Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Author: admin
panchayattantra24.-भिलाई। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मुस्मिल युवकों पर ‘आई लव मोहम्मद’ का पोस्टर लगाए जाने को लेकर उपजा विवाद अब भिलाई तक पहुंच गया है। आज जुमे की नमाज के बाद ईदगाह मैदान में हजारों मुस्लिम हाथ में ‘आई लव मोहम्मद’ का पोस्टर लेकर पहुंचे। अलग-अलग मस्जिदों से रैली की शक्ल में पहुंचे लोगों ने यूपी मे हुई कार्रवाई को गलत बताते हुए गिरफ्तार समाज के युवाओं को छोड़ने की मांग की। इस अवसर पर शहर के सभी मस्जिदों से पहुंचे प्रमुखों ने अपनी-अपनी बात रखी।
इधर भिलाई नगर जामा मस्जिद कमेटी के सदर आशिफ बेग ने एसडीएम भिलाई हितेश पिस्दा को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। आशिफ बेग ने कहा कि संविधान ने अल्पसंख्यकों को भी समानता का अधिकार दिया है। साथ ही वे भी अपनी धार्मिक भावनाएं सार्वजनिक रूप से व्यक्त कर सकते हैं। ऐसे में अपनी धार्मिक भावना व्यक्त करने वाले युवाओं पर कार्रवाई होना गलत है। वही एसडीएम हितेश पिस्दा ने कहा कि मुस्लिम समाज ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा है, प्रशासन जल्द ही यह ज्ञापन राष्ट्रपति तक भेजेगा।
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर स्थित सर्किट हाउस सभागार में आयोजित छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा की बैठक में शामिल हुए। इस दौरान बैठक में वर्ष 2024-25 की ऑडिट रिपोर्ट का अनुमोदन, वर्ष 2025-26 का वार्षिक बजट प्रस्तुतिकरण एवं अनुमोदन, वर्ष 2025-26 हेतु ऑडिटर की नियुक्ति सहित अन्य महत्वपूर्ण एजेंडा पर चर्चा की गई। छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब छत्तीसगढ़ से ओलंपिक में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को 21 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। इन प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और निखारने के लिए हमारी सरकार निरंतर प्रयासरत है। हमने पूर्व में बंद हुए खेल अलंकरण समारोह को पुनः प्रारंभ किया है और जल्द ही उत्कृष्ट खिलाड़ी सम्मान समारोह भी प्रारंभ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेलो इंडिया के नए परिसरों की शुरुआत की गई है। कुछ महीने पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया का भी छत्तीसगढ़ आगमन हुआ था, जहां हमने उनसे खेल अधोसंरचना के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की। विशेषकर ओलंपिक खेलों को लेकर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने हेतु हमने विशेष तैयारी की है। ओलंपिक खेलों में प्रदेश के स्वर्ण पदक विजेताओं को तीन करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं को दो करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक विजेताओं को एक करोड़ रुपये देने का निर्णय लिया गया है। स्वाभाविक रूप से इससे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन होगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारी सरकार का प्रयास है कि खेलों का बजट बढ़ाया जाए और कॉरपोरेट क्षेत्र की सहभागिता को भी प्रेरित किया जाए। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वर्ष 2036 में हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने ओलंपिक खेलों के लिए भारत की मेजबानी का प्रस्ताव रखा है और अहमदाबाद शहर को इसके लिए प्रस्तावित किया गया है। स्वाभाविक रूप से केंद्र सरकार का पूरा ध्यान देश में खेलों की व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर है, ताकि एक दशक के भीतर हम खेलों के क्षेत्र में महाशक्ति के रूप में उभर सकें। इसी प्रकार
छत्तीसगढ़ में भी हमें राष्ट्रीय स्तर के खेलों के आयोजन हेतु सामूहिक प्रयास करने होंगे। कैबिनेट मंत्री एवं संघ के उपाध्यक्ष केदार कश्यप ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर ओलंपिक जैसी खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई है, जिससे सुदूर वनांचल की खेल प्रतिभाओं को एक सुनहरा मंच मिला है। इस अवसर पर सचिवीय प्रतिवेदन का वाचन महासचिव विक्रम सिसोदिया ने किया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष हिमांशु द्विवेदी, गजराज पगारिया एवं कोषाध्यक्ष संजय मिश्रा सहित खेल संघ से जुड़े पदाधिकारी एवं सदस्यगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
