Browsing: रायपुर

panchayattantra24.-रायपुर/दिल्ली। ओलंपियन उदयन माने सहित प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) के कुछ शीर्ष खिलाड़ी छत्तीसगढ़ ओपन गोल्फ चैंपियनशिप में भाग लेंगे। यह राज्य में पहला पीजीटीआई इवेंट है, जिसमें 1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि है। यह 25 से 28 फरवरी तक नया रायपुर के फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिसॉर्ट में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में 123 प्रोफेशनल और तीन एमेच्योर सहित 126 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। यह इवेंट स्ट्रोक-प्ले फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसमें 18 होल के चार राउंड होंगे। दो राउंड के बाद शीर्ष 50 खिलाड़ी और टाई कट में जगह बनाएंगे। 
 पीजीटीआई ने सोमवार को यहां घोषणा की कि कोर्स का पार 69 है। टूर्नामेंट में दिग्गजों से सजे खिलाड़ियों में प्रमुख भारतीय पेशेवर खिलाड़ी ओम प्रकाश चौहान, राशिद खान, मनु गंडास, अमन राज और चिक्कारंगप्पा एस शामिल हैं। टूर्नामेंट में सात अलग-अलग देशों के 13 विदेशी खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। विदेशी खिलाड़ियों में बांग्लादेशी जमाल हुसैन, बादल हुसैन, मोहम्मद अकबर हुसैन और मोहम्मद सोमरत सिकदर, श्रीलंकाई एन. थंगाराजा और के. प्रबागरन, अमेरिकी कोइचिरो सातो और डोमिनिक पिकिरिलो, नेपाल के सुकरा बहादुर राय और सुभाष तमांग, चेक गणराज्य के स्टीफन दानेक, इटली के फेडेरिको जुचेट्टी और युगांडा के जोशुआ सील शामिल हैं।
फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिसॉर्ट, नया रायपुर, 450 एकड़ की झांझ झील के किनारे स्थित है और लगभग 500 एकड़ के जंगल से घिरा हुआ है। पीजीटीआई ने अब तक भारत भर में 16 राज्यों, दो केंद्र शासित प्रदेशों और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित किए हैं। एसईसीएल छत्तीसगढ़ ओपन गोल्फ चैंपियनशिप के आयोजन के साथ, पीजीटीआई छत्तीसगढ़ राज्य में अपना पहला कदम रख रहा है, इस प्रकार देश में अपने भौगोलिक पदचिह्न को 17 राज्यों तक विस्तारित कर रहा है। 
 सगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साओ ने आगामी छत्तीसगढ़ ओपन गोल्फ चैंपियनशिप के बारे में अपनी खुशी व्यक्त की, जो राज्य में पहली बार पेशेवर गोल्फ इवेंट है। इस आयोजन के लिए अपने दृष्टिकोण और क्षेत्र के लिए इसके महत्व को साझा करते हुए, अरुण साओ ने कहा, “पीजीटीआई के सहयोग से छत्तीसगढ़ में पहली बार पेशेवर गोल्फ इवेंट के आयोजन का समर्थन करते हुए मुझे खुशी हो रही है। उद्घाटन छत्तीसगढ़ ओपन गोल्फ चैंपियनशिप राज्य को एक आकर्षक गोल्फिंग गंतव्य के रूप में बढ़ावा देने और इसे अंतरराष्ट्रीय गोल्फिंग मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह आयोजन न केवल भारत और विदेशों से अग्रणी पेशेवरों को छत्तीसगढ़ लाएगा, बल्कि राज्य के उभरते गोल्फरों को बड़े सपने देखने और ऊंचे लक्ष्य रखने के लिए प्रेरित भी करेगा।”
पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव ने कहा, “हम पीजीटीआई में पहली बार छत्तीसगढ़ का दौरा करके नए क्षेत्र की खोज करने को लेकर बहुत उत्साहित हैं, जिससे देश भर में पीजीटीआई का आधार बढ़ रहा है। यह हमारे भारतीय पेशेवरों के लिए अधिकतम खेल के अवसर पैदा करने के पीजीटीआई के मुख्य उद्देश्य के अनुरूप है।” पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप जोहल ने कहा, “एसईसीएल छत्तीसगढ़ ओपन का आयोजन पीजीटीआई के लिए एक बड़ा मील का पत्थर है, क्योंकि हम पहली बार छत्तीसगढ़ को अपने कार्यक्रम में जोड़कर अपने भौगोलिक आधार का विस्तार कर रहे हैं। पेशेवर पहली बार बेहतरीन फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिसॉर्ट में खेलने की चुनौती लेने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।”
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारी कुछ नेताओं को समन देने पहुंची। जानकारी के मुताबिक मामला पूर्व मंत्री कवासी लखमा और शराब घोटाले से जुड़ा हुआ है। सुकमा में बने कांग्रेस कार्यालय के मामले में जांच के लिए टीम पहुंची थी। ED की टीम PCC महामंत्री मलकीत सिंह गैदू को समन जारी किया है। ED के 4 अधिकारी सुरक्षा बलों के साथ पहुंचे थे। गौरतलब है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए शराब घोटाले की जांच ED की टीम कर रही है। गैदू ने कहा कि उन्होंने समन रिसीव कर लिया है। सुकमा-कोंटा में भवन के संबंध में 4 तथ्यों में जवाब मांगा गया है। 27 फरवरी को जवाब पेश करना है। हमारे वरिष्ठ नेताओं और अधिवक्ताओं से बातचीत कर इसका जवाब देंगे। ED ने लखमा को 15 जनवरी को गिरफ्तार किया था। ED ने रिमांड पर उनसे 7 दिन पूछताछ की। इसके बाद 21 जनवरी से 4 फरवरी तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। ED की विशेष अदालत 2 बार उनकी रिमांड बढ़ा चुकी है। लखमा 4 मार्च तक न्यायिक रिमांड पर जेल में हैं।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापे के बाद सियासत गरमा गई है. नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने कहा कि ईडी के पास कोई सबूत नहीं है, सिर्फ नेताओं को परेशान करने का काम है. इस पर पलटवार करते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ईडी अपनी कार्रवाई कर रही है. जो भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं, सबको जेल जाना चाहिए. नेता-प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने राजीव भवन में ईडी के छापे पर मीडिया से चर्चा में कहा कि सालभर से छापा ही छापा पड़ रहा है. ईडी के पास कोई सबूत नहीं है, सिर्फ नेताओं को परेशान करने का काम है, यह हमारे लिए दुख के विषय हैं. लोकतंत्र में ऐसी बात नहीं होनी चाहिए, इसकी निंदा करते हैं. वहीं नेता प्रतिपक्ष के सालभर से छापा पड़ने के आरोपों पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि उन्होंने जितना नोट छापा है, उसके विरुद्ध ये छापा है. शराब घोटाला छत्तीसगढ़ के बच्चे-बच्चे जानते हैं. ईडी का छापा वहां पड़ा है, जहां भ्रष्टाचार का पैसा लगा है. कोई व्यक्ति बड़ा है, तो उसके सामने कानून छोटा नहीं होता.
 

