Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.-रायपुर। लोकसभा के मानसून सत्र की समाप्ति के बाद सांसद बृजमोहन अग्रवाल शनिवार को रायपुर वापस लौट आए। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, इस सत्र से उनको काफी अनुभव मिला, सदन में बजट पर बोलने का अवसर मिला, साथ ही छत्तीसगढ़ में लोक महत्व के कई मुद्दों को सदन में रखने का अवसर मिला। जिसमे राज्य में रेल विस्तार, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने समेत विभिन्न विषयों पर बोलने का अवसर मिला और जल्द ही इसका असर भी देखने को मिलेगा। अग्रवाल ने बताया कि, उन्होंने ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से बस्तर में जनजातीय विश्वविद्यालय खोलने पर चर्चा भी की जिसका परिणाम भी जल्द ही देखने को मिलेगा।

panchayattantra24.-रायपुर । कल लोरमी में आयोजित होने वाली कथा के लिए कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा रायपुर पहुंचे। ना विमानतल पर अरुण साव ने स्वागत अभिनंदन कर उनका आशीर्वाद लिया। बता दें कि नवा रायपुर स्थित गनौद-खरखराडीह में भी 11 अगस्त से पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा का आयोजन होने जा रहा है। इस कथा को सुनने के लिए भारी संख्या में लोगो के पहुंचने की संभावना है। दूर-दूर से आने वाले लोगों को कथा स्थल तक पहुंचाने के लिए परेशानी न हो, इसे लेकर ट्रैफिक पुलिस ने रूट मैप जारी किया है, जिसमें पार्किंग व्यवस्था से लेकर हैवी वाहनों के प्रतिबंधित रूट को बताया गया है। ये कथा 11 अगस्त से 16 अगस्त 2024 तक चलेगी।

panchayattantra24.-रायपुर । गैंगस्टर अमन साहू की राजदार पम्मी को छत्तीसगढ़ पुलिस ने झारखंड एटीएस की सहायता से गिरफ्तार किया। पम्मी, कुख्यात आकाश राय की पत्नी है। वो गैंग के लिए हथियार और पैसे का इंतजाम करती थी। बताया गया कि पीआरए ग्रुप के दफ्तर के बाहर फायरिंग की घटना के बाद से पम्मी की तलाश की जा रही थी। एनबीटी की एक रिपोर्ट के मुताबिक आकाश राय के पास से स्मार्टफोन से पम्मी की भूमिका की जानकारी हुई। पम्मी की गिरफ्तारी का कारण सिमडेगा जेल में बंद उसके पति आकाश राय के पास से एक स्मार्टफोन बरामद होना था। शुक्रवार को एटीएस की टीम को यह फोन मिला था। इसी फोन से मिली जानकारी के आधार पर पम्मी को पकड़ा गया।
झारखंड एटीएस की जांच में पता चला है कि अमन साहू और लॉरेंस बिश्नोई मिलकर काम करते हैं। दोनों के गुर्गे भी एक साथ काम करते हैं। पम्मी, अमन साहू गैंग के शूटरों को हथियार और पैसे देती थी। कारोबारी के घर के बाहर फायरिंग के वक्त मौजूद थी। 13 जुलाई को छत्तीसगढ़ के पीआरए बर्बरीक और आरकेटीसी कंपनी के दफ्तर के बाहर भी फायरिंग हुई थी। जांच में पता चला है कि उस समय पम्मी वहां मौजूद थी। बाद में फायरिंग की तस्वीर सोशल मीडिया पर भी डाली गई थी। धमकी दी गई थी कि ‘जबतक रंगदारी नहीं देंगे काम नहीं करने दिया जाएगा।’ पुलिस का कहना है कि छत्तीसगढ़ के कारोबारी के घर फायरिंग की पूरी घटना के पीछे पम्मी का ही हाथ था। छत्तीसगढ़ पुलिस पम्मी की तलाश में जुटी थी और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