जीएसटी बचत उत्सव: राजधानी में उपभोक्ताओं को मिला सीधा लाभ, व्यापार में आई रौनक-सांसद बृजमोहन अग्रवाल
panchayattantra24.-रायपुर। रायपुर के सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने शुक्रवार को GST बचत उत्सव के तहत राजधानी रायपुर के कटोरा तालाब और धमतरी रोड देवपुरी क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दवाई की दुकानों, शॉपिंग मॉल, मोबाइल शोरूम, इलेक्ट्रॉनिक एंड इलेक्ट्रिकल्स, दोपहिया वाहन शोरूम और कार शोरूम का भ्रमण कर दुकानदारों एवं ग्राहकों से मुलाकात की। उन्होंने खरीदारों को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया और व्यापारियों से कर प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने की अपील की।
सांसद बृजमोहन ने खरीददारों से भी बात कि, स्कूटर लेने पहुंचे एक दंपत्ति ने बताया कि, GST कम होने से उन्हें 10 हजार रुपए का फायदा हुआ है। वहीं नवरात्रि पर कार लेने पहुंचे एक परिवार ने GST कम करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताते हुए कहा कि, उन्हें करीब 1 लाख रुपए की बचत हुई है। सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है और GST बचत उत्सव से उपभोक्ताओं को लाभ के साथ-साथ व्यापारियों को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय व्यापारियों को आश्वस्त किया कि भाजपा सरकार सदैव व्यापारियों और उपभोक्ताओं के हित में काम करती रहेगी।
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जीएसटी बचत उत्सव के बीच औचक निरीक्षण पर देवपुरी स्थित ट्रैक्टर शोरूम पहुंचे। साय ने यहां किसानों से आत्मीय संवाद कर जीएसटी कटौती पर उनकी प्रतिक्रिया और खरीदी में हुई बचत की जानकारी ली। मुख्यमंत्री श्री साय ने शोरूम में ट्रैक्टर और हार्वेस्टर खरीदने आए किसानों को चाबी सौंपकर शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री श्री साय ने अभनपुर के बिरोदा निवासी रवि कुमार साहू को उनके नए हार्वेस्टर की चाबी सौंपी। इस अवसर पर खुशी व्यक्त करते हुए रवि साहू ने कहा, “मैने सपने में भी नहीं सोच था कि मैं नया हार्वेस्टर खरीदूंगा। मैं सेकेंड हैंड हार्वेस्टर खरीदने के बारे में सोच रहा था। जीएसटी उत्सव में नए
हार्वेस्टर खरीद पर मुझे पूरे 2 लाख रुपए की बचत हुई है। किसानों की चिंता का समाधान हमारे संवेदनशील प्रधानमंत्री मोदी जी और किसानहितैषी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी ही कर सकते हैं। मुख्यमंत्री जी ने स्वयं मुझे मेरे नए हार्वेस्टर की चाबी सौंपी और मुझसे बेहद आत्मीयता से संवाद किया। मैंने उन्हें बताया कि मेरे पास दो एकड़ खेत है और अब हार्वेस्टर आने से मैं गांव में साझेदारी से और अधिक खेती कर पाऊंगा।” रवि ने जीएसटी में कटौती के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया।
मुख्यमंत्री साय ने अभनपुर कोलर से आए वरिष्ठ किसान ज्ञानिक राम साहू को उनके नए ट्रैक्टर की चाबी सौंपी। मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए श्री साहू ने बताया कि जीएसटी में कटौती के बाद नए ट्रैक्टर की खरीदी पर उन्हें पूरे 60 हजार रुपए की बचत हुई है। उन्होंने कहा कि इस बचत से उनका परिवार त्योहार को और अच्छे से मना सकेगा। ट्रैक्टर शो रूम के प्रोप्राइटर श्री अशोक अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से संवाद में बताया कि जीएसटी में कटौती के कारण बिक्री में इज़ाफ़ा हो रहा है और ग्राहकों का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने कहा, “पहले जो ट्रैक्टर 10.25 लाख रुपए का आता था, वह अब 9.75 लाख रुपए में उपलब्ध है, जिससे किसानों को 50 हजार रुपए की बचत हो रही है। इसी तरह 7.62 लाख का ट्रैक्टर अब 7.21 लाख और 6.51 लाख का ट्रैक्टर अब 6.11 लाख रुपए में मिल रहा है। कीमतों में कटौती और फेस्टिवल डिस्काउंट से किसानों की बड़ी बचत हो रही है। जीएसटी दर घटने के बाद हार्वेस्टर भी सस्ते हो गए हैं।”
जीएसटी कटौती से बाइक खरीदी में 7 हजार की बचत इसके बाद मुख्यमंत्री श्री साय देवपुरी के बजाज बाइक शोरूम पहुंचे और यहां मौजूद ग्राहकों से जीएसटी कटौती पर आत्मीय चर्चा की। उन्होंने बाइक खरीदने आए संतोषी नगर निवासी एम.डी. गुलाब को उनकी नई बाइक की चाबी सौंपी। गुलाब ने बताया कि जीएसटी में कटौती के बाद बाइक खरीदने पर उन्हें 7 हजार रुपए की बचत हुई है। उन्होंने कहा, “मैंने बजाज प्लेटिना 110 सीसी बाइक खरीदी है, जिसकी पहले कीमत 89,000 रुपए थी, जो अब मुझे 82,000 रुपए में मिली।”
