Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Author: admin

दुर्ग । भिलाई नगर कोतवाली थाना प्रभारी प्रमिला मंडावी हुई लाइन अटैच, लगातार हो रही वारदातों पर नियंत्रण नहीं होने से हुई कार्रवाई, 2 दिन पूर्व ही हुई थी हत्या की बड़ी वारदात, SP प्रखर पांडेय ने दिया आदेश ।

रायपुर । राजभवन में चल रहे 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर में दूसरे दिन राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल बच्चों के बीच आज सुबह स्वयं पहुंची। उन्होंने बच्चों से पूछा- उन्हें शिविर में शामिल होकर कैसा महसूस हो रहा है। वे सुबह कितने बजे उठकर शिविर में पहुंच रहे हैं। बच्चों ने कहा कि उन्हें नया अनुभव मिला है और बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। वे ऐसी कलाकृति बनाना सीख रहे हैं, जिसे वे किसी दुकान में खरीदने जाते थे या किसी होटल या शॉपिंग मॉल में प्रदर्शित होते देखते थे। अब तो उनकी नींद ही गायब हो गई है। वे पहले देर सुबह सो कर उठते थे अब प्रातः सूर्योदय के समय ही नींद खुल जाती है और नित्य कर्म पूर्ण कर तुरंत शिविर में पहुंच जाते हैं। राज्यपाल ने चित्रकारी, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, रंगोली और मूर्ति कला के प्रशिक्षण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षणकर्ता से कहा कि बच्चों को भगवान गणेश तथा विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्ति बनाना सिखाएं और गणेश उत्सव नवरात्रि के समय बच्चों द्वारा बनाई गई मूर्तियों को आम जनता को उपलब्ध कराएं। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव श्री सुरेन्द्र कुमार जायसवाल, उप सचिव श्रीमती रोक्तिमा यादव, मध्यप्रदेश राजभवन के उपसचिव श्री केयूर संपत, राज्यपाल के परिसहायद्वय श्री अनंत श्रीवास्तव, श्री भोजराज पटेल, नियंत्रक श्री हरबंश मिरी भी उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल ने झोला छाप डॉक्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिले के खासकर बिलाईगढ़ और सरसीवां क्षेत्र में झोला छाप डॉक्टरों के सक्रिय होने की सूचना पर एस.डी.एम. के नेतृत्व में गठित विकासखण्ड स्तरीय टीम को ऐसे लोगों की पहचान कर तत्काल दण्डात्मक कार्रवाई करने कहा है। श्री गोयल आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के निराकरण के प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में जिला पंचायत के सी.ई.ओ. श्री एस.जयवर्धन सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने बैठक में समितियों में खाद-बीज की उपलब्धता और भीषण गर्मी में पेयजल समस्या जैसे समसामयिक विषयों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि खरीफ बोआई का मौसम जल्द शुरू होने वाला है। किसान इसकी तैयारी में लग चुके हैं। किसानों की मांग के अनुरूप सहकारी समितियों में खाद और बीज की निरंतर उपलब्धता बनी रहनी चाहिए। खाद-बीज के लिए किसानों को किसी तरह की दिक्कत पेश नहीं आनी चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि प्रति सप्ताह सोमवार को इसकी समीक्षा की जाएगी। उप संचालक कृषि ने बताया कि संपूर्ण भण्डारण क्षमता का 49 प्रतिशत खाद्य बीज भण्डारित हो चुका है। गुणवत्ता के लिए खाद के 11 नमूने लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बीज-खाद की किसी भी सोसायटी में कमी नहीं है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बैठक में बताया कि टेल एरिया तक पानी पहुंच चुका है। दो-तीन दिनों में तालाब भराई का काम पूर्ण हो जाएगा। जिला मुख्यालय में भी तालाबों के भरने से भू-जल स्तर में सुधार आया है। पेयजल तथा निस्तारी की समस्या कम करने में कामयाबी मिली है। कलेक्टर ने कहा जिला अस्पताल में आयुष विंग भी खोला जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार से स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने सी.