Browsing: रायपुर

 
 
बिहान की बदौलत फल-फूल रहा मेरा घर : लखपति दीदी श्रीमती दिव्या निषाद
 
सालाना आय 4 लाख रूपए से अधिक, प्रतिमाह लगभग 33 हजार रूपए की हो रही आय
 
 
panchayattantra24.-रायपुर। राजनांदगांव जिले के ग्राम कुसमी की लखपति दीदी श्रीमती दिव्या निषाद 26 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली में आयोजित एट होम रिसेप्शन में शामिल होंगी तथा राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु उन्हें सम्मानित करेंगी। लखपति दीदी श्रीमती दिव्या निषाद ने विपरीत और संघर्षपूर्ण स्थिति में भी हार नहीं मानी और राष्ट्रीय आजीविका मिशन बिहान से जुड़कर सफलता की नई ईबारत लिखी है। श्रीमती दिव्या निषाद ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सम्मान कि बात है कि लखपति दीदी के तौर पर राष्ट्रपति भवन जाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि यह जानकर बहुत अच्छा महसूस हो रहा है और घर में सभी खुश हैं।
लखपति दीदी श्रीमती दिव्या निषाद ने बताया कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी और वर्ष 2021 में कोविड-19 की वजह से उनके पति की आकस्मिक मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि गरीबी की स्थिति थी और उन्हें किसी भी तरह का अनुभव और ज्ञान नहीं था। पति की आकस्मिक मृत्यु के दुख ने परिवार को अंदर तक झकझोर दिया। ऐसे समय में अपने परिवार की जिम्मेदारी उठाने के लिए तथा अपने बच्चों के पालन-पोषण के लिए समूह की दीदियों से मुझे हिम्मत मिली और मैंने कुछ कार्य करने का निर्णय लिया।
  लखपति दीदी श्रीमती दिव्या निषाद ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से जुडऩे के बाद मेरे जीवन में परिवर्तन आया और आज बिहान की बदौलत मेरा घर फल-फूल रहा है। अंतर्मुखी स्वभाव होने के कारण बिहान से जुडऩे से आत्मविश्वास बढ़ा। प्रशिक्षण के दौरान बहुत कुछ सीखने को मिला। उन्होंने बताया कि बैंक सखी, बैंक मित्र, पुस्तक लिखने का कार्य, समूह के अध्यक्ष एवं सचिव के कार्य तथा छोटे व्यापार प्रारंभ करने का कार्य सीखने लगी। उन्होंने बताया कि वह जय मां अम्बे स्वसहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। समूह में कार्य करने के दौरान आत्मविश्वास बढ़ा और समूह के माध्यम से ऋण लेकर छोटा सा व्यापार प्रारंभ किया। उन्होंने बताया कि उनकी सालाना आय 4 लाख रूपए से अधिक है और वह बहुआयामी कार्य कर रही हैं। बैंक सखी, बैंक मित्र के अलावा उनकी ग्राम भर्रेगांव में साड़ी एवं बच्चों के रेडिमेड कपड़ों की दुकान है। उन्होंने बताया कि समूह से ऋण लेकर ही उन्होंने अपने घर में ही किराने की दुकान भी प्रारंभ की है। अब उन्होंने अपना पक्के का मकान बना लिया है। आजीविका मूलक गतिविधियों से जुड़ते हुए सिलाई एवं अन्य कार्य कर रही हैं।
  उल्लेखनीय है कि 26 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली में आयोजित एट होम रिसेप्शन के लिए देश भर से 10 लखपति दीदियों का चयन किया गया है। जिसमें से राजनांदगांव जिले से लखपति दीदी श्रीमती दिव्या निषाद का चयन किया गया है। केन्द्र शासन की लखपति दीदी योजना महत्वपूर्ण पहल है। जिसके तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए कार्य किया जा रहा है। इस योजना के तहत महिलाओं को अपना व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए 5 लाख रूपए तक का ऋण बिना ब्याज के दिया जाता है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। नगरीय निकायों में आम निर्वाचन के लिए नगर निगमों में महापौर तथा नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में अध्यक्ष के पदों के लिए आरक्षण प्रक्रिया कल 7 जनवरी 2025 को संपादित की जाएगी। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा पूर्व में इसके लिए 27 दिसम्बर 2024 की तिथि निर्धारित की गई थी। अपरिहार्य कारणों से 27 दिसम्बर को होने वाली आरक्षण की कार्यवाही को स्थगित कर इसके लिए अब 7 जनवरी की तिथि निर्धारित की गई थी।
रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में कल 7 जनवरी को सवेरे साढ़े दस बजे से आरक्षण की प्रक्रिया संपादित की जाएगी। आरक्षण की कार्यवाही के अवलोकन के इच्छुक व्यक्ति निर्धारित तिथि, समय व स्थान पर उपस्थित रह सकते हैं। उल्लेखनीय है कि नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा वर्ष 2024-25 में प्रदेश में होने वाले नगरीय निकायों के आम निर्वाचन के लिए छत्तीसगढ़ नगर पालिका (महापौर तथा अध्यक्ष के पद का आरक्षण) नियम 1999 के प्रावधानों के अंतर्गत नगर पालिक निगमों के महापौर तथा नगर पालिका परिषद् एवं नगर पंचायत के अध्यक्षों के पदों के आरक्षण की कार्यवाही संपादित की जा रही है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर।राज्यपाल रमेन डेका से आज राजभवन में छत्तीसगढ़ विधानसभा के सचिव दिनेश शर्मा ने भेंट कर नववर्ष की शुभकामनाएं दी और डेका ने भी उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
 

 
 जिला चिकित्सालय के बिस्तरों की क्षमता बढ़कर हो जाएगी 650
 
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर कोरबा मेडिकल अस्पताल में 200 बेड की क्षमता के नया भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के क्रम में वाणिज्य उद्योग और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन का प्रयास रंग लाया है। मेडिकल अस्पताल कोरबा में अब 200 बेड क्षमता के नये भवन के निर्माण के लिए कुल 43.70 करोड़ की राशि की स्वीकृति मिली है। इस भवन के बन जाने से मेडिकल चिकित्सालय में बिस्तरों की क्षमता बढ़कर 650 हो जाएगी। इसके अलावा वर्तमान अस्पताल भवन के अन्य विकास कार्यों के लिए भी राशि की स्वीकृति मिली है।
गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज कोरबा के लिए जब जिला अस्पताल का अधिग्रहण कर संबद्ध किया गया था तब अस्पताल में 100 बिस्तरों की सुविधा थी। प्रबंधन ने एनएमसी की गाइड लाइन के तहत बिस्तरों की क्षमता 300 तक बढ़ाई गई थी। इसके लिए अस्पताल के पुराने भवन, कैजुअल्टी भवन और ट्रामा सेंटर में अतिरिक्त बिस्तर लगाए गए थे। लंबे समय से अस्पताल परिसर में 200 बेड के बिस्तरों के अस्पताल भवन के निर्माण की मांग की जा रही थी। अस्पताल प्रबंधन द्वारा इसके लिए मांग पत्र भी भेजा गया था। मरीजों की बढ़ती संख्या और हो रही परेशानियों को संज्ञान में लेकर उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने  बजट में इसकी स्वीकृति के लिए राज्य शासन को प्रस्ताव भेजा था। मंत्री श्री देवांगन के प्रयासों से 200 बिस्तर क्षमता वाले अस्पताल भवन के निर्माण और अन्य सुविधाओं के लिए कुल 43 करोड़ 70 लाख की स्वीकृति राज्य शासन द्वारा दी गई।
क्रिटिकल केयर यूनिट में होंगे 50 बिस्तर
गंभीर मरीज के इलाज के लिए जिला चिकित्सालय परिसर में 50 बिस्तर का क्रिटिकल केयर यूनिट का भी निर्माण होगा। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इसके अलावा 100 बिस्तर क्षमता सीएसआर मद से 3.5 करोड़ की लागत से भी निर्माण होगा। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण  मंडल को इसके लिए क्रियान्वयन एजेंसी बनाया गया है। वही एसईसीएल के माध्यम से परिजनों के रुकने के लिए 60 बिस्तर का रैन बसेरा का निर्माण होगा।
ऑर्थाेपेडिक विभाग में प्रारम्भ होंगे दो ओटी रूम
