‘‘तिरंगा‘‘ मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर जवानों के शहादत की याद दिलाती है: श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े
– मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े हुईं शामिल, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंजा सूरजपुर
panchayattantra24.-सूरजपुर। देशप्रेम की भावना और राष्ट्र को समर्पित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आज जिला मुख्यालय सूरजपुर में भारी बारिश के बीच भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े तिरंगा यात्रा में शामिल हुईं। 500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ निकली यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग, एनसीसी कैडेट, स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थी तथा नगरवासी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, पूर्व विधायक श्रीमती रजनी रविशंकर त्रिपाठी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा राजलाल राजवाड़े, जनपद अध्यक्ष श्रीमती स्वाति सिंह, बाबूलाल अग्रवाल, मुकेश गर्ग, प्रमोद तयाल, शशिकांत गर्ग, अजय अग्रवाल, राजेश्वर तिवारी, कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले सहित जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक व अधिकारीगण उपस्थित रहे।
‘500 मीटर के लंबे तिरंगे के साथ निकली तिरंगा’ यात्रा ने पूरे सूरजपुर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से शहर की सड़कें गूंजायमान हो उठीं। तेज बारिश के बावजूद नागरिकों का उत्साह कम नहीं हुआ। हाथों में तिरंगा थामे लोगों की भारी उपस्थिति ने राष्ट्रप्रेम, एकता, अखंडता और जनभागीदारी का जीवंत संदेश दिया।
संयुक्त जिला कार्यालय से रंगमंच तक निकली यात्रा:-
तिरंगा यात्रा संयुक्त जिला कार्यालय सूरजपुर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रंगमंच मैदान में पहुंची। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों की धुन पर नागरिक कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ते रहे। ‘लहरा दो’, ‘सुनो गौर से दुनिया वालों’, ‘ये देश है वीर जवानों का’ सहित विभिन्न देशभक्ति गीतों ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कर दिया।
हर वर्ग के लोग हुए शामिल:-
तिरंगा यात्रा में समाज के सभी वर्गों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में भाग लिया। महिलाएं, युवा और बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। भारी बारिश के बीच भी लोगों के उत्साह और देशभक्ति का जज्बा देखते ही बन रहा था। तिरंगे की शान में उमड़ा जनसैलाब राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देता रहा।
वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन:-
रंगमंच में आयोजित कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि तिरंगा हम सभी के लिए गौरव का प्रतीक है। यह देश की आन, बान और शान के साथ ही एकता, संप्रभुता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि देश की प्रगति में अपनी ऊर्जा, क्षमता और प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग करें तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सुरक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। तिरंगा हमें उन वीर जवानों की शहादत की याद दिलाता है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि तिरंगा यात्रा लोगों में देशभक्ति की भावना को और अधिक प्रबल करती है। युवा देश के निर्माणकर्ता हैं और राष्ट्र के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है, जिससे देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना और मजबूत हो रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा ने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी नागरिकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक को अपना योगदान देना चाहिए। तिरंगा यात्रा ने पूरे सूरजपुर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया है। यह यात्रा समानता, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश का मान और सम्मान है तथा इसके सम्मान और राष्ट्रहित के लिए सभी को सदैव अग्रणी होकर कार्य करना चाहिए।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने विद्यार्थियों और युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि देश की प्रगति और सर्वांगीण विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे शिक्षा, प्रतिभा और क्षमता का सदुपयोग करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। युवा ही देश की शान हैं और उनके प्रयासों से भारत निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की उन्नति में भागीदार बनने का आह्वान किया।