 panchayattantra24.-रायपुर। CM विष्णुदेव साय ने कहा, देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को विनम्र श्रद्धांजलि ! मेरा सौभाग्य था कि सांसद रहते हुए मैंने डॉ. मनमोहन सिंह जी से बहुत कुछ सीखा। राज्यसभा में उनके कार्यकाल की समाप्ति पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने उनके लिए जो बातें कही, वो आज भी स्मरणीय है। डॉ. सिंह ने व्हील चेयर में बैठकर भी एक बिल पर मतदान किया था, यह इसका उदाहरण है कि एक सांसद अपने दायित्वों के प्रति कितना सजग है, वे लोकतंत्र को ताकत देने सदन में पहुंचे थे। 
 असाधारण विद्वान, सरल और सहज डॉ. मनमोहन सिंह जी ने सार्वजनिक जीवन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई। रिजर्व बैंक में गवर्नर, केंद्र सरकार में वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के पद को उन्होंने सुशोभित किया। हमारे प्रदेश की बहुत सुंदर स्मृतियां डॉ. मनमोहन सिंह जी के साथ जुड़ी हैं। उनका जीवन हम सभी के लिए सदैव प्रेरक रहेगा। डॉ. मनमोहन सिंह जी को पुनः विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ, उनके शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ।
 