panchayattantra24.-रायपुर। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने गुरुवार को नक्सलियों की मदद करने वाले पांच आरोपितों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। प्रतिबंधित नक्सल संगठन को रसद और अन्य सहायता प्रदान करने में सक्रिय भागीदारी के लिए पांच आरोपितों के खिलाफ विशेष अदालत में आरोप पत्र दायर किया गया। जगदलपुर में एनआइए की विशेष अदालत के समक्ष दायर आरोपपत्र में विकेश उर्फ विक्की गोयल, बलराम तमो, सुमित दीक्षित उर्फ छोटू, राजेशम पोगुला और मल्लेश का नाम शामिल है। पांचों पर आइपीसी और यूए (पी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं और वे छत्तीसगढ़ राज्य के विभिन्न हिस्सों के निवासी थे। दंतेवाड़ा जिले की गीदम पुलिस ने नकदी की बरामदगी के बाद जून 2023 में मामला दर्ज किया था। नक्सल संगठन के सदस्यों से 1,06,335 नकद और कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की गईं थीं। एनआइए ने मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। जांच में सामने आया कि आरोपित नक्सल संगठन की आपूर्ति श्रृंखला में सक्रिय रूप से शामिल थे। मल्लेश को प्लाटून नंबर का एक सक्रिय सदस्य और प्रमुख सैन्य कमांडर पाया गया।

panchayattantra24.-रायपुर । महंगाई भत्ते की उम्मीद लगाए बैठे सरकारी कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर निकलकर सामने आई है। सरकार रक्षाबंधन से पहले महंगाई भत्ते का ऐलान कर सकती है। दरअसल, कुछ दिन पहले छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधि मंडल ने से मुलाकात की थी। इस दौरान मंत्री ओपी चौधरी ने आश्वस्त किया था। मंत्री चौधरी ने कहा था कि जल्द ही देय तिथि से लंबित 4 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने का आदेश जारी किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने वित्त मंत्री को पूर्ववर्ती सरकार के दौरान बकाया डीए के एरियर्स, एलबी संवर्ग सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के संदर्भ में भाजपा के घोषणा पत्र में किए गए वादे को पूरा करने की मांग करते हुए राज्य के कर्मचारियों की सरकार से की जा रही अपेक्षाओं से अवगत कराया। इस पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मुलाकात के दौरान कहा था कि चुनाव में दिए गए मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए सरकार को कुछ समय दीजिए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो भी वादा किया है, उसे पूरा करेंगे। मंत्री चौधरी ने कहा कि चुनावी घोषणापत्र में दिए गए “मोदी की गारंटी” के संदर्भ में चर्चा हुई। इस दौरान मंत्री ओपी चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि, जल्द ही देय तिथि से लंबित 4% महंगाई भत्ता देने का आदेश जारी किया जाएगा।
panchayattantra24.-रायपुर । स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल से नगर पंचायत झगराखाण्ड को वित्तीय वर्ष 2024-25 में निकाय क्षेत्रांतर्गत नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग से अधोसंरचना मद में 13 निर्माण कार्यों हेतु अधोसंरचना मद से स्वीकृति मिली है। इन निर्माण कार्यो के लिए नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा 1 करोड़ 16 लाख 78 हजार रूपए की राशि स्वीकृत की गयी है।
नगर पंचायत झगराखाण्ड के वार्ड क्र. 12 में धनेश के घर से पहाड़ी के घर तक सी.सी. रोड निर्माण के लिए 10.02 लाख रूपए, वार्ड क्र. 12 में सुदामा चौधरी के घर से खलील के घर तक नाली निर्माण के लिए 8.04 लाख रूपए, वार्ड क्र. 12 में आबिद के घर से सबीर के घर तक रिटर्निंग वॉल निर्माण कार्य के लिए 4.86 लाख रूपए, वार्ड क्र. 12 में भवानी के घर से पूनम पनिका के घर तक नाली निर्माण कार्य के लिए 4.91 लाख रूपए, वार्ड क्र. 12 में पंप हाऊस के पास शौचालय निर्माण कार्य के लिए 10.00 लाख रूपए, वार्ड क्र. 05 में गोलाई दफाई में शौचालय निर्माण कार्य के लिए 10.00 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की गयी है।
इसी प्रकार वार्ड क्र. 10 में लैला मजनू ग्राउण्ड के पास सांस्कृतिक मंच निर्माण कार्य के लिए 10.00 लाख रूपए, वार्ड क्र. 10 में आंगनबाड़ी में बाऊण्ड्रीवॉल निर्माण कार्य के लिए 4.76 लाख रूपए, वार्ड क्र. 01 में संजय सेन के घर से संतोष वर्मा के घर तक सी.सी. रोड निर्माण कार्य के लिए 4.72 लाख रूपए, वार्ड क्र. 15 में मोहन वर्मा के घर के पिछे रिटर्निंग वॉल निर्माण कार्य के लिए 4.48 लाख रूपए, वार्ड क्र. 06 एवं 07 मांगलिक भवन में बाउण्ड्रीवॉल निर्माण कार्य के लिए 19.91 लाख रूपए, वार्ड क्र. 10 में जमुना यादव के घर से आनंद के घर तक नाली निर्माण कार्य के लिए 5.08 लाख रूपए, वार्ड क्र. 08 में पुष्पवाटिका में उन्नयन कार्य के लिए 20.00 लाख रूपए की राशि प्रदाय की गयी है।

