panchayattantra24.- उत्तर बस्तर कांकेर । शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ही उनके परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। महतारी वंदन योजना से लाभान्वित नरहरपुर आवासपारा वार्ड क्रमांक 11 की निवासी गायत्री नेताम इसकी एक प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता का सदुपयोग करते हुए अपनी दोनों बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी है।
गायत्री नेताम बताती है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नाजिमा बेगम के सहयोग से उन्होंने महतारी वंदन योजना के लिए आवेदन किया था। मार्च 2024 से उन्हें प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। यह राशि उनके लिए आर्थिक संबल साबित हो रही है और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मदद कर रही है। गायत्री ने इस सहायता राशि को केवल वर्तमान की जरूरतों तक सीमित न रखते हुए अपनी बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने का माध्यम बनाया है। उन्होंने अपनी दोनों बेटियों के नाम से सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत खाते खुलवाए हैं। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि में से एक हिस्सा वह नियमित रूप से बेटियों के भविष्य के लिए बचत कर रही है। उनका उद्देश्य है कि भविष्य में बेटियों की शिक्षा और अन्य आवश्यकताओं के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध हो सके।
महतारी वंदन योजना से मिली आर्थिक सहायता ने गायत्री को बचत के प्रति प्रोत्साहित किया है। अब वह अपनी बेटियों के सपनों को साकार करने के लिए आज से ही तैयारी कर रही हैं। उनकी यह पहल अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा है कि शासकीय योजनाओं से प्राप्त सहायता राशि का योजनाबद्ध उपयोग कर परिवार के भविष्य को सुरक्षित बनाया जा सकता है। गायत्री नेताम मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि महतारी वंदन योजना ने उन्हें आर्थिक संबल प्रदान किया है। उनके लिए सबसे बड़ी खुशी यही है कि आज वह अपनी दोनों बेटियों के सुनहरे भविष्य के लिए एक मजबूत आधार तैयार कर रही हैं।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
