Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Author: admin


panchayattantra24.-सूरजपुर। प्रदेश की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, प्रदेश की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को जान मारने की धमकी मिली है। एक युवक ने जान से मारने और घोटाले में फंसाने की धमकी दी है। मामला सामने आने के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिला है और तत्काल इसकी शिकायत थाने में की गई। शिकायत मिलते ही भटगांव पुलिस हरकत में आई और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस घटना के बाद से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि मंत्री को धमकी देना सीधे तौर पर लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है।
100 हेक्टेयर क्षेत्र में सोलर संयंत्र और पाइपलाइन के जरिए उपलब्ध होगी सिंचाई सुविधा

panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायगढ़ जिले के ग्राम बायंग (कछार) में 38 करोड़ रुपये की लागत से मांड नदी बायंग एनीकट कम काजवे निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इससे लाभान्वित गांवों में भू-जल संवर्द्धन होगा तथा आवागमन की सुविधा भी बढ़ेगी। एनीकट कम काजवे निर्माण से 100 हेक्टेयर क्षेत्र में सोलर संयंत्र और पाइपलाइन के जरिए सिंचाई सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े उपस्थित थीं।
मुख्यमंत्री साय ने लोकार्पण कार्यक्रम में ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि रायगढ़ क्षेत्र में जब भी मैं आता हूँ तो ऐसा लगता है जैसे अपने ही परिवार के बीच आया हूँ। आप सभी ने 20 वर्षों तक आशीर्वाद देकर मुझे सांसद बनाकर दिल्ली भेजा, अब मुख्यमंत्री के रूप में मैं अपने परिवार से मिलने आप सबके बीच आया हूँ। मुख्यमंत्री श्री साय ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि विगत 20 महीनों में ‘मोदी की गारंटी’ के तहत अनेक जनकल्याणकारी कदम उठाए गए हैं। इनमें धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से, 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता, तेंदूपत्ता संग्राहकों को पुनः चरण पादुका वितरण, किसानों को धान बोनस तथा 5 लाख 62 हजार भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद जैसी योजनाएँ शामिल हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री ने कहा था कि छत्तीसगढ़ के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। आज प्रदेश के युवा देख रहे हैं कि जिन्होंने पीएससी परीक्षा में घोटालेबाजी की, वे जेल के अंदर हैं और कुछ जाने की तैयारी में हैं। श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार में श्रद्धालुओं के लिए रामलला दर्शन योजना और बुजुर्गों के लिए तीर्थ स्थलों की यात्रा की योजना प्रारंभ की गई है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने एनीकट भूमिपूजन के अवसर को बायंग (कछार) गांव के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि हमने जो वादा किया था, उसे पूरा किया। अब गांव-गांव में प्रधानमंत्री आवास बन रहे हैं, महतारी वंदन योजना का पैसा समय पर हर महीने मिल रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन तथा डबल इंजन की सरकार में विकास के कार्य तेजी से हो रहे हैं।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि रायगढ़ क्षेत्र का संसद में पिछले 20 वर्षों से प्रतिनिधित्व करने वाले हमारे मुख्यमंत्री प्रत्येक गांव के लिए परिवार के सदस्य जैसे हैं। रायगढ़ से सांसद रहते हुए शायद ही ऐसा कोई गांव बचा हो जहाँ मुख्यमंत्री श्री साय न गए हों। छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार बने मात्र 20 महीने हुए हैं और इस अवधि में अनेक कार्य किए गए हैं। किसानों के एक-एकड़ पर 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी, दो वर्षों का बकाया बोनस, भूमिहीन मजदूरों के खाते में हर साल 10 हजार रुपये की राशि पहुँच रही है। हर गांव में प्रधानमंत्री योजना के अंतर्गत मकान बनाए जा रहे हैं। राजमिस्त्री और सेंट्रिंग प्लेट कम पड़ गए हैं, फिर भी लगातार कार्य हो रहे हैं। केवल कछार गांव में ही 180 से अधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की नई गाथा लिख रहा है। हमारी माताएँ-बहनें हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त हो रही हैं। ग्राम पंचायत कछार के किसानों के लिए आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। एनीकट बनने से कृषि संबंधी सुविधाएँ बढ़ेंगी। छत्तीसगढ़ की जनता देख रही है कि विष्णुदेव साय के सुशासन में सभी घोषणाएँ पूरी हो रही हैं और ऐसी योजनाएँ चलाई जा रही हैं जिनके परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति कर रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुजाता सुखलाल चौहान, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती गंगाबाई पटेल, ग्राम बायंग के सरपंच श्री गौरीशंकर सिदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

panchayattantra24.-रायपुर। रायगढ़ के खरसिया पहुँचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सहजता, सरलता और अपनेपन ने आज सभी को गहरे तक प्रभावित किया। खरसिया हेलीपैड पर जब उनकी नज़र ढाई साल के इवान पर पड़ी तो वे बच्चे को दुलारे बिना नहीं रह सके। आत्मीय मुस्कान के साथ मुख्यमंत्री श्री साय ने नन्हे इवान को अपनी गोद में उठाया और बड़े स्नेह से दुलार किया। नर्सरी में पढ़ने वाला इवान अपने पिता के साथ बड़े उत्साह से हेलीपैड पर मुख्यमंत्री को देखने आया था। बच्चे को अचानक मुख्यमंत्री साय की गोद में देखकर वहां मौजूद सभी लोग भावुक और आश्चर्यचकित रह गए। यह दृश्य मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सहजता, आत्मीयता और संवेदनशील व्यवहार का सजीव उदाहरण बन गया। इसे देखकर लोगों के मन में यह भाव सहज ही उमड़ पड़ा कि मुख्यमंत्री के दिलो-दिमाग में केवल प्रदेश की प्रगति और जनकल्याण का ही संकल्प नहीं है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के प्रति उनका गहरा अनुराग भी है।
इवान के पिता अमन गर्ग ने कहा कि अपने बेटे को मुख्यमंत्री की गोद में देखना उनके परिवार के लिए भावुक, अनमोल और अविस्मरणीय क्षण है। उन्होंने कहा कि यह स्मृति जीवन भर उनके साथ रहेगी। गर्ग ने बताया कि इवान बड़े उत्साह से मुख्यमंत्री और हेलीकॉप्टर को देखने उनके साथ हेलीपैड आया था। मुख्यमंत्री की गोद में जाते ही उसकी खुशी दोगुनी हो गई। आज एक बार फिर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का अपनत्व और बच्चों के प्रति उनका अनुराग सबके सामने आया। उनके इस आत्मीय व्यवहार ने न केवल अमन गर्ग के परिवार का दिल जीत लिया, बल्कि वहां मौजूद सभी लोगों के हृदय में भी अमिट छाप छोड़ दी।
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रायगढ़ जिले के खरसिया में आयोजित भव्य कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 19वीं किस्त का भुगतान करते हुए प्रदेश की 69,15,994 महिलाओं के खातों में 1000-1000 रुपये की राशि अंतरित की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े भी उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह योजना महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और उनके आत्मसम्मान को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आर्थिक सहयोग प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और परिवार की आर्थिक मजबूती में सहायक सिद्ध होगा।
सितम्बर माह की 19वीं किस्त में कुल 647.13 करोड़ रुपये का अंतरण किया गया। इस भुगतान को मिलाकर अब तक योजना के तहत औसतन 69,28,334 पात्र महिलाओं को सीधे उनके बैंक खातों में 12,376.19 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है।
गौरतलब है कि 1 मार्च 2024 से शुरू की गई महतारी वंदन योजना का उद्देश्य विवाहित एवं 21 वर्ष से अधिक आयु की पात्र महिलाओं को हर माह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। यह योजना प्रदेश की महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रही है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि यह योजना प्रदेश की महिलाओं को नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सम्मान प्रदान कर रही है। यह उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है और उन्हें आर्थिक प्रगति की मुख्यधारा से जोड़ रही है।