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लागू जीएसटी 2.0 ने आम जनता, किसानों और उपभोक्ताओं को वास्तविक राहत दी है। ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और अन्य कृषि यंत्रों की कीमतों में आई कमी से किसानों को सीधा लाभ हो रहा है, जिससे उनकी खेती-किसानी और जीवनयापन और सुगम होगा। उन्होंने कहा कि इस जीएसटी बचत उत्सव से उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ कम हुआ है और त्यौहारी सीजन में परिवारों की खुशियाँ बढ़ी हैं। यह सुधार न केवल आर्थिक गतिविधियों को गति दे रहा है बल्कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में उत्साह और समृद्धि का नया वातावरण भी बना रहा है।
लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जताया शोक
panchayattantra24.-रायपुर। राजधानी रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा में शुक्रवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन प्लांट में सिल्ली (कंक्रीट संरचना) गिरने से छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना में आधा दर्जन से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों के बीच दहशत का माहौल बन गया। प्रशासन और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
हादसा कैसे हुआ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब पिलेट्स बनाने वाली यूनिट में तेजी से काम चल रहा था। अचानक निर्माणाधीन सिल्ली भरभराकर गिर गई और उसके नीचे काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। उस समय दर्जनभर से अधिक मजदूर मौके पर मौजूद थे। घटना इतनी अचानक हुई कि मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते पूरा इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा। मौत और घायल सूत्रों के मुताबिक, इस हादसे में छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, आधा दर्जन से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए श्री नारायणा अस्पताल लाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक मजदूरों के परिजनों में कोहराम मच गया।
रेस्क्यू अभियान हादसे के बाद मलबे में दबे अन्य मजदूरों को निकालने के लिए प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान चलाया। जेसीबी और क्रेन जैसी भारी मशीनरी की मदद से मलबा हटाया गया। राहत कार्य में स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन का साथ दिया। घंटों की मशक्कत के बाद कई मजदूरों को बाहर निकाला गया। लेकिन कुछ मजदूरों की मौत मलबे के नीचे दबने से हो चुकी थी। सुरक्षा मानकों की अनदेखी स्थानीय मजदूरों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि प्लांट में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। मजदूरों ने पहले भी सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन ठेकेदार और बिल्डर ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। मजदूरों ने बताया कि कई बार बिना सेफ्टी गार्ड और उचित प्रोटेक्शन के ही काम कराया जा रहा था। यही लापरवाही आज छह मजदूरों की मौत का कारण बन गई।
औद्योगिक क्षेत्र में दहशत इस हादसे ने सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों और उनके परिवारों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। मजदूरों का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए गए होते तो इतने बड़े पैमाने पर जनहानि नहीं होती। घटना के बाद मजदूरों में भारी आक्रोश है। कई मजदूरों ने काम बंद करने की चेतावनी दी है। प्रशासन और पुलिस की भूमिका हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह भी बताया जा रहा है कि बिल्डर और ठेकेदार से पूछताछ की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मृतकों के परिवारों पर टूटा दुख का पहाड़ इस हादसे ने मजदूर परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया है। रोजी-रोटी के लिए मेहनत करने निकले मजदूर अब वापस घर नहीं लौट पाए। उनके छोटे-छोटे बच्चों और परिवारजनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने सरकार से मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और घायलों के इलाज की मुफ्त व्यवस्था करने की मांग की है।