एम.एच.ओ. को जिला अस्पताल में इसके लिए स्थान आरक्षित करके सूचित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण पत्र की भी समीक्षा की और इस संबंध में सटीक जानकारी उपलब्ध नहीं करा पाने पर स्कूल शिक्षा विभाग के प्रति नाराजगी जाहिर की।
जशपुर । सीमेंट गोदाम में सहायक मैनेजर के तौर पर काम करने वाले 32 साल के युवक का मंगलवार की रात दो अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया. पुलिस के आला अधिकारी मामले की पुष्टि कर रहे हैं, लेकिन जांच में जुटी जशपुर पुलिस मामले में कुछ कहने से बच रही है।जानकारी के अनुसार, पत्थलगांव के सीमेंट व्यापारी मदन अग्रवाल के साईंटांगरटोली स्थित सीमेंट गोदाम में बतौर सहायक मैनेजर कार्यरत सद्दाम हुसैन मंगलवार की रात काम खत्म कर अपने गांव लोदाम लौट रहा था. इस दौरान दो अज्ञात लोग उसे जबरन मोटर साइिकल में बिठाकर ले गए. युवक के अपहरण की पुष्टि सरगुजा आईजी केसी अग्रवाल ने की है. लेकिन मामले में जशपुर पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है. बता दें कि साईंटांगरटोली गांव झारखंड की सीमा से सटा गांव है।

पिथौरा । पिथौरा पुलिस थाना में प्रमोद सेगर ने लूट की झूठी घटना रचकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी जिसका साइबर सेल पिथौरा पुलिस के स्पेशल टीम ने 24 घंटे से पहले ही किया पर्दाफाश कर दिया है.पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह की स्पेशल टीम ने बारीकी से प्रार्थी प्रमोद सेगर की बातों को सुना.उसके बाद जब प्रमोद से सवाल पूछे गए तो वो घुमा फिराकर उनका जवाब देने लगा. जिससे पुलिस को लगने लगा की जरूर कुछ दाल में काला है।
पुलिस की टीम ने प्रमोद से जुड़ी एक एक एक चीज पर पड़ताल करना प्रारंभ किया,उसने कब कब बैंक में पैसा जमा किया है कितना किया है, पहले क्या काम करता था व छोड़ने की वजह क्या थी? सभी जानकारियों के साथ जब टीम ने प्रार्थी प्रमोद को रात से घेरना चालू किया तो वह सुबह आते आते टूट गया,पर इस बीच उसने कई कहानियों से टीम को गुमराह करने की कोशिश की.उसने बताया कि कर्ज होने की वजह से और जमा किये गए पैसे को खर्च कर देने के वजह से झुठी लूट कि कहानी रची थी,वह अपने साथ काम करने वाले ऑफिस के लोगों को कहा कि वह पैसे जमा करने महासमुन्द जा रहा है ।
बैग को लेकर अपनी प्लेटिना गाड़ी से महासमुन्द कि ओर निकल जाता है ,और तय किये गए जगह पर अपने एक साथी निहाल कुर्रे पिता मोतीलाल उम्र 20 वर्ष ग्राम पचरी तथा एक नाबालिक साथी को लूट की कहानी गढ़ने वाली जगह पर बुलाया और उसके साथी ब्लेड लेकर डीलक्स गाड़ी से आते हैं और उसके कपड़े फाड़ कर शर्ट के बटन तोड़ कर बैग को ब्लेड से काटकर डुमरपाली जंगल की ओर से बैग को जंगल मे एक पत्थर के नीचे छुपाकर पुनः गांव में चले गये ,प्रमोद सेंगर के दोनों साथियों ने बताया कि उसने उन्हें इस काम के लिए दो-दो हजार रुपये दिये थे ,प्रमोद ने उन्हें बैग को जला देने कि बात कही थी पर वो डर के मारे उसे जला नहीं पाए ,टीम ने तीनों साथियों से बैग ,लूट की कहानी में प्रयुक्त दोनो मोटरसाइकिल ,04 नग मोबाइल और 73 हजार रुपये बरामद कर लिया है इस प्रकार 24 घंटों से पहले ही साइबर सेल की टीम ने लूट की झूठी रची गई कहानी का पर्दाफाश कर दिया है.ये पूरी कार्यवाही पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में की गई।

