Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर
रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव नया रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा संघ के सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि काम करने का जितना अवसर मिलेगा, उतनी ही आपकी प्रतिभा और क्षमता निखरेगी। यह आगे बढ़ने का पहला सूत्र है। उन्होंने कहा कि आप लोग जिन प्रतिष्ठित पदों पर काम कर रहे हैं, उन पदों पर काम करने का मौका कम लोगों को मिलता है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सम्मेलन में अधिकारियों से कहा कि शासन द्वारा सौंपे गए दायित्वों को पूरी ऊर्जा, शिद्दत और उत्साह के साथ पूर्ण करें। आनंद के साथ काम करने से आपको काम आसान भी लगेगा। उन्होंने सुव्यवस्थित और सुनियोजित दिनचर्या अपनाकर व्यावसायिक व व्यक्तिगत जीवन में संतुलन बनाने के साथ ही काम के दौरान उत्साह और प्रसन्नता बनाए रखने को कहा।
उप मुख्यमंत्री साव ने सम्मेलन में अधिकारियों से कहा कि आप लोगों को छत्तीसगढ़ और यहां के लोगों की सेवा का मौका मिला है। अपनी जिम्मेदारियों का पूरी क्षमता से निर्वहन कर राज्य के विकास में और यहां के लोगों के कल्याण में आप लोग महती योगदान दे सकते हैं। उन्होंने लोगों से अच्छा व्यवहार और अच्छी बातचीत रखने को कहा। इससे अच्छा काम करने में मदद मिलती है। राज्य प्रशासनिक सेवा संघ के सम्मेलन में लल्लन टॉप के संस्थापक मशहूर पत्रकार सौरभ द्विवेदी, छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा संघ के अध्यक्ष आशुतोष पांडेय और सचिव संदीप अग्रवाल सहित संघ के अनेक पदाधिकारी और सदस्य सपरिवार मौजूद थे।
धमतरी। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोटियाडीह चौक के पास शनिवार को दोपहर में दिनदहाड़े नकाबपोश लुटेरों ने फिल्मी स्टाइल में एक कार सवार को कट्टा दिखाकर 20 लाख रुपए लूट लिए और फरार हो गए। तीनों आरोपी स्कॉर्पियों में सवार थे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी स्कॉर्पियों से रायपुर की तरफ भागे थे। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। धमतरी क्राइम ब्रांच तुरंत आरोपियों की तलाश में रायपुर के लिए रवाना हुई।
इधर घटना का पाइंट रायपुर क्राइम ब्रांच को भी मिल गया था, जिसके बाद धमतरी और रायपुर क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने स्कॉर्पियों की लोकेशन पता करते हुए उसका पीछा किया। पुलिस को सूचना मिली कि गाड़ी राजनांदगांव की ओर जा रही है। इसके बाद पुलिस ने राजनांदगांव पुलिस को भी इसकी सूचना दी। इस तरह देर शाम को पुलिस ने स्कॉर्पियों को राजनांदगांव के पास घेराबंदी कर पकड़ा। स्कॉर्पियों में तीन नकाबपोश सवार थे, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि राजनांदगांव पुलिस इस मामले का रविवार को प्रेस कांफ्रेंस में खुलासा करेगी।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, जिस व्यक्ति से लूटपाट हुई है उसका नाम पुरुषोत्तम साहू बताया जा रहा है, जो राजनांदगांव का व्यापारी है। वह अपनी कार सीजी-08, एयू 4942 से धमतरी में एक व्यापारी को पैसे देने जा रहा था। दोपहर करीब 2 से ढाई बजे के आसपास जैसे ही उसकी कार ग्राम पोटियाडीह चौक के पास पहुंची, तभी अज्ञात स्कॉर्पियो वाहन ने कार को पीछे से ठोकर मार दी। टक्कर लगने के बाद जैसे ही व्यापारी ने कार रोकी, स्कॉर्पियों में सवार ही व्यापारी ने कार रोकी, स्कॉर्पियों में सवार नकाबपोश लुटेरों ने नीचे उतरकर व्यापारी की कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान एक आरोपी ने कट्टा दिखाकर उसके पास रखे नकद 20 लाख रुपए लूट लिए। इसके बाद तीनों आरोपी अपनी गाड़ी से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस को पता चला कि आरोपी कार से रायपुर की ओर भागे हैं। इधर रायपुर क्राइम ब्रांच को भी इसकी सूचना मिली, जिसके बाद दोनों जिलों के क्राइम ब्रांच की टीम स्कॉर्पियों का पता लगाते हुए उसकी लोकेशन का पता किया।
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 24 मार्च को छत्तीसगढ़ के एकदिवसीय दौरे में राजधानी रायपुर पहुंचेंगी और छत्तीसगढ़ विधानसभा के रजत जयंती समारोह में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 24 मार्च को प्रातः 10.35 बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल रायपुर पहुंचेंगी और सीधे छत्तीसगढ़ विधानसभा के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति मुर्मु प्रातः 11.15 बजे से छत्तीसगढ़ विधानसभा के रजत जयंती समारोह में शामिल होंगी। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित विधानसभा के सदस्यगण उपस्थित रहेंगे।
*मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल के निवास पहुंचकर की उनसे मुलाकात*
*मुख्यमंत्री से शुक्ल ने अपने बचपन के नांदगांव की स्मृतियां की साझा*
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज वरिष्ठ साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल के रायपुर स्थित निवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने शुक्ल को ज्ञानपीठ सम्मान की घोषणा पर उन्हें हार्दिक बधाई दी। मुख्यमंत्री ने विनोद कुमार शुक्ल से कहा कि आपने छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों की तरफ से शुक्ल का सम्मान करते हुए उन्हें शॉल-श्रीफल तथा बस्तर आर्ट का प्रतीक चिन्ह नंदी भेंट किया।
मुख्यमंत्री साय ने विनोद कुमार शुक्ल से कहा कि साहित्य के क्षेत्र में आपके विशिष्ट योगदान पर आपको देश का सबसे प्रतिष्ठित ज्ञानपीठ सम्मान दिए जाने की घोषणा से पूरा प्रदेश गौरवान्वित अनुभव कर रहा है। यह मेरा सौभाग्य है कि आज खुशी के इस पल में आपसे भेंट करने का मुझे अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने विनोद कुमार शुक्ल का कुशल क्षेम पूछते हुए उनके स्वास्थ्य के विषय में जानकारी ली। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आप राजनांदगांव के रहने वाले हैं। राजनांदगांव छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी है। वहां गजानन माधव मुक्तिबोध, डॉ॰ पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी और बलदेव प्रसाद मिश्र जैसे साहित्यकारों ने अपनी साहित्य साधना की है।
मुख्यमंत्री द्वारा राजनांदगांव का जिक्र किये जाने पर श्री शुक्ल ने अपने बचपन के नांदगांव की स्मृतियां उनके साथ साझा की। श्री शुक्ल ने कहा कि मेरा जन्म राजनांदगांव में हुआ। बचपन का वह नांदगांव आज भी मेरे मन पर छाया हुआ है। मैं आज भी वहां जाता हूँ तो उसी नांदगांव को ढूंढने की कोशिश करता हूं। मगर अब समय के साथ काफी बदलाव आ गया है।
मुख्यमंत्री ने विनोद कुमार शुक्ल के परिवारजनों से भी मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री पंकज झा, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी श्री आलोक सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री पी दयानन्द, जनसंपर्क आयुक्त श्री रवि मित्तल, रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री प्रफुल्ल ठाकुर तथा श्री विनोद कुमार शुक्ल के परिवारजन सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।
रायपुर । छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के अति सुदूर गांव तिमेनार में मुख्यमंत्री मजरा-टोला विद्युतीकरण योजना के तहत आजादी के 77 वर्षों बाद पहली बार बिजली पहुंची। यह ऐतिहासिक उपलब्धि माओवादी आतंक के अंधकार को चीरकर विकास, अमन और शांति के नए सबेरे की ओर कदम बढ़ाने का प्रतीक है।
तिमेनार में अब भय की जगह उजाला और आतंक की जगह उम्मीद ने ले ली है। गांव के 53 घरों में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा कर लिया गया है, जिससे पूरे गांव में हर्ष और उल्लास का माहौल है।
*विकास की रोशनी से दूर हो रहा भय और असुरक्षा*
भैरमगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत बेचापाल के आश्रित गांव तिमेनार के निवासियों ने पीढ़ियों तक बिजली की रोशनी नहीं देखी थी। अब, जब शासन-प्रशासन ने इन दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंच बनाकर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना शुरू किया है, तो ग्रामीणों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का सपना साकार हो रहा है।
*ग्रामीणों की जुबानी – “अब डर नहीं लगता, खुशियों का उजियारा छाया है!”*
गांव के निवासी मशराम, पंडरु कुंजाम, मंगली और प्रमिला वेको ने बताया कि गांव में पहली बार बिजली पहुंची है, अब रात के अंधेरे से डर नहीं लगता। जंगली जानवरों, सांप-बिच्छू के भय से भी मुक्ति मिली है। बच्चों की पढ़ाई लिखाई आसान हो गई है, और अब हम भी विकास की दौड़ में शामिल हो रहे हैं।”
ग्रामीणों का कहना है कि अब न केवल आतंक और भय का माहौल समाप्त हो रहा है, बल्कि जीवन की गुणवत्ता भी सुधर रही है।
*मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता – “हर गांव में विकास की किरण पहुंचेगी”*
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सरकार प्रदेश के हर मजरा-टोला को विद्युतीकरण से जोड़ने और नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास की धारा प्रवाहित करने के लिए संकल्पबद्ध है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जहां कल तक नक्सली आतंक का साया था, वहां आज विकास की किरणें फैल रही हैं। यह परिवर्तन ही असली जीत है । तिमेनार में हुआ विद्युतीकरण बस्तर के दूरस्थ अंचलों में सुशासन और विकास के नए युग की शुरुआत का संकेत है। अब यह क्षेत्र माओवाद के डर से मुक्त होकर समृद्धि और उजाले की ओर अग्रसर हो रहा है।
*गांवों में हो रहा बुनियादी सुविधाओं का विस्तार*
तिमेनार में विद्युतीकरण के साथ-साथ सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार भी हो रहा है।
तिमेनार अब सिर्फ एक गांव नहीं, बल्कि बस्तर के बदलाव की जीवंत मिसाल बन गया है। जहाँ कभी अंधकार और आतंक का बोलबाला था, वहीं अब बिजली की रोशनी, बच्चों की मुस्कान और विकास की रफ्तार है। यह परिवर्तन केवल एक योजना की सफलता नहीं, बल्कि राज्य सरकार की प्रतिबद्धता, प्रशासन की सक्रियता और जनता के विश्वास का प्रतिफल है। तिमेनार में सुशासन से हो रहे बदलाव की यह यात्रा बताती है कि जब इरादे मजबूत हों और नीति जन-केंद्रित हो, तो कोई भी दुर्गमता विकास के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती।



