Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Author: admin

panchayattantra24.-रायपुर। बस्तर संभाग में पिछले सप्ताह हुई अतिवृष्टि ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया था। अपने विदेश दौरे से लौट कर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दंतेवाड़ा पहुंचकर संभागीय बैठक में जिला कलेक्टरों को राहत और बचाव कार्यो में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिये थे। अब मुख्यमंत्री के इस निर्देश पर तेजी अमल किया जा रहा है। बाढ़ पीड़ित नागरिकों को जहां एक ओर राशन, ईलाज और दवाईयां के साथ-साथ गैस चुल्हे और सिंलेण्डर दिये गये हैं वहीं राहत शिविरों में उनके दैनिक जीवन की उपयोगी सभी व्यवस्थाएं भी की गई है। अब बाढ़ का पानी उतरने के साथ ही नुकसान का वास्तविक आंकलन और अन्य जरूरी सहायता तथा मुआवजा देने की कार्यवाही पर भी तेजी से अमल किया जा रहा है। बाढ़ के पानी में खराब या नष्ट हो गये जरूरी दस्तावेजों को बनाने का काम भी राजस्व विभाग ने शुरू कर दिया हैं। बाढ़ की इस भीषण आपदा में छत्तीसगढ़ सरकार ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय नेतृत्व में एक संवेदनशील पहल कर त्वरित राहत कार्य और सहायता-मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर पीड़ित परिवारों को एक बड़ी राहत दी है।

बाढ़ से प्रभावित गाँवों में राहत दल तेजी से काम कर रहे हैं। इसके साथ ही प्रभावित गांवों में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बस्तर जिले के लोहन्डीगुड़ा तहसील के मांदर गांव के प्रभावित किसानों को किसान किताब वितरित की जा रही है, जो बाढ़ के कारण बह गई थी। किसान किताब के मिलने से किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और भविष्य में किसी भी सहायता के लिए पात्र बनने में मदद करेगी। वहीं प्रभावितों को नवीन राशन कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड एवं बैंक पासबुक तैयार कर प्रदान किया जा रहा है। इसके साथ ही जिला प्रशासन की टीमें नुकसान का आकलन करने के लिए घर-घर सर्वे कर रही हैं और पात्रता के अनुसार तत्काल राहत राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर कर भुगतान कर रही हैं।
सरकार का ध्यान इस बात पर है कि किसी भी पीड़ित परिवार को उनकी जरूरत के समय अकेला न छोड़ा जाए। इसके लिए, मकान क्षति सहित पशु, फसल और घरेलू सामग्री की क्षति का विस्तृत ब्यौरा तैयार कर, हर एक प्रकरण पर गंभीरता से काम किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है, ताकि जरूरतमंद प्रभावितों तक मुआवजा राशि सीधे और समय पर पहुँच सके।
स्थानीय प्रभावित परिवारों ने सरकार की इस पहल की सराहना की है। एक प्रभावित ग्रामीण श्री मुरहा पटेल ने कहा कि हमने सोचा था कि बाढ़ के बाद सब कुछ खत्म हो गया, लेकिन सरकार की इस त्वरित मदद ने हमें फिर से जीवन को नये सिरे से शुरू करने की उम्मीद दी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिला आधिकारियों की इस पहल को प्रशासन की ओर से एक मजबूत और मानवीय दृष्टिकोण के रूप में देखा जा रहा है। जो यह दर्शाता है कि आपदा की घड़ी में सरकार न सिर्फ राहत कार्य बल्कि पुनर्वास और भविष्य की सुरक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है। इस तरह के प्रयास बाढ़ पीड़ितों को आर्थिक और मानसिक दोनों तरह से सहारा देते हैं, जिससे उन्हें जीवन को सामान्य पटरी पर लाने में मदद मिलती है।

panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विगत दिवस मुख्यमंत्री निवास, नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ आदिवासी कंवर समाज युवा प्रभाग रायपुर द्वारा आयोजित प्रकृति पर्व भादो एकादशी व्रत – 2025 करमा तिहार कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक विधान से पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति हमारे पूर्वजों की अमूल्य धरोहर है। इस संस्कृति एवं परंपरा को जीवंत बनाए रखना न केवल हमारी जिम्मेदारी, बल्कि नैतिक कर्तव्य भी है। ऐसे पर्व और परंपराएँ समाज को एकजुट होने का अवसर देती हैं, जिससे स्नेह, सद्भाव एवं सौहार्द की भावना विकसित होती है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि कंवर समाज के युवाओं द्वारा राजधानी रायपुर में करमा तिहार का आयोजन किया जा रहा है। हमारी आदिवासी संस्कृति में अनेक प्रकार के करमा तिहार मनाए जाते हैं। आज एकादशी का करमा तिहार है, जो हमारी कुंवारी बेटियों का पर्व है। इस करमा तिहार का उद्देश्य है कि हमारी बेटियों को उत्तम वर और उत्तम गृहस्थ जीवन मिले। भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर बेटियाँ अच्छे वर और अच्छे घर की कामना करती हैं। इसके बाद दशहरा करमा का पर्व आता है, जिसमें विवाह के पश्चात पहली बार जब बेटी मायके आती है, तो वह उपवास रखकर विजयादशमी का पर्व मनाती है। इसी प्रकार जियुत पुत्रिका करमा मनाया जाता है, जिसमें माताएँ पुत्र-पुत्रियों के दीर्घायु जीवन की कामना करती हैं। यह एक कठिन व्रत होता है, जिसमें माताएँ चौबीस घंटे तक बिना अन्न-जल ग्रहण किए उपवास करती हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यदि छत्तीसगढ़ की बात करें तो यहां अंग्रेजों के विरुद्ध 12 आदिवासी क्रांतियाँ हुईं। हमारी सरकार नया रायपुर स्थित ट्राइबल म्यूजियम में आदिवासी संस्कृति के महानायकों की छवि को आमजन की जागरूकता के लिए प्रदर्शित करने मॉडल के रूप में उकेरा जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित रजत जयंती समारोह में देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को आमंत्रित किया जा रहा है। उनके करकमलों से इस म्यूजियम का शुभारंभ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारी सरकार आदिवासी समाज के सशक्तिकरण पर विशेष जोर देती रही है। देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने आजादी के लगभग 40 वर्षों बाद आदिवासी विभाग का पृथक मंत्रालय बनाकर आदिवासी समाज के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हीं के बताए मार्ग पर वर्तमान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी आदिवासी समाज के बेहतरी एवं समग्र विकास के लिए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान एवं विशेष पिछड़ी जनजाति समाज के लिए पीएम जनमन योजना का संचालन कर रहे हैं, जिससे हितग्राहियों को शत-प्रतिशत योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इसी प्रकार छत्तीसगढ़ में 15 वर्षों तक मुख्यमंत्री रहे डॉ. रमन सिंह ने बस्तर, सरगुजा एवं मध्य क्षेत्र प्राधिकरण का गठन कर विकास को गति प्रदान करने का कार्य किया।
मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि युवा आदिवासियों को स्वरोजगार से जोड़ते हुए आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से हमने नई उद्योग नीति बनाई है, जिसमें बस्तर एवं सरगुजा क्षेत्रों के लिए विशेष रियायतें दी गई हैं। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आदिवासी बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने में कोई कठिनाई न हो। इसके लिए राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की शैक्षणिक संस्थाओं की स्थापना राज्य में ही की जा रही है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी आदिवासी संस्कृति अत्यंत समृद्ध और गौरवशाली परंपरा रही है। इसी परंपरा के निर्वहन में आज हम करमा तिहार मना रहे हैं। हमारी संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। साय जी के नेतृत्व में ही बस्तर संभाग में बस्तर पांडुम के नाम से ओलंपिक का आयोजन किया गया, जिसकी चर्चा पूरे भारत में हुई। श्री कश्यप ने इस अवसर पर समस्त छत्तीसगढ़वासियों को प्रकृति पर्व भादो एकादशी व्रत करमा तिहार की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