नई दिल्ली । मोदी सरकार के दौरान ऊर्जा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों का ब्यौरा आज छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह दूरदर्शन और आकाशवाणी पर पेश करेंगे. चुनावी प्रचार के लिए दूरदर्शन और आकाशवाणी में बीजेपी को दिए गए स्लाट की इस कड़ी में डाक्टर रमन सिंह को बीजेपी केंद्रीय संगठन ने यह जिम्मेदारी दी है । आज शाम रात 8 बजे दूरदर्शन पर साढ़े आठ बजे से लेकर 8. 40 बजे तक और आकाशवाणी पर रात 10 बजे से 10 बजकर 10 मिनट तक यह प्रसारित किया जाएगा. 15 अलग-अलग भाषाओं में यह प्रसारित किया जाएगा ।
बात दें कि डाक्टर रमन सिंह छत्तीसगढ़ में बतौर मुख्यमंत्री रहते हुए 15 सालों तक ऊर्जा विभाग संभालते रहे हैं. छत्तीसगढ़ जीरो पावर कट राज्य के रूप में पहचान बनाने में सफल रहा है. केंद्र में मोदी सरकार के काबिज होने के बाद दावा किया गया था कि देश के शत-प्रतिशत गांवों को ऊर्जीकृत किया गया है ।

कोरबा । सर्वमंगला पुल से आगे कुसमुंडा डंपिंग के पीछे रेत का अवैध उत्खनन और भंडारण का बड़ा मामला मंगलवार को पकड़ाया। लगभग 200 ट्रेक्टर अवैध रेत का उत्खनन कर भंडारण किया जा रहा था। उत्खनन के लिए लगे जेसीबी और परिवहन में लगे ट्रैक्टरों को एसडीएम ने जप्त कर लिया है। वहीं एसडीएम के पहुंचने से ठीक पहले माइनिंग की टीम भी पहुंची थी लेकिन दिखाने के लिए आधी गाडिय़ों पर ही कार्रवाई की गई।
मंगलवार को कलेक्टर किरण कौशल ने कटघोरा एसडीएम अजय उरांव को इस मामले को लेकर कार्रवाई के निर्देश दिया। इसकी भनक माइनिंग विभाग को लग गई। माइनिंग विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आधी गाडिय़ों पर कार्रवाई करते रिपोर्ट दी कि कार्रवाई कर दी गई है। इसके कुछ देर के बाद कटघोरा एसडीएम अजय उरांव खुद मौके पर पहुंचे। तब स्पॉट पर धड़ल्ले से रेत का अवैध उत्खनन और भंडारण जारी था। जेसीबी, हाइवा समेत कई ट्रेक्टर मौके पर लगे हुए थे। एसडीएम को देख आधे लोग भाग निकले।
विभाग ने जेसीबी व ट्रैक्टर को जप्त कर लिया। वहीं दो सौ ट्रैक्टर रेत को सीज कर लिया गया। इस मामले में माइनिंग विभाग की पोल खुल गई। माइनिंग विभाग के कार्रवाई के बाद भी अवैध उत्खनन चल रहा था। आधी अधूरी कार्रवाई की गई थी, लेकिन एसडीएम की कार्रवाई के बाद से माइनिंग विभाग अब सवालो के घेरे में है।

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कुछ दिन पहले हुए युवक की हत्या की शिनाख्त हो गयी है। दरअसल, घर से गोवा घूमने जाने के लिए निकले युवक की हत्या कर उसकी लाश को गंगरेल डैम में डाल दिया गया। पुलिस ने इस अंधे कत्ल को सुलझाने के लिए अपना जाल फैला दिया है। उसके दोस्तों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार रायपुर जिले के मुड़पार खरोरा निवासी गोविंदा ढीमर (24) पिता श्यामलाल विगत 21 अप्रैल को अपने घर से गोवा घूमने जाने के नाम से निकला था। इस बीच 22 अप्रैल को उसने अपने परिजनों से भी बातचीत की। फिर उसके बाद दोबारा संपर्क नहीं हुआ। परिजन इससे परेशान हो गए। इस बीच मृतक का भाई गोकुल ढीमर अपने दोस्तों के साथ उसकी खोजबीन करते हुए गंगरेल डैम में आया। फोटो दिखाकर वह पूछताछ कर रहा था, तभी कुछ लोगों ने उसे जानकारी दी कि एक अज्ञात युवक की लाश मिली है। इसके बाद वह सीधे रूद्री थाना पहुंचा।
यहां पुलिस ने जब मृतक का फोटो दिखाया, तो उसने अपने भाई के रूप में इसकी शिनाख्त की। इसके बाद सोमवार को उसके परिजनों ने मृतक के जीस कपड़े-पैंट, जूते और हाथ में कड़ा देखकर उसकी पुष्टि कर दी। गौरतलब है कि पिछले 28 अप्रैल को गोविंदा ढीमर की लाश डैम में मिली थी। उसके दोनों हाथ सामने की ओर से रस्सी से बंधे हुए थे। उसके सीने में पत्थर से भरा एक बैग भी मिला। पुलिस का कहना है कि हत्या करने के बाद उसकी लाश को डूबाने के उद्देश्य से बैग में पत्थर रखकर उसे फेंक दिया गया था। पुलिस ने उसकी शिनाख्त करने के लिए अपने स्तर पर काफी खोजबीन भी की। इस बीच जब कोई पता नहीं चला तो 30 अप्रैल को स्वर्गधाम सेवा समिति ने उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया।
फोटोग्राफी का शौक : पुलिस ने बताया कि युवक गोविंदा ढीमर मोबाइल रिपेयरिंग और फोटोग्राफी का काम करता था। उसे सैर सपाटे का काफी शौक था। अक्सर वह अपने दोस्तों के साथ रमणीयक स्थलों में जाकर फोटोग्राफी करता था। इस सिलसिले में वह पूर्व में भी कई बार गंगरेल डैम आ चुका था। बहरहाल, पुलिस यह पता लगा रही है कि अंतिम समय उसके साथ कौन था।
चाकू मारकर हत्या : इधर, युवक की शिनाख्त होते ही रूद्री पुलिस की जांच में तेजी आ गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पहले गोविंदा के पेट में चाकू से हमला किया है। इसके बाद उसका गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। पश्चात साक्ष्य छुपाने उसकी लाश गंगरेल बांध में फेंक दिया।

रायपुर । छत्तीसगढ़ लोक आयोग की अनुशंसा के बाद भी वन विभाग के दोषी अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई नहीं होने पर एसीएस वन खेतान ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने कुछ प्रकरणों में जांच में दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ समयावधि में कार्रवाई नहीं किए जाने पर अप्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने पीसीसीएफ को लोक आयोग के प्रकरणों की जांच समय-सीमा में पूरी करने और दोषी अधिकारियों – कर्मचारियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई को कहा है। खेतान ने मंत्रालय में बैठक ली। इसमें आयोग के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रकरण जिसमें आयोग से कई बार स्मरण पत्र प्राप्त हुए हैं तथा वे प्रकरण जिसमें जांच के बाद आयोग की अनुशंसा पर कार्यवाही लंबित है, इन प्रकरणों पर समय-सीमा में कार्रवाई की जाए। प्रमुख लोकायुक्त द्वारा दिए गए निर्देश के अनुसार वन्य प्राणी बिलासपुर के प्रकरण में बिलासपुर के कलेक्टर से एक महीने में जांच कराई जाए। जिन प्रकरणों में जांच प्रतिवेदन भेजा जा चुका है, परन्तु जांच उल्लेखित बिन्दुओं पर तकनीकी अभिमत अथवा गुणवत्ता परीक्षण प्रतिवेदन इत्यादि के कारण प्रकरण लंबित हैं। ऐसे प्रकरणों में पालन प्रतिवेदन तत्काल शासन को भेजा जाए। बैठक में मुख्य वन संरक्षक रायपुर, बिलासपुर, एवं सरगुजा के प्रकरणों में जांच प्रतिवेदन एक माह में शासन को भेजने कहा। संभाग में आयोग के लंबित प्रकरणों को लोक आयोग के निर्देशानुसार संबंधितों के खिलाफ समयावधि में विभागीय कार्रवाई करने कहा है।
तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिलेंगे 690 करोड़ : अपर मुख्य सचिव वन सीके खेतान ने मंत्रालय महानदी भवन में प्रदेश में तेंदूपत्ता संग्रहण की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने बैठक में कहा कि किसी भी स्थिति में संग्रहण के लिए पारिश्रमिक भुगतान के लिए राशि की कमी न हो सभी संग्राहक परिवारों को समय अवधि के भीतर भुगतान किया जाए। पीसीसीएफ राकेश चतुर्वेदी ने बताया कि पारिश्रमिक भुगतान के लिए लगभग 690 करोड़ रूपये की आवश्यकता होगी, जिसमें से प्रथम चरण में 75 करोड़ रूपये सभी जिला यूनियनों में हस्तांतरित कर दी गई है। खेतान ने बीजापुर, कवर्धा और कांकेर में संग्रहण की कमजोर स्थिति के मद्देनजर वहां के कलेक्टरों से दूरभाष से चर्चा कर उनके जिलों में संग्रहण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के प्रबंध संचालक राकेश चतुर्वेदी ने बताया कि वर्ष 2019 में कुल संग्रहण लक्ष्य 16.75 लाख मानक बोरा है, जिसमें से लगभग 9.75 लाख मानक बोरा अग्रिम निविदा से निर्वर्तित हो गये हैं तथा लगभग 6.95 लाख मानक बोरों का विभागीय संग्रहण किया जाना है। 6 मई तक लगभग 3 लाख मानक बोरा तेन्दूपता का संग्रहण हो चुका है।

रायपुर । छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए वाणिज्यिक-कर (आबकारी विभाग) द्वारा छापेमार कार्रवाई की जा रही है. आबकारी आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह ने आज आबकारी भवन में विभागीय अधिकारियों की राज्यस्तरीय मासिक बैठक लेकर इस अभियान की विस्तृत समीक्षा की ।
बैठक में जिला आबकारी अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश भर में पिछले माह अप्रैल 2019 में छापामार अभियान के तहत अवैध शराब के कारोबार के 947 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत 894 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. सिर्फ एक माह में दर्ज इन प्रकरणों में तीन हजार 632 लीटर अवैध शराब जब्त की गई. इसके अलावा शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए गए आठ वाहनों को भी जब्त किया गया. बैठक में आबकारी आयुक्त डॉ. सिंह ने अधिकारियों को देशी-विदेशी मदिरा दुकानों की नियमित रूप से जांच करने और आकस्मिक निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए ।
उन्होंने शराब की गुणवत्ता का भी ध्यान रखने की जरूरत पर बल दिया. उन्होंने कहा कि सभी जिला आबकारी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि निर्धारित कीमत से अधिक मूल्य पर शराब किसी भी हालत में न बिकें, अगर कही ओव्हर रेट की शिकायतें मिलें, तो उन्हें तत्काल संज्ञान में लेकर जांच की जाए और दोषी व्यक्तियों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए. आबकारी आयुक्त ने कहा कि ओव्हर रेट में शराब की बिक्री रोकने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके लिए संबंधित जिले के आबकारी अधिकारियों को जिम्मेदार मानकर उन पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पिछले दिनों कुछ अधिकारियों पर कार्रवाई की भी गई है ।
आबकारी आयुक्त ने कहा कि इसे ध्यान में रखकर सभी अधिकारी पूरी सतर्कता से काम करें. ओव्हर रेट और अवैध शराब की शिकायतों पर संबंधित अधिकारी 24 घंटे के भीतर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करें. आबकारी आयुक्त ने अधिकारियों को देशी-विदेशी मदिरा की दुकानों में सीसीटीव्ही कैमरे हमेशा चालू हालत में रखने के निर्देश दिए. उन्होंने इस बात पर संतुष्टि जताई कि प्रदेश की सभी 650 देशी और विदेशी शराब दुकानों में सीसीटीव्ही कैमरे चालू हालत में हैं. इनमें 340 देशी और 310 विदेशी मदिरा की दुकानें शामिल हैं. डॉ. कमलप्रीत सिंह ने अधिकारियों से कहा कि शराब दुकानों में ग्राहकों को बिल अनिवार्य रूप देने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए ।
इस बैठक में वाणिज्यिक-कर (आबकारी) विभाग के विशेष सचिव एपी त्रिपाठी, अपर आयुक्त पीएल वर्मा और आरके मण्डावी, ब्रेवरेज कार्पोरेशन के संयुक्त प्रबंध संचालक त्रिपाठी और सभी जिलों के आबकारी अधिकारियों सहित राज्य मुख्यालय के समस्त डिप्टी कमिश्नर, सहायक आयुक्त और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे ।