Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Author: admin
रायपुर । लोकसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव आयोग द्वारा मतदाता जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है. इसी बीच मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू ने आज सरगुजा का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने अंबिकापुर जिला मुख्यालय में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम पर केंद्रित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया ।
इस अवसर पर उनके साथ अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉक्टर भारतीय दासन, पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और सरगुजा जिले के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर सारांश मित्तर और अन्य लोग उपस्थित रहे ।
बिलासपुर । भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की जाति के मामले में मोर्चा खोलने वाले संत कुमार नेताम पार्टी का साथ छोड़ने जा रहे हैं. वे कांग्रेस का हाथ थामने वाले हैं. राहुल गांधी की सभा में वे कांग्रेस प्रवेश करेगें. संत कुमार नेताम ने भाजपा पर उपेक्षा का आरोप लगाया है और रमन सिंह व मोदी सरकार को आदिवासी विरोधी करार दिया है ।
आपको बता दें कि संत कुमार नेताम ने पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की जाति को लेकर हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़े थे. उन्हीं की याचिका के बाद पूर्ववर्ती रमन सरकार ने हाई पावर कमेटी का गठन किया था. कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में जोगी की जाति प्रमाण पत्र को फर्जी पाया था. हालांकि जोगी को बाद में उच्च न्यायालय से जोगी को इसमें बड़ी राहत मिल गई थी ।
मल्टीमीडिया डेस्क । हनुमान जयंती शुक्रवार को पूरे देशभर में मनाई जा रही है। प्रायः हर घर में हनुमान चालीसा का पाठ किया जाता है। मगर, बहुत कम ही लोग इसके अर्थ को जानते होंगे। आज हम आपको हनुमान चालीसा अर्थ के साथ बता रहे हैं, ताकि आप उसके शब्दों और भावना को भी अच्छी तरह समझ सकें। इसे जानने के बाद अगली बार जब आप हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे, तो आपको निश्चित ही अधिक आनंद मिलेगा।
श्री गुरु चरण सरोज रज, निज मन मुकुरु सुधारि।
बरनऊँ रघुवर बिमल जसु, जो दायकु फल चारि।
अर्थ- गुरु महाराज के चरण कमलों की धूलि से अपने मन रुपी दर्पण को पवित्र करके श्री रघुवीर के निर्मल यश का वर्णन करता हूं, जो चारों फल धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष को देने वाला है।
बुद्धिहीन तनु जानिके, सुमिरो पवन कुमार।
बल बुद्धि विद्या देहु मोहिं, हरहु कलेश विकार।
अर्थ- हे पवन कुमार! मैं आपको सुमिरन करता हूं। आप तो जानते ही हैं, कि मेरा शरीर और बुद्धि निर्बल है। मुझे शारीरिक बल, सदबुद्धि एवं ज्ञान दीजिए और मेरे दुःखों व दोषों का नाश कर दीजिए।
जय हनुमान ज्ञान गुण सागर, जय कपीस तिहुँ लोक उजागर॥1॥
अर्थ- श्री हनुमान जी! आपकी जय हो। आपका ज्ञान और गुण अथाह है। हे कपीश्वर! आपकी जय हो! तीनों लोकों, स्वर्ग लोक, भूलोक और पाताल लोक में आपकी कीर्ति है।
राम दूत अतुलित बलधामा, अंजनी पुत्र पवन सुत नामा॥2॥
अर्थ- हे पवनसुत अंजनी नंदन! आपके समान दूसरा बलवान नही है।
महावीर विक्रम बजरंगी, कुमति निवार सुमति के संगी॥3॥
अर्थ- हे महावीर बजरंग बली! आप विशेष पराक्रम वाले है। आप खराब बुद्धि को दूर करते है, और अच्छी बुद्धि वालो के साथी, सहायक हैं।
कंचन बरन बिराज सुबेसा, कानन कुण्डल कुंचित केसा॥4॥
अर्थ- आप सुनहले रंग, सुन्दर वस्त्रों, कानों में कुण्डल और घुंघराले बालों से सुशोभित हैं।
हाथ ब्रज और ध्वजा विराजे, काँधे मूँज जनेऊ साजै॥5॥
अर्थ- आपके हाथ मे बज्र और ध्वजा है और कन्धे पर मूंज के जनेऊ की शोभा है।
शंकर सुवन केसरी नंदन, तेज प्रताप महा जग वंदन॥6॥
अर्थ- हे शंकर के अवतार! हे केसरी नंदन! आपके पराक्रम और महान यश की संसार भर में वंदना होती है।
विद्यावान गुणी अति चातुर, राम काज करिबे को आतुर॥7॥
अर्थ- आप प्रकान्ड विद्या निधान है, गुणवान और अत्यन्त कार्य कुशल होकर श्री राम काज करने के लिए आतुर रहते हैं।
प्रभु चरित्र सुनिबे को रसिया, राम लखन सीता मन बसिया॥8॥
अर्थ- आप श्री राम चरित सुनने मे आनंग रस लेते है। श्री राम, सीता और लखन आपके हृदय मे बसे रहते हैं।
सूक्ष्म रुप धरि सियहिं दिखावा, बिकट रुप धरि लंक जरावा॥9॥
अर्थ- आपने अपना बहुत छोटा रुप धारण करके सीता जी को दिखलाया और भयंकर रूप करके लंका को जलाया।
भीम रुप धरि असुर संहारे, रामचन्द्र के काज संवारे॥10॥
अर्थ- आपने विकराल रुप धारण करके राक्षसों को मारा और श्री रामचन्द्र जी के उदेश्यों को सफल कराया।
लाय सजीवन लखन जियाये, श्री रघुवीर हरषि उर लाये॥11॥
अर्थ- आपने संजीवनी बुटी लाकर लक्ष्मणजी को जिलाया, जिससे श्री रघुवीर ने हर्षित होकर आपको हृदय से लगा लिया।
रघुपति कीन्हीं बहुत बड़ाई, तुम मम प्रिय भरत सम भाई॥12॥
अर्थ- श्री रामचन्द्र ने आपकी बहुत प्रशंसा की और कहा की तुम मेरे भरत जैसे प्यारे भाई हो।
सहस बदन तुम्हरो जस गावैं, अस कहि श्री पति कंठ लगावैं॥13॥
अर्थ- श्री राम ने आपको यह कहकर हृदय से लगा लिया की तुम्हारा यश हजार मुख से सराहनीय है।
सनकादिक ब्रह्मादि मुनीसा, नारद,सारद सहित अहीसा॥14॥
अर्थ- श्री सनक, श्री सनातन, श्री सनन्दन, श्री सनत्कुमार आदि मुनि ब्रह्मा आदि देवता नारद जी, सरस्वती जी, शेषनाग जी सब आपका गुण गान करते है।
जम कुबेर दिगपाल जहाँ ते, कबि कोबिद कहि सके कहाँ ते॥15॥
अर्थ- यमराज, कुबेर आदि सब दिशाओं के रक्षक, कवि विद्वान, पंडित या कोई भी आपके यश का पूर्णतः वर्णन नहीं कर सकते।
तुम उपकार सुग्रीवहि कीन्हा, राम मिलाय राजपद दीन्हा॥16॥
अर्थ- आपनें सुग्रीव जी को श्रीराम से मिलाकर उपकार किया, जिसके कारण वे राजा बने।
तुम्हरो मंत्र विभीषण माना, लंकेस्वर भए सब जग जाना ॥17॥
अर्थ- आपके उपदेश का विभिषण जी ने पालन किया जिससे वे लंका के राजा बने, इसको सब संसार जानता है।
जुग सहस्त्र जोजन पर भानू, लील्यो ताहि मधुर फल जानू॥18॥
अर्थ- जो सूर्य इतने योजन दूरी पर है की उस पर पहुँचने के लिए हजार युग लगे। दो हजार योजन की दूरी पर स्थित सूर्य को आपने एक मीठा फल समझ कर निगल लिया।
प्रभु मुद्रिका मेलि मुख माहि, जलधि लांघि गये अचरज नाहीं॥19॥
अर्थ- आपने श्री रामचन्द्र जी की अंगूठी मुंह मे रखकर समुद्र को लांघ लिया, इसमें कोई आश्चर्य नही है।
दुर्गम काज जगत के जेते, सुगम अनुग्रह तुम्हरे तेते॥20॥
अर्थ- संसार में जितने भी कठिन से कठिन काम हो, वो आपकी कृपा से सहज हो जाते हैं।
राम दुआरे तुम रखवारे, होत न आज्ञा बिनु पैसारे॥21॥
अर्थ- श्री रामचन्द्र जी के द्वार के आप रखवाले हैं, जिसमें आपकी आज्ञा बिना किसी को प्रवेश नही मिलता अर्थात आपकी प्रसन्नता के बिना राम कृपा दुर्लभ है।
सब सुख लहै तुम्हारी सरना, तुम रक्षक काहू को डरना॥22॥
अर्थ- जो भी आपकी शरण में आते है, उस सभी को आनंद प्राप्त होता है, और जब आप रक्षक है, तो फिर किसी का डर नही रहता।
आपन तेज सम्हारो आपै, तीनों लोक हाँक ते काँपै॥23॥
अर्थ- आपके सिवाय आपके वेग को कोई नही रोक सकता, आपकी गर्जना से तीनों लोक कांप जाते हैं।
भूत पिशाच निकट नहिं आवै, महावीर जब नाम सुनावै॥24॥
अर्थ- जहां महावीर हनुमान जी का नाम सुनाया जाता है, वहां भूत, पिशाच पास भी नहीं फटक सकते।
नासै रोग हरै सब पीरा, जपत निरंतर हनुमत बीरा॥25॥
अर्थ- वीर हनुमान जी! आपका निरंतर जप करने से सब रोग चले जाते है,और सब पीड़ा मिट जाती है।
संकट तें हनुमान छुड़ावै, मन क्रम बचन ध्यान जो लावै॥26॥
अर्थ- हे हनुमान जी! विचार करने मे, कर्म करने मे और बोलने मे, जिनका ध्यान आपमे रहता है, उनको सब संकटो से आप छुड़ाते हैं।
सब पर राम तपस्वी राजा, तिनके काज सकल तुम साजा॥ 27॥
अर्थ- तपस्वी राजा श्री रामचन्द्र जी सबसे श्रेष्ठ हैं, उनके सब कार्यों को आपने सहज यानी सरलता से कर दिया।
और मनोरथ जो कोइ लावै, सोई अमित जीवन फल पावै॥28॥
अर्थ- जिस पर आपकी कृपा हो, वह कोई भी अभिलाषा करे तो उसे ऐसा फल मिलता है, जिसकी जीवन मे कोई सीमा नहीं होती।
चारों जुग परताप तुम्हारा, है परसिद्ध जगत उजियारा॥29॥
अर्थ- चारो युगों सतयुग, त्रेता, द्वापर तथा कलियुग मे आपका यश फैला हुआ है, जगत में आपकी कीर्ति सर्वत्र प्रकाशमान है।
साधु सन्त के तुम रखवारे, असुर निकंदन राम दुलारे॥30
अर्थ- हे श्री राम के दुलारे ! आप सज्जनों की रक्षा करते हैं और दुष्टों का नाश करते हैं।
अष्ट सिद्धि नौ निधि के दाता, अस बर दीन जानकी माता॥३१॥
अर्थ- आपको माता श्री जानकी से ऐसा वरदान मिला हुआ है, जिससे आप किसी को भी आठों सिद्धियां और नौ निधियां दे सकते हैं।
राम रसायन तुम्हरे पासा, सदा रहो रघुपति के दासा॥32॥
अर्थ- आप निरंतर श्री रघुनाथ जी की शरण मे रहते है, जिससे आपके पास बुढ़ापा और असाध्य रोगों के नाश के लिए राम नाम औषधि है।
तुम्हरे भजन राम को पावै, जनम जनम के दुख बिसरावै॥33॥
अर्थ- आपका भजन करने से श्री रामजी प्राप्त होते हैं, और जन्म जन्मांतर के दुःख दूर होते हैं।
अन्त काल रघुबर पुर जाई, जहाँ जन्म हरि भक्त कहाई॥34॥
अर्थ-अंत समय श्री रघुनाथ जी के धाम को जाते है और यदि फिर भी जन्म लेंगे, तो भक्ति करेंगे और श्रीराम भक्त कहलायेंगे।
और देवता चित न धरई, हनुमत सेई सर्व सुख करई॥35॥
अर्थ- हे हनुमान जी! आपकी सेवा करने से सब प्रकार के सुख मिलते है, फिर अन्य किसी देवता की आवश्यकता नहीं रहती।
संकट कटै मिटै सब पीरा, जो सुमिरै हनुमत बलबीरा॥36॥
अर्थ- हे वीर हनुमान जी! जो भी आपका सुमिरन करता रहता है, उसके सब संकट कट जाते है और सब पीड़ा मिट जाती है।
जय जय जय हनुमान गोसाईं, कृपा करहु गुरु देव की नाई॥37॥
अर्थ- हे स्वामी हनुमान जी! आपकी जय हो, जय हो, जय हो! आप मुझपर कृपालु श्री गुरु जी के समान कृपा कीजिए।
जो सत बार पाठ कर कोई, छुटहि बँदि महा सुख होई॥38॥
अर्थ- जो कोई इस हनुमान चालीसा का सौ बार पाठ करेगा वह सब बन्धनों से छूट जाएगा और उसे परमानन्द मिलेगा।
जो यह पढ़ै हनुमान चालीसा, होय सिद्धि साखी गौरीसा॥39॥
अर्थ- भगवान शंकर ने यह हनुमान चालीसा लिखवाया, इसलिए वे साक्षी है कि जो इसे पढ़ेगा उसे निश्चय ही सफलता प्राप्त होगी।
तुलसीदास सदा हरि चेरा, कीजै नाथ हृदय मँह डेरा॥40॥
अर्थ- हे नाथ हनुमान जी! तुलसीदास सदा ही श्री राम का दास है। इसलिए आप उसके हृदय मे निवास कीजिए।
पवन तनय संकट हरन, मंगल मूरति रुप।
राम लखन सीता सहित, हृदय बसहु सुर भूप॥
अर्थ- हे संकट मोचन पवन कुमार! आप आनन्द मंगलों के स्वरुप हैं। हे देवराज! आप श्री राम, सीता जी और लक्ष्मण सहित मेरे हृदय में निवास कीजिए।
रायपुर । लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता का फर्जी हस्ताक्षर कर लाखों रुपए शासकीय रकम का आहरण करने वाले ठेकेदार राहुल अग्रवाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है ।
लोक निर्माण विभाग द्वारा भवनों में विशेष मरम्मत कार्य के लिए निविदा निकाली गई थी. आरोपी डी-वर्ग ठेकेदार आश्वी इंजीनियरिंग, पिन 221, पार्थिवी पेसिफिक, टाटीबंध रायपुर का प्रोपाइटर है. आरोपी ने टेंडर में ओरिजनल कॉपी जमा न कर डुप्लीकेट एफडीआर जमा किया गया था. इसके बाद आरोपी ने मूल एफडीआर में कार्यपालन अभियंता का फर्जी हस्ताक्षर व सील लगाकर 8,02,800 रुपए शासकीय रकम की ठगी की थी ।
आरोपी ने एफडीआर की स्केन कलर कापी बैंक में प्रस्तुत किया गया था. विभाग के निविदा लिपिक के परीक्षण कराने फर्जीवाड़े का खुलासा पर हुआ. जिसके बाद आरोपी के विरूद्ध सिविल लाइन थाना में धारा 420, 467, 468, 471 भादवि के तहत् अपराध पंजीबद्ध किया गया. पुलिस को आरोपी के विरूद्ध अन्य शिकायतें भी मिली है, जिस पर अलग से एफआईआर दर्ज किया जाएगा ।
रायपुर । केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी 19 अप्रैल को प्रात: 10.40 बजे नियमित विमान से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुंचेंगे। जहां से प्रात: 11.00 बजे हेलीकाप्टर से प्रस्थान कर 11.50 बजे पत्थल गांव विस. पत्थलगांव, जिला जशपुर पहुंचकर 11.55 बजे आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 12.45 बजे पत्थलगांव से प्रस्थान कर दोपहर 1.20 बजे शिवरीनारायण जिला रायगढ़ पहुंचेंगे। जहां दोपहर 1.25 बजे शिवरीनारायण में आयोजित सभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 2.15 बजे शिवरीनारायण से प्रस्थान कर दोपहर 2.55 बजे सक्ती विस. सक्ति जिला जांजगीर चांपा पहुंचेंगे। जहां अपरान्ह 3.10 बजे सक्ति में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे। अपराह्न 3.55 बजे सक्ती विस. से प्रस्थान कर शाम 4.30 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुंचेंगे। जहां से शाम 4.45 बजे विशेष विमान से नागपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान का दौरा कार्यक्रम
पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान 20 अप्रैल को प्रात: 11.30 बजे विशेष विमान से दरिमा एयरस्ट्रीप अंबिकापुर पहुंचकर 11.55 बजे शंकरगढ़ विस. सामरी जिला बलरामपुर पहुंचेंगे। जहां दोपहर 12.00 बजे शंकरगढ़ में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 12.45 बजे शंकरगढ़ विस. सामरी से प्रस्थान कर दोपहर 1.15 बजे विश्रामपुर विस प्रेमनगर जिला सूरजपुर पहुंचेंगे। जहां विश्रामपुर में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 2.00 बजे विश्रामपुर से प्रस्थान कर दोपहर 3.00 बजे ग्राम कुरां विस. धरसींवा जिला रायपुर पहुंचेंगे। जहां ग्राम कुंरा में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 4.00 बजे ग्राम कुंरा विस. धरसींवा से प्रस्थान कर दोपहर 4.30 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुंचेंगे। जहां से विशेष विमान द्वारा राजाभोज एयरपोर्ट भोपाल के लिए रवाना होंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का दौरा कार्यक्रम
पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह 20 अप्रैल को प्रात: 10.50 बजे निवास स्थान से प्रस्थान कर प्रात: 11.00 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुंचेंगे। जहां से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 12.00 बजे केल्हारी जनकपुर, जिला कोरिया पहुंचेंगे। जहां केल्यारी में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 12.45 बजे केल्हारी जनकपुर से प्रस्थान कर दोपहर 1.30 बजे चम्पा बगीचा, जिला जशपुर पहुंचेंगे। जहां दोपहर 1.35 बजे चम्पा में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 2.15 बजे चम्पा बगीचा से प्रस्थान कर दोपहर 2.45 बजे कांसा विखं. डबरा, जिला जांजगीर पहुंचेंगे। जहां कांसा में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे। अपरान्ह 3.30 बजे कांसा विखं. डबरा से प्रस्थान कर शाम 4.00 बजे पौनी बिलाईगढ़ जिला बलौदाबाजार पहुंचेंगे। जहां पौनी में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे। शाम 4.45 बजे पौनी बिलाईगढ़ से प्रस्थान कर शाम 5.25 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुंचेंगे। जहां से शाम 5.35 बजे सड़क मार्ग से निवास स्थान रायपुर पहुंचेंगे।
रायपुर । मारपीट, वसूली और चमकी-धमकी के मामले में पुलिस ने करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर उर्फ रूबी, उसके भाई रोहित सिंह तोमर सहित पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तोमर बंधु के अलावा अन्य दो आरोपियों को गुरुवार को गिरफ्तार किया है. आरोपी सराफा व्यापारी को 5 लाख रुपए का कर्ज देकर प्रतिदिन 5 हजार रुपए के हिसाब से ब्याज वसूली कर रहे थे ।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी जय कुमार बदलानी ने पैसे की आवश्यकता होने पर आरोपियों से ब्याज में रकम ली थी. आरोपियों ने धीरे-धीरे प्रार्थी से दोस्ती कर उसकी मौज-मस्ती का वीडियो बनाने की बात कहते हुए ब्लैकमेलिंग करते हुए रुपयों की मांग करने लगे. प्रार्थी के रुपयों की व्यवस्था नहीं होने की बात कहने पर आरोपी उसे ऊंचे ब्याज दर पर रकम उधार देने लगे. 5 लाख रुपए के मूलधन पर आरोपी प्रार्थी से एक करोड़ रुपए से अधिक की ब्याज वसूली कर चुके थे ।
प्रार्थी द्वारा अपनी व्यथा उप पुलिस महानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को बताने पर कोतवाली थाना में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई. आरोपियों के विरूद्ध पूर्व में भी न्यू राजेन्द्र नगर थाना में रकम वसूली के नाम पर डरा धमकाकर उत्पीड़न का मामला दर्ज हो चुका है. वहीं आरोपी रूबी तोमर के विरूद्ध टिकरापारा थाना में पूर्व में धारा 302 भादवि का भी मामला दर्ज हुआ था. वहीं कोतवाली थाना में धारा 327, 384, 506बी, 34 भादवि और कबीर नगर थाना में धारा 384 भादवि व 4 कर्जा एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है ।
आरोपी तोमर बंधु महंगी गाड़ियों और लाइफ स्टाइल के शौकिन हैं. पुलिस मामला दर्ज करने के बाद अब इनके आय के स्त्रोत की गहराई से जांच करेगी. पुलिस ने आरोपियों को पेश करते हुए कहा कि अगर अन्य लोगों के साथ भी इस तरह का इन्होंने उत्पीड़न किया है, तो वे पुलिस में शिकायत दर्ज करा सकते हैं. मामले में गंभीरता के साथ कार्रवाई की जाएगी ।
रायपुर । नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ट्वीट पर पलटवार करते हुए कहा है कि बघेल जी चिटफंड के नाम पर राजनीतिक चीटिंग कर रहे हैं. भाजपा की केंद्र सरकार चिटफंड कंपनियों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए जनता का पैसा उसे वापस दिलाने की दिशा में प्रयास कर रही है. केंद्र सरकार की पहल पर हो रहे जन हितेषी कदम का झूठा श्रेय लेने के लिए भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में विज्ञापन तक दे डाले. छत्तीसगढ़ में भाजपा शासनकाल में लागू जनहित की योजनाओं पर श्रेय लूटने की राजनीति के साथ ही बघेल गरीब आदिवासियों के नमक- चना जैसी योजनाओं पर भी कुठाराघात कर रहे हैं और हालत यह है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने के बाद से ही गरीब आदिवासी चावल चना नमक के लिए तरस रहे हैं. शराब, रेत और सीमेंट के जरिए चुनावी चंदा बटोरने वाले कांग्रेसी झूठ फरेब की राजनीति का कीर्तिमान स्थापित कर रहे और मुख्यमंत्री बघेल तो इस मामले में अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से भी आगे निकल गए हैं ।
कौशिक ने कहा कि भाजपा राज में हुए विकास कार्यों पर भूपेश सरकार अपना ठप्पा लगाना चाहती है और केंद्र की हर पहल पर अपना नाम लिखवाना चाहती है. यही कारण है कि जैसे ही केंद्र सरकार ने चिटफंड कंपनियों पर सख्ती बरतने के साथ ही पीडि़त लोगों को राहत देने के लिए कदम उठाएं, वैसे ही छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल ने इस मामले में विज्ञापन देकर यह साबित करने की कोशिश की कि वह चिटफंड कंपनियों में डूबा जनता का धन वापस दिलाएंगे. जबकि असल स्थिति यह है कि सत्ता में आते ही भूपेश बघेल और उनकी मंडली ने छत्तीसगढ़ की जनता को तरह – तरह से लूटने का काम तेजी से शुरू कर दिया है और विकास के सारे काम ठप करने के साथ ही राज्य को आर्थिक दिवालियापन की स्थिति में ला दिया है । कानून व्यवस्था की स्थिति यह है कि विकास का गढ़ कहलाने वाला छत्तीसगढ़ अपराध गढ़ के रूप में सामने आ रहा है।
कौशिक ने कहा कि जनता से झूठे वादे करके कांग्रेस एक बार सत्ता में आ गई है लेकिन जनता के सामने अब उसका असली चेहरा आ चुका है. इसलिए कांग्रेस ने जो भ्रम पैदा किया था, वह छंट चुका है. आने वाले समय में कांग्रेस को जनता से किए गए दोगलेपन की सजा अवश्य मिलेगी ।
रायपुर । दूसरे चरण के लिए देश भर में चल रहा मतदान शाम 5 बजे समाप्त हो गया है. गुरुवार को 12 राज्यों की 95 सीटों में वोट डाले गए. आज सुबह से ही मतदान केन्द्रों में वोट डालने के लिए मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रही ।
तेज धूप की वजह से दोपहर के समय मतदान की गति कुछ धीमी रही. जैसे-जैसे सूरज ढलते गया वैसे-वैसे ही मतदान की गति में फिर से तेजी आ गई. छत्तीसगढ़ की सभी तीनों सीटों राजनांदगांव, महासमुंद और कोरबा में भारी मतदान हुआ. दोपहर 3 बजे तक 59. 72 प्रतिशत तक रहा ।
जैसे ही शाम के पांच बजे वैसे ही मतदान केन्द्रों के गेट बंद कर दिये गए. जो लोग पांच बजे से पहले मतदान केन्द्र पहुंचे थे उन्हें मतदान करने दिया जा रहा है. फिलहाल मतदान के सही आंकड़े देर शाम तक जारी होने की उम्मीद है ।
कांकेर । दूसरे चरण के लिए छत्तीसगढ़ के तीन विधानसभा सीट पर मतदान हुआ. मतदाताओं ने इस त्योहार में बढ़-चढ़कर हिस्सा भी लिया. लेकिन कांकेर जिले के मोहला गांव में जहां हाल ही में 4 जवानों की शहादत हुई थी. वहां वोटिंग के प्रति लोग ज्यादा जागरुक दिखें और मतदान कर नक्सलियों को मुहतोड़ जवाब दिया।
दरअसल 4 अप्रैल को कांकेर जिले के परतापुर थाना के अंतर्गत ग्राम माहला में सुरक्षाबलों पर बड़ा हमला किया था. इस हमले में बीएसएफ के 4 जवान शहीद हो गए थे और नक्सलियों ने इस क्षेत्र में मतदान नहीं करने की चेतावनी भी दी थी. जिसे दरकिनार करते हुए आज उस क्षेत्र के मतदाताओं ने नक्सली दहशत से हट कर उन्हें मुहतोड़ जवाब देने के लिए अपना वोट दिया. गांव लंबे समय से नक्सल समस्या से पीड़ित हैं ।
नक्सली अपने धुर इलाकों में लगातार अपनी मौजूदगी दर्ज कराते रहते है, लेकिन इस बार सुरक्षित मतदान के लिए बीएसएफ के जवान इन मतदान केंद्रों पर सुरक्षा देने के लिए पहुंची थी. इस बार नक्सली इलाकों में बड़ी संख्या में ग्रामीण पोलिंग बूथ पहुंचकर अपने मत का प्रयोग किया ।
ठीक ऐसा ही बस्तर लोकसभा चुनाव में देखने को मिला था. दंतेवाड़ा के कुआकोंडा इलाके में नक्सलियों ने मतदान के ठीक दो दिन पहले बीजेपी विधायक भीमा मंडावी के काफिले में हमला किया था. जिसमें विधायक समेत 4 जवान मारे गए थे. इसके बावजूद मतदाता जोश और उत्साह के साथ मतदान करने पहुंचे थे ।
बिलासपुर । निलंबित IPS मुकेश गुप्ता को हाईकोर्ट से फौरी राहत मिल गई है.हाईकोर्ट ने आज हुई सुनवाई के बाद नो कोरेसिव एक्शन का आदेश दिया है. कोर्ट ने अपने अगले आदेश तक गुप्ता को राहत देते हुए उन्हें गिरफ्तार नहीं करने का आदेश दिया है. इसके साथ ही न्यायालय ने निलंबित आईपीएस गुप्ता को जांच एजेंसियों के समक्ष उपस्थित होने का आदेश भी दिया है ।
अतिरिक्त महाअधिवक्ता सतीश चंद्र वर्मा के मुताबिक कोर्ट ने गुप्ता को तत्काल गिरफ्तार नहीं करने का आदेश दिया है साथ ही गुप्ता को आदेश दिया है कि वे जांच एजेंसियों को जांच में सहयोग प्रदान करें. कोर्ट के इस आदेश के बाद अब फरारी काट रहे मुकेश गुप्ता को सामने आना होगा और उनके खिलाफ सभी लंबित मामलों में जांच एजेंसियों के समक्ष पेश होना होगा. आज हुई सुनवाई में गुप्ता की तरफ से वकील महेश जेठमलानी ने पैरवी की वहीं शासन की ओर से अधिवक्ता सतीश चंद्र वर्मा ने जिरह की ।
आपको बता दें कि IPS मुकेश गुप्ता के खिलाफ नान घोटाला और अवैध फोन टेपिंग के मामले में गुप्ता के खिलाफ EOW की जांच चल रही है. केस रजिस्टर्ड होने के बाद सरकार ने गुप्ता के खिलाफ कई बार नोटिस जारी कर उन्हें उपस्थित होने का आदेश दिया था लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए और पिछले कई महीने से वे लगातार फरार चल रहे हैं ।