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ऑर्थाेपेडिक डिपार्मेंट का बहुत जल्द विस्तार होने वाले है। मंत्री श्री देवांगन के निर्देश पर ट्रामा सेंटर बिल्डिंग के दूसरे तल में दो ऑपरेशन थिएटर  कक्ष में जल्द ही उपकरण इंस्टॉलेशन होंगे। इसके पश्चात दोनों ऑपरेशन थिएटर में एक साथ ऑपरेशन हो सकेंगे। वर्तमान में पुराने भवन में ही एकमात्र ऑपरेशन थिएटर पर लोड ज्यादा है।
अस्पताल के सभी डिपार्टमेंट होंगे सर्व सुविधा युक्त –
मंत्री  लखन लाल देवांगन ने कहा कि  मेडिकल कॉलेज अस्पताल के हर डिपार्टमेंट को सर्व सुविधा युक्त करने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। बिस्तरों की क्षमता बढ़ाने के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों के आने से जिलेवासियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। जिलेवासियों ने 43 करोड़ की स्वीकृति के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री, वित्त मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री का बहुत-बहुत आभार प्रकट किया है।

रायपुर l मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज गरियाबंद में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टाल में पहुंचकर विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने माताओं के साथ आए शिशुओं का अन्नप्राशन कराया और उन्हें दुलार कर उनके स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।

 तिल्दा नेवरा में 615.37 लाख रुपए के भूमिपूजन और 102.61 लाख रुपए के विकास कार्याें का हुआ लोकार्पण
panchayattantra24.com-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में गरीबों के जीवन स्तर को सुधारने और भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए सकारात्मक कदम उठाये जा रहे हैं। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार तथा उनके आत्मसम्मान को सुरक्षित किया गया है। सरकार आमजनों के हितों को ध्यान रखते हुए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है।
राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने उक्त बातें तिल्दा नेवरा नगर पालिका परिषद में विभिन्न विकास परियोजनाओं के भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर कहा। इस समारोह में उन्होंने अधोसंरचना मद के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 256.94 लाख रुपये और 15 वें वित्त आयोग मद के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 के 358.43 लाख रुपये के विभिन्न कार्याें का भूमि पूजन किया। इसके साथ ही राज्य प्रवर्तित योजना के अंतर्गत वार्ड क्रमांक-7 में 102.61 लाख रुपये से जुना पैठू तालाब में सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती लेमीक्षा गुरु डहरिया, अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।

panchayattantra24.com-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज पुलिस परेड ग्राउंड हेलीपेड में रायपुर आटोमोबाईल डिलर्स एसोसियेशन (राडा) के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने इस दौरान 15 जनवरी से 15 फरवरी तक राजधानी रायपुर के साइंस कालेज ग्राउण्ड में आयोजित ऑटो एक्सपो 2025  के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल एवं रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा भी उपस्थित थे।
एसोसियेशन के अध्यक्ष रविन्द्र भसीन एवं प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को ऑटोएक्सपो 2025 के उद्घाटन हेतु मुख्य अतिथि के रूप में सम्मलित होने के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने इस आमंत्रण के लिए एसोसिएशन के सदस्यों को धन्यवाद दिया।
   एसोसिएशन के अध्यक्ष भसीन ने मुख्यमंत्री साय को बताया कि इस एक्सपो में छत्तीसगढ़ के प्रमुख ऑटोमोबाइल व्यवसायी भाग लेंगे। प्रदर्शनी में दोपहिया, चारपहिया, कमर्शियल वाहन, ट्रैक्टर डीलर्स, फाइनेंसर, ऑइल एजेंसी सहित ऑटोमोबाइल क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न श्रेणियों के 200 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इस दौरान नवीनतम वाहनों का प्रदर्शन किया जाएगा और लोगों को नई तकनीक की जानकारी दी जाएगी। पोस्टर विमोचन के दौरान राडा के उपाध्यक्ष कैलाश खेमानी, सचिव विवेक अग्रवाल, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ़ कामर्स के प्रदेश अध्यक्ष अमर परवानी, फेडरेशन ऑफ़ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मनीष राज सिंघानिया उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ के विकास को लेकर मुख्यमंत्री साय के विजन से अमेरिकी राजदूत हुए परिचित
रक्षा, लॉजिस्टिक्स, आईटी और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में निवेश को लेकर हुई अहम चर्चा
panchayattantra24.com-रायपुर। छत्तीसगढ़ आना मेरा सपना था, मैने छत्तीसगढ़ की प्रकृति और यहां के पर्यटन स्थलों, संस्कृति के विषय में बहुत कुछ पढ़ और सुन रखा था। आज यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है। यह बात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास में आत्मीय मुलाकात के दौरान भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने कही। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शांत और सुंदर प्रदेश है। इस सुंदर प्रदेश की विकास यात्रा में अब अमेरिका भी साझेदार बनेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात के दौरान राजदूत गार्सेटी ने राज्य में निवेश को बढ़ावा देने, सांस्कृतिक पहलुओं और आर्थिक संभावनाओं पर गहन चर्चा की।  मुख्यमंत्री साय ने उन्हें छत्तीसगढ़ में हो रहे विकास कार्यों और नई औद्योगिक नीति से निवेशकों के लिए बने अनुकूल वातावरण के बारे में विस्तार से बताया। साय ने कहा कि हमारा राज्य वैश्विक निवेशकों के लिए खुला है और यहां हर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास हो रहा है। अमेरिका जैसे मित्र राष्ट्रों का सहयोग हमारे लिए गौरव की बात है।
चर्चा के दौरान राजदूत गार्सेटी ने कहा छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन के क्षेत्र में सरप्लस स्टेट है। यहां ऊर्जा, रक्षा, लॉजिस्टिक्स, आईटी और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। राजदूत ने कहा, हम छत्तीसगढ़ में विभिन्न अमेरिकी कंपनियों के निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में मिलकर काम करेंगे। छत्तीसगढ़ वैश्विक निवेशकों के लिए एक महत्वपूर्ण डेस्टिनेशन बन सकता है। मुख्यमंत्री ने गार्सेटी से कहा कि सभी निवेशकों का छत्तीसगढ़ में स्वागत है और उनके लिए सभी जरूरी सुविधाएं देने का काम सरकार करेगी।
राजदूत गार्सेटी ने कहा परिवार के साथ आऊंगा बस्तर
मुख्यमंत्री साय ने बातचीत के बीच अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी से कहा कि हमारा छत्तीसगढ़ एक सुंदर प्रदेश है। यहां प्रकृति की गोद में बसे मनोरम पर्यटन स्थल हैं। आप छत्तीसगढ़ आए है तो बस्तर जरूर घूमें। मुख्यमंत्री के आग्रह पर गार्सेटी ने कहा कि मैं पूरे परिवार के साथ बस्तर जरूर घूमने आऊंगा। 
      मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय एवं राजदूत गार्सेटी के बीच विभिन्न विषयों पर बात हुई। मुख्यमंत्री से राजदूत ने कई रोचक प्रश्न भी किए। मुख्यमंत्री साय ने भी बड़ी सहजता से अपने सार्वजनिक व व्यक्तिगत जीवन से जुड़े विषयों पर बातचीत की। दोनों ने घर के सदस्यों के बारे में जानकारी ली, उनका हालचाल जाना। बड़े मित्रवत अंदाज में दोनों इन बातों को साझा कर रहे थे, जिससे यह लगा ही नहीं कि वे पहली बार मिल रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजदूत गार्सेटी के भांगड़ा डांस और हिन्दी सिनेमा के गानों के प्रति उनके जुड़ाव की खूब प्रशंसा की। इस पर गार्सेटी ने मुख्यमंत्री से कहा कि अगली दिवाली हम साथ मनाएंगे और डांस करेंगे। 
छत्तीसगढ़ के विकास को लेकर जाना मुख्यमंत्री का विजन
मुख्यमंत्री साय से बातचीत में राजदूत गार्सेटी ने छत्तीसगढ़ के विकास को लेकर मुख्यमंत्री के विजन और इस दौरान आ रही चुनौतियों पर भी बात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया कि छत्तीसगढ़ खनिज संपदा के विपुल भण्डार वाला अग्रणी राज्य है। कई रेयर अर्थमेटल भी छत्तीसगढ़ में पाए जाते है। लिथियम आयन की नीलामी करने वाला देश का पहला राज्य है। 44 प्रतिशत वन क्षेत्र यहां मौजूद है। छत्तीसगढ़ के समावेशी विकास के लिए हमारी सरकार लगातार काम कर रही है। साय ने उन्हें हाल ही में राजधानी नई दिल्ली में आयोजित इंवेस्टर मीट की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 50 हजार करोड़ रूपए से अधिक के निवेश के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर हुए हैं। यह प्रदेश की नई औद्योगिक नीति की बड़ी सफलता है। प्रदेश भौगोलिक रूप से महत्वूपर्ण स्थान रखता है। बढ़ते रेल, हवाई और रोड कनेक्टिविटी ने निवेशकों को आकर्षित करने का काम किया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही महतारी वंदन योजना के बारे में भी उन्हें जानकारी दी। 
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रदेश का आदिवासी बाहुल्य बस्तर क्षेत्र नक्सल प्रभावित है, जो अब तक बड़ी चुनौती बनी हुई थी। हमारी सरकार इन इलाकों में शांति स्थापना की दिशा में और आदिवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। नियद नेल्ला नार योजना के माध्यम से इन दूरस्थ अंचलों में मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का काम तेजी  से हो रहा है। नए कैम्प खुलने से नक्सलियों का दायरा सिमटा है और विकास का रास्ता तेजी से खुल रहा है। मुख्यमंत्री ने बस्तर ओलंपिक के सफल आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से बस्तर के युवा, बुजुर्ग, महिलाओं ने मिलकर न केवल अपनी क्षमता और खेल कौशल को दिखाया बल्कि शांति का बड़ा संदेश देने का काम किया। राजदूत गार्सेटी ने कहा कि बस्तर ओलंपिक में ओलंपिक विजेता एथलीट को भी आमंत्रित करें ताकि दुनिया बस्तर को जाने और बस्तर भी दुनिया से उस अंदाज से जुड़ पाए। मुख्यमंत्री ने उनके इस सुंदर के लिए धन्यवाद दिया। गार्सेटी ने मुख्यमंत्री को 2028 में अमेरिका में आयोजित होने वाले ओलंपिक खेलों में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। 
चाय की चुस्कियों के साथ स्वीकार किया मुख्यमंत्री का आतिथ्य, कहा आई लव चाय 
 छत्तीसगढ़ प्रवास पर पहुंचे अमेरिकी राजदूत गार्सेटी जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिले तो उन्होंने शॉल और बेलमेटल की नंदी भेंट कर उनका छत्तीसगढ़ में स्वागत किया। अतिथि परम्परा निभाते हुए जब मुख्यमंत्री ने उनसे पूछा कि आप चाय या कॉफी क्या लेना पसंद करेंगे, मुख्यमंत्री साय की बात सुनते ही राजदूत गार्सेटी ने कहा कि आई लव चाय और मुख्यमंत्री के साथ चाय का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने गुड़ के रसगुल्ले का भी स्वाद चखा। मुख्यमंत्री ने गार्सेटी एवं उनके सहयोगियों को छत्तीसगढ़ हर्बल के स्थानीय उत्पाद उपहार स्वरूप भेंट किए।
      इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव सर्व राहुल भगत, सचिव पी. दयानंद, सचिव डॉ. बसवराजु एस, आयुक्त जनसंपर्क डॉ. रवि मित्तल, संचालक उद्योग प्रभात मलिक और अमेरिकी राजदूत के साथ आए अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 
panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पत्रकार की हत्या कर दी गई। रिपोर्टर मुकेश चंद्राकर की लाश रिश्तेदार के बैडमिंटन कोर्ट कैंपस में बने सेप्टिक टैंक में मिली है। लाश को  छिपाने के बाद टैंक को 4 इंच कंक्रीट से ढलाई कर पैक कर दिया गया था। 
 शनिवार को मुकेश चंद्राकर का अंतिम संस्कार किया गया। जांच में पता चला कि, मुकेश चंद्राकर का पहले गला घोंटा गया। बाद में सिर पर कुल्हाड़ी मारी। इस हमले से मुकेश के सिर पर ढाई इंच गड्ढा हो गया। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रिश्तेदार सुरेश चंद्राकर के ठिकाने पर बुलडोजर भी चलाया गया है। 
 बीजापुर में हुई इस हत्या के बाद पत्रकारों में आक्रोश है। उन्होंने बीजापुर नेशनल हाइवे-63 पर 4 घंटे तक चक्काजाम किया। वहीं, रायपुर में भी धरना प्रदर्शन किया गया। पत्रकारों ने आरोपियों को फांसी देने की मांग की है। रायपुर पुलिस क्लब में भी नम आंखों से मुकेश चंद्राकर को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर पत्रकारों और पुलिस के जवानों ने मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से कामना की। श्रद्धांजलि देने के बाद पत्रकार राज्यपाल को ज्ञापन देने राजभवन पहुंचे। राजभवन पहुंचे पत्रकारों को वहां पर रोक दिया गया। 
पत्रकार राज्यपाल को घटना से संबंधित ज्ञापन देने चाहते थे। बाद में पत्रकारों ने राज्यपाल के सचिव को बुलाने की मांग की। राज्यपाल के सचिव जब पत्रकारों का ज्ञापन लेने के लिए नहीं पहुंचे तब पत्रकार नाराज हो गए। पत्रकार राजभवन के गेट नंबर 3 पर धरने पर बैठ गए। पत्रकारों का कहना था कि अगर राज्यपाल राजभवन में नहीं हैं तो सचिव को ज्ञापन लेना चाहिए। अब जानिए क्या है पूरा मामला ? दरअसल, 1 जनवरी 2025 को शाम 7 बजे से मुकेश चंद्राकर घर से लापता हुए थे। अगले दिन 2 जनवरी को उनके भाई युकेश चंद्राकर ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस लगातार मुकेश के फोन को ट्रेस कर रही थी। फोन बंद होने की वजह से अंतिम लोकेशन घर के आस-पास का ही दिखा रहा था। 
CCTV फुटेज भी खंगाले गए, जिसमें अंतिम बार मुकेश टी-शर्ट और शॉर्ट्स में दिखे। वहीं पत्रकारों ने भी अलग-अलग जगह पता किया। Gmail लोकेशन के माध्यम से लोकेशन ट्रेस किया गया, जिसमें मुकेश का अंतिम लोकेशन बीजापुर जिला मुख्यालय के चट्टानपारा में होना पाया गया।
 

panchayattantra24.-रायपुर। पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या मामले पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पत्रकार वार्ता की. छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या मामले में प्रशासन ने आरोपी सुरेश चंद्राकार के ठिकानों पर जेसीबी से कार्रवाई शुरू कर दी है. प्रशासन अवैध निर्माण पर जेसीबी से कार्रवाई कर रहा है. मुकेश चंद्राकर का शव 3 जनवरी को ठेकेदार सुरेश चंद्राकर की प्रॉपर्टी पर स्थित सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ था. मुकेश 1 जनवरी से लापता थे. पुलिस ने मुकेश की तलाश के लिए सुरेश चंद्राकर के घर पर छापा मारा. जांच के दौरान वहां सेप्टिक टैंक से एक शव बरामद हुआ. शव की हालत काफी खराब थी, लेकिन कपड़ों से उसकी पहचान पत्रकार मुकेश चंद्राकर के रूप में हुई. 
