Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Author: admin
रायपुर । राजधानी में कुछ दिनों से बड़ी चोरी की वारदात हो रही थी। इसमें पुलिस की टीम ने उत्तराखंड गिरोह के दो सदस्य सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से नकदी 82 हजार 700 सहित 20 लाख का जेवर जब्त किया है।
पकड़ें गए आरोपियों में इमरान खान निवासी तेलीबांधा, शेर मोहम्मद निवासी पोटा जिला सिरमौर व नूर हसन निवासी देहरादून उत्तराखंड है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान 5 चोरियों का खुलासा हुआ है। पूछताछ में आरोपी इमरान खान ने बताया कि वह मूलतः उत्तराखंड का रहने वाला है और वह 20 साल से रायपुर में रह रहा है। आरोपी इमरान अपने साथियों को रायपुर बुलाता था और ऑटो में सवार होकर पहले रेकी करते थे उसके बाद चोरी के वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। आरोपियों ने शहर के पंडरी, डीडीनगर, न्यू राजेंद्र नगर, कबीरनगर व आमानाका थाना क्षेत्र में चोरी के वारदात को अंजाम दिए। पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इससे और भी चोरी का खुलासा हो सकता है।

रायपुर । छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने इस संबंध में सोमवार को मीडिया से रूबरू होकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि आगामी दो महीने के भीतर शहरों की गलियों मंदिरों और स्कूलों के पास स्थित शराब दुकानों को हटाया जाएगा। इन शराब दुकानों को अन्य जगहों पर शिफ्ट किया जाएगा ।

सूरजपुर । सूरजपुर जिले के भाजपा के वरिष्ठ नेता की जमीन विवाद पर पति-पत्नी ने डंडे से पिटाई कर दी। भाजपा नेता द्वारा जमीन का सीमांकन कराने के बाद समतलीकरण कराया जा रहा था। इसी दौरान वहां पति-पत्नी पहुंच गए। फिर उनके बीच विवाद होने लगा। विवाद बढऩे पर पति-पत्नी ने वारदात को अंजाम दिया। भाजपा नेता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि सूरजपुर जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता बनारसी जायसवाल का ग्राम सलका में जमीन है।
उक्त भूमि का कुछ दिन पहले सीमांकन कराया था। इसके बाद वे मौके पर उपस्थित होकर जमीन का समतलीकरण करा रहे थे। इस बीच गांव का हीरालाल व उसकी पत्नी मौके पर पहुंचे और उक्त भूमि को अपना बता कर उनके साथ विवाद करने लगे। जब विवाद बढ़ गया तो पति-पत्नी ने हाथ में रखे डंडे से उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद मामले की रिपोर्ट भाजपा नेता ने थाने में दर्ज कराई। भाजपा नेता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी दम्पति के विरूद्ध धारा 294, 506, 323 व 34 का अपराध दर्ज किया है।
दंतेवाड़ा. नेशनल हाईवे 63 में एक बड़ा हादसा हो गया है। जिसमें एक बाइक सवार की मौत हो गई है। और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि, तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से ये हादसा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार मोहम्मद आफ्ताफ़ किरंदुल के 4 नंबर रिंग रोड का निवासी है । व नेराजुल हसन दोनों बाइक से गीदम से बीजापुर की ओर बाइक क्रमांक सीजी 17 के सी 4442 से जा रहे थे उसी समय दूसरी तरफ से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया। बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है दंतेवाड़ा जिला अस्पताल के बाद विशाखापट्नम रेफर दूसरे युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे दंतेवाड़ा के जिला अस्पताल में ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे विशाखापट्नम रेफर कर दिया गया है।
दिल्ली । कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री पर जोरदार हमला बोला. प्रियंका ने कहा कि अगर मोदी ने ‘तपस्या’ की होती तो नफरत भरी टिप्पणी नहीं करते ।
अपने पति रॉबर्ट वाड्रा के साथ अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, “अगर उन्होंने (मोदी) 50 घंटों की भी तपस्या की होती तो वह इस तरह की नफरत भरी टिप्पणी नहीं करते.” वह मोदी के एक साक्षात्कार के दौरान आई टिप्पणी पर किए गए सवाल का जवाब दे रही थीं ।
मोदी ने अपने साक्षात्कार में कहा था कि यह 45 सालों की तपस्या है, जिसने उनकी यह छवि बनाई है, और इसमें खान मार्केट गैंग या लुटियन क्लब का योगदान नहीं है. कांग्रेस महासचिव ने यह भी दावा किया कि इस बार भाजपा सत्ता से बाहर हो जाएगी. प्रियंका ने अपने पति रॉबर्ट वाड्रा के साथ मध्य दिल्ली के लोधी एस्टेट इलाके में स्थित मतदान केंद्र (विद्या भवन महाविद्यालय) में अपने मताधिकार का उपयोग किया. उन्होंने कहा कि देश की जनता, विशेषकर उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से खुश नहीं है ।
मुंबई । महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसके बारे में जानकर आप अपना माथा पीट लेंगे। यहां एक मेडिकल स्टूडेंट आशिकी के चक्कर में पहले ही साल में फेल हो गया ।
फेल होने के बाद स्टूडेंट ने इसका सारा ठीकरा गर्लफ्रेंड पर फोड़ दिया और उससे पहले साल की दोबारा फीस भरने की मांग करने लगा। तंग आकर गर्लफ्रेंड ने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी तो स्टूडेंट को जेल जाना पड़ा ।
छात्र पर वसूली और आपराधिक इरादे से धोखाधड़ी करने का आरोप है। बैचलर ऑफ होम्योपैथिक मेडिसिन एंड सर्जरी की पढ़ाई कर रहे आरोपी छात्र ने परीक्षा में फेल होने पर गर्लफ्रेंड से पढ़ाई की फीस भरने की मांग की थी। उसका कहना है कि गर्लफ्रेंड ने उसका ध्यान पढ़ाई से हटाया, जिससे वह फेल हुआ ।
आपको बता दें कि बीड जिले के रहने वाले छात्र ने बीएचएमएस कोर्स में साल 2018 में एडमिशन लिया था। पढ़ाई के दौरान मेडिकल की छात्रा से उसकी दोस्ती हो गई जिसके बाद उसकी पढ़ाई ठीक से न हो सकी और वो परीक्षा में फेल हो गया।
इससे उसका दाखिला दूसरे साल के कोर्स में नहीं हो सका। इस पर छात्र ने साथी मेडिकल छात्रा से उसका पहले साल की पढ़ाई की फीस अपने परिजन से मांगकर देने की मांग करने लगा ।
इस पर छात्रा उससे दूरी बनाने लगी तो छात्र उसे फोन और मैसेज करके परेशान करने लगा। इस पर प्रेमिका ने पुलिस में केस दर्ज करा दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छात्र को गिरफ्तार कर लिया ।

जगदलपुर । लोहंडीगुड़ा क्षेत्र के बहारगुड़ा पारा में 4 माह के दूध मुंहे बच्चे को अगवा करने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बच्चे को अगवा कर फरार हो गया. जिसके बाद पुलिस क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी है. पुलिस आरोपी और बच्चे की तलाश कर रही है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बहारगुड़ा पारा में शनिवार दोपहर जब बच्चे की मां लक्ष्मी अपने 4 माह के बच्चे के साथ सोई थी और उसका दादा खेत में काम कर रहा था. इस दौरान किसी अंजान व्यक्ति ने घर में घुसकर सोए हुए 4 माह के दूध मुंहे बच्चे सुजीत को अगवा कर लिया ।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया है. आसपास के लोगों ने इसकी सूचना लोहंडीगुड़ा पुलिस को दी. जिसके बाद मामला पंजीबद्ध कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है. फिलहाल पुलिस स्केचर के माध्यम से आरोपी की पहचान करने में लगी हुई है।
रायपुर । कटोरा तालाब उद्यान में रायपुर स्मार्ट सिटी द्वारा आयोजित हेल्थ व फिटनेस के साप्ताहिक आयोजन “मटरगश्ती” में रायपुरियन्स ने ज़ुम्बा के ज़रिए अपने फिटनेस का दम दिखाया। एआईएम फिटनेस के प्रशिक्षक भूमिका गोलछा, आसमाँ खान और मोईन खान की ऊर्जा ने रायपुरियन्स को उत्साह से भर दिया। उनके निर्देशन में मटरगश्ती में लोगों ने ज़ुम्बा डांस करते हुए खूब पसीना बहाया। गर्म मौसम के बावजूद लोगों की ऊर्जा और उनके उत्साह में कोई कमी नहीं आई। रविवार सुबह कटोरा तालाब में आकर हर उम्र के नागरिक ज़ुम्बा में शामिल होते रहे। स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नागरिकों ने कटोरा तालाब में योगाभ्यास और ओपन जिम में कसरत भी कर अपने स्वास्थ्य के प्रति अपनी जागरूकता प्रदर्शित की। दूसरी तरफ बच्चों ने अपने पसंदीदा खेल साँप-सीढ़ी,स्केटिंग का आनंद लिया ।