panchayattantra24.-रायपुर। जल संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर इतिहास रचा है। जल संचय जनभागीदारी 1.0 (JSJB) के परिणामों में प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि जल प्रबंधन और जनभागीदारी के संगम का जीवंत उदाहरण है। प्रदेश में अब तक 4,05,563 कार्य पूर्ण कर जल संरक्षण को एक जन-आंदोलन में बदल दिया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस सफलता पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली
पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जल-संपदा की नींव है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के क्षेत्र में यह उस सामूहिक चेतना का प्रमाण है, जिसने छत्तीसगढ़ को देश के लिए एक प्रेरणा बना दिया है। प्रदेश के शहरी निकायों में भी छत्तीसगढ़ ने अपनी श्रेष्ठता स्थापित की है। रायपुर नगर निगम ने पूरे देश में शीर्ष स्थान प्राप्त करते हुए राष्ट्रीय पुरस्कार जीता है। यहाँ 33,082 कार्यों के माध्यम से न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा दिया गया, बल्कि इसे जन-सहभागिता आधारित शहरी विकास का मॉडल बना दिया गया। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को रायपुर के नागरिकों और निगम प्रशासन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
जिला स्तर पर भी छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। कैटेगरी-1 में बालोद को प्रथम स्थान, राजनांदगांव को द्वितीय स्थान और रायपुर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। इन तीन जिलों को पुरस्कार स्वरूप ₹2-2 करोड़ की राशि प्राप्त होगी। वहीं केटेगरी 2 में महासमुंद, बलौदा बाजार और गरियाबंद को ₹1-1 करोड़ से सम्मानित किया जाएगा। कैटेगरी 3 में बिलासपुर, रायगढ़, बलरामपुर, धमतरी, सुरजपुर और दुर्ग को उनकी उत्कृष्ट भागीदारी के लिए ₹25-25 लाख के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। यह दर्शाता है कि पूरे प्रदेश में जल संरक्षण को प्राथमिकता के साथ अपनाया गया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह सम्मान केवल प्रशासन का नहीं, बल्कि हर किसान, हर महिला, हर नौजवान और हर जनप्रतिनिधि का है, जिन्होंने पानी की हर बूंद को बचाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही जनकल्याण संभव है और छत्तीसगढ़ ने इसे सिद्ध कर दिखाया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह उपलब्धि राज्य की ‘जन-संवाद एवं जनभागीदारी आधारित सुशासन नीति’ का प्रत्यक्ष परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को प्रदेश की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था और दीर्घकालिक विकास का सबसे महत्वपूर्ण आधार बताया। रायपुर नगर निगम को मिले राष्ट्रीय सम्मान पर मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निगम प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में सामुदायिक सहयोग से जल संचय की यह मिसाल पूरे देश के लिए अनुकरणीय है और अन्य नगर निगम भी इससे सीख सकते हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि जल संरक्षण के इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानें, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि बूंद-बूंद का संरक्षण ही भविष्य की जल-सुरक्षा की गारंटी है। छत्तीसगढ़ की यह उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि जब सरकार और जनता मिलकर कार्य करें तो असंभव भी संभव हो जाता है। JSJB 1.0 की सफलता ने न केवल प्रदेश को सम्मान दिलाया है, बल्कि इसे जल प्रबंधन का राष्ट्रीय मॉडल भी बना दिया है।
panchayattantra24.- रतनपुर। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने मंगलवार को रतनपुर प्रवास के दौरान स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों से भेंट कर उनसे आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने व्यापारियों को स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में योगदान देने का आह्वान किया। राज्यमंत्री ने कहा कि आज का समय ‘आत्मनिर्भर भारत’ का है और इसमें सबसे बड़ी भूमिका छोटे-बड़े व्यापारियों की है।
स्वदेशी अपनाने की अपील अपने संबोधन में तोखन साहू ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा हमेशा से आत्मनिर्भरता की राह दिखाती रही है। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को अधिक से अधिक बढ़ावा दें। इससे न केवल स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा बल्कि देश की अर्थव्यवस्था भी सशक्त होगी। उन्होंने युवाओं से भी आग्रह किया कि रोजगार और व्यवसाय में स्वदेशी उत्पादों का उपयोग बढ़ाएं।
जीएसटी बचत उत्सव के लिए शुभकामनाएँ अपने प्रवास के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ने ‘जीएसटी बचत उत्सव’ कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल व्यापारियों के लिए सहूलियत का माध्यम है बल्कि ग्राहकों को भी लाभ पहुंचाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजन व्यापार जगत और उपभोक्ताओं के बीच आपसी विश्वास को और मजबूत करेंगे।
व्यापारियों ने रखा सुझाव व्यापारी बंधुओं ने मंत्री से मुलाकात के दौरान जीएसटी दरों और छोटे कारोबारियों के लिए टैक्स संबंधी प्रक्रियाओं को और सरल बनाने की मांग रखी। इस पर राज्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं और सुझावों को केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि छोटे व्यवसायियों को कम से कम दिक्कतें हों और वे व्यापार में प्रगति कर सकें। आत्मनिर्भर भारत का संदेश तोखन साहू ने अपने उद्बोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की अवधारणा को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि जब हर भारतीय स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करेगा, तब देश आयात पर निर्भर नहीं रहेगा और आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से अग्रसर होगा। केंद्रीय राज्यमंत्री के रतनपुर आगमन से स्थानीय व्यापारी और दुकानदारों में उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में व्यापारियों ने उनसे मुलाकात कर अपनी बात रखी और स्वदेशी अभियान का समर्थन करने का आश्वासन दिया।
panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, मुख्य सचिव अमिताभ जैन (IAS, 1989 बैच) आगामी 30 सितंबर 2025 की अपराह्न से सेवामुक्त हो जाएंगे। उनकी सेवानिवृत्ति के बाद रिक्त होने वाले मुख्य सचिव के पद पर विकास शील (IAS, 1994 बैच) को पदस्थ किया गया है। मुख्यमंत्री की अनुशंसा से विकाश शील को दिल्ली से रायपुर लाया गया है। राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि अमिताभ जैन की
रिटायरमेंट के पश्चात विकास शील आगामी आदेश तक छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार संभालेंगे। विकास शील वर्तमान में राज्य प्रशासनिक सेवाओं में एक अनुभवी और महत्वपूर्ण अधिकारी माने जाते हैं। अमिताभ जैन ने अपने कार्यकाल में कई अहम नीतियों को अमलीजामा पहनाने में भूमिका निभाई। वहीं, नए मुख्य सचिव विकास शील से सरकार को विकास योजनाओं और प्रशासनिक कामकाज में और तेजी की उम्मीद है। यह आदेश राज्य शासन के लिए बेहद अहम है क्योंकि मुख्य सचिव पद पर बदलाव से आगामी प्रशासनिक फैसलों और नीतियों की दिशा भी तय होगी।
panchayattantra24.-रायपुर। एकात्म मानववाद अंत्योदय के प्रेणता पं.दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर तेलीबांधा स्थित प्रतिमा पर आज प्रातः 11 बजे छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन द्वारा माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री देवांगन ने कहा कि जब देश में साम्यवाद, पूंजीवाद, समाजवाद की अवधारणा चल रही थी ऐसे समय में पं.दीनदयालय उपाध्याय ने एकात्म मानववाद की बात की एवं उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक जिस दिन शासन की सुविधा पहुंचेगी उस दिन समतामूलक समाज की स्थापना होगा।
देवांगन ने आगे कहा कि पं.दीनदयाल की विचारधारा पर चलकर भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र में तीसरी बार और छत्तीसगढ़ी प्रदेश में चौथी बार सरकार बनाई है। कार्यक्रम के प्रारंभ में भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि दीनदयाल उपाध्याय एक विचारक,एक चिंतक के रूप में जाने जाते थे और उन्हीं की विचारधारा पर चलकर छत्तीसगढ़ में पीडीएस सिस्टम एवं बाद में पूरे देश में इस योजना को लागू किया गया।कार्यक्रम का संचालन राजकुमार राठी एवं आभार प्रदर्शन गोपी साहू द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा,महापौर मीनल चौबे, संजय श्रीवास्तव, सच्चिदानंद उपासने, जयंती पटेल, संदीप शर्मा, अशोक बजाज, सभापति सूर्यकांत राठौर, अमरजीत सिंह छाबड़ा, किशोर महानंद, प्रफुल्ल विश्वकर्मा, डॉ.अनामिका सिंह, अमर गिदवानी, सत्यम दुआ, अकबर अली, अमित मैशरी, तुषार चोपड़ा सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