panchayattantra24.-रायपुर । राज्यपाल रमेन डेका ने सभी नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान में उत्साह से भाग लेने की अपील की है। उन्होंने देश व प्रदेश के नागरिकों से आग्रह किया है कि अपने घरों में तिरंगा फहराएं और स्वतंत्रता दिवस को सम्मान व गर्व के साथ मनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘हर घर तिरंगा अभियान‘ में महत्वपूर्ण भूमिका रही है।उनके आव्हान पर यह अभियान आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर अमृत महोत्सव के तहत शुरू किया गया था। राज्यपाल ने कहा कि यह अभियान, देश भक्ति और एकता की भावना को मजबूत करेगा और राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बढ़ाएगा। इस महाअभियान से न केवल तिरंगे के प्रति हमारा व्यक्तिगत जुड़ाव मजबूत होगा बल्कि राष्ट्र निर्माण की भावना भी सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर देश के उन महान स्वतंत्रता सेनानियों को भी याद करते हुए उनसे प्रेरणा लें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

panchayattantra24.-रायपुर । राज्य गठन के बाद सरकारी कॉलेजों में पहली बार प्राध्यापकों के रिक्त 595 पदों पर सीधी भर्ती होने जा रही है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) ने इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रदेश में सीजीपीएससी घोटाले की गड़बड़ी के बाद साय सरकार की यह पहली बड़ी भर्ती परीक्षा है।
सरकार ने प्राध्यापकों की सीधी भर्ती के लिए भर्ती नियम में बड़ा बदलाव किया है। प्राध्यापक बनने के लिए स्थानीय निवासियों के लिए उम्र सीमा 56 वर्ष कर दी है, यह स्थानीय निवासियों के लिए छूट होगी। एक जनवरी 2021 की तिथि से अभ्यर्थी की उम्र 31 साल से कम नहीं और 56 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए। बाकी अन्य राज्यों के लिए उम्र सीमा 45 वर्ष रखी गई। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में सितंबर 2021 प्राध्यापकों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। इसमें उम्र सीमा को लेकर विवाद शुरू हो गया था, बाद में भर्ती रोक दी गई थी। अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार ने आते ही भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

panchayattantra24.-रायपुर । विधानसभा और लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अब छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी है। संभावत: इसी साल के अंत तक यहां निकाय चुनाव और पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है। लेकिन इस बीच डिप्टी सीएम अरुण साव के एक बयान ने सियासी गलियारों में खलबली मचा दी है। अरुण साव के बयान के बाद ये माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में निकाय और पंचायत चुनाव एक साथ कराए जा सकते हैं।
दरअसल डिप्टी सीएम अरुण साव ने शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि देश में वन नेशन-वन इलेक्शन की चर्चा हो रही है। छत्तीसगढ़ सरकार भी इसी दिशा में सोच रही है। निकाय-पंचायती चुनाव एक साथ कराए जाने को लेकर सुझाव मांगे गए हैं। राज्य सरकार ने एक कमेटी का भी गठन किया है, जो सुझावों पर विचार करके तय करेगी। म्युनिसिपल व पंचायती नियमों का भी अध्ययन करेंगे, जिसके बाद समिति की रिपोर्ट पर सरकार निर्णय करेगी।
panchayattantra24.-रायपुर । विश्व आदिवासी दिवस पर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा, जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में सदियों से सदैव तल्लीन, प्रकृति के सच्चे सेवक आदिवासी भाई-बहनों को विश्व आदिवासी दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आप सभी सदियों से प्रकृति की उपासना करते, सभ्यता और संस्कृति को अक्षुण्ण बनाए रखते आ रहे हैं एवं हमारी स्वर्णिम इतिहास की धरोहर का परचम थामे हुए हैं। राष्ट्र और समाज के उत्थान में आप सभी आदिवासी भाई-बहनों की महती भूमिका है। हमारी सरकार गौरवशाली आदिम संस्कृति के संरक्षण-संवर्धन और आदिवासियों की खुशहाल जिंदगी, उनकी प्रगति के लिए निरंतर कार्यरत है। पुनः बधाई एवं शुभकामनाएं।