 क्या है मामला
मालूम हो कि 1 जनवरी को सुरेश चंद्राकर के भाई रितेश ने मुकेश को जगह पर बुलाया था. इसके बाद से मुकेश का फोन बंद था. बीजापुर पुलिस को मुकेश का शव सुरेश चंद्राकर की प्रॉपर्टी पर स्थित एक सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ. बस्तर में ठेकेदार लॉबी का बड़ा दबदबा है. आरोप है कि ठेकेदार सरकारी अधिकारियों को घूस देकर बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स हासिल करते हैं. इन गतिविधियों को उजागर करने वाले पत्रकारों को धमकियां और खतरों का सामना करना पड़ता है. इस संदिग्ध मौत ने बस्तर में मीडिया और ठेकेदार लॉबी के बीच तनावपूर्ण संबंधों को उजागर किया है. 
 ठेकेदार के करप्शन को उजागर किया था
 बता दें कि पत्रकार मुकेश चंद्राकर ने ठेकेदार सुरेश चंद्राकर के करप्शन को उजागर किया था. ठेकेदार सुरेश चंद्राकर बस्तर में 120 करोड़ की सड़क बनाने का ठेका मिला था. पत्रकार मुकेश की खबर के बाद ठेकेदार के खिलाफ जांच का आदेश सरकार ने दिया था. इसके बाद एक जनवरी से मुकेश चंद्राकर का कुछ भी पता नहीं चल रहा था. दावा है कि आखिरी बार कॉल करके ठेकेदार सुरेश चंद्रकार के भाई रीतेश ने मुकेश को कॉल किया था. इसके बाद एक जनवरी से ही मुकेश चंद्राकर का फोन स्विच ऑफ आता रहा. दावा है कि टैंक में शव को डालकर उसके ऊपर प्लास्टर कर दिया गया था, जिसके बाद पुलिस को शक हुआ.
पत्रकार की हत्या के मामले में राजनीति शुरू पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार में छत्तीसगढ़ की कानून-व्यवस्था बिगड़ चुकी है और अपराधियों को हौसले बुलंद हैं. वहीं, बीजेपी ने मुकेश चंद्राकर की हत्या के तार कांग्रेस नेता से जुड़े होने का दावा किया है. बीजेपी छत्तीसगढ़ ने X पर एक पोस्ट में लिखा, ‘कॉन्ट्रैक्टर है या कांग्रेसी कॉन्ट्रैक्ट किलर. घृणित येन-केन-प्रकारेण की राजनीति के परिचायक कांग्रेसियों… जरा अपने गिरेबां में झांककर देखो, क्या जल्दबाजी में तुमने अपना ही कच्चा चिट्ठा खोल दिया है. बीजापुर के युवा पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या का मुख्य आरोपी कॉन्ट्रैक्टर सुरेश चंद्राकर की कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज से घनिष्ठता जगजाहिर है. दीपक बैज ने ही सुरेश को कांग्रेस पार्टी के SC मोर्चा के प्रदेश सचिव के पद से नवाजा है. मोहब्बत की तथाकथित कांग्रेसी दुकान से तरह-तरह के अपराध के सामान बिक रहे हैं, सारे सेल्समैन अपराधी जो हैं. सरगना कौन? राहुल गांधी जवाब दो. कांग्रेस का हाथ अपराधियों के साथ.’ 
 केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने की घटना की निंदा पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू का बयान आया है. उन्होंने मुकेश चंद्राकर की हत्या की निंदा की और शोक प्रकट किया. केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा, पत्रकार हमारे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं, और हमारी कमियों को बताने का काम करते हैं. 2026 तक हमारा प्रदेश नक्सल मुक्त होगा, इस प्रकार की घटनाएं हमारे मन में तकलीफ देती हैं और मैं इस घटना में शोक प्रकट करता हूं. बीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्राकर  की हत्या को लेकर रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने गृहमंत्री विजय शर्मा को ज्ञापन सौंपा और आरोपियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की. वहीं पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा की.