panchayattantra24.-दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना अंतर्गत ग्राम टेमरी (नगपुरा) में 20 सितंबर को पत्थर से कुचली गई महिला की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने इसे अंधेकत्ल मानकर जांच शुरू की और अब इस सनसनीखेज हत्या का राजफाश कर दिया है। मामला ठगी और धोखाधड़ी से जुड़ा हुआ निकला, जहां नौकरी लगाने के नाम पर वसूले गए पैसों की शिकायत करने पर महिला की हत्या की साजिश रची गई। पुलिस ने इस पूरे मामले को सुपारी किलिंग करार देते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पत्थर से कुचले शव की हुई पहचान 20 सितंबर को ग्राम टेमरी में अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। शव का चेहरा बुरी तरह पत्थर से कुचला गया था ताकि पहचान छिपाई जा सके। नगपुरा चौकी पुलिस ने मर्ग क्र. 87/2025 व अपराध क्र. 402/2025 धारा 103 बीएनएस दर्ज कर जांच शुरू की। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, एफएसएल टीम और प्रशिक्षु आईपीएस भी पहुंचे। जांच के दौरान शव की पहचान गंगोत्री उर्फ गंगा जांगड़े (निवासी ग्राम दादर, हाल पोटिया चौक दुर्ग) के रूप में हुई।
नौकरी के नाम पर वसूली और दबाव पुलिस विवेचना से पता चला कि गंगोत्री जांगड़े पिछले 7-8 महीनों से दो लोगों के संपर्क में थी। वह उन्हें नौकरी दिलाने के नाम पर लगातार रकम देती आ रही थी। लेकिन नौकरी न मिलने से परेशान होकर उसने आरोपियों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। 19 सितंबर को गंगोत्री ने आरोपी को चेतावनी दी कि यदि अगले दिन तक नौकरी का इंटरव्यू नहीं हुआ तो वह पुलिस में शिकायत कर देगी। इससे घबराकर आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने का फैसला किया।
विडियो कॉल पर बनी हत्या की योजना पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथी निर्भय जांगड़े निवासी जालबांधा को गंगोत्री की हत्या के लिए एक लाख रुपए देने का सौदा किया। यह रकम निर्भय के ग्रामीण बैंक खाते में ट्रांसफर भी की गई। साजिश में हेमलता बंजारे भी शामिल हुई। तीनों ने विडियो कॉल कॉन्फ्रेंसिंग कर हत्या की योजना बनाई। हेमलता के खाते में भी पूर्व में बड़ी रकम ट्रांसफर की गई थी। ढाबे के बहाने बुलाकर की हत्या
योजना के मुताबिक 19 सितंबर की रात आरोपी ने गंगोत्री को ढाबे चलने के बहाने घर से बाहर बुलाया। रात करीब 9 बजे निर्भय और उसका साथी उसे बाइक से लेकर निकले। टेमरी पहुंचने पर निर्भय ने बेल्ट निकाला और साथी ने गंगोत्री को जमीन पर पटक दिया। बेल्ट और चुनरी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। पहचान छुपाने के लिए चेहरा पत्थर से कुचल दिया गया। लूट और सबूत छुपाने की कोशिश हत्या के बाद मृतका के आभूषण उतार लिए गए, लेकिन वे आर्टिफिशियल होने के कारण बाद में पर्स सहित फेंक दिए गए। गंगोत्री का मोबाइल निर्भय ने अपने पास रखा और बाद में दोस्तों को घटना बताकर छुपाने दे दिया। आरोपी ढाबे में खाना खाकर बाफना टोल प्लाजा होते हुए कातुल बोर्ड लौट आए। हत्या में प्रयुक्त बाइक (सीजी 07 डीवाई 4975) को भी आरोपी ने एक मित्र के पास छुपा दी।
गिरफ्तार आरोपी पुलिस ने मामले की गहन जांच के बाद 25 सितंबर को छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें निर्भय जांगड़े, 19 वर्ष, निवासी जालबांधा खैरागढ़ जयदीप साहू, 19 वर्ष, निवासी कातुल बोर्ड दुर्ग मनीष बंजारे, 19 वर्ष, निवासी आशा नगर दुर्ग पवन कुमार सिंह, 18 वर्ष, निवासी कातुल बोर्ड भिलाई हेमलता बंजारे, 38 वर्ष, निवासी कातुल बोर्ड भिलाई पुलिस ने इनके खिलाफ हत्या, आपराधिक षड्यंत्र, साक्ष्य छुपाने, लूट और अपराधी को संरक्षण देने की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश पुलिस ने बताया कि कुछ आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीम संभावित स्थलों पर रवाना की गई है। जल्द ही उन्हें भी हिरासत में लेने की संभावना जताई गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में की गई तेज कार्रवाई से यह सनसनीखेज हत्या का मामला मात्र पांच दिनों में सुलझ गया। एफएसएल टीम की रिपोर्ट और डिजिटल ट्रांजैक्शन के सबूतों ने पुलिस को हत्यारों तक पहुंचने में मदद की।