संरक्षक, अखिल भारतीय कंवर समाज विकास समिति पमशाला, जशपुर, श्रीमती कौशिल्या साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आदिवासी समाज और प्रकृति एक-दूसरे के अभिन्न अंग हैं। आदिवासी समाज के लिए प्रकृति सदैव आराध्य रही है। करमा पर्व प्रकृति प्रेम का पर्व है। हमारी संस्कृति अत्यंत गौरवशाली रही है और उसका संरक्षण तथा समय के साथ संवर्धन आवश्यक है। उन्होंने आगे कहा कि समाज की महिलाएँ आगे आकर इस संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने सभी को प्रकृति पर्व भादो एकादशी व्रत करमा तिहार की बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री राम कुमार टोप्पो, विधायक श्री आशाराम नेताम, विधायक श्री प्रबोध मिंज, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम श्री राम सेवक सिंह पैकरा, केशकला बोर्ड की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन, सभापति जिला पंचायत धमतरी श्री टीकाराम कंवर, प्रदेश अध्यक्ष कंवर समाज श्री हरवंश सिंह मिरी, अध्यक्ष कंवर समाज रायपुर महानगर श्री मनोहर सिंह पैकरा सहित कंवर समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

panchayattantra24.-रायपुर. NHM कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों पर बर्खास्तगी की कार्रवाई के बाद आंदोलनरत कर्मचारी आक्रोशित हो गए हैं. प्रदेशभर में आज एनएचएम कर्मचारियों ने अपने-अपने जिले के स्वास्थ्य अधिकारी को सामूहिक इस्तीफा सौंपा है. बलौदाबाजार जिले में 421 एनएचएम कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफा दिया है. बता दें कि नोटिस के बाद भी काम पर नहीं लौटने पर सरकार ने 35 एनएचएम अधिकारी-कर्मचारियों की सेवा समाप्ति कर दी है.
इसके चलते अब आक्रोश बढ़ गया है. मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय रायपुर में रायपुर जिले के NHM अधिकारी-कर्मचारी इस्तीफा देने पहुंचे हैं. CMHO कार्यालय के सामने प्रदर्शन जारी है. नियमितीकरण समेत 10 सूत्री मांगो को लेकर NHM कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है. बलौदाबाजार जिले में 421 एनएचएम कर्मचारियों ने अपना इस्तीफा सीएमएचओ को सौंप दिया है. वहीं कांकेर में 655 स्वास्थ्यकर्मियों ने अपना सामूहिक इस्तीफा जिला स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपा है.

panchayattantra24.-भिलाई। दुर्ग जिले के विषेष टीम द्वारा 303 नग गुम मोबाईल खोजे गए। जिनकी कीमत लगभग 70 लाख रूपये बताई गई है। गुम मोबाईलो का विवरण सी.आई.आर. (सेण्ट्रल इक्यूपमेंट आईडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल से प्राप्त हुआ। इन मोबाइलों को उनके ओनर के सुपुर्द किया जा रहा है। यह सफलता एन्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट दुर्ग एवं विशेष टीम को प्राप्त हुई है। जिले में गुम मोबाईल के संबंध में लगातार मोबाईल गुमने की रिपोर्ट प्रार्थियो द्वारा थानो में दर्ज कराई जा रही है। गुम मोबाईलो की पतासाजी कर प्रार्थियो के सुपुर्द करने हेतु निर्देष प्राप्त हुए थे। जिसके परिपालन में जिले के पुलिस अनुविभागों से बल एकत्र कर एक विषेष टीम गठित किया गया। विषेष टीम को गुम हुये मोबाईलों को खोजकर एसीसीयू कार्यालय में जमा करने हेतु लगाया गया।
एसीसीयू एवं विषेष टीम के द्वारा वर्ष 2024-2025 के गुमे हुये मोबाईलों से संबंधित आवेदन पत्रों के आधार पर अभियान चला कर अथक मेहनत एवं लगन से दुर्ग, भिलाई, राजनांदगाँव, बालोद, बेमेतरा एवं रायपुर क्षेत्रों में चल रहे कुल 303 नग विभिन्न कंपनियों के मोबाईले जुमला कीमती तकरीबन 70 लाख रूपये का बरामद किया गया। जिसे संबंधित आवेदकों को विधिवत वितरण किया जा रहा है। उक्त कार्यवाही में एन्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट एवं विषेष गठित टीम की उल्लेखनीय भूमिका रही। संबंधित मोबाईल स्वामी एन्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट कार्यालय सेक्टर 3 से अपना मोबाईल प्राप्त कर सकते है।

