Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Author: admin
रायपुर | झीरम कांड की एनआईए रिपोर्ट आ चुकी है. अब एसआईटी गठन के बाद नए सिरे से झीरम कांड की जाँच होगी. जानकारी के अनुसार इस मामले पर जल्द ही कई बड़े नेताओं से पूछताछ हो सकती है. पी. सुंदरराज झीरम कांड मामले की एनआईए रिपोर्ट लेकर आ चुके हैं |
बता दें कि राज्य सरकार ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी से झीरमघाटी कांड की रिपोर्ट मांगी थी. इस संबंध में उन्हें पत्र भी लिखा गया था. एनआईए की जांच में मिले साक्ष्य और संदेह के दायरे में आने वाले सभी लोगों से अब पूछताछ की जाएगी. साथ ही एसआईटी टीम घटनास्थल का दौरा कर साइंटिफिक तरीके से साक्ष्य भी जुटाएगी |
जानकारी के अनुसार इस संबंध में जल्द ही पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह से भी पूछताछ की जाएगी. झीरम कांड मामले में जो बिंदु तय किये गए हैं उन बिंदुओं के दायरे में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह भी आ चुके हैं |
रायपुर | खर्च पर लगाम लगाने भूपेश सरकार ने एक बार फिर आँखें तरेरी है. मीसा बंदियों को मिलने वाला पेंशन को फ़रवरी से नहीं दिए जाने का फैसला लिया है. जिला कोषालय अधिकारियों से कहा गया है कि वे बैंको को ताकीद करें कि फरवरी से उन्हें इसका भुगतान न किया जाए |
कलेक्टरों को भेजे गए पत्र में जीएडी सिकरेट्री रीता शांडिल्य ने लिखा है कि मीसा बंदियों को वित्तीय वर्ष में बजट प्रावधान के अनुसार उन्हें भुगतान की जाने वाली सम्मान निधि की राशि का समुचित नियमन करने एवं भुगतान की वर्तमान प्रक्रिया को और अधिक सटीक पारदर्शी बनाया जाना आवश्यक है. साथ ही प्रदेश में लोकतंत्र सेनानियों का भौतिक सत्यापन कराया जाना आवश्यक है. इस हेतु पृथक से विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे |
उपयुक्त के परिप्रेक्ष्य में निर्देश अनुसार अनुरोध है कि आगामी माह फरवरी 2019 से लोकतंत्र सेनानी सम्मान निधि राशि का वितरण उपयुक्त अनुसार कार्यवाही होने के पश्चात किया जाए. इस हेतु जिला कोषालय अधिकारी संबंधित बैंकों की शाखाओं को निर्देशित करें. बता दें कि प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद आपातकाल में जेल गए मीसा बंदियों को लोकतंत्र सेनानी बताते हुए उन्हें सम्मान निधि देना शुरू हुआ था. रमन सिंह के तीसरे कार्यकाल में यह राशि बढ़कर 15 हजार हो गई थी |
रायपुर | पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने आज एक दिलचस्प ट्वीट किया है. डॉ रमन सिंह ने लिखा है कि 15 वर्षों तक छत्तीसगढ़ महतारी के आशीर्वाद से हमने प्रदेश के गरीब परिवारों व आदिवासी भाइयों-बहनों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर कार्य किए हैं. यदि भूख से व्याकुल गरीब परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था करना कांग्रेस की नज़र में अपराध है तो हो, यह काम मैं आगे भी करूँगा. इस ट्वीट के साथ एक वीडियो भी पोस्ट किया गया है |
वीडियो में स्टील फोटो की श्रृंखला के साथ गीतनूमा शब्द गूँजते है जिसमें यह कहा जा रहा है.. नही कहा नही जा रहा बल्कि शायद यूँ कहे ललकारा जा रहा है. चित्र के साथ गूँजते शब्द गीत जो कहते हैं वह कुछ यूँ है |
बदले की इस जाँच से भला सच को आँच कहाँ आई है. संख्या में अधिक हो जाने से भला..क्या सियारों ने सिंह पर विजय पाई है. ग़रीबों को चावल देना तुम्हारी नजर में अपराध है. मेरे आदिवासी भाईयों का क्या सरई का बीजा खाना याद है. भूखोंको खाना देना अगर मेरे अपराध में गिना जाएगा. तो लाख डिगा ले क़दम मेरे ..यह अपराध फिर से किया जाएगा. अपने द्वेष के तराज़ू में मेरे कर्मों को क्या तौलोगे. वर्षों सेवा किया है हमने क्या उस पर भी कुछ बोलोगे. झूठे वादों से तूम पहुँचे हो अब उन्हे पूरा करने की बारी है. मेरे हौसलों को तोड़ने की चेष्टा ना कर |
मेरे साथ मेरी छत्तीसगढ महतारी है.”
