Browsing: रायपुर

 
 
panchayattantra24.-रायपुर । विश्व स्तर पर 10000 बच्चों में से एक सुनने में अक्षम है। कॉकलियर इम्प्लांट मूक-बधिर बच्चे की सुनने की शक्ति पुनर्स्थापित करने के लिए उसके अंदरूनी कान में उपकरण फिट करने की प्रक्रिया है। बधिर बच्चों के लिए रामकृष्ण केयर अस्पताल में पिछले साल 20 से अधिक मामले किए गए हैं, सभी मरीज़ का स्वस्थ्य ठीक हैं।
 रामकृष्ण केयर अस्पताल में एक 6 वर्षीय बच्ची का ऑपरेशन नवीनतम नेविगेशन तकनीक (स्मार्टनेव) से किया गया, जिसका उपयोग मध्य भारत में पहली बार इस सर्जरी में किया गया है। इस डिवाइस को ऑस्ट्रेलिया में विकसित किया गया है. यह उपकरण सर्जन को ओटी कक्ष में ऑपरेशन के दौरान इम्प्लांट के सही प्लेसमेंट और कामकाज की निगरानी करने में सक्षम बनाता है, इसलिए शत-प्रतिशत कार्यक्षमता पूर्ण सफल है। 
 डॉ. सुरभि ने नवजात काल के दौरान बच्चों में श्रवण हानि का पता लगाने के महत्व पर जोर दिया क्योंकि सर्जरी जीवन के पहले वर्ष की शुरुआत में ही की जा सकती है। यह सर्जरी डॉ. सुरभि चोपड़ा चतुरमोहता (वरिष्ठ सलाहकार, रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल, रायपुर), डॉ. हेतल पटेल (एचओडी, केम अस्पताल, मुंबई), जूडी एंड्रयूज (मेलबर्न, ऑस्ट्रेलिया से), डॉ. रुचिरा राज (भाषण और भाषा रोगविज्ञानी) और अनुज टंडन की टीम द्वारा की गई थी।
 

 panchayattantra24.-रायपुर । आयकर विभाग सीजी-एमपी के नये प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त कृष्ण मुरारी ने शुक्रवार को भोपाल में बैठक की। वे यूपी के भी प्रभारी हैं। उन्होंने सीजी-एमपी एवं छत्तीसगढ़ प्रभार के सभी अधिकारियो की बैठक में कर संग्रह बढ़ाने पर जोर दिया।
आयकर कर्मचारी महासंघ, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ कि ओर से अध्यक्ष प्रशांत पाण्डेय एवं महासचिव महेंद्र सिंह ठाकुर एवं आयकर राजपत्रित संघ की ओर से महासचिव खालिद इकबाल ने स्वागत किया। और अधिकारी कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा की।
 

 
 

panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य में श्रमिकों को रोजगार मुहैया कराने के लिए त्वरित कार्यवाही करें और शासन की योजनाओं का लाभ दिलाएं। श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने आज स्थानीय होटल में श्रम विभाग द्वारा ’श्रमिकों का सशक्तिकरण, भविष्य का निर्माण’ विषय पर आयोजित कार्यशाला के समापन अवसर पर कहा कि प्रत्येक श्रमिक को काम देने के लिए श्रम विभाग द्वारा 84 लाख श्रमिकों का पंजीयन कर योजनाओं से लाभान्वित कर रही है। उन्होंने कहा कि कोई भी निर्माण कार्य बिना श्रमिकों के संभव नहीं है, सरकार श्रमिकों का सम्मान कर योजनाओं का लाभ दिलाकर स्वाभिमान से जीवन जीने का अधिकार दिला रही है। इस अवसर पर श्रम मंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभाग के मैदानी अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। 
 श्रम मंत्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है। इन योजनाओं का लाभ सभी पात्र एवं जरूरतमंद श्रमिकों को मिले, इस दिशा में श्रम विभाग के मैदानी अधिकारी त्वरित कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की सोच है कि प्रदेश के श्रमिकों को इन योजनाओं का बेहतर लाभ मिले। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा भी श्रमिकों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में 237 करोड़ रूपये का लाभ श्रमिकों को प्रदान किया गया। डीबीटी के जरिए यह राशि श्रमिकों के बैंक खाते में अंतरित की गई। श्रम मंत्री ने कहा कि श्रमिकों को किसी भी कार्य के लिए भटकना न पड़े। इस दिशा में विभाग के अधिकारी संवेदनशील होकर कार्य करें। श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के हित में 70 योजनाएं संचालित की जा रही है। 
सचिव सह श्रमायुक्त अलरमेलमंगई डी. ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र और जरूरतमंद हितग्राहियों को दिलाना सुनिश्चित करें। पंजीकृत श्रमिक परिवार के बच्चों को शासन की छात्रवृत्ति योजना से भी लाभान्वित करें। उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल, राज्य सामाजिक सुरक्षा मण्डल के अंतर्गत संचालित योजनाओं से असंगठित श्रमिकों को श्रम विभाग में पंजीयन कराकर लाभान्वित कराना सुनिश्चित करें। कार्यशाला में उप श्रमायुक्त श्री एस.एस. पैकरा एवं औद्योगिक स्वास्थ्य सुरक्षा के उप संचालक श्री टी.के. साहू द्वारा निरीक्षण अभियोजन एवं पालन प्रतिवेदन की जानकारी दी।
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर। महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कवर्धा के पीजी कॉलेज मैदान में स्वदेशी मेला का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि स्वदेशी मेला हमारे भारत देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाता है। स्वदेशी मेला के माध्यम से अपने देश में बने चीजों को खरीदने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है। स्वदेशी वस्तुएं आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन का भाव पैदा करता है। उन्होंने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेक इन इंडिया का संदेश दिया है और डिजिटल इंडिया को बढ़ाने का कार्य कर रहे है, जिससे देश मजबूत हो रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय द्वारा प्रदेश में स्वदेशी वस्तु को बढ़ावा दिया जा रहा है। हमें अपने देश की समान खरीद कर देश को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करना चाहिए। 
राजवाड़े ने कहा कि लगातार स्वदेशी मेला के माध्यम से यह प्रयास किया जा रहा है। पहले हमारा देश आर्थिक स्थिति में 11 वे नंबर पर था लेकिन आज हमारा देश 5 वे नंबर पर आ कर मजबूत हुआ है। हमें इस बात का ज्ञान होना चाहिए कि हमारे पास कौन सी स्वदेशी वस्तुएं उपलब्ध है। हमें ऑनलाइन खरीदी करते समय इन बातों का ध्यान रखना चाहिए कि उपयोग करने वाली वस्तुएं स्वदेशी हो। कवर्धा के स्वदेशी मेले में बहुत सारे स्वदेशी वस्तुओं का स्टॉल लगाया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को इस बात की जानकारी होना चाहिए कि देश की अर्थव्यवस्था कैसे बढ़ेगी हम आत्मनिर्भर कैसे होंगे। हमारा दायित्व है कि हम आने वाली पीढ़ी को देश में बनी चीजों का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें। 
उल्लेखनीय है कि कवर्धा जिले में पहली बार स्वदेशी मेला का आयोजन हो रहा है, जिसका आगाज 17 अक्टूबर से कवर्धा के पीजी कॉलेज ग्राउंड में हुआ। स्वदेशी मेला में विभिन्न राज्यों से स्वदेशी उत्पादों के हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम के अलावा लखनऊ, बिहार, मध्यप्रदेश, दिल्ली, पंजाब और कश्मीर तक के स्टाल की प्रदर्शनी लगाया गया है। साथ ही प्रतिदिन भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। स्वदेशी मेले का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना तथा लोगों तक स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता पैदा करना है। स्वदेशी मेला को लेकर जिले के नागरिकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। स्वदेशी मेला में 150 से अधिक स्टाल, सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए मंच और संचालन के लिए आफिस का भव्य सेटअप बनाया गया है।
 