रायपुर । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 10 वीं एवं 12 वीं के स्पोर्ट्स स्टूडेंट्स को बोर्ड परीक्षा में 10 से 20 तक बोनस अंक दिए जाएंगे। 

एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, साक्षरता कार्यक्रम के स्वयंसेवक एवं अन्य चयनित गतिविधियों में शामिल छात्रों को भी बोनस अंक का लाभ मिलेगा। 

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव पुष्पा साहू ने इसके लिए शिक्षा विभाग को पत्र भेजकर खिलाड़ियों की सूची मांगी है। राज्य स्तरीय खेलों में भाग लेने वाले छात्रों को 10 अंक, राष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी करने वालों को 15 अंक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को 20 अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे।

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने जिला शिक्षा अधिकारियों और शिक्षा विभाग के अफसरों को निर्देशित किया है कि अपने क्षेत्र के स्कूलों से पात्र छात्रों की सूची निर्धारित समय तक माध्यमिक शिक्षा मंडल कार्यालय भेजें, ताकि परीक्षा के दौरान बोनस अंक जोड़ने की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।

छ त्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने सत्र 2024-25 की बोर्ड परीक्षाओं में छात्रों को खेल और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बोनस अंक देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए सभी स्कूलों से पात्र विद्यार्थियों की सूची 25 मार्च 2025 तक मांगी गई है।

इस योजना के तहत केवल भारतीय ओलंपिक संघ, युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और अन्य मान्यता प्राप्त संस्थाओं द्वारा प्रमाणित प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्र ही पात्र होंगे। इसके अलावा, एनसीसी के आरडी परेड, वायु सैनिक, नौसेना और थल सेना कैंप में भाग लेने वाले कैडेट्स को भी अंक दिए जाएंगे। इस निर्णय का उद्देश्य छात्रों को खेलों और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना है।

रायपुर 24 फरवरी 2025/ छत्तीसगढ़ के ठंडे क्षेत्रों में स्ट्राबेरी की खेती लोकप्रिय होे रही है। अपने लजीज स्वाद और मेडिसिनल वेल्यू के कारण यह बड़े स्वाद के खाया जाता है। राज्य के जशपुर, अंबिकापुर, बलरामपुर क्षेत्र में कई किसान इसकी खेती कर रहे हैं। स्ट्राबेरी की अभी स्थानीय स्तर पर ही खपत हो रही है। इसकी खेती से मिलने वाले लाभ के कारण लगातार किसान आकर्षित हो रहे हैं। एक एकड़ खेत में इसकी खेती 3 से 4 लाख की आमदनी ली जा सकती है। 

जशपुर जिले में 25 किसानों ने 6 एकड़ में स्ट्राबेरी की खेती की की शुरूआत की थी, अब 33 किसान 42 एकड़ में स्ट्रॉबेरी की खेती कर रहे हैं। जशपुर में विंटर डान प्रजाति की स्ट्राबेरी के पौधे लगाए गए हैं। इन किसानों को उद्यानिकी विभाग की योजना राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत तकनीकी मार्गदर्शन और अन्य सहायता मिल रही है। किसानों का कहना है कि छत्तीसगढ़ में होने वाली स्ट्राबेरी की गुणवत्ता अच्छी है और साथ ही स्थानीय स्तर पर उत्पादन होने के कारण व्यापारियों को ताजे फल मिल रहे हैं। जिसके कारण उन्हें अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। नाबार्ड के एफएसपीएफ योजना के तहत रीड्स संस्था द्वारा बगीचा विकासखंड के ग्राम सन्ना, अकरीकाना, लोरो, कोपा, लरंगा और मैना गांव का चयन स्ट्रॉबेरी की खेती करवाई थी। साल 2023 में उत्पादन भी बेहतर हुआ था और उच्च क्वालिटी के स्ट्रॉबेरी निकले थे। इसे देखते हुए साल 2024 में उद्यान विभाग द्वारा किसानों को किसानों को स्ट्रॉबेरी के उत्पादन से जोड़ा गया और किसानों को विभाग द्वारा सहयोग भी दिया गया है। किसान रीड्स संस्था की देखरेख में लगभग 60 किसान स्ट्रॉबेरी की खेती कर रहे हैं।

*धान के मुकाबले 8 से 9 गुना फायदा* 

स्ट्राबेरी की खेती धान के मुकाबले कई गुना फायदे का सौदा है। जहां धान की खेती के लिए मिट्टी का उपजाऊपन के साथ साथ ज्यादा पानी और तापमान की जरूरत होती है वहीं स्ट्राबेरी के लिए सामान्य भूमि और सामान्य सिंचाई में भी यह लगाया जा सकता है। धान की खेती में जहां देख-रेख की ज्यादा जरूरत पड़ती है वहीं स्ट्राबेरी के लिए देख-रेख की कम जरूरत पड़ी है, सिर्फ इसके लिए ठंडे मौसम की जरूरत होती है। जहां धान से एक एकड़ में करीब 50 हजार की आमदनी ली जा सकती है वहीं स्ट्राबेरी की खेती में 3 से 4 लाख की आमदनी हो सकती है। इस प्रकार धान से 8-9 गुना आमदनी मिलती है। स्ट्राबेरी की खेती छत्तीसगढ़ के ठंडे क्षेत्रों में ली जा सकती है। इसके लिए राज्य के अंबिकापुर, कोरिया, बलरामपुर, सूरजपुर जशपुर का क्षेत्र उपयुक्त है। 

*जमीन का उपजाऊ होना आवश्यक नहीं* 

जशपुर के किसान श्री धनेश्वर राम ने बताया कि पहले उनके पास कुछ जमीन थी जो अधिक उपजाऊ नहीं थी वह बंजर जैसी थी। मुश्किल से कुछ मात्रा में धान की फसल हो पाती थी। जब उन्हें विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन मिलने पर फलंों की खेती प्रारंभ की। नाबार्ड संस्था से सहयोग भी मिला।

 रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बिहार के भागलपुर से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त जारी की। इसके तहत देश भर के 9.8 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 22,000 करोड़ रुपये अंतरित किए गए। इनमें छत्तीसगढ़ के 25 लाख 95 हजार 832 किसान शामिल हैं। इन किसानों खाते में 599 करोड़ 38 लाख रुपए की सम्मान निधि भेजी गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय भी पीएम किसान सम्मान निधि कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में किसान सम्मान निधि प्राप्त करने वाले किसानों को बधाई दी और उन्हें सम्मानित भी किया। 

 मुख्यमत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अन्नदाताओं का सम्मान माँ अन्नपूर्णा के सम्मान की तरह है। चौदह महीनों के अंतराल में हमने किसान भाइयों के खाते में करीब एक लाख करोड़ रुपए भेजा है। अन्नदाताओं को अच्छा मूल्य मिलने से उनके जीवन खुशहाली आयी है। किसान आधुनिक खेती की ओर बढ़ रहे हैं। किसानों की समृद्धि से ही मजबूत ग्रामीण विकास का आधार तैयार हुआ है और शहरी अर्थव्यवस्था भी इससे बेहतर हुई है। अन्नदाताओं के श्रम से मिली शक्ति और उत्साह से ही हम छत्तीसगढ़ को संवार रहे हैं। विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत बनाने में किसानों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में अब तक 9712 करोड़ 58 लाख रुपए की सम्मान निधि प्रदेश के किसानों को दी जा चुकी है। वर्ष 2023-24 की तुलना में 2 लाख 75 हजार से अधिक किसान भाइयों को इस योजना का लाभ मिला है। इस योजना का लाभ हमारे 2 लाख 34 हजार वन पट्टा धारी किसानों और 32 हजार 500 विशेष पिछड़ी जनजाति के किसानों को भी मिल रहा है। विशेष पिछड़ी जनजाति के किसान भाइयों को योजना का लाभ मिल सके, इसके लिए कृषि भूमि की अनिवार्यता को शिथिल किया गया। 

 मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों को मोदी जी ने 3100 रुपए प्रति क्विंटल तथा 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की गारंटी दी थी। हमारी सरकार ने यह वायदा निभाया है। साथ ही किसानों को दो साल का बकाया बोनस देने की गारंटी भी दी गई थी। शपथ ग्रहण के एक पखवाड़े के भीतर ही हमने 13 लाख किसानों के खाते में बोनस की 3716 करोड़ रुपए की राशि जारी कर दी थी। पिछली बार हमने 145 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी की। किसानों को दिये गये धान के मूल्य के साथ बोनस राशि शामिल कर लें तो पिछले खरीफ सीजन में किसान भाइयों के खाते में 49 हजार करोड़ रुपए भेजे गए। इस खरीफ सीजन में 149 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की रिकार्ड खरीदी हमने की। इस सीजन में विभिन्न योजनाओं से मिलने वाली राशि मिला लें तो लगभग 52 हजार करोड़ रुपए की राशि किसानों के खाते में हमने भेजी है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं। इसके लिए उनका जोर उद्यानिकी फसलों, फसल विविधीकरण तथा पशुपालन पर भी है। हम उद्यानिकी तथा फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने विशेष कार्य कर रहे हैं। साथ ही पशुपालन को प्रोत्साहन देते हुए दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए एनडीडीबी के साथ हमने एमओयू भी किया है। इससे दुग्ध क्रांति की दिशा में प्रदेश अग्रसर हो गया है। हमारी सरकार लगातार किसानों की आकांक्षाओं को पूरा कर रही है। दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत प्रदेश के 5 लाख 62 हजार भूमिहीन किसानों के खाते में दस-दस हजार रुपए की राशि भी हमने दी है। 

 

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम को कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य वनोषधि बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय कुलपति गिरिश चंदेल, कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार, कृषि विभाग के संचालक डॉ सारांश मित्तर सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

रायपुर, 24 फरवरी 2025/दक्षिण एशिया के सबसे बड़े ट्रैवल एक्सपो SATTE ( साउथ एशिया ट्रेवल एंड टूरिज्म एक्सपो) 2025 में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। 19 से 21 फरवरी 2025 तक आयोजित इस भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को प्रमोट करने के लिए एक विशेष स्टॉल लगाया गया, जिसने देशभर के टूर ऑपरेटर्स, निवेशकों और पर्यटकों का ध्यान आकर्षित किया।

एक्सपो के दौरान छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने विभिन्न राज्यों से आए पर्यटन विभाग के अधिकारियों और टूर ऑपरेटर्स से मुलाकात की। श्री आचार्य ने एक प्रेजेंटेशन के माध्यम से चित्रकोट जलप्रपात, बारनवापारा अभयारण्य, बस्तर की गुफाएं, सिरपुर, मैनपाट सहित राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास और निवेश के अवसरों पर भी प्रकाश डाला।

 विवेक आचार्य ने कहा, “छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार की पर्यटन नीतियां इसे एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में उभरने में मदद कर रही हैं।” उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पर्यटकों और निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल बनाने हेतु कई नई योजनाओं पर कार्य कर रही है।

SATTE 2025 में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड का स्टॉल एक्सपो के आकर्षण का केंद्र बना रहा, जहां बड़ी संख्या में टूर एंड ट्रैवल एजेंसियों, उद्योग विशेषज्ञों और पर्यटन प्रेमियों ने भाग लिया। एक्सपो में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों और संभावनाओं को लेकर उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली, जिससे यह साफ है कि राज्य जल्द ही देश के शीर्ष पर्यटन स्थलों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।

विभिन्न राज्यों के टूर ऑपरेटरर्स और ट्रेवेल एजेंटस ने SATTE ( साउथ एशिया ट्रेवल एंड टूरिज्म एक्सपो) के स्टाल में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के साथ अपना स्पॉट रजिस्ट्रेशन भी कराया ताकि टूरिज्म बोर्ड की नीतियों के तहत उन्हें टूरिज्म बुकिंग का लाभ मिल सके और दूसरे राज्यों के पर्यटक अधिक से अधिक संख्या में छत्तीसगढ़ के आकर्षक पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कर सकें। इस छोटी सी शुरूवात ने छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के लिए भविष्य की सार्थक संभावनाओं के द्वार खोले हैं।

दिल्ली के यशोभूमि में आयोजित इस अवसर पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के महाप्रबंधक श्री वेदव्रत सिरमौर, उप महाप्रबंधक श्री संदीप ठाकुर एवं विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने टूर एंड ट्रैवल एजेंसियों, सरकारी अधिकारियों और निवेशकों से मुलाकात कर राज्य के पर्यटन स्थलों, योजनाओं और निवेश के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की।