panchayattantra24.-रायगढ़। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह 2025 का आठवां दिन विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और लोक-शास्त्रीय कलाओं की अनूठी छटा से सराबोर रहा। रामलीला मैदान में आयोजित सुर, ताल, छंद और घुंघरू के आठवें दिन कलाकारों की सजीव प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और समारोह की गरिमा को नई ऊंचाइयों पर पहुँचा दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार रामदास अठावले ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना, राजा चक्रधर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि राजा चक्रधर सिंह केवल रायगढ़ के नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। वे एक महान शासक, समाजसेवी और संगीत साधक थे। गरीबों, किसानों, मजदूरों और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए उन्होंने कार्य किया और कथक को नया आयाम देकर ‘रायगढ़ घराने‘ की स्थापना की। आज उनका यह सांगीतिक धरोहर देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में सम्मान पा रहा है। इस मौके पर राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर निगम रायगढ़ महापौर जीवर्धन चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
चक्रधर समारोह में आठवें दिन का मुख्य आकर्षण अबूझमाड़ का प्रसिद्ध मल्लखंभ दल रहा। उनकी रोमांचक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को उत्साहित कर तालियों से सभागार गूंजा दिया। इस अवसर पर रायपुर की आशिका सिंघल, संगीता कापसे संगीत कला अकादमी रायपुर, दुर्ग की देविका दीक्षित, बिलासपुर की वासंती वैष्णव एवं टीम, जबलपुर की श्रीमती निलांगी कालान्तरे और बेंगलुरु के डॉ.लक्ष्मी नारायण जेना ने कथक की विभिन्न शैलियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। रायपुर की अजीत कुमारी कुजूर ने भरतनाट्यम और मुंबई के श्री अर्नव चटर्जी ने मधुर गायन से समा बांध दिया। चक्रधर समारोह के अवसर पर पद्मश्री स्व. डॉ. सुरेन्द्र दुबे की स्मृति में विशेष काव्य संध्या का आयोजन हुआ। कवियों की प्रस्तुतियों में हास्य, वीर रस और व्यंग्य का सुंदर संगम देखने को मिला। दर्शक देर तक तालियों से कवियों का उत्साहवर्धन करते रहे।
अबूझमाड़ के विश्व प्रसिद्ध मल्लखंब दल ने दिखाया ताकत, संतुलन और लचीलेपन का अद्भुत संगम चक्रधर समारोह में उस समय अविस्मरणीय बन गई, जब अबूझमाड़ से आए मनोज प्रसाद के नेतृत्व में मल्लखंब दल ने मंच पर प्रवेश किया। परंपरा, अनुशासन और अद्भुत संतुलन के साथ खिलाडिय़ों ने ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरा कार्यक्रम स्थल रोमांचित हो उठा। बस्तर और नारायणपुर के छोटे-छोटे गांवों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचे इंडियाज गॉट टैलेंट सीजन-10 के विजेता नरेंद्र गोटा और फुलसिंह सलाम ने अपने साथियों संग अद्भुत मल्लखंब कला की प्रस्तुति दी।