panchayattantra24.-रायपुर। बस्तर मड़ई और क्षेत्रीय सरस मेला के अवसर पर लालबाग मैदान, बस्तर में गुरुवार की शाम भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मशहूर भजन गायक हंसराज रघुवंशी ने अपनी सुरमयी प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया। हजारों की संख्या में उपस्थित दर्शकों ने इस कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया। हंसराज रघुवंशी, जिनकी गाथा गीतों और भजनों के लिए विशेष पहचान है, ने अपनी धुनों और भक्ति रस से सराबोर गीतों से पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। उन्होंने अपनी प्रसिद्ध गीत “मेरा भोला है भंडारी” के साथ एक के बाद एक लोकप्रिय भजन प्रस्तुत किए, जिनमें जय शिव शंकर, मेरे भोलेनाथ और अन्य कई प्रसिद्ध गीत शामिल थे। रघुवंशी ने अपनी प्रस्तुति के दौरान दर्शकों से गीत में सहयोग और तालियों से सहभागिता की अपील की, तो दर्शकों ने भी बराबर सहायता की। कार्यक्रम में नारायणपुर के प्रसिद्ध अबुझमाड मलखंभ अकादमी के हुनरबाज मलखंभ प्रदर्शन, बादल अकादमी की प्रस्तुति सहित स्थानीय लोकनृत्य दलों ने भी प्रस्तुति दी। दर्शकों की हजारों की संख्या में पहुँचने वाले बस्तरवासियों के साथ ही समीपवर्ती जिलों और ओड़िसा राज्य के भी जन पहुँचे थे। 
 शासन और जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस बस्तर मड़ई और सरस मेला क्षेत्र भी चहल-पहल से भरा रहा, जहां विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी तथा स्व-सहायता समूहों के उत्पाद और हस्तशिल्प के स्टॉल ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मेला में आई भीड़ ने न केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया, बल्कि बस्तर की समृद्ध लोक संस्कृति और शिल्प का भी अनुभव किया। बस्तर मड़ई और क्षेत्रीय सरस मेला का यह आयोजन प्रदेश एवं अन्य राज्य की संस्कृति, परंपरा और कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया है। हंसराज रघुवंशी जैसे कलाकारों की उपस्थिति ने इस आयोजन को और भी खास बना दिया। शुक्रवार 18 अक्टूबर की शाम को दायरा बैंड की प्रस्तुति होगी और 19 अक्टूबर को ‘मोह मोह के धागे’ गीत से राष्ट्रीय फिल्म पुरुस्कार से सम्मानित पाश्र्व गायिका मोनाली ठाकुर और गायक शबाब सबरी की प्रस्तुति होगी। साथ ही स्थानीय लोकनृत्य दलों द्वारा भी शानदार प्रस्तुति दी जाएगी। 
कार्यक्रम के अंत में दर्शकों ने हंसराज रघुवंशी को अपनी प्रस्तुति के लिए धन्यवाद दिया और आयोजक छत्तीसगढ़ शासन और जिला प्रशासन को इस अद्भुत सांस्कृतिक उत्सव के आयोजन के लिए सराहा। जिला प्रशासन द्वारा गायक रघुवंशी को स्मृति स्वरूप बस्तर मड़ई का प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया।
 

 panchayattantra24.-रायपुर। रायपुर दक्षिण सीट के लिए उपचुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया है, जिसके बाद से राजनीतिक दलों की स​क्रियता बढ़ गई है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार आज से रायपुर दक्षिण सीट से चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं दूसरी ओर उम्मीदवारों के नाम के लिए राजनीतिक दलों ने बैठक का दौर शुरू कर दिया है। इसी बीच खबर आ रही है कि रायपुर दक्षिण सीट पर पैराशूट प्रत्याशी को चुनावी मैदान में उतारे जाने की खबर सुनते ही पार्टी में हंगामा हो गया है। 
 मिली जानकारी के अनुसार रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव से पहले एक बार फिर कांग्रेस पार्टी में खींचतान की स्थिति देखने को मिल रही है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी रायपुर दक्षिण से पैराशूट प्रत्याशी को चुनावी मैदान में उतारने वाली है, इसी बात को लेकर पूर्व महापौर प्रमोद दुबे PCC चीफ दीपक बैज के बंगले पहुंचे हैं और टिकट देने की मांग कर रहे हैं। प्रमोद दुबे के समर्थकों ने कहा है कि पैराशूट लैंडिंग से मनोबल टूटता है, इसलिए स्थानीय और जनाधार वाले नेता को टिकट दिया जाना चाहिए।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर । चालू त्यौहारी सीजन में रायपुर पुलिस ने दूसरी बार सराफा बाजार पर कार्रवाई की है। मौदहापारा के बाद आज टिकरापारा में करोड़ों रुपए की सोने की बरामदगी की खबर मिली है। पुलिस के आला अफसर थाने के भीतर जांच कर रहे हैं। 
 सूत्रों ने बताया कि यह पूरा सोना गहनों और बिस्किट के रूप में मिला है। इसकी कीमत 10 करोड़ रूपए बताई जा रही है। यह सोना जगदलपुर से आ रही बस में सवार तीन कारोबारी लेकर आ रहे थे। ये तीनों कारोबारी राजधानी के ही बताए गए हैं।
यह सोना अलग-अलग पर्स में छिपाकर ला रहे थे। पुलिस सूत्रों ने सोने का कुल वजन 13 किलो बताया है। इनमें सोने के कितने बिस्किट हैं पुलिस ने संख्या नहीं बताई। मुखबीर की सूचना पर सवेरे 8 बजे पुलिस ने नाकेबंदी कर बस को घेरा, और इन तीनों कारोबारियों को पकडक़र सोना बरामद किया।
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर । लोक निर्माण विभाग के एक सब इंजीनियर से 8.86 लाख की ठगी हो गई। नवा रायपुर में रहने वाले चमन लाल साहू ने बताया कि 24 सितंबर को सुबह 10 बजे अचानक उसके मोबाइल में लगे जियो सिम का नेटवर्क गायब हो गया।  नया सिम कार्ड लेने गया तो आधार कार्ड मांगा गया। जब उसने आधार कार्ड दिया तो तो पता चला कि उसका आधार बायोमैट्रिक भी लॉक हो गया है लॉक खुलवाने वह 26 सितंबर को तहसील ऑफिस गया। 
उसे कहा गया कि आधार का लॉक 10 दिन बाद खुलेगा। 10 अक्टूबर को उसका आधार अनलॉक हुआ तो वह सिम लेने फिर जियो स्टोर गया। सिम चालू होने पर बैलेंस चेक किया तो दोनों खाते से 8.86 लाख 24 सितंबर से 7 अक्टूबर तक किसी अज्ञात ने यूपीआई से निकाल लिए गए हैं।
 

 
 panchayattantra24.-बिलासपुर । चौक के बीचोंबीच तलवार, चाकू लहराकर दोस्त की बर्थडे पार्टी मना रहे चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से 4 चाकू और मौके से 14 बाइक जप्त किया गया है. 
सिरगिट्टी क्षेत्र के फदहाखार स्थित मैट्रिक चौक के बीच में खड़े होकर 15 से 20 युवक अपने दोस्त का बर्थडे मना रहे थे. इस दौरान हाथ में चाकू तलवार लहराते हुए आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहे थे. इसी दौरान सिरगिट्टी पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, जिनमें से चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
 

panchayattantra24.-रायपुर । छत्तीसगढ़ कांग्रेस बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर कांग्रेस लगातार भाजपा पर हमलावार है, तो वहीं दूसरी ओर बीजेपी का पोस्टर वार जारी है। बीजेपी लगातार कार्टून पोस्टर जारी कर कांग्रेस पर हमला बोल रहे हैं। इसी बीच बीजेपी ने एक बार फिर पोस्टर जारी किया है। जिसमें कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है।
आपको बता दें कि इस समय बीजेपी ने कांग्रेस और अपराध का एक पोस्टर जारी किया है। बीजेपी ने इस पोस्टर में लिखा है कि प्रदेश में अब गुंडो का राज नहीं चलेगा। अपराधियों पर नकेल कसी जा रही है। इसके साथ ही बीजेपी ने पोस्टर में ‘कांग्रेस सरकार में गुंडा बदमाशों की फसल लगाई गई और लिखा है कि फसल लगाकर काटना भूल गई भूपेश सरकार, विष्णु सरकार इन फसलों की कटाई कर रही।’ आपको बता दें कि इससे पहले भी बीजेपी ने पोस्टर जारी कर कांग्रेस पर हमला बोला है। इससे पहले बीजेपी ने पोस्टर जारी कर कहा कि ‘प्रदेश में हो रहे आपराधिक गतिविधियों में कांग्रेसियों का हाथ..कांग्रेसी संरक्षण में पल रहे गुंडे हो या शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले अपराधी, राज्य में अराजकता फैलाने वाले सभी दोषियों पर चलेगा विष्णु का सुदर्शन।’