 
 
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज प्रजापिता ब्रह्मकुमारी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित ब्रह्म भोज एवं स्नेह मिलन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सत्संग और ध्यान के माध्यम से मन में शुभ संकल्पों की जागृति होती है, और जब हम इन्हें अपने जीवन में अपनाते हैं, तो समाज और राष्ट्र के उत्थान में योगदान देते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने ब्रह्मकुमारी संस्थान द्वारा आध्यात्मिक जागरूकता और समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ब्रह्मकुमारी संस्थान केवल आध्यात्मिकता का प्रसार ही नहीं कर रहा, बल्कि यह एक सशक्त राष्ट्र निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने ब्रह्मकुमारी बहनों द्वारा प्रत्येक वर्ष विधानसभा सदस्यों के लिए आयोजित पवित्र ब्रह्म भोज की अनूठी परंपरा के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। ब्रह्मकुमारी संस्थान की वरिष्ठ बहनों हेमलता दीदी और सरिता दीदी ने मुख्यमंत्री श्री साय सहित सभी अतिथियों का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
नशा मुक्ति अभियान को मिली राष्ट्रीय स्तर की सराहना
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर ब्रह्मकुमारी संस्थान द्वारा छत्तीसगढ़ से प्रारंभ किए जा रहे विशेष नशा मुक्ति अभियान की सराहना की और कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज और राष्ट्र का सबसे बड़ा संकट बन चुका है। युवाओं का इससे सबसे अधिक प्रभावित होना हमारी सबसे बड़ी चुनौती है। नशे की लत केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक नहीं, बल्कि यह सड़क दुर्घटनाओं, हिंसा और परिवारों के विघटन का प्रमुख कारण भी बनता जा रहा है। उन्होंने इस अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि योग और ध्यान से न केवल व्यक्ति के जीवन में संतुलन आता है, बल्कि इससे सकारात्मक मानसिकता भी विकसित होती है। यह अभियान छत्तीसगढ़ से लेकर संपूर्ण राष्ट्र के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगा।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने ब्रह्मकुमारी संस्थान की सामाजिक एवं आध्यात्मिक सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि शांति सरोवर आने से मन को गहरी शांति और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है। यह एक अद्भुत संयोग और शुभ संकेत है कि हम सभी एक साथ यहाँ उपस्थित होकर ब्रह्म भोज का पुण्य लाभ ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि ब्रह्मकुमारी संस्थान केवल ध्यान और योग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज सुधार, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और नैतिक मूल्यों के संवर्धन में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। ब्रह्मकुमारी संस्थान अपने शिक्षा, योग, ध्यान और समाज सेवा से जुड़े अभियानों के माध्यम से न केवल भारत, बल्कि विश्वभर में सकारात्मक परिवर्तन का संचार कर रहा है। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्रीगण, विधायकगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

 
 
panchayattantra24.-रायपुर। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज नवा रायपुर, अटल नगर में निर्माणाधीन नवीन विधानसभा भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली और दिशानिर्देश दिए।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विधानसभा सदन, सचिवालय, मुख्यमंत्री कार्यालय, विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष के कक्ष, सेंट्रल हॉल एवं लाइब्रेरी के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मंत्रीगणों के कक्ष, मीटिंग हॉल, लाउंज, कैंटीन, ऑडिटोरियम सहित विधानसभा भवन के अन्य महत्वपूर्ण निर्माणाधीन कक्षों की स्थिति की भी जानकारी प्राप्त की।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नवा रायपुर में बन रहा नवीन विधानसभा भवन न केवल आधुनिकतम सुविधाओं से युक्त होगा, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की लोकतांत्रिक परंपराओं को भी दर्शाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को गुणवत्ता की उत्कृष्टता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि नया विधानसभा भवन छत्तीसगढ़ की लोकतांत्रिक प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाएगा। इसमें विधायी कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आधुनिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस अवसर पर  नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, वन एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप, उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा सहित अन्य मंत्रीगण,  विधायकगण,  विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।