मंच पर कलाकारों ने खंभे पर कौशल, कला व जिम्नास्टिक की अद्भुत मुद्राओं का प्रदर्शन किया, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस प्रस्तुति ने साबित कर दिया कि सुदूर वनांचल की प्रतिभाएं अब विश्व मंच तक अपनी पहचान दर्ज करा रही हैं। समारोह में उपस्थित हजारों दर्शकों ने खड़े होकर तालियों से इन कलाकारों की सराहना की और उन्हें छत्तीसगढ़ का गौरव बताया। यह वही दल है जिसने 2023 में इंडियाज गॉट टैलेंट सीजन 10 जीतकर पूरे देश का दिल जीता था। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी इन कलाकारों ने भारत का परचम लहराया है। इन कलाकारों की सफलता के पीछे है अबूझमाड़ मल्लखंब अकादमी, जो 2018 से आदिवासी अंचलों के बच्चों को प्रशिक्षण देकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला रही है। अब तक इस अकादमी के 500 से अधिक राष्ट्रीय पदक विजेता तैयार हो चुके हैं और 50 से अधिक बच्चे यहाँ रहकर शिक्षा एवं मल्लखंब की विधिवत ट्रेनिंग ले रहे हैं। इनके प्रशिक्षक मनोज प्रसाद ने अपनी मेहनत, समर्पण और जुनून से इन बच्चों को विश्वस्तरीय मंच दिलाया है।

panchayattantra24.-रायपुर। राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। बुधवार की शाम से ही प्रदेश के कई जिलों लगातार बारिश हो रही है। वहीं मौसम विभाग ने 4 सितंबर यानी आज प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने आज होने वाली बारिश के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। इतना ही नहीं आने वाले दिनों में कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर,सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिले आज भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कहीं-कहीं शाम के समय अचानक मौसम बदला और तेज़ बारिश हुई।

panchayattantra24.-रायगढ़। 40वें चक्रधर समारोह में आशिका सिंघल की मनमोहक प्रस्तुति ने बटोरे प्रशंसा के स्वर कला और संस्कृति की परंपरा को जीवंत करने वाले 40वें चक्रधर समारोह में इस बार भी संगीत और नृत्य की सुरम्य गंगा बही। देशभर से आए विद्वान कलाकारों के बीच जब बाल प्रतिभाओं की प्रस्तुतियाँ हुईं, तो दर्शक विशेष रूप से उत्साहित नज़र आए। इन्हीं में से एक रही आशिका सिंघल की प्रस्तुति, जिसने अपनी अद्भुत नृत्य कला से सबका मन मोह लिया।
रायगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और संगीत-नृत्य की परंपरा का प्रतीक 40वां चक्रधर समारोह इस वर्ष 27 अगस्त से आरंभ हुआ है, जो 5 सितम्बर तक चलेगा। उद्घाटन सत्र में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत, माननीय राज्यपाल श्री रमण डेका, छत्तीसगढ़ कैबिनेट मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी तथा छत्तीसगढ़ के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह के शुभारंभ अवसर पर प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास की विशेष प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।
सिर्फ 7 वर्ष की उम्र में मंच पर जिस आत्मविश्वास और सहजता के साथ आशिका ने कथक नृत्य प्रस्तुत किया, वह अद्वितीय रहा। उनकी गुरु नेहा सिंह के मार्गदर्शन में की जा रही साधना इस प्रस्तुति में स्पष्ट झलक रही थी। आशिका इस समय चंडीगढ़ विश्वविद्यालय से कथक की आध्यात्मिक परीक्षाएँ दे रही हैं और प्रथम वर्ष में उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस भव्य समारोह का समापन 5 सितम्बर को होगा, जिसमें माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कला-प्रेमियों का मानना है कि 40वां चक्रधर समारोह नई पीढ़ी की प्रतिभाओं और वरिष्ठ कलाकारों, दोनों के लिए एक अविस्मरणीय मंच सिद्ध हो रहा है। समारोह के दौरान जब उन्होंने ताल और लय के साथ भाव-भंगिमा का सुंदर संगम प्रस्तुत किया, तो पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। दर्शकों ने कहा कि इतनी कम उम्र में ऐसी परिपक्वता और लयबद्धता असाधारण है। मंच पर उनकी उपस्थिति और अभिव्यक्ति ने यह संकेत दिया कि आने वाले समय में वे भारतीय शास्त्रीय नृत्य, विशेषकर कथक, की दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान बनाएँगी।
चक्रधर समारोह, जो रायगढ़ घराने की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है, में आशिका जैसी नई पीढ़ी की प्रतिभाओं का मंचन यह दर्शाता है कि भारतीय शास्त्रीय कलाएँ आने वाली पीढ़ियों में भी सुरक्षित और जीवंत हैं। विद्वानों का मानना है कि इस मंच पर आशिका जैसी नन्हीं नृत्यांगना का प्रदर्शन भारतीय शास्त्रीय नृत्य के उज्ज्वल भविष्य की झलक है। कला-प्रेमियों और विद्वानों का मानना है कि आशिका की प्रस्तुति 40वें चक्रधर समारोह को और भी यादगार बना देगी।आशिका की भाव-भंगिमा, ताल और लय पर पकड़ उन्हें उनके समकालीन बाल कलाकारों से अलग पहचान दिलाती है। समारोह में उनकी प्रस्तुति भारतीय शास्त्रीय नृत्य, विशेषकर कथक की समृद्ध परंपरा और नई पीढ़ी की ऊर्जा का सुंदर संगम पेश करेगी।

panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा था कि प्रदेश कांग्रेस का नेतृत्व अब भूपेश बघेल को करना चाहिए। इस पर पीसीसी प्रमुख दीपक बैज ने उन्हें महाज्ञानी बताया था। जिसे लेकर खूब सियासी बवाल हुआ। अब जिलाध्यक्षों और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में रविंद्र चौबे के खिलाफ सर्वसम्मति से अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। दरअसल, रायपुर के राजीव भवन में बुधवार को बैठक के दौरान रविन्द्र चौबे के नेतृत्व परिवर्तन वाले बयान पर 2 जिला अध्यक्ष आपस में भिड़ गए। जगदलपुर जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य ने चौबे के बयान को अनुशासनहीनता बताते हुए आपत्ति जताई। जबकि, दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि, चौबे ने भूपेश बघेल के जन्मदिन पर उनकी तारीफ की थी। इसमें गलत कुछ नहीं है। जन्मदिन पर इस तरह की बातें कही जाती हैं। वहीं, चौबे अपने बयान पर सफाई भी दे चुके हैं।
रविंद्र चौबे के खिलाफ अनुशासनहीनता को लेकर बैठक में जिला अध्यक्षों ने कहा कि, यह देखा गया है कि जब छोटे कार्यकर्ता कुछ गलती करते हैं, तो उनके खिलाफ कार्रवाई कर दी जाती है। लेकिन बड़े नेताओं के मामले में उदासीनता बरती जाती है। इस पर बाकी जिलाध्यक्षों और महामंत्रियों ने कहा कि, ऐसे मामलों में भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इसलिए अब पूर्व मंत्री कांग्रेस के सीनियर लीडर रविन्द्र चौबे पर कार्रवाई की तलवार लटकी हुई है। वहीं, बैठक में पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा के मामले में भी अब तक कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं करने को लेकर सवाल उठाए गए।
panchayattantra24.-रायपुर। अपनी बदजुबानी के लिए मशहूर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा इन विवादों में हैं। बावजूद इसके उनकी जुबान पर कोई लगाम नहीं लग रहा है। अमित शाह का ‘सिर कलम’ करने की बात कहने वाली महुआ मोइत्रा ने अब रायपुर पुलिस को बेवकूफ कहा है। दरअसल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में रायपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। अब इससे चिढ़ी महुआ मोइत्रा ने वीडियो जारी कर रायपुर पुलिस को बेवकूफ कहते हुए अपने आकाओं की नहीं बात नहीं सुनने की बात कहते हुए दिख रहीं हैं।
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा FIR के बाद महुआ मोइत्रा ने छत्तीसगढ़ पुलिस (@CG_Police) और रायपुर पुलिस (@RaipurPoliceCG) को टैग करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो जारी की है। महुआ मोइत्रा ने वीडियो की शुरुआत अमित शाह को सम्माननीय गृह मंत्री कहकर की। महुआ मोइत्रा नए वीडियो में कह रही है कि अंग्रेजी में जो लिखा जाता है या फिर कहा जाता है, हिंदी में उसका अर्थ वह नहीं होता है। वे बयान के लिए दर्ज की गई FIR के खिलाफ कोर्ट जाएगी।

panchayattantra24.-बिलासपुर। शहर में अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने गुरुवार की देर शाम दयालबंद क्षेत्र स्थित खुशी स्पा सेंटर पर बड़ी कार्रवाई की। आईपीएस गगन कुमार के नेतृत्व में तोरवा थाना पुलिस ने छापेमारी कर मौके से छह युवतियों और दो ग्राहकों को हिरासत में लिया। वहीं स्पा सेंटर के मैनेजर को भी पकड़कर थाने लाया गया है। पुलिस ने छापे के दौरान कई संदिग्ध और आपत्तिजनक वस्तुएं भी जब्त की हैं।
लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें
स्थानीय लोगों और मुखबिरों से पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि इंटरसिटी होटल के सामने नवीन पान ठेले वाली गली में संचालित खुशी स्पा सेंटर में मसाज और ब्यूटी थेरेपी के नाम पर अवैध गतिविधियां चलाई जा रही थीं। लोगों का कहना था कि यहां रोज नए-नए ग्राहक आते-जाते रहते थे। युवतियों को हर कुछ दिनों में बदला जाता था, जिससे शक और गहरा हो गया था। आसपास के लोग इन गतिविधियों से परेशान थे और कई बार पुलिस को सीधे तौर पर शिकायत भी कर चुके थे।
मुखबिर की सूचना के बाद बड़ी कार्रवाई
गुरुवार को पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि स्पा सेंटर के अंदर देह व्यापार चल रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी गगन कुमार ने महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम बनाई। टीम ने शाम होते ही दयालबंद स्थित सेंटर पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह युवतियों और दो ग्राहकों को हिरासत में लिया। मौके पर मौजूद मैनेजर से भी पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी।
आपत्तिजनक सामग्री जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस को ऐसी कई वस्तुएं मिलीं जो आपत्तिजनक मानी जाती हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद सामान यह संकेत देता है कि यहां संदिग्ध गतिविधियां होती थीं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी प्राथमिक जांच की जा रही है और आरोपों की स्पष्ट पुष्टि तभी हो सकेगी जब सभी तथ्य सामने आएंगे। इस वक्त हिरासत में लिए गए युवतियों, ग्राहकों और मैनेजर से गहन पूछताछ चल रही है।
दस्तावेजों की जांच
कार्रवाई के बाद पुलिस ने खुशी स्पा सेंटर के लाइसेंस और अन्य कागजातों को भी खंगालना शुरू कर दिया है। यदि दस्तावेजों में गड़बड़ी या फर्जीवाड़ा पाया गया तो संचालक पर अलग से केस दर्ज किया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सेंटर संचालक के संपर्क किन-किन जगहों तक फैले हुए हैं और इसमें कौन-कौन शामिल हो सकता है। संभावना है कि जांच के दौरान और भी कई कड़ियां सामने आएं।
पुलिस की सख्त चेतावनी
इस कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर में अवैध गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि “बिलासपुर में संचालित संदिग्ध स्पा सेंटरों पर हमारी पैनी नजर है। किसी भी हालत में अवैध धंधे को संरक्षण नहीं मिलेगा।” उन्होंने यह भी बताया कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी। दोषियों को कानून के दायरे में लाकर सख्त सजा दिलाई जाएगी।
शहर में फैली चर्चा
इस रेड के बाद बिलासपुर शहर में स्पा सेंटरों की गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोग सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं। कई लोगों ने लिखा कि इस तरह की कार्रवाई से शहर में बढ़ती गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगेगा। वहीं, कुछ नागरिकों ने यह भी सवाल उठाए हैं कि अगर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं तो कार्रवाई अब जाकर क्यों हुई। अगली जांच की दिशा फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। युवतियों से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उन्हें कहां से और किस माध्यम से लाया गया। ग्राहकों से भी पूछताछ हो रही है कि वे कितने समय से यहां आते थे। पुलिस की जांच का फोकस यह जानने पर है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है और संचालक के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं।