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण, जिसे पहले एनआरडीए के नाम से जाना जाता था, अब पूरी तरह से कर्जमुक्त हो गया है। प्राधिकरण ने 1788 करोड़ रुपये का सारा कर्ज़ चुका दिया है, जो कि भारत सरकार और कई राष्ट्रीयकृत बैंकों से लिया गया था। साथ ही 100 करोड़ रुपये की सरकारी गारंटी भी अब राज्य सरकार को लौटा दी है। इस उपलब्धि का श्रेय छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की नीतियों, वित्तीय अनुशासन और पारदर्शी प्रशासन को जाता है। यह कदम नवा रायपुर को अधोसंरचना विकास और नई परियोजनाओं के क्रियान्वयन में मददगार होगा।
नवा रायपुर, छत्तीसगढ़ की आधुनिक और नियोजित राजधानी, के विकास के लिए बड़े पैमाने पर कर्ज लिया गया था। यह कर्ज भूमि अधिग्रहण, सड़कों, शासकीय भवनों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे हिदायतुल्लाह विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए था। हालांकि, कर्ज के बोझ और ब्याज भुगतान ने प्राधिकरण के नगदी प्रवाह को प्रभावित किया था। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने वित्तीय स्वावलंबन पर जोर देते हुए ऐसी नीतियाँ लागू कीं, जिन्होंने प्राधिकरण की आय बढ़ाई और कर्ज से छुटकारा दिलाने का मार्ग प्रशस्त किया।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नवा रायपुर अटल नगर का ऋणमुक्त होना एक सुखद संकेत है। हमारी सरकार ने वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और रणनीतिक नियोजन के माध्यम से यह सुनिश्चित किया कि प्राधिकरण न केवल कर्ज से मुक्त हो, बल्कि आत्मनिर्भर बनकर विकास की नई ऊँचाइयों को छूए। यह उपलब्धि नवा रायपुर को एक आधुनिक, रोजगारोन्मुखी और सुविधायुक्त शहर बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
छत्तीसगढ़ सरकार की नीतियों ने प्राधिकरण की संपत्तियों के व्यावसायिक उपयोग को बढ़ावा दिया। मेडिसिटी, फार्मास्यूटिकल पार्क, देश की विख्यात पॉलिमैटेक कंपनी के सेमीकंडक्टर प्लांट का भूमिपूजन और राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान की स्थापना की पहल जैसे प्रोजेक्ट्स ने निजी निवेश को आकर्षित किया। छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2024-25 के तृतीय अनुपूरक बजट में नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के लिए 1043 करोड़ रूपए का प्रावधान और औद्योगिक क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त धन आवंटन ने आय के स्रोतों को मजबूत किया। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ बकाया कर, ब्याज एवं शास्ति के निपटान (संशोधन) अध्यादेश-2025 के तहत व्यापारियों को राहत ने आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया, जिसका अप्रत्यक्ष लाभ नवा रायपुर विकास प्राधिकरण को मिला है।
ऋणमुक्ति के साथ, प्राधिकरण की सभी संपत्तियाँ अब बंधनमुक्त हो गयी है, जिससे उनका उपयोग और क्रय-विक्रय आसान होगा। इससे नगदी प्रवाह बेहतर होगा और अधोसंरचना, सार्वजनिक सेवाओं और नई परियोजनाओं को तेजी से लागू किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम नवा रायपुर को मेडिकल टूरिज्म और औद्योगिक विकास का केंद्र बनाएगा। नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण की यह उपलब्धि वित्तीय अनुशासन और रणनीतिक नियोजन का एक अनुकरणीय उदाहरण है। यह देश के अन्य शहरी विकास प्राधिकरणों के लिए अनुकरणीय है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारा लक्ष्य नवा रायपुर को न केवल छत्तीसगढ़ की गौरवशाली राजधानी बनाना है, बल्कि इसे देश के लिए एक मॉडल शहर के रूप में स्थापित करना है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी का कहना है कि नवा रायपुर छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का नया ग्रोथ इंजन बनने जा रहा है। आज नवा रायपुर में आरबीआई, नाबार्ड सहित अन्य बैंकों और एनटीपीसी के क्षेत्रीय कार्यालय, बालको कैंसर अस्पताल, सत्य साईं अस्पताल जैसे अनेक संस्थाओं का पदार्पण हो चुका है। नवा रायपुर आईटी के क्षेत्र में भी एक बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है। अब यहां पर सेमीकंडक्टर, डाटा सेंटर क्षेत्र से संबधित उद्योग भी लगने जा रहे हैं ।
नवा रायपुर में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल सुविधा प्रदान करने हेतु लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में मेडिसिटी विकसित करने की योजना है। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2025-26 के बजट में लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में एडुसिटी विकसित करने के लिए भी बजट प्रावधान किया है। यहां पर देश का तीसरा सबसे बड़ा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम है। नवा रायपुर के बढ़ते विकास को देखते हुए इंटिग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कंट्रोल सेंटर के उन्नयन, संचालन एवं संधारण कार्य हेतु 40 करोड़ का प्रावधान किया गया है। विकसित भारत आईकोनिक डेस्टिनेशन निर्माण हेतु 20 करोड़, ई-बसों सेवाओं के लिए 10 करोड़, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट हेतु 20 करोड़, साईंस सिटी की स्थापना हेतु 37 करोड़ तथा पुस्तकालय के निर्माण हेतु 20 करोड़ का प्रावधान किया गया है। प्लग एंड प्ले ऑफिस स्पेस विकसित किए जाने के लिए 156 करोड़ की लागत से कमर्शियल ऑफिस कॉम्प्लेक्स के निर्माण प्रावधानित है। सीबीडी कमर्शियल टॉवर में 2000 आईटी रोजगार हेतु जगह का आबंटन टेली परफार्मेंस, स्क्वायर बिजनेस, सीएसएम कंपनियों को किया है। नवा रायपुर में एसडीएम एवं नवीन तहसील कार्यालय की स्थापना के लिए भी बजट प्रावधान है।