राज्य सरकार ने घोषणा की है कि महिलाओं के विकास, सुरक्षा और स्वाभिमान को प्राथमिकता देते हुए महतारी वंदन योजना को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं से संवाद करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार हमेशा उनके साथ खड़ी है और उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए लगातार कदम उठाती रहेगी।
panchayattantra24.–रायपुर। वन बंधु परिषद राष्ट्रीय महिला समिति की वार्षिक बैठक 3 एवं 4 सितंबर को रांची में संपन्न हुई,उक्त जानकारी देते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश मीडिया प्रभारी कविता राठी ने बताया कि यह भव्य आयोजन रांची महिला समिति, धनबाद महिला समिति सहित जमशेदपुर महिला समिति के संयुक्त तत्वाधान में हुआ।बैठक की व्यवस्था ईस्ट ज़ोन चेयरपर्सन जयश्री ने की और दो दिनों तक पूरे दायित्व को सफलता से निभाया। वही प्रदेश उपाध्यक्ष अनिता खंडेलवाल ने बताया कि बैठक में पूरे भारतवर्ष से 35 महिला समितियों की लगभग 250 पदाधिकारियों ने भाग लिया और अपनी वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक की अध्यक्षता महिला समिति RMS की अध्यक्ष बिनिता जाजू ने की जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश महेश्वरी भी शामिल हुए।
रायपुर महिला समिति अध्यक्ष कांता सिंघानिया ने बताया कि बैठक के समापन पर वर्षभर की गतिविधियों के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में समितियों को सम्मानित किया गया जहां रायपुर महिला समिति को कुल 5 पुरस्कार प्राप्त हुए। राज्य स्तर पर सर्वाधिक ओटीएस संग्रह,राज्य स्तर पर संक्रांति संग्रह,राष्ट्रीय स्तर पर सोलो एग्ज़िबिशन,जोनल मीट आयोजित करने हेतु प्रशस्ति पत्र सहित RMS अध्ययन यात्रा आयोजित करने हेतु प्रशस्ति पत्र से नवाज़ा गया। उक्त बैठक में सचिव सरिता रेखानी के नेतृत्व में राजश्री गुप्ता, आरती अग्रवाल, सुशीला अवधिया, शैल यदु, हेमलता बंसल, मनीषा सिंघानिया सहित भिलाई महिला समिति की अध्यक्ष जया रेड्डी, सचिव कल्पना स्वामी शामिल हुए। श्रीमती राठी ने कहा कि यह सफलता समिति की सभी बहनों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और एकजुटता का परिणाम है।

panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रायगढ़ में मंच से महतारी वंदन योजना की 19वीं किश्त जारी की। उन्होंने 70 लाख महिलाओं के खाते में महतारी वंदन योजना की 19वीं किश्त के रूप में 647 करोड़ 13 लाख रुपए महिलाओं के खाते में ट्रांसफर किया। सीएम विष्णुदेव रायगढ़ के खरसिया पहुंचे हैं, खरसिया के अटल परिसर में अटल बिहारी की प्रतिमा का लोकार्पण किया गया है। साथ ही नगर पालिका परिसर में रेलवे ओवर ब्रिज का भूमिपूजन किया गया है। डिप्टी सीएम अरुण साव, महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे।
इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए विदेश दौरे को लेकर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमने नई उद्योग नीति लाई है। हम विदेशों में उद्यमियों को छत्तीसगढ़ आने का न्योता दे रहे। छत्तीसगढ़ में उद्योगों के विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। सरकार के बेहतर परफॉर्मेंस रिपोर्ट पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता का विश्वास सरकार के प्रति बढ़ा है। सरकार ने जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास किया, ये उसका परिणाम है।

panchayattantra24.-रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज शिक्षक दिवस के अवसर पर राजभवन के छत्तीसगढ़ मण्डपम् में आयोजित गरिमामय समारोह में वर्ष 2024 के उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया। समारोह में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने वर्ष 2024 के लिए सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई और शुभकामनाएं दी। प्रदेश के 64 शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस मौके पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने राज्य शिक्षक सम्मान वर्ष 2025 के लिए चयनित 64 शिक्षकों के नामों की भी घोषणा की।
राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि राज्यपाल श्री रमेन डेका ने सर्वप्रथम भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति, महान दार्शानिक और प्रख्यात शिक्षाविद् डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी को उनकी जयंती पर नमन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा मानव के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। एक शिक्षक अपने विद्यार्थियों के लिए रोल मॉडल होता है। बेहतर शिक्षक एक जिम्मेदार नागरिक तैयार करने में महती भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन के प्रेरणास्रोत होते है। उनके विकास में शिक्षकों की बहुत बड़ी भूमिका है। आज का जीवन सरल नहीं है। गिरकर खड़े होना और जीवन की चुनौतियों का सामना कैसे किया जाए यह विद्यार्थियों को सीखाना चाहिए।
डेका ने कहा कि शिक्षक ऐसा पढ़ाएं जिससे बच्चे स्कूलों की ओर आकर्षित हो। स्कूल भवन नहीं बल्कि उसके अंदर क्या पढ़ा रहे है ये महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्राचीन भारत की गुरूकुल परंपरा को श्रेष्ठ बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एक गेम चेन्जर है। इस नीति के अनुरूप बच्चों को शिक्षा मिले यह शिक्षकों की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की गई है, जिसका मूल उद्देश्य यही है कि शिक्षा अधिक व्यवहारिक, कौशल आधारित और सर्वांगीण बनाया जाए। इस नीति में विशेष बल मातृभाषा में शिक्षा पर दिया गया है। बालक को उसकी मातृभाषा में शिक्षा देने से वह अधिक रूचि तथा सहजता के साथ शिक्षा ग्रहण करता है। डेका ने कहा कि नवाचारी शिक्षा अपने आप में एक मिसाल है। यह गौरव का विषय है कि हमारे शिक्षक साथी अध्यापन के लिए नए-नए उपयोगी शिक्षण सहायक सामग्री का उपयोग कर रहें हैं, जिससे बच्चों को सिखाना, रुचिकर एवं सहज हो गया है। बदलते परिवेश के अनुसार बच्चों को शिक्षा दिया जाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। इस हेतु सार्थक पहल एवं प्रयास की आवश्यकता है। पाठ्यक्रमों में भी उचित पाठों का समावेश किया जाना समय की मांग है। समारोह की अध्यक्षता कर रहे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षक ही सच्चे राष्ट्र निर्माता होते हैं। वे देश को ऐसे राष्ट्रभक्त नागरिक देते हैं, जो आगे चलकर समाज और राष्ट्र की उन्नति में योगदान देते हैं। जिस प्रकार दीपक स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देता है, उसी प्रकार शिक्षक भी अनेक कठिनाइयों के बावजूद ज्ञान का उजाला फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर रहा है और इस रजत जयंती वर्ष में प्रदेश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। शिक्षा विकास का मूलमंत्र है और इसके बिना जीवन अधूरा है। पिछले वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में भी व्यापक विस्तार हुआ है। आज प्रदेश में 20 से अधिक विश्वविद्यालय, 15 से ज्यादा मेडिकल कॉलेज और राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संस्थान जैसे आईआईटी, आईआईएम, एम्स तथा लॉ विश्वविद्यालय स्थापित हैं।
साय ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर बच्चे को आसानी से शिक्षा उपलब्ध हो। इसी दृष्टि से प्रत्येक 1 किलोमीटर पर प्राथमिक विद्यालय, 3 से 4 किलोमीटर पर माध्यमिक विद्यालय, 6 से 7 किलोमीटर पर हाई स्कूल, 8 से 10 किलोमीटर पर हायर सेकेंडरी विद्यालय और प्रत्येक विकासखंड में महाविद्यालय खोले जा रहे हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग के नवाचारी पहल पर भी अपने विचार साझा किए। समारोह में उपस्थित विशिष्ट अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू होेने से प्रदेश में शिक्षा का स्तर आने वाले समय में और बेहतर होगा। उन्होंने आगामी वर्ष के लिए राज्य शिक्षक सम्मान के लिए चयनित शिक्षकों के नामों की घोषणा की।
राज्यस्तरीय समारोह में चार उत्कृष्ट शिक्षकों सूरजपुर जिले के अजय कुमार चतुर्वेदी को डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति पुरस्कार, कबीरधाम जिले के रमेश कुमार चंद्रवंशी को गजानन माधव मुक्तिबोध स्मृति पुरस्कार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सुनीता यादव को डॉ. मुकुटधर पाण्डेय स्मृति पुरूस्कार और रायगढ़ जिले के भोजराम पटेल को डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसी तरह प्रधान पाठक, व्याख्याता, व्याख्याता एल.बी., शिक्षक एल.बी., सहायक शिक्षक, सहायक शिक्षक एल.बी वर्ग के 64 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने स्वागत उद्बोधन दिया। आभार प्रदर्शन संचालक लोक शिक्षण श्री ऋतुराज रघुवंशी ने किया।

panchayattantra24.-दुर्ग। जिले के सरकारी स्कूल में तंत्र-मंत्र करने के बाद कोयल की बलि दी गई। सुबह स्कूल खुलते ही प्रबंधन और बच्चे खून से सना पक्षी, नींबू और सिंदूर देख दहशत में आ गए। प्रिंसिपल ऑफिस के ठीक सामने तंत्र क्रिया की गई थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह मामला बोरसी थाना क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस कृत्य के पीछे किसका हाथ है और उसका मकसद क्या था। वहीं शिक्षकों ने भी टोटके की काट के लिए बैगा को बुलाया और पूजा करवाई।
इस मामले पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेश्वरी चन्द्राकर ने कहा कि सुबह से ही शरारती तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया है। यह सब अंधविश्वास फैलाने की कोशिश है। दरअसल, गुरुवार सुबह बच्चों ने देखा कि किसी ने स्कूल परिसर में काला जादू का तांत्रिक चिह्न बनाकर तंत्र मंत्र किया है। परिसर से नींबू, मृत पक्षी और सिंदूर भी मिला। प्रिंसिपल रूम के सामने बरामदे में एक रांगोलीनुमा आकृति बनी हुई थी। जिसके अंदर तांत्रिक-जैसे चिन्ह उकेरे गए थे। इसमें कोयल को काटकर चढ़ाया गया था।

panchayattantra24.-सुकमा। छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में पिछले 19 दिनों से अपनी मांगों को लेकर एनएचएम कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। वहीं सुकमा में हरीश कवासी लखमा भी एनएचएम कर्मचारियों को समर्थन देने पहुंचे।
बता दें पिछले 19 दिनों से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे एनएचएम कर्मचारियों को समर्थन देने पहुंचे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं कांग्रेसी नेता हरीश कवासी लखमा भी पहुंचे है। हरीश ने कहा संघ की मांगे जायज, इन कर्मचारियों ने विपरीत परिस्थिति में भी अपना काम किया है। चुनावी घोषणा पत्र में मांग पूरी करनी की बात कही गई थी तो अब सरकार की जिम्मेदारी की मांग पूरी करें।
जिला पंचायत अध्यक्ष सोयम मगम्मा, जिला अध्यक्ष महेश्वरी बघेल, गीता कवासी समेत कांग्रेस पार्टी के नेता व पदाधिकारियों ने भी समर्थन दिया।

panchayattantra24.-रायपुर। जीएसटी काउंसिल द्वारा हाल ही में घोषित किए गए नए टैक्स स्लैब का छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स ने गर्मजोशी से स्वागत किया है। चेंबर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने इस सराहनीय कदम के लिए प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिलकर आभार व्यक्त किया।
चेंबर प्रदेश अध्यक्ष थौरानी ने बताया कि निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ की आवाज दिल्ली तक पहुंची है। नए टैक्स स्लैब से व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा व्यापार करना और भी आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे व्यापार में पारदर्शिता आएगी और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओपी चैधरी और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी का भी आभार प्रकट किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह कदम व्यापार और उद्योग जगत के लिए एक नई उम्मीद लेकर आया है और इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर चेंबर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी, कोषाध्यक्ष निकेश बरडिया, पूर्व विधायक एवं चेंबर संरक्षक श्रीचन्द सुंदरानी, सलाहकार लाभचंद बाफना, कार्यकारी अध्यक्ष- राधा किशन सुंदरानी, राजेश वासवानी, ललित जैसिंघ, जसप्रीत सलूजा, उपाध्यक्ष- दिलीप इसरानी, जितेंद्र शादीजा, एवं विकास गोलछा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।