ज़ाहिर है सियासत में यूँ ही नही होता.
वह भी पंद्रह बरस सीएम रह चुका शख़्स यूँ ही नही लिखता.
यह आग्रह नही चुनौती है. सीधी चुनौती है.
फीरोजाबाद । इस साल हज पर जाने वाले भारतीय यात्रियों का छाता ही उनकी राष्ट्रीयता की पहचान कराएगा। धूप से बचाने को सऊदी सरकार द्वारा उन्हें मीना (सऊदी अरब का पवित्र शहर) में छाता दिया जाएगा, जो भारतीय ध्वज तिरंगा के रंगों वाला होगा। हज यात्रा पांच जुलाई से शुरू होगी। उप्र से 30,836 लोगों ने हज के लिए आवेदन किया है।
मुंबई में सोमवार से हज कमेटी ऑफ इंडिया की दो दिवसीय कार्यशाला शुरू हुई है। फीरोजाबाद निवासी मौलाना याकूबी हज सेवा समिति के प्रदेश महासचिव हैं और वह प्रदेश के चीफ मास्टर ट्रेनर के रूप में कार्यशाला में शामिल होने गए हैं। मौलाना याकूबी ने ‘जागरण’ को बताया कि हज के लिए सऊदी अरब में दुनियाभर से यात्री पहुंचते हैं।
ऐसे में भारतीय यात्रियों की पहचान मुश्किल हो जाती है। इस समस्या को दूर करने के लिए सऊदी सरकार ने तय किया है कि मीना पहुंचने वाले सभी भारतीय यात्रियों को तिरंगे झंडे के रंगों वाला छाता दिया जाएगा। बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया ने कुछ दिन पूर्व निर्देश जारी किए थे कि प्रत्येक हज यात्री को अब एक्स-रे और खून की जांच करानी होगी, लेकिन विरोध के कारण इसकी अनिवार्यता को खत्म कर दिया गया है। अब एमबीबीएस डॉक्टर द्वारा जारी फिटनेस प्रमाण पत्र भी मान्य होगा।
रायपुर । ट्रेन के पल-पल की जानकारी अब यात्रियों को मिलेगी, इससे यात्रियों को ट्रेन छूटने का भय समाप्त हो जाएगा। इसके साथ ही यात्रियों को अब घंटों पहले स्टेशन पर पहुंचकर ट्रेन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। रेलवे प्रशासन यात्रियों की इस समस्या को दूर करने के लिए एक नई व्यवस्था हर घंटे ट्रेन अलर्ट की सुविधा शुरू करने जा रहा है।
इस व्यवस्था के तहत ट्रेनों के लोकेशन की जानकारी यात्रियों को एसएमएस के जरिए दिया जाएगा। रेलवे यात्रियों को ट्रेन के स्टेशन पहुंचने की सूचना चार घंटे पहले से लेकर आखिरी घंटे तक दी जाएगी। रेलवे के अधिकारी ने बताया कि यात्रियों को एसएमएस भेजने वाली योजना पर काम चल रहा है, जल्द ही यात्रियों को यह सुविधा मिलेगी।
ज्ञात हो कि वर्तमान में यात्रियों की ट्रेन के स्टेट्स की जानकारी के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा आधा दर्जन से ज्यादा एप और ऑनलाइन सुविधा दी जा रही है। इसके साथ ही यात्री स्टेशन पर स्थित पूछताछ केन्द्र पर भी ट्रेनों की जानकारी लेते हैं। रेल में सफर करने वाले यात्री एप पर भरोसा नहीं करते हैं।
वहीं पूछताछ केन्द्र की लाइन इतनी व्यस्त रहती है कि फोन ही नहीं लग पाता। इससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रायपुर रेलवे स्टेशन पर रात में यदि ट्रेन पकड़ना है तो यात्रियों को घंटों पहले स्टेशन पर आकर पूछताछ केन्द्र पर ट्रेन के स्टेट्स की जानकारी लेनी पड़ती है।
चार घंटे पहले आएगा एसएमएस
यात्रियों को ट्रेन के प्लेटफार्म पर आने से चार घंटे पहले एसएमएस भेजा जाएगा। इसके बाद जब तक ट्रेन पहुंच नहीं जाती, हर घंटे अपडेट किया जाएगा। विंडो से आरक्षण कराने वाले यात्रियों को ये सेवा हासिल करने के लिए रिजर्वेशन स्लिप पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना आवश्यक है।
वर्तमान में अन्य मेल- एक्सप्रेस ट्रेनों के यात्रियों को केवल ट्रेन कैंसिल होने या फिर समय में परिवर्तन अथवा ट्रेन के तीन घंटे से ज्यादा लेट होने पर एसएमएस भेजा जाता है।
ट्रेन की जानकारी के लिए चल रहे एप
वेयर इस माई ट्रेन, इंडियन रेलवे लाइव ट्रेन स्टेट्स, यात्रा, मेक माई ट्रिप, इंडियन रेल ट्रेन इन्फो, रेल यात्री, इक्सीगो, जैसे एप को भी आप ट्रेन के स्टेट्स के लिए आजमा सकते हैं।
ट्रेन के स्टेट्स के लिए यात्रियों को एसएमएस से जानकारी दी जाएगी। रेलवे कृष के माध्यम से काम कर रहा है, जल्द ही यात्रियों को यह सुविधा मिलने लगेगी। – तन्मय मुखोपाध्याय सीनियर डीसीएम रायपुर रेलवे मंडल
रायपुर। अभी करदाता इसी चिंता में लगे हुए रहते हैं कि किस प्रकार से वे अपना अधिक से अधिक पैसा बचा सकते हैं और वे आयकर के दायरे से भी बचे रह सकें। ऐसी स्थिति में उनके लिए आयकर के कुछ नियमों को जानना जरूरी है। जैसे सबसे पहले आपको यह जानना होगा कि रिश्तेदारों से मिले उपहारों पर किसी प्रकार का टैक्स नहीं लगता।
रिश्तेदारों के लिए उपहारों का आदान-प्रदान आम बात है। जैसे नकदी में छोटे उपहारों से लेकर अचल संपत्ति और बहुत से अवसरों पर उपहार देने का रिवाज है, लेकिन इसके भी कुछ नियम-कायदे होते हैं। रिश्तेदार भी केवल ब्लड रिलेशन वाले होने चाहिए, तभी आप टैक्स के दायरे से बचे रहेंगे।
उदाहरण के लिए आप ऐसे समझ सकते हैं कि आपकी पत्नी को उसके पिता से 50000 रुपये और बहन के ससुराल से 50000 रुपये उपहार मिला। ऐसे में आयकर अधिकारी द्वारा इसकी जांच की जाती है और रसीद भी मांगी जाती है।
आयकर अधिकारी अपनी जांच के दौरान यह भी पता लगाएगा कि दोनों दानदाताओं से आपके संबंध हैं या नहीं। आपने इन दानदाताओं के उपहार बैंकिंग के माध्यम से लिया था या नहीं। ऐसी स्थिति में यह तय हो जाता है कि आपको रिश्तेदार से ही उपहार मिला है।
लेकिन एक बात ध्यान देने योग्य यह है कि आयकर नियमों के अनुसार गैर-रिश्तेदारों से प्राप्त उपहारों पर 50000 रुपये मिलता है और उपहार राशि से अधिक हो जाता है तो यह कर योग्य होगा। आपके लिए इन चीजों की जानकारी होनी आवश्यक है।
रायपुर। आयुष्मान भारत योजना पर छत्तीसगढ़ में महाभारत चार महीने से जारी है। निजी अस्पताल इलाज नहीं कर रहे हैं तो योजना की संचालन एजेंसी (स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत) स्टेट नोडल एजेंसी (एसएनए) नोटिस पर नोटिस देकर दबाव बना रही है। 24 सितंबर को ई-मेल के जरिए प्रदेश के निजी अस्पताल संचालकों को नोटिस दिया गया कि वे अगर काम पर वापस नहीं लौटते हैं तो अनुबंध खत्म कर दिया जाएगा।
अब इन्हीं सब विवादों को खत्म करने के लिए स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने अपनी टीम के साथ थाईलैंड के लिए उड़ान भर ली है। अब थाईलैंड से यूनिवर्सल हेल्थ स्कीम का फॉर्मूला निकलेगा। सूत्रों की मानें तो आयुष्मान योजना छत्तीसगढ़ में ज्यादा दिन की मेहमान नहीं है।
थाईलैंड की हेल्थ स्कीम को दुनिया की सबसे अच्छी स्वास्थ्य योजनाओं में माना जाता है। जानकारी के मुताबिक थाईलैंड में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस भी है, जिसमें ये प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा। इसके बाद हेल्थ स्कीम समझी जाएगी। सचिव निहारिका बारिक, मुख्यमंत्री के सामने इसका प्रजेंटेशन देंगे। सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार के किसी मंत्री का यह पहला विदेश दौरा है।
दोनों सरकार के विरोध में आइएमए- 2009 से प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना (आरएसबीवाइ), इसके बाद मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना (एमएसबीवाइ) संचालित हो रही हैं, लेकिन विवाद लगातार बना रहा। योजना कभी बंद नहीं हुई। मगर आयुष्मान आने के बाद निजी अस्पतालों ने काम ठप कर दिया।
आइएमए का प्रतिनिधिमंडल स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव से मिला, पर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला था। इसके बाद नाराजगी और बढ़ गई। जबकि माना जा रहा था कि आइएमए में अधिकांश डॉक्टर कांग्रेस के समर्थक हैं, इससे विवाद खत्म हो जाएगा। मगर ऐसा हुआ नहीं।
ये हुए रवाना
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, सचिव निहारिका बारिक, स्वास्थ्य आयुक्त आर. प्रसन्ना, स्टेट नोडल एजेंसी (एसएनए) के नोड्ल अधिकारी विजेंद्र कटरे।
आयुष्मान पर विवाद क्यों, जानें-
16 सितंबर को पीएम नरेंद्र मोदी ने आयुष्मान भारत योजना को देशभर में लांच किया था, लेकिन इसी दिन से छत्तीसगढ़ आइएमए विरोध में उतर आया था। तब से आज तक विरोध जारी है। इसकी कई वजहें बनी हुई हैं।
सबसे बड़ी वजह प्रदेश के निजी अस्पताल संचालकों द्वारा पूर्व में किए गए उपचार की राशि का बीमा कंपनी द्वारा भुगतान न किया जाना, जो 60 करोड़ रुपये है। दूसरी वजह पुराने क्लेम को बिना किसी ठोस कारण के रिजेक्ट कर देना। तीसरी वजह है आयुष्मान भारत के सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी। इसे लेकर आइएमए ने पीएम मोदी तक को शिकायत की है और कोर्ट जाने के लिए तमाम दस्तावेजों को जुटाया जा रहा है।
रायपुर । स्वामी विवेकानंद विमान तल के लिए साल 2018 काफी लकी साबित हुआ। 2017 की तुलना में साल 2018 में स्वामी विवेकानंद विमानतल पर यात्रियों की संख्या में पौने दो लाख का इजाफा हु्आ है। इसके साथ ही उड़ानों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। जानकारी के अनुसार साल 2018 में अप्रैल से जून तक तीन माह में हवाई यात्रियों की संख्या में 58 फीसद ग्रोथ दर्ज की है, जबकि साल 2017 में अप्रैल से जून तक 323429 लाख यात्रियों ने उड़ान भरी थी, जो बीते साल अप्रैल से जून में बढ़कर 510560 लाख हो गई।
इस प्रकार तीन महीनों में ही साल 2018 में स्वामी विवेकानंद विमानतल ने नया रिकॉर्ड बनाया है। विमानन अधिकारियों का कहना है कि विमानतल का पूरा उद्देश्य अधिक से अधिक यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के साथ ही रनवे का और विस्तार करने तथा टावर बनाने पर है, ताकि जल्द से जल्द रायपुर को अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी मिल सके।
बताया जा रहा है कि यात्रियों की संख्या में हुई बढ़ोतरी के साथ ही बीते साल तीन महीनों में विमानों के उड़ान भरने में भी रायपुर विमानतल ने 85 फीसद की ग्रोथ दर्ज की है। साल 2017 में अप्रैल से जून तक 2222 विमानों ने उड़ान भरी थी, लेकिन साल 2018 में इनकी संख्या 4113 हो गई। विमानतल के निदेशक राकेश सहाय ने बताया कि इस प्रकार स्वामी विवेकानंद विमानतल ने यात्रियों की संख्या और उड़ान भरने दोनों में ही रिकॉर्ड बनाया है।
रनवे का और होगा विस्तार
विमानन अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार बीते साल रनवे 2236 मीटर से 865 मीटर से बढ़ाकर 3251 मीटर कर दिया गया है, लेकिन अब इसके और विस्तार की योजना बनाई जा रही है। विमानन अधिकारियों का कहना है कि छोटा रनवे होने की वजह से विशेषकर गर्मियों में फ्लाइटों को रफ्तार पकड़ने में थोड़ा ज्यादा जोर लगाना पड़ता था।
चौबीस घंटे खुला रहेगा विमानतल-स्वामी विवेकानंद विमानतल को चुनावी सीजन में मांग के अनुसार 24 घंटे विमानों के संचालन की तैयारी की गई थी। विमानन अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इसे आम यात्रियों की सुविधा को देखते हुए भी 24 घंटे संचालन किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि अभी एक प्रस्ताव भी बनाया जा रहा है।
मार्च एंडिंग में आ रही विस्तारा
अगले दो महीनों में राजधानी के हवाई यात्रियों को नई सौगात मिलने वाली है। इसमें विस्तारा एयरलाइंस की दिल्ली फ्लाइट 31 मार्च से तथा इंडिगो एयरलाइंस की अहमदाबाद फ्लाइट एक अप्रैल से शुरू हो रही है। विमानन अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट का इंतजार लंबे अर्से से किया जा रहा था। इस फ्लाइट के शुरू होने से यात्रियों को सस्ते हवाई तो मिलेंगे ही साथ ही समय-समय पर विमानन कंपनियों द्वारा की जाने वाली मनमानी से भी थोड़ी राहत मिलेगी।
विस्तारा की शुरू होने वाली इस फ्लाइट से सुबह और शाम दोनों के लिए काफी अच्छा होगा। फ्लाइट क्रमांक यूके 797 सुबह 8.20 बजे रायपुर विमानतल पहुंचेगी और 8.55 बजे दिल्ली के लिए छूटेगी। इसी प्रकार देर शाम फ्लाइट क्रमांक यूके 793 रात 8.20 बजे दिल्ली के लिए छूटेगी।
इसी प्रकार एक अप्रैल से इंडिगो की शुरू होने वाली अहमदाबाद फ्लाइट दोपहर 2.45 बजे रायपुर पहुंचेगी और 3.15 बजे अहमदाबाद के लिए छूटेगी। इस प्रकार राजधानी के हवाई यात्रियों को इन दो क्षेत्रों के लिए नई सौगातें मिलेंगी। इनका काफी समय से इंतजार भी किया जा रहा था।
रायपुर | प्रदेश प्रभारी अशोक सिद्धार्थ और लालजी वर्मा के साथ गठबंधन को लेकर अजीत जोगी की बैठक हुई है. बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनी है |
बैठक में 11 सीटों के लिए पूरी रणनीति तैयार कर ली गई है. अशोक सिद्धार्थ ने बताया कि जल्द ही सीटों का बंटवारा हो जाएगा. उन्होंने आगे कहा कि बैठक की सारी गतिविधियों की जानकारी मायावती को दी जाएगी |
बिलासपुर। विधानसभा चुनाव से पहले 18 सिंतबर को कांग्रेस भवन में पुलिस द्वारा कांग्रेसियों पर हुए लाठीचार्ज मामले में आज मजिस्ट्रेट के सामने 17 कांग्रेसियों की गवाही होनी थी। जिसमें से 4 कांग्रेसी अपना बयान दर्ज कराने पहुंचे।
बिलासपुर एडीएम व जांच मजिस्ट्रेट बीएस उइके की बेंच में चारों की गवाही दर्ज की गई। मजिस्ट्रेट के समक्ष सबसे पहले शहर अध्यक्ष सीमा पांडेय ने गवाही दी। इसके बाद शहर कांग्रेस संगठन सचिव अजरा खान, कमलेश दुबे और कमल गुप्ता ने अपने अपने बयान दर्ज कराए।
क्या था मामला
विधानसभा चुनाव के पहले गत 18 सितंबर को कांग्रेसी नेता विरोध प्रदर्शन के लिए पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के निवास गए थे। विरोध स्वरूप कांग्रेसियों ने अमर अग्रवाल के घर के पास कचरा फेंका और वापस लौट आए। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज कर कांग्रेसी नेताओं की पिटाई गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांग्रेस भवन में घुसकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।